Thursday, 23 February 2017

कार्य के दौरान नगर निगमकर्मी की हत्या दुखद
-----
मंत्री श्रीमती मायासिंह ने हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने के दिए निर्देश
इंदौर 23 फरवरी, 2017
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने इंदौर में नगर निगम कर्मी की कार्य करने के दौरान की गयी हत्या को दुखद बताते हुये इंदौर पुलिस उप महानिरीक्षक से तत्काल हत्यारे को पकड़ने और सख्त से सख्त कार्यवाही करने को कहा है।
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने भोपाल में घटना की जानकारी मिलते ही इंदौर जिला प्रशासन से बात की। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो बक्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने डी.आई.जी. इंदौर से फोन पर चर्चा कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने को कहा। श्रीमती सिंह ने इंदौर  श्री हरिनारायणचारी मिश्रा नगर निगम की महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने भी फोन पर चर्चा की और नगर निगमकर्मी श्री शुभम कुशवाह के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उसके परिवार को इस संकट की घड़ी में हर संभव सहायता देने को कहा।
महिपाल/कपूर
रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में बैठक 7 मार्च को
इंदौर 23 फरवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में आगामी 7 मार्च, 2017 को तैयारियों की समीक्षा बैठक प्रात: 11 बजे रेसीडेंसी कोठी सभाकक्ष में आहूत की है। बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम, सहकारिता, कृषि, नापतौल, इंदौर प्रीमियर को-आपरेटिव बैंक, वेयर हाउसिंग, सहायक आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम आदि को बैठक में आमंत्रित किया गया है।
श्व्
सिंह/कपूर









उषा किरण योजना के संबंध में कार्यशाला 27 फरवरी से
इंदौर 23 फरवरी, 2017
वन स्टाप सेंटर, जो कि के.ई.एच कम्पाउण्ड इंदौर में चल रहा है, जिससे संबंधित वन स्टॉफ सेंटर अथवा उषा किरण केन्द्र विषय पर जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 27 और 28 फरवरी को होटल सूर्या नाथ मंदिर के सामने साउथ तुकोगंज इंदौर में प्रात: 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जायेगा। सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की पृथक से सूचना दे दी गयी है।
श्व्
सिंह/कपूर



अनुसूचित वर्ग के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी मुफ्त
इंदौर 23 फरवरी, 2017
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2015 में उत्तीर्ण एवं साक्षात्कार हेतु अर्हता रखने वाले प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिये नि:शुल्क ""मॉक साक्षात्कार'' 25 फरवरी, 2017 से दोपहर एक बजे से परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर में आयोजित किये जा रहे हैं। प्रशिक्षण के लिये अभ्यर्थी के परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय 4 लाख से कम होना चाहिये, अभ्यर्थी मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो, अभ्यर्थी किसी भी शासकीय सेवा  में न हो। निर्धारित अर्हता रखने वाले विद्यार्थी कार्यालयीन समय में आवेदन फार्म प्राचार्य, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 24 फरवरी, 2017 है।
श्व्
सिंह/कपूर




आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा 180 दिन का मातृत्व अवकाश
-----
दो बच्चों तक ही होगी अवकाश की पात्रता
इंदौर 23 फरवरी, 2017
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को उनकी आवश्यकता के अनुरूप मातृत्व अवकाश मिलेगा। संभागीय संयुक्त संचालक श्री राजेश मेहरा ने बताया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को पूरे सेवाकाल में दो बार मातृत्व अवकाश देय है, जिसकी अवधि 180 दिन है। यह अवकाश गर्भावस्था के 8वें माह अथवा उसके उपरांत कभी भी 180 दिवस का लिया जा सकता है। यह अवकाश केवल दो जीवित बच्चों तक ही मान्य है।
इसी प्रकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को पूरे सेवाकाल में केवल एक बार गर्भपात की अवधि में 45 दिन के अवकाश की पात्रता होगी, किंतु इसके लिये उन्हें चिकित्सक का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। उक्त अवकाशों के अतिरिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को एक वर्ष में 20 दिवस के अवकाश की पात्रता है, किंतु  एक बार में उन्हें 10 दिवस से अधिक का अवकाश नहीं दिया जायेगा।
संभागीय संयुक्त संचालक ने संभाग के अधीनस्थ महिला एवं बाल विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के मातृत्व अवकाश की अवधि में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में अस्थाई रूप से कार्यकर्ता व सहायिका की नियुक्ति की जा सकती है, जो कि मूल कार्यकर्ता या सहायिका के कत्र्तव्य पर उपस्थित होने से नियुक्ति स्वत: समाप्त हो जायेगी। उल्लेखनीय है कि उक्त समस्त प्रकार के अवकाश में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को नियमित रूप से मानदेय प्राप्त होगा।
सिंह/कपूर
 



सांसद निधि से निर्माण कार्य स्वीकृत
इंदौर 23 फरवरी, 2017
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत सांसद लोकसभा श्रीमती सुमित्रा महाजन की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री पी.नरहरि द्वारा इंदौर नगर के वार्ड क्रमांक 80 में सीसी रोड़ के 8 कार्य के लिये 14 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इस कार्य के लिये ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर कराने के निर्देश दिये गये हैं। इसी प्रकार श्री नरहरि ने क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन की सिफारिश पर ग्राम पंचायत काली बिल्लोद में स्वच्छता वाहन के लिये 5 लाख 70 हजार रूपये जारी कर ग्राम पंचायत काली बिल्लोद को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। उक्त स्वच्छता वाहन क्रय करते समय मध्यप्रदेश भण्डार क्रय नियम एवं सेवा उपार्जन नियम 2015 के अंतर्गत करने की जिम्मेदारी क्रियान्वयन एजेंसी की तय की गयी है। 
इसी प्रकार सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत राज्यसभा सदस्य श्री दिग्विजयसिंह की सिफारिश पर कलेक्टर श्री नरहरि द्वारा ग्राम पंचायत अजंदा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिये 5 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर ग्राम पंचायत अजंदा को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। उक्त सांसद क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के अनुसार करने के निर्देश दिये गये हैं। उक्त कार्य प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार ही उल्लेखित राशि के अंतर्गत ही पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये हैं। निर्माण कार्य केवल शासकीय भूमि पर कराने के भी निर्देश दिये गये हैं।
सिंह/कपूर