Tuesday, 30 May 2017

चिकित्सक की पर्ची के बगैर गर्भपात की औषधियां विक्रय करने पर
राज मेडिकल स्टोर्स सील
इंदौर 30 मई, 2017
इंदौर जिले में कलेक्टर द्वारा दिये गये आदेशों की अवहेलना करते हुये चिकित्सक की पर्ची के बगैर गर्भपात की औषधियां विक्रय करने पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी. नरहरि ने नंदलाल चैराहा स्थित राजे मेडिकल स्टोर्स को सील करने के आदेश दिये गये। इस आदेश के परिपालन में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक द्वारा उक्त मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया गया है।
 कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक गर्भवती महिला द्वारा निजी चिकित्सालय में सोनोग्राफी  करायी गई। महिला चिकित्सक द्वारा उक्त गर्भवती महिला का चेकअप किया गया। उक्त गर्भवती महिला की सोनोग्राफी रिर्पोट नार्मल थी। पी.सी.पी.एन.डी.टी सेल द्वारा समस्त गर्भवती महिलाओं का भौतिक सत्यापन किया जाता हैं। उक्त गर्भवती महिला का भौतिक सत्यापन कराये जाने पर उसके द्वारा उसका गर्भपात निजी चिकित्सालय में होना बताया गया । इसकी विस्तार से जांच की गई। निजी चिकित्सालय के चिकित्सक से जब इस गर्भपात के बारे में जानकारी चाही गई तब उनके द्वारा बताया गया कि उक्त महिला की केवल सोनोग्राफी ही उनके चिकित्सालय में की गई हैं। गर्भपात का कोई रिकार्ड नहीं होना बताया गया। इसके बाद पुनः उक्त महिला से पी.सी.पी.एन.डी.टी सेल द्वारा दूरभाष पर सम्पर्क कर जानकारी चाही गई तब भी उनके द्वारा गर्भपात उक्त निजी चिकित्सालय में ही होना बताया गया। तब उक्त निजी चिकित्सालय की स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित उक्त गर्भवती महिला को जिला दण्डाधिकारी महोदय 29 मई 2017 को समक्ष में सुनवाई के लिए उपस्थित होने हेतु बुलाया गया। समक्ष सुनवाई में गर्भवती महिला द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा चिकित्सक की पर्ची के बिना राज मेडिकल स्टोर्स, नंदलालपुरा चैराहा, इन्दौर से गर्भपात की औषधियां क्रय कर सेवन किया गया जिससे एक दिन बाद उनका गर्भपात घर पर ही हो गया। उक्त महिला द्वारा दिये गये बयान के संदर्भ में जिलादण्डाधिकारी द्वारा 30 मई 2017 को राज मेडिकल स्टोर्स के संचालक एवं  वरिष्ठ औषधि निरीक्षक को समक्ष सुनवाई हेतु बुलाया गया। राज मेडिकल स्टोर्स के संचालक की समक्ष सुनवाई के दौरान चिकित्सक की पर्ची के बिना गर्भपात की गोलियों विक्रय करना पाया गया तथा इस कृत्य से जिलादण्डाधिकारी के आदेश की अवहेलना पायी गयी। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने वरिष्ठ औषधि निरीक्षक को तत्काल राज मेडिकल स्टोर्स को सील करने के आदेश दिये । इस आदेश के परिपालन में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक द्वारा राज मेडिकल स्टोर्स, नंदलालपुरा चैराहा, इन्दौर को सील किया गया।
महिपाल@कपूर  
  

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं समस्यायें
------
समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश
-------
जनसुनवाई में कुल 301 आवेदन प्राप्त
इंदौर 30 मई, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई में आमजनों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शमीमउद्दीन तथा अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा ने जनसुनवाई में सहयोग किया। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री नरहरि ने कई मामलों में अधिकारियों को समक्ष में बुलाकर आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करवाया, वहीं अन्य मामलों में समय-सीमा तय करते हुये निर्धारित समयावधि में आवेदनों के निराकरण हेतु निर्देशित किया। जनसुनवाई में कुल 301 आवेदन प्राप्त हुये।
जनसुनवाई में नालियाबाखल इंदौर निवासी श्री ओमप्रकाश पिता पुरूषोत्तम ने ई-रिक्शा दिलाये जाने की मांग की। आवेदक ने बताया कि वह बीपीएल धारक है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार के पालन-पोषण के लिये ई-रिक्शा दिलवाये जाने का अनुरोध किया। मामले में अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग के सहायक संचालक को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में प्रकरण तैयार करने व नियमानुसार ऋण दिलवाये जाने के निर्देश दिये । एक अन्य मामले में मुण्डलाबाग सुल्लाखेड़ी के ग्रामवासियों ने खराब ट्रांसफार्मर ठीक कराने व सर्विस लाइन की मरम्मत करवाये जाने का अनुरोध किया। ग्रामवासियों ने बताया कि मांगलिया पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले मुण्डलाबाग की तीनों डीपी/ट्रांसफार्मर व सर्विस लाइन पूरी तरह खराब हो चुके हैं। स्थानीय पावर हाउस में कई बार लिखित व मौखिक शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मामले में कार्यवाही हेतु अधीक्षण यंत्री मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी को निर्देशित किया गया है।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत खजुरिया की आंगनवाड़ी में दिव्या स्वसहायता समूह द्वारा संचालित किये जा रहे मध्यान्ह भोजन की रसाइया रानीबाई पति जीवन चौकसे की पारिश्रमिक राशि दिलवाये जाने का अनुरोध किया गया। आवेदिका ने बताया कि पारिश्रमिक राशि दिये जाने हेतु बार-बार आवेदन देने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। उक्त मामले में परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा इंदौर को निर्देशित किया है।
तहसील इंदौर के ग्राम जामनिया निवासी धनीबाई पति छगन गंभीर रूप से बीमार अपनी बहन नर्मदाबाई के इलाज के लिये मदद दिलवाये जाने की मांग की। आवेदिका ने बताया कि नर्मदाबाई को मसे की समस्या है तथा बॉल्व खराब हो गया है। अरविंदों हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। ऑपरेशन में लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। मेरी बहन के पति का स्वर्गवास हो गया है। आर्थिक स्थिति खराब है। दोनों पुत्र मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे हैं। एक अन्य मामले में रामकुंअर पति स्व. गोपाल निवासी जामनिया धूलमारी ने भी इलाज हेतु आर्थिक सहायता दिलाये जाने का अनुरोध किया। आवेदिका ने बताया कि उसकी तबीयत खराब रहती है। खून की कमी है इलाज पर अब तक 50 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं और अब आगे इलाज कराने में असमर्थ हूं। उक्त दोनों मामलों में जिला बीमारी सहायता निधि योजना में पात्रता का परीक्षण कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
जनसुनवाई में बेटमा के वार्ड क्रमांक 14 निवासी पूनमचंद पिता नाथूलाल ने रहवास हेतु शासकीय पट्टा/आवास योजना का लाभ दिलाये जाने का अनुरोध किया है। आवेदक ने बताया कि वह गरीबी रेखा की श्रेणी में है तथा मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा है। पिछले 25 वर्ष से बेटमा में रहता हूं, किंतु नगर परिषद से रहवास के लिये कोई जमीन/प्लाट नहीं दिया गया है। मामले में कार्यवाही हेतु अपर कलेक्टर शहरी क्षेत्र को निर्देशित किया गया है। एक अन्य मामले में लक्ष्मी नगर की गंगा राठौर ने शिकायत की कि उनके पुत्र कुबेर राठौर का प्रवेश न्यू सेंटगिरी एकेडमी वेंकटेश नगर वर्ष 2016-17 में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार के तहत हुआ था, किंतु स्कूल संचालक द्वारा अब फीस की मांग की जा रही है। आवेदिका ने अवगत कराया कि वह बीपीएल श्रेणी में आती है तथा परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। आवेदिका ने अपने पुत्र को नि:शुल्क शिक्षा दिलाये जाने तथा फीस माफ किये जाने की मांग की। उक्त मामले में नियमानुसार कार्यवाही हेतु जिला शिक्षा अधिकारी इंदौर को निर्देशित किया गया है।
 भदौरिया/कपूर

एक्सपायरी दूध पाउडर की कीमत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से वसूलने के निर्देश
इंदौर 30 मई, 2017
आंगनवाड़ी केन्द्र में एक्सपायरी डेट का दूध पाउडर पाये जाने से संबंधित आंगनवाड़ी केन्द्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से उक्त पाउडर की राशि वसूल करने के निर्देश दिये गये हैं। यह निर्देश संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास इंदौर संभाग श्री राजेश मेहरा द्वारा दिये गये। 
श्री मेहरा द्वारा गत दिनों सांवेर परियोजना अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। आकस्मिक निरीक्षण में आंगनवाड़ी केन्द्र अजनोद क्रमांक एक में 25 पैकेट दूध पाउडर एक्सपायरी पाया गया। संभागीय संयुक्त संचालक ने उक्त दूध की राशि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से वसूल करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला इंदौर को दिये हैं। संभागीय संयुक्त संचालक ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता उपाध्याय का यह कार्य अत्यंत ही गैर जिम्मेदाराना है । उन्हें पद से पृथक करने के निर्देश भी परियोजना अधिकारी सांवेर को दिये गये हैं।
इसके अतिरिक्त संभागीय संयुक्त संचालक द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र नागपुर क्रमांक-एक, नागपुर क्रमांक दो तथा अजनोद क्रमांक 2 का भी निरीक्षण किया गया। आंगनवाड़ी केन्द्र नागपुर क्रमांक एक में पदस्थ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सलोनी द्वारा मुख्यालय पर निवास न कर चन्द्रावतीगंज से अप-डाउन करना पाया गया । श्रीमती सलोनी को भी पद से पृथक करने के निर्देश परियोजना अधिकारी सांवेर को दिये गये हैं। संभागीय संयुक्त संचालक ने बताया कि हितग्राहियों को हित लाभ नहीं देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को विरूद्ध सतत् सख्त कार्यवाही की जायेगी।
महिपाल/कपूर
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग का अमला संयुक्त भ्रमण करेगा
इंदौर 30 मई, 2017
महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में भ्रमण किये जायेंगे। दोनों विभाग के संयुक्त भ्रमण से बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम, बाल कुपोषण नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की जांच, कम वजन वाले नवजात शिशुओं की ट्रेकिंग, टीकाकरण, गंभीर कुपोषित बच्चों का उपचार आदि आसानी से किया जा सकेगा।
दोनों विभाग के अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का संयुक्त भ्रमण भी किया जायेगा तथा केन्द्र में दर्ज कुपोषित बच्चों के माता-पिता से चर्चा भी की जायेगी। इसमें किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की पहचान व नियंत्रण के लिये हिमोग्लोबिन परीक्षण, एनीमिया की रोकथाम, आई.एफ.ए. की गोलियों का वितरण आंगनवाड़ी केन्द्र पर आदि कार्यों का जमीनी स्तर पर सत्यापन संभव हो सकेगा।
 महिपाल/कपूर 






विश्व तंबाकू निषेध दिवस आज
इंदौर 30 मई, 2017
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जायेगा। इस दिन  इंदौर जिले में आम जनता में जागरूकता लाने के लिये जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं द्वारा जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम मनोरमा राजे क्षय चिकित्सालय में दोपहर 12 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एच.एन.नायक की अध्यक्षता में आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में शहर के केंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस.नय्यर, नोडल अधिकारी डॉ. माधव हसानी, अधीक्षक मनोरमा राजे क्षय चिकित्सालय डॉ. विजय अग्रवाल एवं अन्य चिकित्सकों द्वारा तंबाकू से होने वाले विभिन्न रोगों के बारे में उपस्थित जनता को  बताया जायेगा।
इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल परिसर, सिविल डिस्पेंसरी अरण्य, सिविल हॉस्पिटल महू, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेटमा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हातोद, हुकुमचंद पॉली क्लिनिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सांवेर में भी 31 मई, 2017 बुधवार को तंबाकू निषेध दिवस के अंतर्गत जन जागरूकता के  कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
महिपाल/कपूर