Friday, 2 June 2017

इंदौर में अगले जुलाई और अगस्त माह में लगेगा शिक्षा ऋण मेला
------
बेरोजगारों को स्वरोजगार देने के लिये हर माह लगेंगे मेले
------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने वार्षिक कैलेण्डर बनाने के दिये निर्देश
------
जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर 2 जून, 2017,
इंदौर जिले में प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये ऋण देने हेतु अगले जुलाई और अगस्त माह में इंदौर में शिक्षा ऋण मेला लगाया जायेगा। इसके साथ ही निर्णय लिया गया है कि अब इंदौर में बेरोजगारों को स्वरोजगार के लिये ऋण देने हेतु हर माह मेले लगाये जायेंगे। अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं और दिव्यांगों के लिये विशेष रूप से मेले आयोजित किये जायेंगे। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने यह जानकारी आज यहां कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक में दी।
बैठक में रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री एस.आर.देसाई, अपर कलेक्टर श्री शमीमुद्दीन, नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री एस.के.घोरपड़े, लीड बैंक मैनेजर श्री मुकेश भट्ट सहित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी और बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में वार्षिक साख योजना तथा विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित रोजगारमूलक योजनाओं की प्रगति की बैंकवार समीक्षा की गयी। बैठक में बताया गया कि इंदौर जिले में गत वित्तीय वर्ष 2016-17 में विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित रोजगारमूलक योजनाओं के तहत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गयी है। आलोच्य अवधि में रोजगारमूलक योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की तुलना में शत-प्रतिशत से अधिक लक्ष्य प्राप्त किये गये हैं। इस उपलब्धि के लिये कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने संबंधित विभागों तथा बैंक अधिकारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि जिस तरह गत वित्तीय वर्ष में लक्ष्य प्राप्त किये गये थे, इसी तरह जारी वित्तीय वर्ष में भी निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की जाये। बैठक में रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक द्वारा बताया गया कि भारत शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि वित्तीय वर्ष एक जनवरी से 31 दिसम्बर तक का रहेगा। इसके मद्देनजर कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लक्ष्यों की पूर्ति हर हाल में 31 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाये। लक्ष्यों का पूर्ति का मतलब ऋण प्रकरणों की स्वीकृति नहीं अपितु उनमें ऋण वितरण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिये ऋण देकर हम उन्हें उद्यमी बनायेंगे, जिससे कि वे स्वयं के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकें। श्री नरहरि ने बताया कि जिले में इस वर्ष कृषि आय को दुगुना करने के संबंध में विशेष ध्यान दिया जायेगा। बैंकर्स से उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि के अलावा कृषि से जुड़े व्यवसाय और उद्योगों के लिये भी प्राथमिकता से ऋण दें।
बैठक में बताया गया कि स्टेण्डअप इंडिया योजना के अंतर्गत इंदौर जिले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गयी है। गत वित्तीय वर्ष में इंदौर जिले में स्टेण्डअप इंडिया योजना के अंतर्गत 217 प्रकरणों में 43 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया गया है। इस उपलब्धि से इंदौर जिले में मध्यप्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
महिपाल/कपूर









सभी पात्र विधवाओं को मिलेगा पेंशन सुविधा का लाभ-- प्रभारी मंत्री श्री मलैया
-------
861 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत
--------
ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के तहत लाभ वितरण समारोह सम्पन्न
इंदौर 2 जून, 2017
जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त और वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जयंत मलैया ने कहा है कि प्रदेश के सभी पात्र हितग्राहियों को 2022 तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जायेगा तथा प्रदेश के सभी पात्र विधवाओं को पेंशन योजना का लाभ दिया जायेगा। श्री मलैया आज देपालपुर विकासखंड के ग्राम आगरा में ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत आयोजित लाभ वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य शासन गांव, गरीब और किसानों की सरकार है। राज्य शासन सभी गरीबों को आवास मुहैया कराने के लिये कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें जल संवर्धन और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि राज्य शासन गरीबों को मूलभूत सुविधायें मुहैया करा रहा है। 
उन्होंने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास कपिलधारा कूप, लाड़ली लक्ष्मी योजना, भूखण्डधारक प्रमाण-पत्र, लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्र वितरित किये। कार्यक्रम में 861 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास, 12 हितग्राहियों को कपिलधारा कूप, 158 हितग्राहियों को पेंशन योजना का लाभ, 24 हितग्राहियों को बीमा योजना का लाभ 46 हितग्राहियों को नामांतरण/बंटवारा/सीमांकन का लाभ, 10 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मलैया ने हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि उद्यानिकी पौधों का लाभ, वनाधिकार पट्टे, मनरेगा जॉब कार्ड, उज्जवला गैस कनेक्शन, गरीबी रेखा कार्ड में नाम जोड़ना, जाति प्रमाण-पत्र और नि:शक्त प्रमाण-पत्र भी वितरित किये। कार्यक्रम में बताया गया कि ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत 14 अप्रैल से 15 मई के बीच देपालपुर विकासखंड में 73 हितग्राहियों के नाम गरीबी रेखा की सूची में जोड़े गये तथा 135 हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची वितरित की गयी।
जिले के प्रभारी मंत्री और वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री मलैया ने घोषणा की कि ग्राम आगरा में जनसहयोग और विधायक निधि से श्मशान घाट बनाया जायेगा। उन्होंने स्वयं इस काम के लिये 11 हजार रुपये नगद सहयोग राशि दी। उन्होंने घोषणा की कि ग्राम आगरा में हायर सेकेण्ड्री भवन बनाने के लिये राज्य शासन द्वारा विचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के तहत प्रदेश में ग्राम संसद महिला संसद, कृषि संसद और विद्युत संसद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों प्रकरणों का निराकरण किया गया। नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के मापदण्ड में मोटरसाइकिल की बाधा हटा दी गयी है, अब जिसके पास मोटर साइकल है, उसे भी प्रधानमंत्री आवास दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अजा/जजा वर्ग के बीपीएल हितग्राहियों को 5 हॉर्स पावर तक मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार, क्षेत्रीय विधायक श्री मनोज पटेल,आईपीसी बैंक अध्यक्ष श्री उमानारायण पटेल, श्री गुमान सिंह पंवार, श्री प्रेमनारायण पटेल, एसडीएम श्री नरेन्द्रनाथ पाण्डे,अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.के.खेड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री मनीष भारद्वाज एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
 सिंह/कपूर
एक जुलाई से मतदाता सूची में नाम जोड़ने का चलेगा विशेष अभियान
--------
मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिये लगाये जायेंगे विशेष शिविर
-------
मोबाइल एप से भी आवेदन करने की सुविधा
इंदौर 2 जून, 2017
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार आगामी एक जुलाई से 31 जुलाई तक छूट हुये मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिये जिले में विशेष अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान का उद्देश्य सभी छूटे हुये मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से जोड़ना है। इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये मीडिया/परिवहन विभाग/बीएसएनएल/निजी सेवा प्रदाता जैसे एयरटेल, आइडिया,वोडाफोन आदि, सिनेमा घर जैसे पीव्हीआर, आइनॉक्स, एयरपोर्ट आथॉरिटी, रेलवे और शैक्षणिक संस्थाओं का भागीदार बनाया जायेगा। 
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले में जून के प्रथम सप्ताह में बूथ लेवल आफिसर, बूथ लेवल एजेंट, सुपर वाइजर और बूथ जागरुकता समूह को इस संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा। माह जुलाई में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिये प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नाम जोड़े जायेंगे। आगामी 11 जून से पिं्रट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सिनेमा घर, बैनर और पोस्टर आदि के माध्यम से मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिये विशेष अभियान चलाया जायेगा। 
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जुलाई से 23 जुलाई तक इस अभियान के लिये विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिये विशेष जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। स्कूलों, कॉलेजों में भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। मोबाइल एप से फार्मों में भरे जाने के तरीकों का प्रचार-प्रसार पिं्रट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से किया जायेगा। चुनाव आयोग का मोबाइल एप ""गुगल प्ले स्टोर'' पर होस्ट किया गया है। मतदाताओं को यह बताया जाये कि इसे डाउनलोड कर लिया जाये, उस एप का पता ""कक्क्ष्ॠघ्घ्" है। इसका प्रचार-प्रसार जून माह से ही किया जायेगा। एक जुलाई से 31 जुलाई, 2017 तक छूटे हुये युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने जाने के विशेष अभियान के संबंध में चुनाव आयोग से जारी कार्ययोजना और कैलेण्डर का कड़ाई से पालन किया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी.नरहरि ने इस संबंध में जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और तहसीलदारों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। 
सिंह/कपूर