Tuesday, 17 January 2017


श्री आर्य का दौरा कार्यक्रम
इंदौर 17 जनवरी, 2017
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र आर्य आज 18 जनवरी 2017 को प्रात: 10 बजे मण्डलेश्वर से इंदौर आयेंगे। पूर्वान्ह 11 बजे स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा 19 जनवरी, 2017 को प्रात: 10 बजे भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
सिंह/कपूर
दो आरोपी रासुका में निरूद्ध
इंदौर 17 जनवरी, 2017
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि ने जिले में शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये दो आरोपियों को रासुका में निरूद्ध किया है। जारी आदेशानुसार श्री नरहरि ने आरोपी धरम उर्फ थाणे पिता बिहारीलाल ठाकुर निवासी नयापुरा और आरोपी सुशील पिता दयालु उर्फ दयाशंकर दुबे निवासी बकेरी गली को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 के तहत निरूद्ध करने का आदेश पारित किया है।

सिंह/कपूर





प्रक्कलन समिति की बैठक आज
इंदौर 17 जनवरी, 2017
मध्य प्रदेश विधानसभा प्राक्कलन समिति की बैठक आज 18 जनवरी को शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी,जिसमें प्राक्कलन समिति के सभापति और सदस्यों के अलावा संभागायुक्त और इंदौर संभाग के सभी कलेक्टर भाग लेंगे। इस बैठक में परिवहन और खाद्य विभाग की समीक्षा की जायेगी। बैठक में खाद्य और परिवहन विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी भी भाग लेंगे।
सिंह/कपूर





उच्च न्यायालय परिसर में लोक अदालत 11 फरवरी को
------
तहसील से सुप्रीम कोर्ट तक लगेगी लोक अदालत

इंदौर 17 जनवरी, 2017
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में आगामी 11 फरवरी, 2017 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री पी.के.जायसवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण सभी स्तर-उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं जिला न्यायालयों तथा तहसील न्यायालयों में सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाना है।
नेशनल लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, परक्राम्य अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत प्रकरण, बैंक रिकवरी संबंधी मामलें, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण, श्रम विवाद प्रकरण, भूमि अधिग्रहण के प्रकरण, विद्युत एवं जल कर/बिल संबंधी प्रकरण (चोरी के मामलों को छोड़कर), सेवा मामलें, जो सेवानिवृत्त संबंधी लाभों से संबंधित हैंै, राजस्व प्रकरण, दीवानी मामले तथा अन्य समस्त प्रकार के राजीनामा योग्य, प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जायेगा।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अवर सचिव ने सभी संबंधित पक्षकारों एवं अधिवक्तागणों से अनुरोध किया है कि आपसी सुलह एवं समझौते के द्वारा अपने प्रकरणों का निराकरण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराकर अपने समय व धन की बचत करें।
सिंह/कपूर





ग्राम अहीरखेड़ी, महावर नगर, द्वारकापुरी, मूसाखेड़ी, पानी गांव, 
जम्मूडी सरवर में लगेंगे नेत्र परीक्षण शिविर आज
इंदौर 17 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन की अनूठी पहल पर जिले में तंग बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्र में 16 दिसम्बर से सतत नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जा रहे हैं। यह शिविर आगामी 31 जनवरी तक लगाये जायेंगे। अभी तक जिले में 4 हजार 553 मोतियाबिंद के ऑपरेशन नि:शुल्क किये जा चुके हैं। आज ग्राम अहीरखेड़ी, महावर नगर, द्वारकापुरी, मूसाखेड़ी में चोइथराम नेत्रालय द्वारा ग्राम पानी ग्रांव में इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा और ग्राम जम्बूड़ी सरवर में अरविन्दो अस्पताल द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा।
जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डॉ.त्रिलोचन सिंह होरा ने बताया कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सों द्वारा सफलतापूर्वक मरीजों की जांच कर मोतियाबिंद के ऑपरेशन किये जा रहे हैं। यह आपॅरेशन शासकीय और निजी अस्पतालों दोनों में किया जा रहा है। आगामी 19 जनवरी को जिला प्रशासन द्वारा गणेश नगर के शासकीय स्कूल, तेजपुरी गडबड़ी के आंगनवाड़ी केन्द्र, मल्हारगंज के शासकीय हॉस्पिटल,पवनपुरी के आंगनवाड़ी केन्द्रों में चोइथराम नेत्रालय द्वारा और ग्राम अलवासा और पुवाडला के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अरविन्दो अस्पताल द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार आगामी 20 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा भीमनगर आंगनवाड़ी केन्द्र, आदर्श इंदिरा नगर कम्युनिटी हॉल, न्यू बिजलपुर आंगनवाड़ी केन्द्र और सूर्यदेवनगर आंगनवाड़ी केन्द्र तथा इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा शासकीय अस्पताल सतवास में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 21 जनवरी को बड़ी ग्वालटोली के आंगनवाड़ी केन्द्र, शांतिनगर मूसाखेड़ी के आंगनवाड़ी केन्द्र, आजाद नगर के आंगनवाड़ी केन्द्र, सुख निवास कम्युनिटी हॉल में चोइथराम नेत्रालय द्वारा और बड़ोदिया खान के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अरविन्दों अस्पताल द्वारा नेत्र शिविर लगाया जायेगा। 
इसी प्रकार 23 जनवरी को जिला प्रशासन के तत्वावधान में खजराना दरगाह आंगनवाड़ी केन्द्र, रामकृष्णबाग आंगनवाड़ी केन्द्र,जगजीवनराम नगर आंगनवाड़ी केन्द्र में चोइथराम नेत्रालय द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। आगामी 24 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा सोमनाथ की चाल मांगीलाल चूरिया अस्पताल, प्रकाशचंद सेठी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, रूस्तम का बगीचा आंगनवाड़ी केन्द्र, गोमा की फेल आंगनवाड़ी केन्द्र में चोइथराम नेत्रालय द्वारा और बेटमा शासकीय अस्पताल में इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 25 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा आदर्श मौलिक नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, गौरीनगर आंगनवाड़ी केन्द्र और कबीड़खेड़ी आंगनवाड़ी केन्द्र, में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 27 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा नंदानगर प्रसूतिगृह, कुलकर्णी का भट्टा शासकीय स्कूल, मेघदूत नगर आंगनवाड़ी केन्द्र और इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा सोनकच्छ शासकीय अस्पताल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 28 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा निरंजनपुर आंगनवाड़ी केन्द्र, राहुलगांधी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र,अम्बेडकर नगर शासकीय स्कूल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 30 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा शिवकंठ नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, हुकुमचंद कॉलोनी कम्युनिटी हॉल, मौनीबाबा आश्रम शासकीय स्कूल और अरविन्दो अस्पताल द्वारा रेवती प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और जम्बूडी सरबर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 31 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा परदेशीपुरा आंगनवाड़ी केन्द्र शिवाजी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, फिरोजगांधी आंगनवाड़ी केन्द्र, और अरविन्दो अस्पताल द्वारा पोटलोद और कडवा शासकीय अस्पताल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा।
सिंह/कपूर









सूचना के अधिकार के तहत लंबित अपीलीय प्रकरणों के 
निराकरण के लिये लोक अदालत 28 जनवरी को
-----
राज्य सूचना आयोग द्वारा एक हजार से अधिक 
प्रकरणों का किया जायेगा निराकरण
-----
तैयारियां प्रारंभ
इंदौर 17 जनवरी, 2017
सूचना के अधिकार के तहत मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 28 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय में एक दिवसीय लोक अदालत आयोजित की गयी है। इस लोक अदालत में राज्य सूचना आयोग द्वारा एक हजार से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। इस लोक अदालत की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गयी हैं। 
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत का शुभारंभ राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी.खान करेंगे। इस लोक अदालत में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 4 खण्डपीठ गठित की गयी हैं। इन खण्डपीठों में खण्डपीठ क्रमांक-एक में मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी.खान, खण्डपीठ क्रमांक-2 में राज्य सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप, खण्डपीठ क्रमांक-3 में राज्य सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह तथा खण्डपीठ क्रमांक-4 में राज्य सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी अपील प्रकरणों का निराकरण करेंगे।
लोक अदालत में मुख्य रूप से परिवहन, चिकित्सा शिक्षा, राजस्व, वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिकी कर, आवास एवं पर्यावरण, गृह, लोक निर्माण, खाद्य, आदिम जाति कल्याण,कृषि, सहकारिता, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), नगरीय प्रशासन, उच्च शिक्षा, पंचायत सहित अन्य विभागों के लंबित अपील प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। सभी संबंधित अपीलकर्ताओं और लोक सूचना अधिकारियों, अपीलीय अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे इस लोक अदालत में उपस्थित रहकर अपने प्रकरणों का निराकरण करायें।
28 जनवरी को आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की व्यापक तैयारियां जारी हैं। यह लोक अदालत कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष (कक्ष क्रमांक 102) अपर कलेक्टर न्यायालय कक्ष क्रमांक 109 तथा अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय कक्ष क्रमांक 107 में आयोजित होगी। लोक अदालत के प्रभावी आयोजन के लिये गत दिनों राज्य सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की थी एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये थे। उनके द्वारा दिये गये निर्देशानुसार प्रत्येक कोर्ट रूम के सामने लोक सूचना अधिकारी एवं अपीलार्थियों के बैठने की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। आयोग के अधिकारी-कर्मचारी 26 जनवरी से ही इंदौर आ जायेंगे। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे लोक अदालत के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें निर्धारित समय-सीमा से पूर्व सम्पन्न कर लें।
महिपाल/कपूर





कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई सम्पन्न।