जिले में पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस
…………
मुख्य समारोह एपीटीसी ग्राउण्ड पर होगा
…………
13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी
…………
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शासकीय भवनों पर रोशनी करने के निर्देश
……………
इंदौर 26 जुलाई, 2017
जिले में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस आगामी 15 अगस्त को पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। मुख्य समारोह महेश गार्ड लाइन स्थित एपीटीसी ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोपण किया जायेगा तथा संयुक्त परेड की सलामी ली जायेगी। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी। शासकीय तथा सार्वजनिक भवनों पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आकर्षक विद्युत रोशनी की जायेगी।
यह जानकारी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी बैठक में दी गई। बैठक में डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, एसपी श्री मोहम्मद युसूफ,अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए की जाने वाली तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि समारोह के लिये सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयावधि से पहले पूरी कर ली जाये। सभी व्यवस्थायें राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाये। बैठक में उन्होने परेड ग्राउण्ड की तैयारी, साफ-सफाई, पेयजल, मंच निर्माण, गमलों व गुब्बारों की व्यवस्था, मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण के लिये जिप्सी वाहन की व्यवस्था,आंगुतकों की बैठक व्यवस्था, राष्ट्रीय ध्वज, समारोह स्थल तक बच्चों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीद के परिवार को लाने ले जाने की व्यवस्था, विद्युत, आकस्मिक चिकित्सा, फायर ब्रिागेड आदि व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे। बारिश को दृष्टिगत रखते हुये परेड ग्राउण्ड से पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये लोक निर्माण विभाग तथा शहर में ट्राफिक व्यवस्था सुचारु रूप से बनाये रखने के लिये डीएसपी ट्रेफिक को विशेष रूप से निर्देश दिये गये।
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा अनुरुप देशभक्ति की भावना पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन किया जायेे। उन्होंने कहा कि समिति गठित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन किया जाये। समारोह में तीन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। बैठक में प्रत्येक के लिये समयावधि निर्धारित करने के लिये निर्देशित किया गया। बच्चों को मिठाई वितरण की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति नियंत्रक को सौंपी गई हैं।
बैठक में बतायागया कि समारोह में 21 दलों द्वारा संयुक्त रूप से आकर्षक परेड प्रस्तुत की जायेगी । इसके अलावा वर्ष भर के जिले में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा संस्थाओं को पुरस्कृत किया जायेगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि अधिकारी-कर्मचारियों के प्रस्ताव निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से कलेक्टर कार्यालय भेज दिये जाये। परेड संबंधी सभी व्यवस्थायें रक्षित निरीक्षक करेंगे। आगामी 5 अगस्त से प्रतिदिन रिहर्सल होगी। अंतिम पूर्वाभ्यास 13 अगस्त को सुबह 9 बजे एपीटीसी ग्राउण्ड पर होगा। इस पूर्वाभ्यास में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहने के लिये कहा गया। कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि सभी कार्यालय प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाये तथा राष्ट्र गान का गायन हो। ध्वजारोहण के दौरान ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर एपीटीसी ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में भी सभी कार्यालय प्रमुख अपने स्टाफ सहित उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। स्कूलों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों एवं अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा राष्ट्रीय गान होगा।
कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने शासकीय कार्यालयों व अधीनस्थ कार्यालयों तथा सार्वजनिक भवनों पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रोशनी की व्यवस्था आवश्यक रूप से सुनिश्चित करेंगे। रोशनी पर होने वाले व्यय को विभागीय मद से खर्च करेंगे।
भदौरिया/गरिमा