एकात्म यात्रा 20 जनवरी को इंदौर शहर में रहेगी
---------
जगह-जगह होगा भव्य स्वागत
इंदौर 11 जनवरी 2018
आदि गुरू शंकराचार्यजी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही एकात्म यात्रा 19 जनवरी को इंदौर आएगी। यह यात्रा 20 जनवरी को इंदौर शहर का भ्रमण करेगी तथा 21 जनवरी को औंकारेश्वर के लिए रवाना होगी। यात्रा 20 जनवरी को इंदौर शहर के बड़ा गणपति से शुरू होकर गांधी हॉल में समाप्त होगी। समापन अवसर पर गांधी हॉल परिसर में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यात्रा का शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा की व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
यात्रा की व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए पिछले दिनों कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े, एकात्म यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष तथा इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, श्री ओमप्रकाश परसावदिया, अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेडे सहित अन्य सदस्य, साधु-संत और विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी ने एकात्म यात्रा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 19 जनवरी को इंदौर आएगी। अगले दिन 20 जनवरी को बड़ा गणपति से शुरू होगी, जो गौराकुण्ड, राजवाड़ा, कृष्णपुरा छत्री होते हुए गांधी हॉल पहुंचेगी। यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत भी होगा। कार्यक्रम का समापन गांधी हॉल परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
यात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने एकात्म यात्रा के संबंध में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम शासन-प्रशासन का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का है। उन्होंने समाज के हर वर्ग तथा हर संगठन से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।
उप यात्राएं भी निकलेगी
एकात्म यात्रा के अंतर्गत इंदौर शहर के चारों दिशाओं से उप यात्राएं भी निकलेंगी। यह उप यात्रा राजवाड़ा से मुख्य एकात्म यात्रा में शामिल होंगी। इस्कान संस्था द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा भी निकाली जाएगी, जो मुख्य यात्रा का आकर्षण का केन्द्र रहेगी। एकात्म यात्रा में जगह-जगह से निकली अनेक उप यात्राएं और साधु-संत भी राजवाड़ा से शामिल होंगे। यात्रा में संस्कृत विद्यालय तथा महाविद्यालय के विद्यार्थी श्लोक पाठ करते हुए तथा शंखनाद करते हुए साथ चलेंगे।
भव्य मंच बनेंगे
गांधी हॉल परिसर में यात्रा के समापन के मुख्य कार्यक्रम के लिए भव्य मंच बनाये जाएेंगे। इनमें एक मंच मुख्य कार्यक्रम के लिए तथा अन्य मंच साधु-संत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के लिए रहेंगे। मंच की विशेष साजसज्जा की जायेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या एवं प्रवचन भी होंगे
गांधी हॉल परिसर में यात्रा के समापन कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या एवं विभिन्न संतों के प्रवचन कार्यक्रम भी रखे गये है।
सात दिन तक होगी प्रति दिन आरती
बैठक में बताया गया कि एकात्म यात्रा के संबंध में जनजागृति लाने के लिए राजवाड़ा पर आदि गुरू शंकराचार्यजी के संदेश को प्रदर्शित करती हुई झाँकी रखी जाएगी। यहीं पर शंकराचार्यजी का चित्र भी रहेगा। यहां पर प्रतिदिन शाम को आरती की जाएगी। यह कार्यक्रम 14 जनवरी से प्रारंभ होगा।
क्रमांक/92/92/महिपाल/जी