Monday, 9 January 2017

गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में होगा

गरिमामय भव्य समारोह  की तैयारिया प्रारंभ
-------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में तैयार की गयी रूपरेखा
इंदौर 9 जनवरी, 2017
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को इंदौर जिले में परम्परा के अनुसार भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किये जायेंगे । प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्य समारोह प्रात: 9 बजे जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे ।  समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा नयनाभिराम झांकियां निकाली जायेंगी। साथ ही आकर्षक परेड भी होगी।
समारोह की व्यापक तैयारियॉ प्रारंभ हो गई है। समारोह की रूपरेखा तय करने और प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा के लिये आज यहां कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसूफ कुरैशी, अपर कलेक्टर द्वय श्री शमीम उद्दीन तथा श्रीमती राखी सहाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री  नरहरि ने तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी तैयारियां समारोह की गरिमा के अनुरूप निर्धारित  समय सीमा में पूरी हो जाये। बैठक में बताया गया कि समारोह में विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे । सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिये अपर कलेक्टर श्री शमीम उद्दीन की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जायेगा। निर्देश दिये गये की सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह की गरिमा के अनुरूप सुरूचिपूर्ण होना चाहिये। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान के साथ लाने तथा वापस ले जाने के लिये बसों की व्यवस्था की जायेगी ।  समारोह में बीएसएफ, पुलिस, होमगार्ड, यातायात पुलिस, एन.सी.सी., स्काउट एवं गाइड, एयरविंग सशस्त्र पुलिस बल, जेल, वन विभाग आदि के जवानों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी ।  स्वास्थ्य, जेल, इंदौर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, विद्युत मण्डल, ए.के.वी.एन., एन.व्ही.डी.ए.,उद्योग, वन, आदिम जाति कल्याण सहित अन्य विभागों की झांकियां भी समारोह में आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगी । झांकियों की विषय वस्तु  तथा  उनकी प्रस्तुती का सूक्ष्मता के साथ परीक्षण किया जायेगा। इसके लिये अपर कलेक्टर श्री शमीम उद्दीन को जवाबदारी सौंपी गयी है। निर्देश दिये गये कि झांकियों में किसी भी अधिकारी का नाम और फोटो नहीं होना चाहिये। साथ ही झांकियों में लगाये जाने वाले चित्र नवीन होना चाहिये। बताया गया कि परेड और अन्य कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 9 बजे नेहरू स्टेडियम में फुल ड्रेस में होगा। 
समारोह में वर्ष भर के उत्कृष्ट कार्यों के विभिन्न तथा व्यक्तिगत उपलब्धियों के पुरस्कार तथा उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के पुरस्कार वितरित किये जायेंगे ।  विभिन्न कार्यालय इस पुरस्कार के लिये अपने कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों के नाम कलेक्टोरेट में भेज सकते हैं । इन नामों में से पुरस्कार हेतु नामों का चयन कलेक्टर द्वारा गठित चयन समिति करेगी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों तथा सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण किये जायेंगे। विभिन्न स्थलों पर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम होंगे। नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किये जायेंगे। शहर में स्थित ऐतिहासिक महत्व के स्थलों तथा प्रमुख चौराहों पर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जायेगी। 
महिपाल/कपूर

कलेक्टर की अनूठी पहल पर जिले में कटे-फटे होंठ वाले 17 रोगियों के किये गये सफल आपरेशन

  

इंदौर 09 जनवरी 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री पी. नरहरि के विशेष प्रयास से जिले में विशेष अभियान चलाकर आपरेशन स्माइल के तहत जाँच और खोज करके इंदौर जिले में अभी तक 17 रोगियों का कटे-फटे होंठ का आपरेशन कर ठीक किया गया। चार रोगी अभी भी आपरेशन के लिये चिन्हित है और उनकी जाँच चल रही हैं। जाँच उपरांत आवश्यक होने पर उनके आपरेशन किये जाएंगे। इंदौर जिले में विशेष अभियान चलाकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 34 और शिक्षा विभाग द्वारा 6 रोगियों की जाँच, खोज और पहचान की गई थी। इन रोगियों की जाँच उपरांत 21 रोगी जाँच उपरांत आपरेशन हेतु उपयुक्त पाये गये, जिसमें से 17 रोगियों के आपरेशन किये जा चुके हैं। 
सिंह/वटके
 

जिले में बाल ह्मदय उपचार योजना के तहत अभी तक किये गये 156 आपरेशन


इंदौर 09 जनवरी 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में चल रहे बाल ह्मदय उपचार अभियान के तहत इंदौर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष मुहिम चलाकर बाल ह्मदय रोगियों (0 से 18 वर्ष) जाँच और खोज की गई। तदुपरांत उन्हें चिन्हित कर निजी अस्पतालों में भर्ती कराकर शासकीय खर्च पर 156 बाल ह्मदय रोगियों का सफलतापूर्वक आपरेशन कर उन्हें नया जीवन दिया गया। मेदान्ता हास्पिटल द्वारा 41, सीएचएल अपोलो हास्पिटल द्वारा 75, चोइथराम हास्पिटल द्वारा 16, नारायण हास्पिटल द्वारा 3, बंसल हास्पिटल द्वारा एक, गोकुलदास हास्पिटल द्वारा 15, भण्डारी हास्पिटल द्वारा 5 आपरेशन किये गये। 
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मेदांता में 12, सीएचएल अपोलो हास्पिटल में 23, गोकुलदास हास्पिटल में 6, चोइथराम हास्पिटल में 24, भण्डारी हास्पिटल में 31 रोगियों को आपरेशन के लिये भर्ती कराया जा रहा है। 
सिंह/वटके

कलेक्टर के नेतृत्व में मोतियाबिंद निवारण अभियान में इंदौर के बेहतर प्रयास

अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत अब तक 
जिले में किये गये 4 हजार से अधिक आपरेशन 
इंदौर, 09 जनवरी 2017 
कलेक्टर श्री पी. नरहरि के निर्देशानुसार जिले में अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत गरीब बस्ती और ग्रामीण क्षेत्र में शिविर लगाकर मोतियाबिंद रोगियों की पहचान की गई तथा अभी तक जिले में 4397 आपरेशन किये गये। चोइथराम नेत्रालय द्वारा 2945, अरविन्दो हास्पिटल द्वारा 334, इंदौर आई हास्पिटल द्वारा 570, एमवाय अस्पताल द्वारा 115, जिला अस्पताल द्वारा 72, निहार नेत्रालय द्वारा 321, राजस आई हास्पिटल द्वारा 24 और रोहित आई हास्पिटल द्वारा 16 आपरेशन पिछले एक माह में किये गये। 
राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला अंधत्व निवारण समिति द्वारा 31 जनवरी तक जिले में 245 नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जाएंगे। इन शिविरों में जाँच कर उपयुक्त पाये जाने पर निर्धारित अस्पतालों में ऑपरेशन किये जाएंगे। इंदौर जिले को राज्य शासन द्वारा 5000 मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गत वर्ष इसी अवधि में 3000 से अधिक मोतियाबिंद के ऑपरेशन किये गये थे। राज्य शासन के निर्देशानुसार चोइथराम नेत्रालय धार रोड इंदौर में 114 नेत्र परीक्षण शिविर, अरविन्दो अस्पताल उज्जैन रोड में 31 नेत्र परीक्षण शिविर और इंदौर नेत्र चिकित्सालय में 17 नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जाएंगे। परीक्षण उपरान्त उपयुक्त पाये जाने पर मरीजों का एमवाय अस्पताल, जिला अस्पताल, राजस आई हास्पिटल, रोहित आई हास्पिटल, निहार नेत्रालय, गीता भवन हास्पिटल और गुरु तेगबहादुर हास्पिटल में ऑपरेशन किया जायेगा। 
जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डॉ. त्रिलोचन सिंह होरा ने बताया कि जिला अंधत्व निवारण समिति के तत्वावधान में इंदौर जिले में चोइथराम नेत्रालय में 100, अरविन्दो हास्पिटल में 25, इंदौर आई हास्पिटल में 25, एमवाय अस्पताल में 10, जिला अस्पताल में 10, राजस अस्पताल में 10, रोहित आई हास्पिटल में 10, निहार नेत्रालय में 10 ऑपरेशन प्रतिदिन किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि महू तहसील में 25, देपालपुर तहसील में 20, हातोद तहसील में 20, इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में 18 और शहरी क्षेत्र में 32, सांवेर तहसील में 30 अंधत्व निवारण शिविर लगाये जाएंगे। इस अभियान के तहत सर्वाधिक ऑपरेशन चोइथराम नेत्रालय धार रोड इंदौर में किये जाएंगे। इस अस्पताल में सद्गुरु परिवार ट्रस्ट, राजकोट द्वारा पेम्पलेट, बैनर, पोस्टर, लाउड स्पीकर, रैली, घर-घर जाकर सम्पर्क किया जायेगा। इस ट्रस्ट द्वारा आकाशवाणी और दूरदर्शन पर भी इस अभियान के संबंध में स्वयं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिला अंधत्व निवारण समिति द्वारा भोजन, यातायात, जाँच, ऑपरेशन, दवा, चश्मा आदि की सुविधाएँ मुफ्त में प्रदान की जायेगी। मरीजों को ऑपरेशन के बाद उनके घर तक वापस पहुंचाया जायेगा। 
जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डॉ.टी.एस.होरा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आज 10 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा उप स्वास्थ्य केन्द्र सिवनी, काजी पलासिया, अम्बामोरिया, अरविन्दो अस्पताल द्वारा चौहानखेड़ी, बालोदा और टाकुन तथा इंदौर नेत्रालय चिकित्सालय द्वारा बेटमा और देपालपुर में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 
इसी प्रकार 11 जनवरी को इंदौर शहर में तंग बस्तियों में चोइथराम नेत्रालय द्वारा कम्युनिटी हॉल वाल्मीकि नगर, चेतन्यधाम नंदबाग, आंगनवाड़ी केन्द्र कुशवाह नगर और इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा सरकारी अस्पताल सोनकच्छ में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा।
इसी प्रकार चोइथराम नेत्रालय द्वारा 12 जनवरी को आंगनवाड़ी केन्द्र पेनजॉन कॉलोनी, कुण्ड कम्युनिटी हॉल बाणगंगा और आंगनवाड़ी केन्द्र कुम्हारखाड़ी तथा आंगनवाड़ी केन्द्र मुखर्जी नगर में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी तरह 13 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र भवानी नगर, कण्डीलपुरा, भागीरथपुरा, अहिल्या पलटन और अरविन्दो अस्पताल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रिंगनोदिया में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 14 जनवरी को अरविन्दो अस्पताल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मकोड़िया में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा।
सिंह/कपूर

दिव्यांगजनों का राज्य स्तरीय रोजगार मेला 13 जनवरी को


मेले  में निजी क्षेत्र की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कम्पनियां 
डेढ़ हजार दिव्यांगजनों को देगी रोजगार
इंदौर 9 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आगामी 13 जनवरी को दिव्यांगजनों के लिये विशाल राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया गया है। इस मेले के प्रभावी आयोजन के लिये व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी हैं। इस मेले में निजी क्षेत्र की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कम्पनियां शामिल होकर दिव्यांगजनों को उनकी पात्रता के अनुसार हाथों-हाथ रोजगार उपलब्ध करायेंगी। अभी तक 78 कम्पनियों ने मेले में भाग लेने के लिये अपनी सहमति दे दी है। कम्पनियों द्वारा सहमति देने का सिलसिला लगातार जारी है।  मेले में रोजगार देने के लिये इन कम्पनियों द्वारा लगभग डेढ़ हजार रिक्तियां चिन्हित कर दी गयी हैं। इनके आधार पर पात्रता अनुसार दिव्यांगों कों नौकरी दी जायेगी । मेले में सर्वाधिक नियुक्तियां देने वाली संस्थाओं को पुरस्कृत भी किया जायेगा।
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये हैं कि इस मेले का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाये। मेले के माध्यम से अधिक से अधिक बेरोजगार दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराया जाये। मेले में आने वाले किसी भी दिव्यांगजन को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। जिले के बाहर से आने वाले नि:शक्तजनों के ठहरने की व्यवस्था भी की गयी है।  मेले के लिये सामाजिक न्याय विभाग के श्री भरतसिंह गौर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनका मोबाइल नम्बर 99260-82459 है। अगर कोई निजी क्षेत्र की संस्था इस मेले में शामिल होकर युवाओं को रोजगार देना चाहती हैं तो वे उक्त अधिकारी से सम्पर्क कर सकती हैं। 
बताया गया कि मेले के लिये व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गयी हैं। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने गत दिनों विभिन्न नियोक्ता संगठनों जैसे औद्योगिक ईकाई संगठन पोलोग्राउण्ड, होटल एसोसियेशन, मॉल्स एवं मल्टीफिलेक्स एसोसियेशन, प्रायवेट स्कूलों का सहोदय ग्रुप, नर्सिंग होम एसोसियेशन, रेडीमेड गारमेंट एसोसियेशन आदि के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस मेले में शामिल होने के बारे में आग्रह किया। विभिन्न नियोक्ता संगठनों ने मेले में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। रोजगार मेले के नोडल अधिकारी श्री भरतसिंह गौर ने बताया कि अभी तक 78 से अधिक निजी क्षेत्र की संस्थाओं ने इस मेले में शामिल होने की सहमति दे दी है। जिन प्रतिष्ठित संस्थाओं ने सहमति दी है,उनमें प्रमुख रूप से नफीस बेकरी, सक्सेस पार्इंट,  होटल रेडीसन, होटल प्रेसीडेंट, बेस्ट प्राइज, एयरटेल, एलएनटी, अपना स्वीट्स, कपारो इंजीनियरिंग, वेल स्पून, एपटेक, आयसर मोटर्स पीथमपुर, रोजी ब्ल्यु इंडिया लिमिटेड, फ्लेक्सीटफ इंटरनेशनल, पाथ-वे इंडिया लिमिटेड, कमीन्स टर्बों टेक्नोलाजी लिमिटेड, ब्रिाजस्टोन, सेल इंडिया लिमिटेड, लाइफ स्टाइल इन्टरनेशनल लिमिटेड, क्राप्टन,ग्रेविस, दिनेश इण्डस्ट्रीज, पटेल मोटर्स, एजिस इंडिया लिमिटेड, कालानी ट्रेर्ड, अग्रवाल पापड़, इण्डो जर्मन टूल्स, रिलायंस फ्रेश, होटल सायाजी, होटल लेमन ट्री, होटल श्रीमाया, होटल ओमनी पैलेस, किल्लोसकर  इंडिया लिमिटेड, इन्फोबींस, डॉ.रेड्डी फाउण्डेशन, अवन्तिका गैस, तनिष्क, आईसीआईसीआई बैंक आदि शामिल हैं। इस मेले की प्रभावी सफलता को देखते हुये लिम्का बुक एवं गिनीज वल्र्ड रिकार्ड हेतु आवेदन भी किया गया है। 
उल्लेखनीय है कि इंदौर जिले में जिला प्रशासन द्वारा नि:शक्तजनों के लिये हर माह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले के लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं। इन परिणामों को देखते हुये ही उक्त मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
महिपाल/कपूर

11 जनवरी को प्रात: 11.30 बजे से हाट बाजार (ढक्कनवाला कुंआ के पास) जिला स्तरीय रोजगार मेला

रोजगार मेले में बैंकों में स्वरोजगार के लिये लंबित
प्रकरणों पर होगी कार्यवाही
--------
संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ आवेदकों की समक्ष होगी सुनवाई
-------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि करेंगे मेले का शुभारंभ
इंदौर, 9 जनवरी,2017/
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने स्वरोजगार मेले के संबंध में एलडीएम और रोजगार अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि 11 जनवरी, 2017 को आयोजित होने वाले स्वरोजगार मेले में सभी बैंक के अधिकारियों को उपस्थित रहने के लिये कहा जाये। साथ ही रोजगार अधिकारी को कहा कि उनके यहां से स्वीकृत ऐसे सभी प्रकरण जो बैंकों में राशि की मंजूरी के लिये लंबित हैं, उन सभी प्रकरणों को स्वरोजगार मेले में रखा जाये। साथ ही ऐसे सभी आवेदकों को मेले में बुलाया जाये,जिनके प्रकरण ऋण मंजूरी के लिये विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। ऐसे सभी बैंकों के अधिकारियों के साथ आवेदकों की अलग से मिटिंग करायी जायेगी और ऋणी मंजूरी के लिये आने वाली सभी समस्याओं को दूर किया जाये।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा जिले को प्राप्त स्वरोजगार लक्ष्यों को पूरा करने के बाद आसपास के जिलों को दिये गये लक्ष्यों को भी अपने जिले में मंगाया जाये,जिससे जिले में अधिक से अधिक इच्छुक और योग्य व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिये ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
  आगामी 11 जनवरी को प्रात: 11.30 बजे से हाट बाजार (ढक्कनवाला कुंआ के पास) जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।  इस मेले में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के 25 हितग्राहियों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्री एस.के.श्रीमाली ने बताया कि हितग्राहियों को ऋण राशि अधिकतम 50 हजार रूपये पर 15 हजार रूपये अनुदान दिया जाएगा।  हितग्राही को मध्यप्रदेश का मूल निवासी तथा उसकी  न्यूनतम शैक्षणिक कक्षा 5वीं पास  होना चाहिए। सक्षम अधिकारी द्वारा जाति प्रमाण पत्र और जन्मतिथि प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, ऋण हेतु भूमि या भवन किराये पर हो तो किरायानामा प्रस्तुत करना अनिवार्य है,  मशीन या उपकरण या साज-सज्जा हेतु कोटेशन प्रस्तुत करना जरूरी है और हितग्राही की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए।  
--0--
राठौर/कपूर

जनशिकायत, मुख्यमंत्री समाधान और पीएमओ से प्राप्त होने वाली शिकायतें लंबित होने पर होगी कार्यवाही

समाधान ऑन लाइन में 300 दिन से अधिक समय तक लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में निराकरण करें
-------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने टीएल बैठक में दिये अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

इंदौर 9 जनवरी, 2017
प्रधानमंत्री कार्यालय,मुख्यमंत्री सचिवालय, समाधान ऑन लाइन और जनशिकायत में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर अधिकारी तुरंत कार्यवाही करें। जहां तक संभव एक सप्ताह में ही प्रकरणों का निराकरण करें। इसके साथ ही आवेदकों से फोन चर्चा कर या समक्ष बुलाकर कार्यवाही के संबंध में अवगत करायें,जिससे आवेदन कार्यवाही से संतुष्ट हो सके। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कहा कि प्रदेश में इंदौर जिले का स्थान आवेदकों की संतुष्टि के साथ प्रकरणों का निराकरण करने में प्रथम स्थान पर है। वर्तमान में 58 प्रतिशत प्रकरण आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकृत किये गये हैं। इसे अब 80 प्रतिशत तक ले जाना है। मुख्यमंत्री समाधान ऑन लाइन में 300 दिन से अधिक समय से बाह्र 800 से अधिक प्रकरण लंबित हैं। इन सभी प्रकरणों का अपने कार्य क्षेत्र में एक सप्ताह के अंतर्गत निराकृत किया जाये और जिन प्रकरणों में निराकरण संभव नहीं है,उनमें आवेदकों को बताया जाये कि प्रकरणों का निराकरण संभव नहीं है। 
कलेक्टर ने टी.एल.बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि विगत दिनों जिला प्रशासन की टीम द्वारा जिला अस्पताल के साथ-साथ अन्य शासकीय चिकित्सालयों का निरीक्षण किया गया था, जहां पर डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ अनुपस्थित पाया गया था, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करें तथा स्वयं भी सुबह 8 बजे से अस्पतालों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ अनुपस्थित मिलता है तो जिला स्वास्थ्य अधिकारी के विरूद्ध भी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। 
ग्रीन बेल्ट की जमीन के व्यावाययिक उपयोग करने पर  होगी कार्यवाही
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने टीएल बैठक में कहा कि सभी एसडीएम और सभी राजस्व अधिकारी निरंतर यह निगरानी करते रहे कि ग्रीन बेल्ट की जमीन का कहीं भी व्यवसायिक उपयोग न हो। साथ ही फेक्ट्री भी संचालित नहीं होना चाहिये। ऐसे सभी प्रकरणों में तुरंत कार्यवाही की जाये। बैठक में एमपीईबी के अधिकारियों को भी निर्देश दिये हैं कि ऐसे किसी संस्थान को जो ग्रीनबेल्ट की जमीन का उपयोग कर रहा है बिजली का कनेक्शन न दिया जाये।  टीएल बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शमीमउद्दीन, अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय और जिला पंचायत सीईओ श्री कीर्ति खुरासिया, एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे। 
श्व्
राठौर/कपूर

कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की तैयारी के संबंध में बैठक सम्पन्न।







कलेक्टर कार्यालय मे टी एल बैठक सम्पन