Wednesday, 1 March 2017

दुर्गादेवी मंदिर अध्यात्म और परम्परा का अद्भूत नमूना -- स्पीकर श्रीमती महाजन
----
80 लाख रुपये की लागत से किया गया सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार
इंदौर एक मार्च, 2017
क्षेत्रीय सांसद एवं लोकसभा स्पीकर श्रीमती सुमित्रा महाजन द्वारा आज लगभग 80 लाख रूपये की लागत से जीर्णोद्धार किये गये सुभाषचौक स्थित श्री दुर्गादेवी मंदिर का जीर्णोद्धार उपरांत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि यह दुर्गादेवी मंदिर लगभग 235 साल पुराना है। इस मंदिर की स्थापत्य कला में अध्यात्म और परम्परा का अद्भूत संगम है । इंदौर विकास प्राधिकरण ने जीर्णोद्धार करते समय परम्परा का पूरा ख्याल रखा और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुये मंदिर को एकदम नया स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर धर्मस्व मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया विशेष रूप से मौजूद थीं।
स्पीकर श्रीमती महाजन ने कहा कि इस मंदिर के जीर्णोद्धार में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी और कमिश्नर श्री संजय दुबे का अमूल्य योगदान रहा है। यह मंदिर बहुत ही पवित्र और सिद्ध मंदिर है। इंजीनियरों ने इस मंदिर का जीर्णोद्धार करते हुये रूचिपूर्वक कार्य किया, जो कि सराहनीय है। 
खेल एवं युवक कल्याण और धर्मस्व मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि  हमारा वर्तमान, अतीत से होकर गुजरता है। मध्यप्रदेश शासन के धर्मस्व विभाग ने प्रदेश के प्राचीनतम मंदिरों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया है, इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश शासन ने 56 लाख रूपये का बजट स्वीकृत कर इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया है। शेष राशि इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा खर्च की गयी है। धर्मस्व विभाग राज्य शासन का एक महत्वपूर्ण विभाग है, जो हमारी धरोहरों के संरक्षण का कार्य करता है। इंदौर में गोपाल मंदिर, कुंज बिहारी मंदिर, राजबाड़ा और छत्रीबाग का शीघ्र ही जीर्णोद्धार किया जायेगा।
कमिश्नर श्री संजय दुबे ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार श्री दुर्गादेवी मंदिर का जीर्णोद्धार करते समय इसके मूल स्वरूप को बरकरार रखा गया है। लकड़ी से बने इस प्राचीनतम मंदिर की स्थापत्य कला अद्भूत है। इंदौर विकास प्राधिकरण ने इसके मूलस्वरूप को बरकरार रखते हुये इसका जीर्णोद्धार किया है। इसके मुख्य द्वार को भी चौड़ा किया गया है, जिससे प्राकृतिक रोशनी आती रहे। धर्मस्व विभाग की मंशा है कि हमारी प्राचीन धरोहर को जीवित रखा जाये। धरोहरों की रक्षा और रखरखाव की हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। 
कार्यक्रम को विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने भी सम्बोधित किया तथा दुर्गा सप्तसती के 35 श्लोकों का सस्वर गायन किया। इस मंदिर का जीर्णोद्धार आयुक्त संचालित देवस्थान श्री विट्ठल मंदिर योजनांतर्गत किया गया है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती दीपिका नाचन और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। महिलाओं ने दुर्गापूजा के गीत सुनाये। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी ने किया।
सिंह/कपूर
फल वृक्षों की नीलामी 16 मार्च को शासकीय उद्यान फलबाग में
इंदौर एक मार्च, 2017
उद्यान विकास अधिकारी शासकीय उद्यान फलबाग इंदौर द्वारा बताया गया है कि शासकीय उद्यान फलबाग, ए.बी.रोड इंदौर स्थित शासकीय उद्यान फलबाग में फलबहार नीलामी की जाना है। फलबहार नीलामी में 194 आम फल वृक्ष, 27 चीकू फल वृक्ष, 65 फालसा फल वृक्ष, 10 शहतूल फल वृक्ष एवं 15 जामुन फल वृक्ष हैं। इन फल वृक्षों की नीलामी 16 मार्च, 2017 को शासकीय उद्यान फलबाग में दोपहर 3 बजे पश्चात की जायेगी।
इच्छुक क्रेतागण नीलामी दिनांक को शासकीय उद्यान फलबाग में उपस्थित होकर फलबहार नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। फलबाहर नीलामी की शर्तें एवं अन्य जानकारी उद्यान अधीक्षक, शासकीय उद्यान फलबाग इंदौर से कार्यालयीन समय प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक ली जा सकती है।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री 
श्री गौरीशंकर बिसेन आज इंदौर आयेंगे
इंदौर एक मार्च, 2017
किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन आज इंदौर आयेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री बिसेन आज 2 मार्च को अपरान्ह तीन बजे इंदौर आयेंगे। वे यहां पंचकुईया शम्भू सत्संग भवन में अखिल भारतीय स्वदेशी संघ (राष्ट्रीय महिला किसान शिविर) के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात अपरान्ह 3.30 बजे मंत्री श्री बिसेन ग्राम गुलाटी, पिपलदागढ़ी (धरमपुरी) जिला धार के लिये प्रस्थान करेंगे। श्री बिसेन वहां नमामि देवी नर्मदे यात्रा में शामिल होंगे तथा नर्मदा आरती में सम्मिलित होंगे। मंत्री श्री बिसेन रात्रि 9.30 बजे इंदौर आकर रेसीडेंसी में विश्राम करेंगे तथा रात्रि साढ़े 11 बजे भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
सिंह/कपूर
कलेक्टर श्री पी.नरहरि के निर्देश पर जिला प्रशासन की 
अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही
---------------------------
एसडीएम श्री संदीप सोनी के नेतृत्व में 
बीआरटीएस के आसपास के अतिक्रमण हटाये गये
इंदौर एक मार्च,2017
जिला कलेक्टर श्री पी.नरहरि के सख्त निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम, नगर निगम अमले और पुलिस ने बीआरटीएस के दोनों ओर अवैध बने मकान, दुकान,ठेलों को हटाया गया। एसडीएम श्री संदीप सोनी के नेतृत्व में नगर निगम के श्री महेन्द्र सिंह चौहान और अमले ने राजीव गांधी चौराहे से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की।
बीआरटीएस के दोनों ओर कई दुकान मालिकों ने दस से बीस फीट तक शेड लगाकर अतिक्रमण किया था, जिसे नगर निगम ने समान जप्त कर अतिक्रमण को हटाया तथा समान को जप्त किया गया है।  साथ ही बीआरटीएस के दोनों ओर लगने वाले गुमठी, ठेले, पार्किंग गाड़ियों पर भी कार्यवाही की। राजीव गांधी चौराहे से भंवरकुंआ चौराहे तक कई अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया। यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी और अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जायेगा।
राठौर/कपूर
रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में बैठक 7 मार्च को
इंदौर एक मार्च, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में आगामी 7 मार्च, 2017 को तैयारियों की समीक्षा बैठक प्रात: 11 बजे रेसीडेंसी कोठी सभाकक्ष में आहूत की है। बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम, सहकारिता, कृषि, नापतौल, इंदौर प्रीमियर को-आपरेटिव बैंक, वेयर हाउसिंग, सहायक आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम आदि को बैठक में आमंत्रित किया गया है।
सिंह/कपूर
लता मंगेशकर अलंकरण समारोह के संबंध में बैठक आज
इंदौर एक मार्च, 2017
इंदौर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह की तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी हैं। इस समारोह के संबंध में रूपरेखा तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजन समिति की बैठक 2 मार्च को सुबह 11 बजे संभागायुक्त कार्यालय इंदौर के सभाकक्ष में रखी गयी है।
इस बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं संभागायुक्त श्री संजय दुबे करेंगे। इस बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं, कार्यक्रम के स्थल का चयन, उसका स्वरूप तथा कार्यक्रम के लिये कलाकारों के चयन के संबंध में विस्तार से चर्चा की जायेगी।
सिंह/कपूर
शांति समिति की बैठक आज
इंदौर एक मार्च, 2017
इंदौर जिले में आगामी दिनों में आने वाले होली, रंग पंचमी, गुड़ी पड़वा, चैती चांद सहित अन्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में शांति समिति की बैठक 2 मार्च को दोपहर तीन बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गयी है।
​रजिस्ट्रार जनरल श्री मनोहर ममतानी 
राज्य मानव अधिकार आयोग के सदस्य  बनेंगे
इंदौर एक मार्च, 2017
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल श्री मनोहर ममतानी मानव अधिकार आयोग के सदस्य पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस संबंध में राज्यपाल की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिये गये हैं।  वे अगले माह से मानव अधिकार आयोग में सदस्य पद की जिम्मेदारी संभाल लेंगे।

नमामि देवि नर्मदे सेवा यात्रा को प्रसद्धि अभिनेता श्री अनुपम खेर तथा 
प्रसिद्ध संत स्वामी श्री शिवानंद सरस्वती का भी समर्थन
--------
श्री खेर एवं संत श्री शिवानंदजी सरस्वती ने की 
अभियान की मुक्तकण्ठ से सराहना
इंदौर एक मार्च, 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर जीवन दायिनी माँ नर्मदा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये निकाली जा रही नमामि देवि नर्मदे सेवा यात्रा को दिन प्रतिदिन भारी समर्थन मिल रहा है। जहां एक ओर इस यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है,देश के विभिन्न धर्मों के गुरूओं, संत-महात्माओं, खिलाड़ियों, समाजसेवियों, फिल्म कलाकरों, जल विशेषज्ञों आदि प्रबुद्धजनों का भी समर्थन मिल रहा है। इस अभियान को समर्थन देने के लिये आज इंदौर संभाग के धार जिले के धरमपुरी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता श्री अनुपम खेर तथा प्रसिद्ध संत स्वामी श्री शिवानंद सरस्वती महाराज भी पहुंचे।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक द्वय श्रीमती नीना वर्मा तथा श्री कालूसिंह, पूर्व मंत्री श्री विक्रम वर्मा तथा श्री जगदीश मुवेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती पटेल, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने दूरभाष से कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने अतिथियों द्वारा समर्थन देने के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा नदी को संरक्षित करने के लिये यह अभियान शुरू किया गया है। इसे सामाजिक आन्दोलन बनाया जा रहा है। इस अभियान से बड़ी संख्या में नागरिक जुड़ रहे हैं। यह अभियान कुरीतियों को दूर करने में भी मददगार बनेगा। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता श्री अनुपम खेर ने मध्यप्रदेश में हुये विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बहुत तरक्की हुई है। इस प्रदेश में स्वच्छता अभियान का प्रभाव दिखायी दे रहा है। प्रदेश में सड़कों का भी बेहतर जाल है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने नर्मदा नदी को संरक्षित करने के लिये अनूठा अभियान प्रारंभ किया है। यह अभियान अपने उद्देश्यों की अवश्य पूर्ति करेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बेटी बचाओ अभियान भी सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे भारत की समृद्ध संस्कृति एवं सभ्यता के कारण आज भी देश विश्वगुरू हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये स्वामी श्री शिवानंदजी सरस्वती ने कहा कि माँ नर्मदा जीवन का मुख्य आधार है। नर्मदा का अस्तित्व आदिकाल से है। इसका पुराणों में भी उल्लेख है। नर्मदा परिक्रमा का महत्व भी आदिग्रंथों में है। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में पहाड़, पेड़ तथा नदियों को पूजनीय एवं ईश्वर तुल्य माना गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संशोधित दोहन करना चाहिये। उन्होंने नमामि देवि नर्मदा अभियान की सराहना करते हुये कहा कि यह नर्मदा को अविरल प्रवाहित करने तथा शुद्ध बनाने का अनूठा अभियान है। हम सबकी जबावदारी है कि इस अभियान से चक्रीय रूप से जुड़े।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री अनुपम खेर ने उपस्थितजनों को नमामि देवि नर्मदे सेवा यात्रा से जुड़ने, नर्मदा नदी के संरक्षण के लिये प्रयासरत रहने तथा नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जनअभियान परिषद के श्री प्रदीप पाण्डे ने अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री श्री विक्रम वर्मा, विधायक श्रीमती नीना वर्मा तथा विधायक श्री कालूसिंह ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने माँ नर्मदा के कलश का पूजन किया।