Tuesday, 31 January 2017

जिला प्रशासन की छापामार कार्यवाही


धारा इन्टरप्राइज की फैक्ट्री में 19 मशीनें सील
दस लाख रूपये से अधिक कीमत के इंस्टेंट पाउज और गोलियों के पैकेट सील
इंदौर 31 जनवरी, 2017
    कलेक्टर श्री पी. नरहरि के निर्देश पर एडीएम श्री अजयदेव शर्मा के नेतृत्व में पीपल्याराव स्थित धारा इन्टरप्राइज की फैक्ट्री पर जिला प्रशासन की टीम ने अचानक छापामार कार्यवाही की। फैक्ट्री में बच्चों के खाने की गोलियां और सॉफ्टडिं्रक बनते हुए पाये गये। साथ ही फैक्ट्री के तीसरे माले में बैटरी वाले पंखे और टॉर्च भी असेम्बल करते हुए मिले। एडीएम श्री अजयदेव शर्मा के निर्देश पर फैक्ट्री मालिक राजेश से फैक्ट्री संचालित करने के सभी लायसेंस मंगाये गये और बच्चों की खाने वाली गोलियों और उसके कच्चे सामान के सेम्पल लेकर सील किये गये हैं।
    एडीएम श्री अजयदेव शर्मा ने बताया कि कलेक्टर श्री पी. नरहरि द्वारा जिले में विशुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत जिले में उत्पादित होने वाले सामानों की नियमित जाँच की जा रही है। इसी अभियान के अन्तर्गत कलेक्टर श्री पी.नरहरि को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बच्चों की टॉफियां, गोलियां और इंस्टेंट सॉफ्टडिं्रक बनाये जा रहे हैं, जिस पर आज फैक्ट्री पर अचानक छापामार कार्यवाही की गई। फैक्ट्री संचालक द्वारा कन्फेक्सरी के अन्तर्गत लायसेंस लिया गया है। जिसमें वह कोको पावडर, चाकलेट पावडर और शुगर के माध्यम से गोलियां बना सकता है। फैक्ट्री में सॉफ्टडिं्रक पावडर के पाउच भी बनते हुए पाये गये। जिसकी जप्ती की कार्यवाही की गई है और सॉफ्टडिं्रक पैक करने वाली 19 मशीनों को सील किया गया है। साथ ही सॉफ्टडिं्रक के 4 लाख 54 हजार से अधिक पाउच भी सील किये गये हैं। साथ ही छोटूराम के अंडे के नाम वाले एक लाख 64 हजार से अधिक पाउच जप्त किये गये हैं। इनकी औसत कीमत दस लाख रूपये से अधिक है। इन सभी सामानों को फैक्ट्री में ही सील कर दिया गया है।
    छापे की कार्यवाही में एसडीएम श्री अजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में तहसीलदार श्री चरणजीत सिंह हुड्डा, फूड विभाग की टीम, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के अधिकारियों ने भी कार्यवाही में हिस्सा लिया। छापे के दौरान 13 नमूने सेम्पल के रूप में लिये गये हैं। इसके साथ ही इन गोलियों और सॉफ्टडिं्रक को बनाने वाले कच्चे सामान का भी सेम्पल लिया गया है।
    एडीएम श्री अजयदेव शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री संचालित करने के सभी लायसेंस, फैक्ट्री संचालित करने की अनुमति के साथ-साथ अन्य सभी आवश्यक कागजात भी फैक्ट्री मालिक को प्रस्तुत करने को कहा गया है। फैक्ट्री में जप्ती के दौरान कई उत्पादों पर निर्माण की तिथि, वजन, उपयोग करने की अवधि की तिथि भी अंकित नहीं पायी गई है। इसके संबंध में फैक्ट्री मालिक को जवाब प्रस्तुत करने के लिये कहा गया है। इसके साथ ही औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा भी फैक्ट्री का पूरा अवलोकन किया गया और इस संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
    फैक्ट्री में तीसरे माले पर बैटरी संचालित होने वाले टेबल पंखे, टॉर्च भी असेम्बल करते हुए पाये गये हैं। इस संबंध में भी फैक्ट्री मालिक को सभी कागज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। 
--0--
क्रमांक 234/234/राठौर/वटके

सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 का संभाग स्तरीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सम्पन्न


इंदौर 31 जनवरी, 2017
    महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में गत दिवस सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 का संभाग स्तरीय उन्मुखीकरण कलेक्ट्रेट  के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यशाला में इंदौर संभाग के जिलों के महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त लोक सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी उपस्थित हुये। सभी उपस्थित अधिकारियों को सूचना के अधिकार अधिनियम-2005 तथा संशोधन सहित शासन स्तर से अधिनियम के क्रियान्वयन हेतु जारी परिपत्र एवं निर्देशों के पालन का प्रशिक्षण विषय विशेषज्ञ श्री के.आर. जैन एवं श्री पद्म कुमार जैन, सहायक अनुसंधान अधिकारी, आदिवासी विकास इन्दौर द्वारा दिया गया।
    सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 की धारा 1 से धारा 21 तक के प्रावधान तथा लोक सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी के दायित्वों को विस्तार से अवगत करवाया गया। लोक सूचना अधिकारी द्वारा अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण के दौरान बिन्दुवार प्रश्न भी विषय-विशेषज्ञ के समक्ष रखे, जिनका समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुये संभागीय संयुक्त संचालक श्री राजेश मेहरा ने सभी लोक सूचना अधिकारियों को निर्देशित किया कि पदाभिहित लोक सूचना अधिकारी अपने कार्यालय के सूचना पटल पर अनिवार्यत: वर्तमान में पदस्थ लोक सूचना अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर, अधिनियम की धारा 6 के तहत आवेदन प्रस्तुत करने का समय इत्यादि की जानकारी अनिवार्यत: प्रदर्शित कर तत्संबंधी प्रमाण पत्र 7 दिवस में प्रेषित करें।
    संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री राजेश मेहरा ने बताया कि इंदौर संभाग में 76 बाल विकास परियोजना अधिकारी, 8 जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं 8 जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी लोक सूचना अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं।
--0--
क्रमांक 233/233/सिंह/वटके

हाईकोर्ट परिसर में लोक अदालत 11 फरवरी को


इंदौर 31 जनवरी, 2017
    मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में आगामी 11 फरवरी, 2017 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री पी.के.जायसवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण सभी स्तर-उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं जिला न्यायालयों तथा तहसील न्यायालयों में सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाना है।
    नेशनल लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, परक्राम्य अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत प्रकरण, बैंक रिकवरी संबंधी मामलें, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण, श्रम विवाद प्रकरण, भूमि अधिग्रहण के प्रकरण, विद्युत एवं जल कर या बिल संबंधी प्रकरण (चोरी के मामलों को छोड़कर), सेवा मामलें, जो सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों से संबंधित हैंै, राजस्व प्रकरण, दीवानी मामले तथा अन्य समस्त प्रकार के राजीनामा योग्य, प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जायेगा।
    मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अवर सचिव श्री अरूण प्रधान ने सभी संबंधित पक्षकारों एवं अधिवक्तागणों से अनुरोध किया है कि आपसी सुलह एवं समझौते के द्वारा अपने प्रकरणों का निराकरण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराकर अपने समय व धन की बचत करें।
--0--
क्रमांक 232/232/सिंह/वटके

राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा के परिणाम घोषित


इंदौर 31 जनवरी, 2017
    मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा-2014 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार सहायक यंत्री सिविल के कुल विज्ञापित पदों में से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कुल 161 पद, लोक निर्माण विभाग के 31 और जल संसाधन विभाग के सहायक यंत्री सिविल के 50 पद भी शामिल हैं।
--0--
क्रमांक 231/231/बी.एन. सिंह/वटके

पशुपालन मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य 2 फरवरी को इंदौर में


इंदौर 31 जनवरी, 2017
    प्रदेश के पशुपालन, मत्स्य पालन तथा ग्रामोद्योग मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य 2 फरवरी को रात्रि 8 बजे इंदौर आयेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे अगले दिन 3 फरवरी को सुबह 8 बजे खण्डवा जिले के हनुवंतिया के लिये रवाना होंगे।
क्रमांक 230/230/महिपाल/वटके

स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह आज इंदौर में


इंदौर 31 जनवरी, 2017
    प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह एक फरवरी को दोपहर 2 बजे बड़वाह से इंदौर के लिये प्रस्थान करेंगे। वे यहाँ दोपहर 3.30 बजे पहुंचकर जिला चिकित्सालय में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री रूस्तम सिंह शाम 5 बजे उज्जैन के लिये प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 229/229/महिपाल/वटके

चिन्हांकित बीपीएल के मरीज अब नहीं रहेंगे इलाज से वंचित


---------------
 जिला अस्पताल में विशेष शिविर आज
इंदौर 31 जनवरी, 2017
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.एन. नायक ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से चिन्हांकित बीपीएल के गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों का जाँच और उपचार एक फरवरी 2017 को जिला अस्पताल में नि:शुल्क किया जायेगा। एक ही छत के नीचे एक ही दिन में चिन्हांकित मरीजों के प्रकरण मंजूर किए जाएंगे और प्रायवेट अस्पतालों के विशेषज्ञों के द्वारा उपचार किया जायेगा। यह शिविर एक फरवरी को जिला अस्पताल परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। इसमें चिन्हित राज्य बीमारी सहायता योजना के अन्तर्गत 20 गंभीर बीमारियों के इलाज के प्रकरण हाथोहाथ मंजूर किए जाएंगे। इसके लिए संपूर्ण जिले से मरीजों को चिन्हांकित करके उनकी सूची मंगवाई गई है। यह प्रथम बार होगा कि मरीजों को शासकीय कार्यालयों, अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्तर्गत 0 से 18 वर्ष के बच्चों को आठ जन्मजात बीमारियों से निजात, उपचार का पंजीयन, जाँच व इलाज नि:शुल्क किया जायेगा।
    इस शिविर के नोडल अधिकारी सिविल सर्जन डॉ. दिलीप आचार्य हैं। अधिक जानकारी हेतु इनसे मोबाइल नंबर 9826010500 पर संपर्क किया जा सकता है। मुख्य बात यह है कि गंभीर बीमारियों के प्रकरणों के निराकरण हेतु एक मेडिकल बोर्ड जिसमें विशेषज्ञों की टीम एवं जिला प्रशासन की ओर से एक जिलाधीश के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अपील की गई है कि इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में गरीब मरीज इलाज के लिये आयें और विशेष शिविर का लाभ उठायें। 

Monday, 30 January 2017

जिला स्तरीय वन अधिकार समिति द्वारा 80 पट्टे स्वीकृत


इंदौर 30 जनवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी. नरहरि की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष में आज जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला स्तरीय वन समिति द्वारा इंदौर जिले के 80 अनुसूचित जनजातियों और परम्परागत वन निवासियों के लिये पट्टे स्वीकृत किये गये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार, जिला पंचायत सदस्य श्री इंदरसिंह, जिला वन मण्डलाधिकारी श्री बी.के. वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती मोहिनी श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी महू श्री वीरेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे। 
बैठक में जगदीश, रतनलाल, सीताराम, मांगीलाल, लालसिंह, दिलीप, कन्हैया, भगवानसिंह, देवकरण, रामप्रसाद, सोहन, संतोषबाई, हीरालाल, फूंदीबाई, मनोहर सिंह, मूंगालाल, ज्ञानसिंह, सायरबाई, देवीसिंह, गुलाबसिंह, ज्ञानसिंह, राजूबाई, ईश्वरसिंह, कमलसिंह, नदानसिंह, देवकरण, रेवलसिंह, बाबूलाल, चंदरसिंह, बजरसिंह, दिलीपसिंह, कालूसिंह, दिनेश, मिश्रीलाल, मोतीलाल, कान्हा, छोटू, सुभाष, शेरसिंह, यशोदाबाई, अमरसिंह, रामप्रसाद, नादानसिंह, कैलाश, किशोर, जादूराम, भेरूलाल, बुरखीराम, सुमित्राबाई, रेखाबाई, गुजरबाई, दिनेश, ललिताबाई, सूरज, कैलाश, भेरूसिंह, नादानसिंह, राधाबाई, गीताबाई, प्रेमसिंह, धनसिंह, सुभाष ओझा, हेमराज, रमलीबाई, कमल, भेरूसिंह, फून्दीबाई,  मनोहर, हरिसिंह, देवराज, सुभाष, आत्माराम, भीमा, मोहन, कमलीबाई, करणसिंह और रामसिंह आदि को वन अधिकार पट्टे स्वीकृत किये गये। 

चिन्हांकित बीपीएल के मरीज अब नहीं रहेंगे इलाज से वंचित


एक फरवरी को जिला अस्पताल में विशेष शिविर
इंदौर 30 जनवरी, 2017
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.एन. नायक ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से चिन्हांकित बीपीएल के गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों का जाँच उपचार एक फरवरी 2017 को जिला अस्पताल में नि:शुल्क किया जायेगा। एक ही छत के नीचे एक ही दिन में चिन्हांकित मरीजों के प्रकरण मंजूर किए जाएंगे और प्रायवेट अस्पतालों के विशेषज्ञों के द्वारा उपचार किया जायेगा। यह शिविर एक फरवरी को जिला अस्पताल परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित रहेगा। इसमें चिन्हित राज्य बीमारी सहायता योजना के अन्तर्गत 20 गंभीर बीमारियों के इलाज के प्रकरण हाथोहाथ मंजूर किए जाएंगे। इसके लिए संपूर्ण जिले से मरीजों को चिन्हांकित करके उनकी सूची मंगवाई गई है। ये प्रथम बार होगा कि मरीजों को शासकीय कार्यालयों, अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्तर्गत 0 से 18 वर्ष के बच्चों को आठ जन्मजात बीमारियों से निजात, उपचार का पंजीयन, जाँच व इलाज नि:शुल्क किया जायेगा। 
इस शिविर के नोडल अधिकारी सिविल सर्जन डॉ. दिलीप आचार्य है। अधिक जानकारी हेतु इनसे मोबाइल नंबर 9826010500 पर संपर्क किया जा सकता है। मुख्य बात ये है कि गंभीर बीमारियों के प्रकरणों के निराकरण हेतु एक मेडिकल बोर्ड जिसमें विशेषज्ञों की टीम एवं जिला प्रशासन की ओर से एक जिलाधीश के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अपील की गई है कि इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में गरीब मरीज इलाज के लिये आयें। 

एनसीईआरटी प्रकाशनों से राज्य के विद्यार्थी राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा हेतु सक्षम होंगे - श्री सेंधव


---------------------
अच्छी, सस्ती और आकर्षक पुस्तक तैयार करना निगम का पहला लक्ष्य
इंदौर 30 जनवरी, 2017
मध्यप्रदेश पाठ¬ पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कहा है कि सस्ती, आकर्षक और परिपूर्ण गुणवत्ता वाली पाठ¬ पुस्तकें ही विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला होती है और इस दिशा में हम विशेष अभियान चलाकर पाठ¬ पुस्तकों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की प्रक्रिया को चलाये हुए हैं। अच्छी, सस्ती और समय पर पुस्तक लाने की दिशा में सम्पूर्ण निगम का अमला गतिशील है। 
उन्होंने आगे कहा कि मुझे इस बात का गर्व है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुझे मध्यप्रदेश पाठ¬ पुस्तक निगम जैसे पवित्र विद्या के भण्डार में सेवा करने का सौभाग्य दिया गया है, जहाँ से समूचे प्रदेश के बच्चों के उज्जवल भविष्य की आधारशिला रखी जाती है। प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में एक साथ सम्पूर्ण पुस्तकें सत्र प्रारंभ होने के पूर्व उपलब्ध हो सके इस दिशा में हम निरंतर प्रयत्नशील हैं। 
गत दिवस मध्यप्रदेश पाठ¬ पुस्तक निगम के संभागीय डिपो कार्यालय इन्दौर का औचक निरीक्षण करते हुए अध्यक्ष श्री सेंधव ने बताया कि निगम द्वारा अपने समस्त प्रकाशनों को प्लास्टिक लेमिनेशनयुक्त मुख्य पृष्ठ बहुरंगी और आकर्षक मुद्रण से विशेष सुसज्जित किया गया है, जबकि पुस्तक का मूल्य निजी प्रकाशनों की तुलना में कम रखा गया है। चूंकि निगम बिना लाभ-हानि के सिद्धान्त पर कार्य करते हुये मात्र लागत मूल्य पर ही पुस्तकें बच्चों तक पहुचाने के लिए कटिबद्ध है। 
अध्यक्ष श्री सेंधव ने बताया कि इस सत्र से केन्द्रीय पाठ¬क्रम और राज्य शासन के पाठ¬क्रम में समानता लाने के उद्देश्य से चिन्हित कक्षाओं की चिन्हित पुस्तकों को एन.सी.सी.ई.आर.टी. (राष्ट्रीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद्) पाठ¬क्रम लागू किया जा रहा है। 
उन्होंने इन्दौर डिपो के निरीक्षण में डिपो प्रबंधक को पुस्तकें प्रदाय न करने वाले मुद्रकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही किये जाने के लिए निर्देशित किया। 

आनंद उत्सव का पहला चरण सम्पन्न


---------------------
जिले के सभी 610 गांवों में हुए परम्परागत खेल
---------------------
विजेताओं को जिला स्तरीय समापन समारोह में किया गया पुरस्कृत 
इंदौर 30 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में गत 14 जनवरी से शुरू हुए आनंद उत्सव का जिला स्तरीय समापन समारोह आज कलेक्टर श्री पी. नरहरि की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। ग्राम पालिया में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार मुख्य अतिथि थी। कार्यक्रम में विधायक श्री राजेश सोनकर, जिला पंचायत सदस्यद्वय श्री पुरूषोत्तम धाकड़, श्री दिनेश शर्मा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया विशेष रूप से मौजूद थी। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने कहा कि जिले में गत 14 जनवरी से 21 जनवरी के बीच उत्साह एवं उल्लास के साथ आनंद उत्सव मनाया गया। जिले में इस उत्सव के अन्तर्गत अनेक नवाचार किये गये। तदनुसार जिले के 50 हाईस्कूल तथा हायर सेकण्डरी स्कूलों में जन सहयोग लायब्रोरी की स्थापना की। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे विद्यादान के लिये मुक्त हस्त से सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि हमारे यहां दान को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आनंद उत्सव व्यक्ति के जीवन में खुशी एवं उल्लास पैदा करने के लिये आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा खुशी एवं आनंद से रहना चाहिये। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि शैक्षणिक एवं शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी जरूरी है। मानसिक विकास के लिये आनंददायी गतिविधियों की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि आनंद उत्सव मानसिक विकास के लिये कारगर माध्यम है। यह उत्सव निरंतर जारी रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के अन्तर्गत ग्रामीणों ने उत्साह से भाग लिया। उत्सव से जीवन में ऐसा आनंद प्राप्त हुआ, जिसकी अनुभूति शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह आनंद अभियान नैतिक शिक्षा, संस्कार एवं परम्पराओं को नई पीढ़ी तक पहुचाने का कारगर माध्यम है। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक श्री राजेश सोनकर ने कहा कि जीवन में आनंद रहने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। आनंद से रहने वाला व्यक्ति जीवन की हर चुनौतियों का सामना आसानी से कर सकता है। उन्होंने कहा कि हर हाल में व्यक्ति को खुश रहने की कला सीखना चाहिये। 
कार्यक्रम में आनंद उत्सव के अन्तर्गत चली विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।  जिले में आनंद उत्सव के अन्तर्गत नेकी की दीवार भी स्थापित की गई। जिसके माध्यम से जरूरतमंदो को नि:शुल्क सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर बताया गया कि जिले में 
आनंद उत्सव  के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गयेे। इस उत्सव के अंतर्गत परम्परागत खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी , कुश्ती, व्हालीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, साइÏक्लग, चम्मच दौड़, निंबू दौड़, बोरा रेस, हैण्डबॉल, थ्रो बॉल सहित स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले स्थानीय खेल आयोजित किये किये गये। इन खेलों में पूरे जिले में ढाई हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। खेलों के आयोजन करने में जिले में विकासखण्डवार खुड़ैल, कम्पेल एवं तिल्लौरखुर्द, रंगवासा, कोदरिया, कदवालीबुजुर्ग तथा तकीपुरा पंचायत को सर्वश्रेष्ठ पंचायत के रूप में पुरस्कृत किया गया। 

नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत इंदौर में भी निकलेगी उपयात्राएं

नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत इंदौर में भी निकलेगी उपयात्राएं 
----------------------------
मिल बाचें अभियान में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें 
----------------------------
अवैध उत्खनन के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही हो 
----------------------------
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेसिंग में दिये निर्देश 
इंदौर, 30 जनवरी 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिये हैं कि नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत नर्मदा के जल से लाभान्वित होने वाले जिलों और नर्मदा के जल से बनने वाले विद्युत से लाभान्वित होने वाले जिलों एवं वो सभी जिनमें कहीं न कहीं नर्मदा जीवनदायिनी के रूप में दिखती है, ऐसे सभी जिलों में भी नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत उपयात्राएं निकाली जायेगी। विशेषकर इंदौर, भोपाल जिलों में जहाँ नर्मदा का जल पेयजल के रूप में उपयोग हो रहा है। ऐसी यात्राएं जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में यात्राओं का आयोजन किया जाये। यात्राओं में भजन मण्डली, जनसहभागिता का विशेष सहयोग लिया जाये और सभी के सहयोग से इस यात्रा को व्यापक रूप प्रदान किया जाये। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये हैं कि नर्मदा जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हो। इन आयोजनों में मध्यप्रदेश के लिये नर्मदा नदी का महत्व, नर्मदा जल के उपयोग से होने वाले फायदे और नर्मदा जल के औषधीय गुणों के बारे में व्यापक रूप से बताया जाये। माँ नर्मदा नदी के महत्व पर भजन मण्डलियों की प्रतियोगिता का आयोजन हो। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाली मण्डली को 50 हजार रूपये, द्वितीय को 30 हजार और तृतीय को 20 हजार रूपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किये जायेंगे। कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। प्रथम आने वाले चित्र को 5 हजार, द्वितीय को 3 हजार और तृतीय को  2 हजार रूपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किये जायेंगे। 
श्री चौहान ने निर्देश दिये हैं कि 18 फरवरी को आयोजित होने वाले स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत मिल बाचें अभियान में सभी अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, समाज के प्रबुद्ध वर्ग, रिटायर अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार साथी, डॉक्टर, इंजीनियर और ऐसे सभी व्यक्ति जो बच्चों को पढ़ाने के इच्छुक है और उनके साथ अपना अनुभव बाटना चाहते हैं, अपना पंजीयन www.schoolchalehum.mp.gov.in   पर करा सकते हैं और वालेंटियर बन सकते हैं। इसमें सभी लोग अपने क्षेत्र के, ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ाने के लिये अपना पंजीयन करा सकते हैं। 
मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स, डीआईजी और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसी भी जिले में अवैध उत्खनन किसी भी प्रकार से नहीं होना चाहिये। अवैध उत्खनन करने वालों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें और ऐसे वाहनों को राजसात किया जाये। जिले में गुण्डा विरोधी और माफिया के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जाये। जनता की शांति भंग करने वालों को सख्ती से कुचला जाये। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिये कड़ी से कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। वीडियो कान्फ्रेसिंग के दौरान कलेक्टर श्री पी. नरहरि, डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, अपर कलेक्टर शमीमुद्दीन, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि 
कलेक्ट्रेट सभागृह में कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने अर्पित की पुष्पांजलि
इंदौर, 30 जनवरी 2017
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि पर कलेक्ट्रेट सभागृह में दो मिनट का मौन रखा गया। कलेक्टर श्री पी. नरहरि सहित सभी अधिकारियों ने सायरन बजने के साथ ही खड़े होकर दो मिनट का मौन धारण किया। मौन धारण के बाद राष्ट्रपिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 

हाईस्कूल, हायर सेकण्डरी की परीक्षा में नकल प्रकरण दर्ज होने पर परीक्षक के विरूद्ध होगी एफआईआर


-----------------------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने टी.एल. बैठक में दिये निर्देश 
इंदौर, 30 जनवरी 2017
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने टी.एल बैठक में सभी एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि हाईस्कूल, हायर सेकण्डरी की परीक्षा नकल रहित वातावरण में संचालित होना चाहिये। इसके लिये सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर लें और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर लें। कलेक्टर ने सख्त लहजे में निर्देश दिये हैं कि किसी भी परीक्षा केन्द्र पर यदि नकल का प्रकरण बनता है तो उस परीक्षा केन्द्र के प्रभारी और परीक्षक के विरूद्ध भी एफआईआर दर्ज की जायेगी। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा केन्द्र के आसपास की व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित हो और परीक्षा में प्रवेश करने के पूर्व ही छात्रों की पूर्ण चेकिंग के बाद ही परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया जाये। 
टी.एल. बैठक में कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया को निर्देश दिये हैं कि जिला शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक अधिकारी के ऑफिसों का निरीक्षण करें और देखें कि सीएम हेल्पलाइन, टी.एल. और जन शिकायत आदि के प्रकरणों में कितनी कार्यवाही हुई है और ये कार्यवाही किस प्रकार से संपादित करते हैं। 
कलेक्टर ने बताया कि 2 फरवरी को होलकर स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच अंतर्राष्ट्रीय टी-20 दृष्टिहीन खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। यह मैच सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा। मैच देखने के लिये नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। कोई भी व्यक्ति स्टेडियम में आकर मैच का आनंद उठा सकता है। 
मोतियाबिंद के जिले में 6 हजार 700 से अधिक ऑपरेशन हुए
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने जिले में मोतियाबिंद के 6 हजार 700 से अधिक ऑपरेशन होने पर स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, अधिकारी, कर्मचारियों को शाबासी दी है और कहा है कि इस महाअभियान में लगे हुए सभी अधिकारियों को जिन्होंने इसमें विशेष कार्य किया है उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जायेगा।

Sunday, 29 January 2017

विन्ध्याचल ग्रुप का 10वां वार्षिकोत्सव सम्मेलन का परिचय सम्मेलन सम्पन्न


--------------------------
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री श्री राजेश शुक्ल शामिल हुए
इंदौर 29 जनवरी 2017 
विन्ध्याचल सोशल ग्रुप का 10वां वार्षिकोत्सव सम्मेलन मधुर मिलन गार्डन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विन्ध्य के रहने वाले 7 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। मधुर मिलन गार्डन में ऐसा लगा जैसे पूरा विन्ध्य क्षेत्र आज मालवा कीक धरती इन्दौर में उमड़ आया हो। लोग एक दूसरे से मिल कर ठेठ बघेली भाषा में बात कर रहे थे। विन्ध्याचल ग्रुप के अध्यक्ष श्री सतीश दुबे और सचिव श्री अवधेश तिवारी ने बताया कि इस मौके पर 25 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान किये गये। संभागीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान 25 सांस्कृतिक कार्यक्रम वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही ग्रुप के 11 वरिष्ठजनों को भी साल श्रीफल व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खनिज एवं उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल उपस्थित थे। विशेष अतिथि महापौर मालिनी गौड़ व पूर्व संभागायुक्त श्री प्रभात पारासर जी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मिथिला प्रसाद तिवारी ने किया। मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कहा कि में अपने लोगों में अपने लोगों के बीच में पहुंच कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। परिचय सम्मेलन आज के समय में बहुत ही आवश्यक कार्य हो गया है। मैं आज लोगों को बधाई देता हूं कि रीवा के इतिहास में पहला सर्वजातीय सम्मेलन आप लोगों ने करवाया। लोगों ने इंदौर में विन्ध्य भवन बनवाने की भी माँग की। इस पर मंत्री जी ने कहा कि निश्चित ही आप लोग इतनी बड़ी तादाद में हो विन्ध्य भवन होना चाहिये। मैं भी आपकी इस माँग में शामिल होकर अपनी ओर से हर संभव मदद करूंगा। इंदौर रीवा ट्रेन चलने पर सभी सदस्यों में खुशी की लहर थी। इस मौके पर अतिथियों से विन्ध्य की जानकारी से व सदस्यों की टेलीफोन डायरेक्टरी के साथ-साथ सर्व जातीय परिचय सम्मेलन पुस्तिका विन्ध्य वाणी का विमोचन भी किया गया। उपस्थित लोगों ने ट्रेन चलवाने व हमारी मांग के अनुसार  समय करवाने पर लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन को बहुत-बहुत धन्यवाद देकर आभार माना।
विन्ध्याचल सोशल ग्रुप के परिचय ग्रुप के परिचय सम्मेलन संयोजक डॉ. आर एन मिश्रा ने बताया कि विन्ध्य के इतिहास में आज पहला सर्व जातीय परिचय सम्मेलन मधुर मिलन गार्डन में आयोजित हुआ। जिसमें 400 प्रतिष्टियां प्राप्त हुई। वास्तव में कई विन्ध्य परिवार के लोगों की जरूरत थी परिचय सम्मेलन। सर्व जातीय सम्मेलन परिचय सम्मेलन में 18 रिश्ते भी हाथोहाथ तय हो गये। 
स्वागत डॉ. एलपी पाण्डे, आरएल दुबे, शिवकुमार तिवारी, श्यामधर सिंह बघेल, अजय मिश्री, दिलीप मिश्रा, रामजीत पाण्डेय, अजय मिश्रा, रजनीश चतुर्वेदी, हरगोविन्द उपाध्याय, उमेश तिवारी, बृजेश शुक्ला आदि ने किया। संचालन श्री रमाशंकर तिवारी ने किया। 
--0--
क्रमांक 220/220/ Rathore

जनवरी का राशन फरवरी में नहीं मिलेगा


इंदौर 29 जनवरी 2017 
लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत जिले में माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री का वितरण उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किया जा रहा है। इंदौर नगर में शासकीय उचित मूल्य दुकान पर पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात सामग्री वितरण की जा रही है। खाद्य विभाग द्वारा सभी पात्र हितग्राहियों को सूचित किया गया है कि वह माह जनवरी 2017 की सामग्री शीघ्र ही उचित मूल्य दुकान पर संधारित पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात तत्काल प्राप्त करें। यदि पात्र हितग्राही माह जनवरी 2017 में सामग्री प्राप्त नहीं कर पाता है तो पीओएस मशीन में अगले माह फरवरी में दो माह की राशन सामग्री (जनवरी एवं फरवरी) प्रदर्शित नहीं होने के कारण माह जनवरी 2017 की हितग्राही की हकदारी स्वयं समाप्त हो जायेगी। सभी हितग्राहियों से अपेक्षा की गयी है कि वह माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री इसी माह में 31 जनवरी तक शासकीय उचित मूल्य दुकान से प्राप्त कर लेंगे। 
--0--

रासुका


इंदौर 29 जनवरी 2017 
इंदौर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी. नरहरि ने मेघदूत नगर निवासी निक्की उर्फ निलेश पिता विजय सोनी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) में निरूद्ध करने के आदेश जारी किये हैं। निक्की के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। 
क्रमांक 218/218/ बी.एन. सिंह/वटके 

प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित


इंदौर 29 जनवरी 2017 
जिला न्यायालय इन्दौर में 68वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण रूप से मनाया गया। कार्यक्रम माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण माननीय श्री वेद प्रकाश शर्मा, माननीय श्री राजीव दुबे तथा श्री विरेन्द्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया। झण्डावंदन जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बी.के. निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय के कर्मचारियों के सात बच्चों प्रणय जोशी, सैजल केवट, अलफिया खान, चंद्रशेखर पुरोहित, अक्षिता सैनी, अदिती सैनी एवं श्रेयांश यादव को शिक्षा के क्षेत्र में उच्च कीर्तिमान स्थापित करने पर उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु अतिथिगण ने प्रशंसा पत्र व उपहार प्रदान किये। उल्लेखनीय है कि छात्र प्रणय जोशी ने निरमा यूनिवर्सिटी, गुजरात से एल.एल.एम की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इस समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमित रंजन समाधिया तथा न्यायिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारी श्री अंजनी कुमार वाजपेई, केदार रावल, हीरालाल पुरोहित, रमेश भेनिया उपस्थित थे। 

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू


पंजीयन का कार्य 14 फरवरी तक चलेगा
इंदौर 29 जनवरी, 2017
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।

उद्यानिकी फसलों का किया जायेगा बीमा फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा


इंदौर 29 जनवरी, 2017
इंदौर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में इस योजना के अंतर्गत अब उद्यानिकी फसलों को भी शामिल किया गया है। अब अनाज, दलहन,तिलहन फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों जैसे फल एवं सब्जी का भी बीमा किया जायेगा। फसलें खराब होने पर कृषकों को समुचित मुआवजा मिलेगा। 
उप संचालक उद्यानिकी श्री आर.के.जाटव ने बताया कि राज्य उद्यानिकी विभाग द्वारा मौसम आधारित फसल बीमा हेतु इंदौर जिले के लिये रबी मौसम में सब्जीवर्गीय प्याज, लहसुन, धनिया, आलू, हरी मटर, आम इत्यादि उद्यानिकी फसलों का चयन किया गया है। रबी मौसम में इन फसलों के लिये बीमा किया जायेगा। किसानों को सब्जीवर्गीय रबी फसल-टमाटर बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी के लिये बीमित राशि 82 हजार 30 रूपये का 5 प्रतिशत राशि यानी 4 हजार 101 रूपये प्रीमीयम राशि देना होगी। इसी प्रकार लहसुन की बीमित राशि 63 हजार 100 रूपये के लिये कृषक को 3 हजार 155 रूपये, धनिया की लिये बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये हेतु प्रीमीयम राशि एक हजार 706 रूपये, आलू फसल के लिये बीमित राशि 63 हजार 50 रूपये के लिये एक हजार 891 रूपये तथा एक लाख 5 हजार रुपये की बीमित राशि के लिये 3 हजार 150 रूपये, हरी मटर की बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये के लिये एक हजार 706 रूपये प्रीमीयम राशि एवं आम की बीमित राशि 68 हजार 315 रूपये हेतु प्रिमियम राशि 3 हजार 5 रूपये कृषकों को देना होगी। शेष बची हुई प्रीमियम राशि को राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार के द्वारा आधे-आधे के अनुपात में अनुदान के रूप में वहन किया जायेगा। बीमा कराने हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी,2017  है। उप संचालक उद्यानिकी ने जिले के उद्यानिकी किसानों से फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
क्रमांक 215/215/ बी.एन. सिंह/वटके 

जिला न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी को


इंदौर 29 जनवरी, 2017
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी न्यायालयों में वर्ष 2017 में प्रत्येक 2 महीने में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसी तारतम्य में वर्ष 2017 की पहली नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी, 2017 को किया जाना है। उक्त तिथि को जिले के केन्द्रीय जेल, जिला जेल व उप जेल में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा।
इस वार्षिक नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरण एवं न्यायालय में लंबित, राजीनामा योग्य आपराधिक,सिविल, विद्युत अधिनियम, श्रम, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, निगोशिएबल इंस्ट्रमेंट एक्ट के अंतर्गत चेक बाउंस प्रकरण, कुटुम्ब न्यायालय, ग्राम न्यायालय, राजस्व न्यायालय, सेवा मामले जो सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों से संबंधित है तथा अन्य समस्त प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा।
इस लोक अदालत के सफल आयोजन के लिये सभी संबंधितों से जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा अपील की गई है कि न्यायालय में लंबित समझौता योग्य एवं प्रीलिटिगेशन मामलों को निराकृत किये जाने के लिये संबंधित न्यायालय व विभाग से संपर्क करें। साथ ही लोक अदालत योजना के अंतर्गत निराकृत होने वाले प्रकरणों में समय की बचत के साथ-साथ कोर्ट फीस वापसी का अधिक से अधिक लाभ उठायें।
क्रमांक 214/214/ बी.एन. सिंह/वटके 

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में आज चार लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई



कलेक्टर श्री नरहरि ने पीसी सेठी हॉस्पिटल में बच्चों को 
दवा पिलाकर इस अभियान का किया शुभारंभ 
इंदौर, 29 जनवरी 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पाँच वर्ष से कम उम्र के 4 लाख 19 हजार 553 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई। यह अभियान दो दिन और चलेगा। पल्स पोलियो कार्यकर्ता घर-घर जाकर शेष बचे बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे। कलेक्टर श्री नरहरि ने आज पीसी सेठी हॉस्पिटल में दवा पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. पोरपाल ने आज सुबह 8.30 बजे पल्स पोलियो की दवा बच्चों को पिलाई।  
मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. हरिनारायण नायक ने पल्स पोलियो अभियान के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिये इंदौर जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दो हजार 700 बूथ बनवाये हैं और रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्ड में बच्चों को पोलियो दवा पिलाने के लिये 245 मोबाइल टीम गठित की है। 70 ट्रांजिट टीम भी तीन दिन तक 605 हाईरिस्क एरिया (झुग्गी बस्ती, मजदूर क्षेत्र, तंग बस्ती, भवन निर्माण क्षेत्र) में काम करेगी। इस अभियान में 400 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं। 
पल्स पोलियो अभियान के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा देपालपुर, सांवेर, हातोद, मानपुर, महू और इंदौर शहरी क्षेत्र के 85 वार्डों को चार जोन में विभाजित किया गया है, जिसमें नंदानगर, मांगीलाल चूरिया अस्पताल, हुकुमचंद अस्पताल, पीसी सेठी अस्पताल और इनके अधीनस्थ संस्थाओं में स्कूलों और आँगनवाड़ियों पर भी पल्स पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। 30 व 31 जनवरी को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर, स्कूल व आँगनवाड़ी केन्द्रों में जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेंगे। 

Saturday, 28 January 2017

लोक सूचना अधिकारी सूचना देने के लिये जवाबदार



सूचना का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत किसी को भी 
सूचना प्राप्त करने से रोका नहीं जा सकता - मुख्य सूचना आयुक्त श्री खान 
इंदौर, 28 जनवरी,2017
सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के अन्तर्गत किसी भी व्यक्ति को कोई भी लोक सूचना अधिकारी किसी भी प्रकार की सूचना माँगने पर उसको देने के लिये जवाबदार होता है और सूचना के अधिकार के अन्तर्गत माँगी गई सूचना उपलब्ध कराता है। सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 में देश की सुरक्षा, लोकहित और कुछ व्यक्तिगत जानकारी को छोड़कर शासकीय विभाग और शासन से अनुदान प्राप्त संस्थाएं सूचना देने के लिये बाध्य हैं। उक्त बात मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी. खान ने इन्दौर कलेक्ट्रेट में पहली लोक अदालत का शुभारंभ करते हुए कही। मुख्य सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम लोकतंत्र को मजबूत करने का सबसे बड़ा अस्त्र साबित हो रहा है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति जिसको लगता है कि उसके अधिकारों का हनन या अतिक्रमण किया गया है या शासकीय सेवा में रहते हुए किसी अधिकारी द्वारा भ्रष्टाचार या गलत कार्यवाही की गई है तो उसकी सूचना प्राप्त कर सकता है। 
इन्दौर में इस प्रकार की यह पहली लोक अदालत है। इस लोक अदालत का शुभारंभ मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी. खान के साथ सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप, श्री सुखराज सिंह, श्री हीरालाल त्रिवेदी, संभागायुक्त श्री संजय दुबे, पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय शर्मा तथा कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने महात्मा गाँधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया। 
इस अधिनियम के माध्यम से सूचना प्राप्त करने वाले व्यक्ति को समयसीमा में सूचना प्रदान की जाना चाहिये। अधिकारी भी यह सुनिश्चित करें कि सूचना के अधिकार अधिनियम अन्तर्गत आवेदन देने वाले व्यक्ति से चर्चा करें और उसकी आवश्यकता के अनुसार उसे सूचना प्रदान करें। आवेदन प्राप्त होने के साथ ही सूचना प्रदान करने की कार्यवाही भी प्रारंभ हो जाना चाहिये, इसके लिये समयसीमा का ध्यान रखा जाना चाहिये। श्री खान ने कहा कि लोक सूचना अधिकारी आरटीआई में सूचना मांगने वाले से चर्चा करें और उसकी आवश्यकतानुसार उसे समस्त जानकारी व फोटोकापी आदि के व्यय की जानकारी भी तुरंत उपलब्ध करा दें, जिससे पारदर्शिता भी आयेगी और सूचना प्राप्त करने वाला संतुष्ट भी होगा। 
मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी. खान ने कहा कि किसी भी आरटीआई के अन्तर्गत प्राप्त होने वाले आवेदन पर सूचना उपलब्ध कराने का कार्य लोक सूचना अधिकारी का होता है। यदि वरिष्ठ अधिकारी द्वारा सूचना देने से मना किया जाता है तो उसे नोटशीट पर लेकर उल्लेख किया जाये। जिससे सूचना प्राप्त करने वाले व्यक्ति को समयसीमा के बाद सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी के विरूद्ध भी कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। श्री खान ने कहा कि सूचना के अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरणों को निपटाने के लिये लोक अदालत के साथ-साथ सूचना के अधिकार अधिनियम अन्तर्गत कैम्प, वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से भी प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। 
कार्यक्रम में सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम लोकतंत्र के लिये एक अच्छा हथियार है। इस अधिनियम के द्वारा कोई भी व्यक्ति किसी भी विभाग से सूचना प्राप्त कर सकता है। शासकीय अधिकारियों के द्वारा यदि कोई गलत काम किया जा रहा है तो सूचना प्राप्त कर उसके विरूद्ध कार्यवाही व आम जनता को बता सकता है। इसका सही रूप से उपयोग करने पर समाज व प्रदेश के लिये बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। 
सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप ने अपने उदबोधन में कहा कि शासन और शासकीय अनुदान से चलने वाले संस्थान इस अधिनियम के माध्यम से जनता के प्रति जवाबदेह बने हुए हैं। इस कानून के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने हितों की रक्षा कर सकता है और विभाग और शासकीय संस्थानों में हो रही मनमानी से स्वयं को सुरक्षित भी रख सकता है। इस अधिनियम का मूल उद्देश्य सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय है। 
सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि मध्यप्रदेश सूचना आयोग 2014 से लगातार नये आयाम स्थापित कर रहा है। इन्दौर संभाग में इसके पूर्व तीन हजार से अधिक प्रकरण लंबित थे और 2014 के बाद दो हजार आठ सौ प्रकरण आये और आयोग के द्वारा पांच हजार आठ सौ प्रकरणों में से चार हजार दो सौ से अधिक प्रकरण निराकृत किये जा चुके हैं। इन्दौर संभाग की पहली लोक अदालत में से 1500 प्रकरण में से 910 प्रकरण लोक अदालत में रखे गये हैं, जिनका आज निराकरण किया जायेगा। इन्दौर संभाग के 170 अधिकारियों पर अभी तक 23 लाख रूपये से अधिक का जुर्माना किया गया है और तीन लाख रूपये हितग्राहियों को भी दिलाया गया है। श्री त्रिवेदी ने सुनवाई के दौरान सभी लोक सूचना अधिकारियों को यह निर्देश भी दिये कि उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों को वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाये, जिससे सूचना प्राप्त करने वाले व्यक्ति को आरटीआई आवेदन लगाने के पूर्व ही बता दिया जाये कि यह सूचना इस वेबसाइट पर उपलब्ध है जहां से उसे प्राप्त कर सकते हैं। इससे सूचना के अधिकार अधिनियम अन्तर्गत आने वाले आवेदनों में कमी आयेगी और कोई भी व्यक्ति उस वेबसाइट के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकेगा।  
कार्यक्रम के शुभारंभ में संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम का कुछ व्यक्तियों द्वारा किसी व्यक्ति या किसी विशेष विभाग के लिये लगातार उपयोग किया जाता है और बिना किसी उद्देश्य के लगातार आरटीआई के अन्तर्गत आवेदन लगाकर अधिकारियों को परेशान किया जाता है। इसको भी आयोग को संज्ञान में लेना चाहिये। वैसे आरटीआई गलत काम को रोकने का एक सबसे बेहतर हथियार है और प्रशासन में अधिकारियों के लिये एक ऐसी ढाल के रूप में भी काम करता है जिसमें कोई भी अधिकारी किसी भी गलत काम के लिये किसी भी दबाव में आये बिना मना कर सकता है। इसके साथ ही आरटीआई आवेदन आने के पूर्व ही अधिकारी यदि समस्त सूचनाएं पहले से ही उपलब्ध करा देगा और किये गये कार्यों की सूची और व्यय तथा लिये गये निर्णयों को यदि वेबसाइट या अन्य माध्यमों से प्रदर्शित करता है तो इससे और बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे और परेशानी से बचा जा सकेगा। 
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और अपने उदबोधन में कहा कि इसके पूर्व भी उनके द्वारा इस प्रकार की लोक अदालत में हिस्सा लिया गया है जब वे कलेक्टर ग्वालियर थे। उस समय भी सूचना आयोग द्वारा लोक अदालत आयोजित की गई थी जिसके बेहतर परिणाम आये थे। इन्दौर में भी पहली लोक अदालत में अधिकारियों और सूचना प्राप्त करने वालों के बीच बेहतर तालमेल से सूचनाएं आदान-प्रदान होगी और प्रशासन में पारदर्शित बढ़ेगी। 
295 प्रकरण निराकृत
सूचना आयुक्तों की लोक अदालत में आज कुल 295 प्रकरण निराकृत किये गये। श्री के.डी. खान की खण्डपीठ में 43, श्री सुखराज सिंह की खण्डपीठ में 39, श्री आत्मदीप की खण्डपीठ में 138 और श्री हीरालाल त्रिवेदी की खण्डपीठ में 75 अपीलीय प्रकरण निराकृत किये गये। 
प्रदेश में सर्वाधिक 295 प्रकरण इंदौर की लोक अदालत में निराकृत
बताया गया कि सूचना के अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत अब तक प्रदेश में आयोजित लोक अदालतों में सर्वाधिक प्रकरण आज इंदौर में सम्पन्न हुई लोक अदालत में निराकृत किये गये। इससे पूर्व सतना में आयोजित लोक अदालत में 202 अपीलीय प्रकरणों का निराकरण किया गया था। राज्य सूचना आयोग के आयुक्तों ने इंदौर में सम्पन्न हुई लोक अदालत में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।                                                              
क्रमांक 207/207/17/राठौर/वटके  

रासुका


इंदौर 28 जनवरी 2017 
इंदौर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी. नरहरि ने मेघदूत नगर निवासी निक्की उर्फ निलेश पिता विजय सोनी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) में निरूद्ध करने के आदेश जारी किये हैं। निक्की के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। 
--0-- 
क्रमांक 211/211/17/महिपाल /वटके 

प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित


इंदौर 28 जनवरी 2017 
जिला न्यायालय इन्दौर में 68वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण रूप से मनाया गया। कार्यक्रम माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण माननीय श्री वेद प्रकाश शर्मा, माननीय श्री राजीव दुबे तथा श्री विरेन्द्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया। झण्डावंदन जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बी.के. निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय के कर्मचारियों के सात बच्चों प्रणय जोशी, सैजल केवट, अलफिया खान, चंद्रशेखर पुरोहित, अक्षिता सैनी, अदिती सैनी एवं श्रेयांश यादव को शिक्षा के क्षेत्र में उच्च कीर्तिमान स्थापित करने पर उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु अतिथिगण ने प्रशंसा पत्र व उपहार प्रदान किये। उल्लेखनीय है कि छात्र प्रणय जोशी ने निरमा यूनिवर्सिटी, गुजरात से एल.एल.एम की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इस समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमित रंजन समाधिया तथा न्यायिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारी श्री अंजनी कुमार वाजपेई, केदार रावल, हीरालाल पुरोहित, रमेश भेनिया उपस्थित थे। 
--0-- 
क्रमांक 210/210/17/बी.एन.सिंह/वटके 

पल्स पोलियो टीकाकरण महाअभियान आज



5 वर्ष आयु तक के लाखों बच्चों को पिलाई जायेगी पोलियो निरोधक दवा 
---------------------
तीन हजार सात सौ टीकाकरण केन्द्र बनाये गये 
इंदौर, 28 जनवरी 2017 
राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान का इस वर्ष का पहला चरण इंदौर जिले में आज 29 जनवरी को आयोजित किया जायेगा। इस प्रथम चरण में 0 से 5 वर्ष आयु तक के साढ़े पांच लाख से अधिक बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाई जायेगी। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले में पोलियो निरोधक दवा पिलाने के लिये तीन हजार सात सौ टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। 
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों को टीकाकरण केन्द्रों पर लाकर पल्स पोलियो की दवा अवश्य पिलायें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस अभियान का सघन एवं प्रभावी क्रियान्वयन करें। वे ध्यान रखें कि 5 वर्ष आयु तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित नहीं रहे। ऐसे बच्चे जो 29 जनवरी को पोलियो की दवा पीने से वंचित रहते हैं उन्हें चिन्हित कर अगले दिन घर-घर जाकर पोलियो निरोधक दवा पिलायें। बताया गया कि इंदौर जिले में वर्तमान अनुमानित जनसंख्या 35 लाख 47 हजार 157 है। जिसमें 0 से 5 वर्ष के कुल अनुमानित बच्चों की संख्या लगभग 5 लाख 60 हजार है। जिन्हें पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत पोलियो वैक्सीन पिलाई जाना है। इसके अतिरिक्त माइग्रेटरी साईट्स एवं ट्रांजिट साइट्स पर भी पल्स पोलियो की दवा पिलाना है। 
जिले में पोलियो निरोधक दवा पिलाने के लिये 3 हजार 700 टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। इन केन्द्रों पर लगभग 9 हजार अधिकारी, कर्मचारी लगाये गये हैं।  
शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये चार झोन में विभाजित किया गया है। इनमें नंदानगर, मल्हारगंज, संयोगितागंज एवं हुकुमचंद क्षेत्र शामिल है। प्रत्येक झोन का एक प्रभारी झोनल अधिकारी  है। इन्दौर नगर निगम सीमा में 85 वार्ड है, प्रत्येक वार्ड के लिये भी एक-एक वार्ड प्रभारी चिकित्सक नियुक्त किये गये हैं। साथ ही प्रत्येक झोन एवं ब्लाक स्तर पर भी एक-एक सेक्टर अधिकारी नियुक्त किये गये हैं जो कि पल्स पोलियो कार्यक्रम में अपने क्षेत्र की सतत समीक्षा करेंगे तथा प्रत्येक झोन की पल्स पोलियो की समस्त गतिविधियों के लिये झोनल चिकित्सा अधिकारी उत्तरदायी रहेंगे। 
ग्रामीण क्षेत्र चार ब्लाक में विभाजित हैं। देपालपुर, सांवेर, हातोद तथा मानपुर में खण्ड चिकित्सा अधिकारी पदस्थ है। वे अपने क्षेत्र की कार्ययोजना बनाएंगे तथा क्रियान्वयन के लिये वे जिम्मेदार रहेंगे। महू शहरी क्षेत्र की कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की जिम्मेदारी महू सिविल अस्पताल में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ की रहेगी। सम्पूर्ण जिले में आईईसी गतिविधियों का समस्त प्रभार एवं उत्तरदायित्व जिला आईईसी शाखा का रहेगा एवं समस्त जिले के वाहन व्यवस्था का उत्तरदायित्व वाहन प्रभारी अधिकारी एवं वाहन इन्चार्ज का रहेगा। 
स्वयंसेवी संगठन, रोटरी क्लब, आईपीए,आईआईएम तथा आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता आदि की सेवाएं ली जायेगी। इंदौर नगर की समस्त तंग बस्तियों (स्लम एरिया), बहु मंजिली इमारतों, निर्माणाधीन भवन के निवासियों के लिये विशेष चलित टीकाकरण टीम द्वारा पोलियो की दवा पिलाई जायेगी ।
शहरी क्षेत्र के निर्माणाधीन कालोंनियों तथा टाऊनशीप के लिए इस बार विशेष रूप से कार्य योजना बनाई गई है। इन क्षेत्रों के लिये विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया जायेगा। इसी तरह शहर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम, प्रवचन स्थल, मेले, हाट बाजार, ट्रांजिट पाइंट, शॉपिंग माल, मेन चौराहा आदि के लिये भी विशेष दल बनाये जाएंगे। 
पल्स पोलियो अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में एक प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है। इसी कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम का टेलीफोन नंबर 0731-2537253 है। 
--0--
क्रमांक 209/209/17/महिपाल/वटके 

कमिश्नर श्री दुबे ने विद्यादान कार्यकर्ताओं से की रूबरू चर्चा



विद्यादान कार्यकर्ता अपनी उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार भी करें-कमिश्नर श्री दुबे 
इंदौर, 28 जनवरी,2017
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आज विद्यादान योजना के कार्यकर्ताओं से रूबरू चर्चा की तथा उनके अनुभवों, उपलब्धियों और समस्याओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदौर संभाग की विद्यादान योजना की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। इस योजना को केन्द्र सरकार ने विद्यांजलि योजना के नाम से शुरू कर दिया है। राज्य शासन ने भी इंदौर संभाग की विद्यादान योजना की सराहना की है। गत 26 जनवरी के ""मुख्यमंत्री के संदेश'' में भी इस योजना का जिक्र किया गया है। राज्य सरकार भी इस योजना को अगले शिक्षा सत्र से पूरे प्रदेश में लागू करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि विद्यादान कार्यकर्ता संसाधनों पर ध्यान न दें बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता के सुधार में अपना अमूल्य योगदान दें। विद्यादान के इस महायज्ञ में सबकी आहूति जरूरी है। विद्यादान अभियान इन्दौर जिले में सफल रहा है। विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। इस अभियान के तहत जिले में 350 कार्यकर्ता काम कर रहे हैं और सप्ताह में कम से कम दो घंटे शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में पढ़ा रहे हैं। 
कमिश्नर श्री दुबे ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार विद्यादान के फेसबुक पेज पर करें, जिससे दूसरे कार्यकर्ताओं को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिले। इसके अलावा समाज के अन्य व्यक्तियों को भी इस अभियान की जानकारी मिले। उन्होंने कहा कि विद्यादान कार्यकर्ता विद्यार्थियों के माता-पिता को भी बुलाकर उनसे चर्चा कर सकते हैं। यह अभियान स्वान्त: सुखाय चलाया जा रहा है। इस अभियान से शासकीय स्कूलों के यदि गिने-चुने विद्यार्थी भी प्रदेश या देश में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हैं तो हम लोगों की मेहनत सार्थक होगी। 
इस अवसर पर विद्यादान कार्यकर्ताओं ने कहा कि हर माह की अमावस्या के दिन पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग होना चाहिये। अधिकांश विद्यालयों में ब्लैकबोर्ड खराब है जिसे सुधारे जाने की जरूरत है। उन विद्यालयों में टाटपट्टी भी उपलब्ध करायी जाये, जहाँ पर टाटपट्टी फट गयी है। हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के विद्यार्थियों को पाठ¬ पुस्तक के साथ व्याकरण भी पढ़ाया जाना अनिवार्य किया जाये। कोई भी शिक्षक एक समय में एक ही स्कूल में एक ही विषय पढ़ाये तो उसका प्रभाव अधिक होगा। कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि विद्यालय में साफ-सफाई, अनुशासन और विद्यार्थियों और नियमित शिक्षकों में नियमितता जरूरी है। सभी कार्यकर्ता इस बात पर एकमत थे कि स्कूलों में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। शासकीय स्तर पर विद्यार्थियों को हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, व्याकरण की पुस्तकें वितरित की जाये। बैठक में संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री ओ.एल. मण्डलोई और बड़ी संख्या में विद्यादान कार्यकर्ता मौजूद थे। 
--0--  

जनवरी का राशन फरवरी में नहीं मिलेगा


इंदौर 28 जनवरी 2017 
लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत जिले में माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री का वितरण उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किया जा रहा है। इंदौर नगर में शासकीय उचित मूल्य दुकान पर पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात सामग्री वितरण की जा रही है। खाद्य विभाग द्वारा सभी पात्र हितग्राहियों को सूचित किया गया है कि वह माह जनवरी 2017 की सामग्री शीघ्र ही उचित मूल्य दुकान पर संधारित पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात तत्काल प्राप्त करें। यदि पात्र हितग्राही माह जनवरी 2017 में सामग्री प्राप्त नहीं कर पाता है तो पीओएस मशीन में अगले माह फरवरी में दो माह की राशन सामग्री (जनवरी एवं फरवरी) प्रदर्शित नहीं होने के कारण माह जनवरी 2017 की हितग्राही की हकदारी स्वयं समाप्त हो जायेगी। सभी हितग्राहियों से अपेक्षा की गयी है कि वह माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री इसी माह में 31 जनवरी तक शासकीय उचित मूल्य दुकान से प्राप्त कर लेंगे। 
क्रमांक 212/212/17/बी.एन.सिंह/वटके 

Friday, 27 January 2017

जिले के सभी 246 पेट्रोल पम्पों पर प्रदूषण मापक यंत्र लगाने के निर्देश



औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण पर प्रदूषण निवारण मण्डल इन्दौर निगरानी रखे - कमिश्नर श्री दुबे
इन्दौर, 27 जनवरी 2017 
कमिश्नर श्री संजय दुबे की अध्यक्षता में आज कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में इंदौर जिले में प्रदूषण निवारण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर कमिश्नर श्री दुबे ने अधिकारियों से कहा कि इंदौर जिले में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये इंदौर जिले के सभी 246 पेट्रोल पम्पों पर प्रदूषण मापक यंत्र तीन माह के भीतर अनिवार्य रूप से लगवायें। प्रदूषण मापक यंत्र लगाने की जिम्मेदारी आरटीओ इंदौर की होगी। उन्होंने आरटीओ कार्यालय में भी प्रदूषण मापक केन्द्र लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में जल और भूमि प्रदूषण को नियंत्रित करना प्रदूषण निवारण मण्डल इन्दौर का दायित्व है। वह औद्योगिक प्रदूषण पर निगरानी रखे। इंदौर के नदी-नालों में औद्योगिक इकाइयों का प्रदूषित पानी छोड़ा जाना अनुचित है।
 श्री दुबे ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इंदौर जिले को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये सबका सहयोग जरूरी है। इस काम में नगर निगम, प्रदूषण निवारण मण्डल, उद्योग और परिवहन विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है। परिवहन विभाग प्रदूषण मापक यंत्रों की समय-समय पर जाँच करेगा और जाँच उपरान्त की गई कार्यवाही का विवरण हर माह प्रेस नोट के जरिये जनसम्पर्क विभाग को देगा। उन्होंने कहा कि इंदौर जिले में प्रदूषण निवारण की दिशा में अनेक ठोक कदम उठाये गये हैं, जिसके कारण प्रदूषण धीरे-धीरे कम हो रहा है। प्रदूषण कम करने के लिये इंदौर शहर में सड़कों का उन्नयन, सड़कों, चौराहों और लेफ्ट टर्न का चौड़ीकरण किया गया है। नगर में ई-रिक्शा चालू किये गये हैं। पिछले दो वर्षों में शहर में सीएनजी से चलित वाहनों में वृद्धि हुई है। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा आने वाले पाँच वर्षों में लगभग सात सौ करोड़ रूपये की लागत से छ: फ्लायओवर ब्रिाज बनाये जाएंगे, जिससे वाहन प्रदूषण कम होगा। एआईसीटीएसएल द्वारा अगले छ: महिने में इंदौर शहर में दो सौ बैटरीचलित रिक्शे चलाये जाएंगे। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोडिंग वाहनों में मिलावटी र्इंधन की जाँच कर वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इंदौर शहर में डीजल चलित वाहनों में कमी लाई जाये। 
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि इंदौर नगर में प्रदूषण कम करने के लिये प्रदूषण निवारण अधिनियम, आवश्यक वस्तु अधिनियम और परिवहन अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री एम.पी. सिंह ने कहा कि इंदौर जिले में लगभग 17 लाख टू व्हीलर और फोर व्हीलर वाहन है। प्रतिदिन लगभग 250 नये वाहनों का पंजीयन किया जा रहा है। जो वाहन काला धुआं फेंकते हैं, मात्र उन्हीं वाहनों की जाँच कर परिवहन विभाग द्वारा कानूनी कार्यवाही की जाती है।  
बैठक में प्रदूषण निवारण मण्डल इंदौर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आर.के. गुप्ता ने कहा कि इंदौर जिले में प्रदूषण कम करने के लिये कचरा जलाने पर रोक, सड़क पर धूल कम करने, औद्योगिक अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, सीएनजी और बैटरी चलित वाहनों में वृद्धि, ओव्हर ब्रिाज और नये बायपास बनाने तथा ट्रेफिक नियमों का कढ़ाई से पालन करवाना जरूरी है। इंदौर शहर में कोठारी मार्केट, सांवेर रोड और प्रदूषण निवारण मण्डल कार्यालय में प्रदूषण जाँच मशीनें लगाई गई हैं। पिछले पाँच वर्षों में इंदौर शहर में प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आई है। 
इस अवसर पर बैठक में कलेक्टर श्री पी. नरहरि, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह, संयुक्त आयुक्त श्रीमती सपना शिवाले, खाद्य नियंत्रक श्री आर.सी. मीणा, अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के प्रबंधक श्री संदीप सोनी, नगर निगम, कृषि आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे। 
क्रमांक 206/206/बी.एन.सिंह/वटके

सूचना का अधिकार अधिनियम के लम्बित अपीलीय प्रकरणों के निराकरण के लिये लोक अदालत आज



राज्य सूचना आयोग में लम्बित 910 प्रकरणों का निराकरण होगा 
-------------------
कलेक्ट्रेट में आज लगेगी लोक अदालत
-------------------
मुख्य सूचना आयुक्त के साथ तीन सूचना आयुक्त करेंगे प्रकरणों की सुनवाई 
इन्दौर, 27 जनवरी 2017 
मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग की 7वीं तथा इन्दौर संभाग की पहली लोक अदालत प्रशासनिक संकुल भवन कलेक्ट्रेट कार्यालय इंदौर में आज आयोजित होगी। इसका शुभारंभ सुबह 10.30 बजे मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी. खान करेंगे। इस अवसर पर तीन सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप, सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह एवं सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी, संभागायुक्त श्री संजय दुबे, पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय शर्मा, कलेक्टर श्री पी. नरहरि भी उपस्थित रहेंगे। 
राज्य सूचना आयुक्त तथा इंदौर संभाग के प्रभारी श्री हीरालाल त्रिवेदी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 4220 प्रकरण निराकृत किये गये। वर्तमान में लम्बित 1520 प्रकरणों में 910 प्रकरण निराकरण के लिये लोक अदालत में रखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इन्दौर संभाग के 170 लोक सूचना अधिकारियों पर 23 लाख रूपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित की गई है तथा 126 आवेदकों को तीन लाख रूपये से अधिक की राशि क्षतिपूर्ति के रूप में दिलाई गई है। 
राज्य सूचना आयोग द्वारा आयोजित यह लोक अदालत इंदौर कलेक्ट्रेट कोर्ट कक्ष क्रमांक-101, अपर कलेक्टर कोर्ट कक्ष क्रमांक-109, सभाकक्ष क्रमांक-102 तथा अनुविभागीय अधिकारी इंदौर कोर्ट कक्ष क्रमांक जी-7 में लगेगी। इन लोक अदालतों में मुख्य सूचना आयुक्त के साथ-साथ तीनों सूचना आयुक्त इंदौर संभाग के 21 विभागों के 910 द्वितीय अपील प्रकरणों का निराकरण करेंगे।
सूचना आयुक्त श्री त्रिवेदी ने बताया कि इस लोक अदालत में उपस्थित होने के लिये सभी 21 विभागों के लोक सूचना अधिकारी और अपीलीय अधिकारियों को उपस्थित होने के लिये नोटिस भेजा गया है, जिनके प्रकरण निराकरण के लिये लोक अदालत में रखे जा रहे हैं। सभी से कहा गया है कि प्रकरण से संबंधित सभी दस्तावेजों के साथ इस लोक अदालत में उपस्थित रहें। 
--0-- 
क्रमांक 205/205/राठौर/वटके

किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके खातों में होगा


इन्दौर, 27 जनवरी 2017 
मण्डी बोर्ड भोपाल द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इन्दौर जिले की कृषि उपज मण्डियों में किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जायेगा। इस संबंध में इन्दौर कृषि उपज मण्डी ने भी अपने स्तर पर आवश्यक निर्णय ले लिया है। 
कृषि उपज मण्डी समिति इन्दौर के सचिव श्री वी.वी.एस. तोमर ने बताया कि लिये गये निर्णय अनुसार मण्डी प्रांगणों में विक्रय की जाने वाली अपनी कृषि उपज का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से प्राप्त करने के लिये किसानों को अपने बैंक खाते की पासबुक जिसमें खाता क्रमांक, बैंक का नाम एवं आईएफएससी कोड अंकित हो, की छायाप्रति साथ लाना होगी। जनधन खाते एवं छात्रवृत्ति के खाते मान्य नहीं किये जायेंगे। अपना मोबाइल नंबर का स्पष्ट उल्लेख भी करना होगा। मण्डी समिति द्वारा किसानों की सुविधा के लिये पम्पलेट छपवाये गये हैं जो मण्डी गेट/नाका पर उपलब्ध हैं। 
--0-- 
क्रमांक 204/204/महिपाल/वटके

संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने बांके बिहारी मंदिर और दुर्गा माता मंदिर के जीर्णोद्धार संबंधी कार्यों का अवलोकन किया


इन्दौर, 27 जनवरी 2017 
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने आज राजवाड़ा क्षेत्र में पहुंचकर बांके बिहारी मंदिर का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इस मंदिर के जीर्णोद्धार के लिये शीघ्र प्रस्ताव तैयार करें। 
इसके पहले वे सुभाष चौक टंकी के पास स्थित दुर्गा माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने इस मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन किया। इस अवसर पर बताया गया कि इस मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य अंतिम चरण में है। श्री दुबे ने जीर्णोद्धार का यह कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Thursday, 26 January 2017

उच्च न्यायालय में ध्वजारोहण
 इंदौर, 26 जनवरी,2017/
उच्च न्यायालय की इंदौर खण्डपीठ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह मेें खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री पी.के.जायसवाल ने ध्वजारोहण किया।  इस अवसर पर खण्डपीठ के न्यायमूर्तिगण, अभिभाषकगण तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। 
महिपाल/श्रीकांत 
राजस्व मंत्री श्री गुप्ता ने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया
इंदौर, 26 जनवरी,2017
प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम के पश्चात सुभाष नगर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। मध्यान्ह भोजन में खीर, पुरी, चने की सब्जी और लड्डू परोसे गये। 
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक श्री रमेश मैंदोला कलेक्टर श्री पी. नरहरि, डीआईजी श्री हरिनारायण चारी मिश्रा, जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती किर्ती खुरासिया, श्री जितू यादव विशेष रूप से उपस्थित थे। 
मंत्री श्री गुप्ता ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि अपने देश को लम्बे संघर्ष के बाद आजादी मिली है। आजादी के लिये हजारों, लाखों बलिदानियों ने अपनी शाहदत दी है।  आजादी को हमे हर हाल में अक्षुण रखना होगा।  उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अनुशासित रह कर देश के विकास में सहभागी बने।  श्री गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से भारत पुन: विश्वगुरू बनने जा रहा है।  
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती मालिनी गौड ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर स्वच्छता अभियान शुरू हुआ है।  यह अभियान जन-जन का अभियान बन गया है।  इस अभियान से बड़ी संख्या में बच्चे भी स्वेच्छा से जुड़े हैं और वे स्वच्छता के संवाहक बन रहे हैं।  
महिपाल/श्रीकांत 

इंदौर जिले में देशभक्ति के जोश और जुनून के बीच गर्मजोशी से मनाया गया राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस

इंदौर जिले में देशभक्ति के जोश और जुनून के बीच गर्मजोशी से मनाया गया राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस 
------
सम्पूर्ण गरिमा, हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने किया ध्वजारोहण 
---
आकर्षक परेड के साथ हुये   रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी 
इंदौर, 26 जनवरी,2017
इंदौर जिले में आज देशभक्ति के जोश और जुनून के वातावरण के बीच गर्मजोशी के साथ राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस मनाया गया। सम्पूर्ण गरिमा, हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा नयनाभिराम झांकियां भी निकाली गयी। समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन भी श्री गुप्ता ने किया। 
अभूतपूर्व उत्साह के बीच 17 प्लाटूनों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अभूतपूर्व उत्साह का माहौल था।  समारोह में 17 प्लाटूनों ने गर्मजोशी से आकर्षक परेड प्रस्तुत की। श्री गुप्ता ने ध्वजारोहण के पश्चात खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया। परेड के पश्चात उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय भी प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर श्री पी.नरहरि और डी.आई.जी. श्री हरिनारायणचारी मिश्रा भी थे। परेड के दौरान सशस्त्र दलों द्वारा हर्ष फायर किये गये। गणतंत्र दिवस अमर रहे के नारे से आसमान गुंजायमान हो गया। समारोह में 17 दलों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की जिनमें सीमा सुरक्षा बल, 15 वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस महिला एवं पुरूष दल, डिस्ट्रिक्ट होमगार्ड, यातायात पुलिस, फायर ब्रिागेड, आर.आय.ग्रुप, एन.सी.सी., स्काउट-गाईड, रेडक्रास, सिविल डिफेंस आदि दलों ने बी.एस.एफ, पुलिस तथा होमगार्ड के बैण्ड की सुमधुर धुन पर कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्चपास्ट   किया । परेड  का नेतृत्व डीएसपी श्री सुनील तालान ने किया । उनके सहयोगी सुबेदार श्री नोवेन्द्र सिंह थे। 
सर्वश्रेष्ठ परेड का पुरस्कार
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्लाटूनों को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अ वर्ग में प्रथम पुरस्कार बीएसएफ को, द्वितीय पुरस्कार आरएपीटीसी को, ब वर्ग में प्रथम पुरस्कार यातायात पुलिस को, द्वितीय पुरस्कार एनसीसी टू एमपी आम्र्ड बटालियन को, स वर्ग में प्रथम पुरस्कार स्काऊट बाइज को तथा द्वितीय पुरस्कार आरआई ग्रुप को और द वर्ग में प्रथम पुरस्कार बीएसएफ के बैंड को तथा द्वितीय पुरस्कार जिला पुलिस के बैंड को दिया गया।
स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति तथा संस्कृति पर 
आधारित प्रस्तुत किये गये मनमोहक कार्यक्रम
समारोह में स्कूली बच्चों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ देशभक्ति तथा देश के विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। स्कूली बच्चों ने भारत माता की जय तथा गणतंत्र दिवस अमर रहे का जयघोष किया। सर्वप्रथम स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सामूहिक पीटी की प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात समारोह में शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के विद्यार्थियों ने देशभक्ति तथा स्वच्छ भारत जागरूकता पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। इसी तरह शासकीय अत्रीदेवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं ने देश के प्रसिद्ध त्यौहार होली, गरिमा विद्या विहार के बच्चों ने माँ की महत्ता पर आधारित बहुत ही मर्मस्पर्शी प्रस्तुति दी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्रनगर के बच्चों ने नवरात्रि तथा डाण्डिया और अल्पाइन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वच्छ भारत मिशन पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी। अल्पाइन स्कूल को प्रथम, शासकीय अहिल्या आश्रम स्कूल को द्वितीय तथा राजेन्द्र नगर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को तृतीय पुरस्कार दिया गया।  
नयनाभिराम झांकियां निकाली गयीं
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा बनायी गयी आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन भी दर्शकों का मन मोह रहा था। समारोह में सहकारिता विभाग से इंदौर प्रीमियर को-आपरेटिव बैंक द्वारा फसल बीमा एवं अन्य कृषकों हेतु कल्याणकारी योजनाएं, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा उच्च शिक्षा और कमर्शियल पायलट योजना, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि आय दोगुना करने, जिला प्रशासन के एआईसीटीएसएल द्वारा कैशलेस ट्रांजेक्शन तथा डिजीटल डाकिया योजना, नगर निगम द्वारा स्वच्छता, वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण एवं संरक्षण, केन्द्रीय जेल द्वारा जेल में कौशल विकास, कृषि बागबान तथा शहीदों को श्रद्धांजलि, जिला पंचायत द्वारा आनंद उत्सव एवं नेकी की दीवार, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के उत्थान, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना, उद्यानिकी विभाग द्वारा फलोद्यान, इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा नर्मदा बचाओ-नर्मदा सेवा यात्रा-2016, वनस्टॉप (सखी) केन्द्र द्वारा हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए सहायता, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा का अधिकार, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सम्पूर्ण स्वास्थ्य सबके लिये, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम विषय पर आधारित झांकियां निकालीं। झांकियों के वर्ग में जिला प्रशासन की झांकी को प्रथम तथा नगर निगम और जिला पंचायत की झांकी को द्वितीय पुरस्कार दिया गया।  समारोह में विभिन्न विभागों में शासकीय कार्य के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह में मंत्री श्री गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उपस्थित मीसा बंदियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
समारोह में विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, संभागायुक्त श्री संजय दुबे, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अजय शर्मा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मीसा बंदी, पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे । आज आयुक्त कार्यालय में संभागायुक्त श्री संजय दुबे, कलेक्टोरेट में कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने, जनसम्पर्क भवन परिसर में अपर संचालक श्री जी.एस. मौर्य ने ध्वजारोहण किया ।  इसके साथ ही विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया । जिले के ग्रामीण क्षेत्र में भी गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाय गया । 
महिपाल/श्रीकांत 

Wednesday, 25 January 2017

लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन ने मध्यप्रदेश पुलिस, विशेष सशस्त्र बल के लिये पाँच प्रशिक्षण केन्द्रों का शुभारंभ किया


शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय कौशल विकास 
राज्य मंत्री श्री राजीव प्रताप रूडी ने की 
इंदौर, 25 जनवरी 2017/ इंदौर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने मध्यप्रदेश पुलिस, विशेष सशस्त्र बल के लिये प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत पाँच कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों का उदघाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री राजीव प्रताप रूडी ने की। इस अवसर पर प्रदेश के कौशल विकास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री दीपक जोशी, महापौर श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ श्री पवन श्रीवास्तव, भास्कर समूह के चेयरमेन श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल, विधायकद्वय श्री सुदर्शन गुप्ता तथा सुश्री उषा ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। 
इन कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों के माध्यम से मध्यप्रदेश पुलिस विशेष सशस्त्र बल, मध्यप्रदेश पुलिस के कर्मचारियों-अधिकारियों के परिजनों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण केन्द्र प्रदेश के पाँच एसएएफ में स्थापित होंगे। इन केन्द्रों के माध्यम से प्रशिक्षित परिजनों को रोजगार देने की व्यवस्था भी की जायेगी। इसके लिये मोसेक नेटवर्क पावर लिमिटेड से समझौता पत्र एमओयू का निष्पादन भी समारोह में किया गया। बताया गया कि इस संस्था द्वारा इन केन्द्रों के माध्यम से प्रशिक्षित दस हजार युवाओं को अगले तीन वर्षों में रोजगार देने की व्यवस्था की जायेगी। 
समारोह को सम्बोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि वर्तमान में कुशल मानव संसाधन बड़ी जरूरत है। इस जरूरत को पूरा करने के लिये इस तरह के केन्द्र बड़े मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आज का समय है जब युवाओं को शिक्षा के साथ कुशलता एवं विशेषज्ञता की जरूरत भी रहती है, जिससे कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सफलता का मुकाम स्थापित कर पायें और अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने शिक्षा के साथ कौशल विकास के प्रशिक्षण देने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन के कार्यों में लगे लोगों को कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण दिया जाना भी अत्यन्त जरूरी है। 
समारोह को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के बीच तारतम्य लाना होगा। इससे कुशल मानव संसाधन प्राप्त होगा। आज देश में कुशल मानव संसाधन की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश में पहली बार कौशल विकास मंत्रालय का गठन किया गया है। इस मंत्रालय द्वारा कौशल विकास का राष्ट्रीय अभियान चलाया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में कौशल विकास के क्षेत्र में अपना भारत देश दुनिया का सबसे बड़ा केन्द्र होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और कहा कि यह देश में अपनी तरह की पहली एवं अनूठी पहल है। 
प्रदेश के कौशल विकास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री दीपक जोशी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुसार मध्यप्रदेश में भी कौशल उन्नयन का महत्वकांक्षी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कौशल उन्नयन के लिये विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। बालिकाओं, दिव्यांगों के कौशल उन्नयन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सैकड़ों दिव्यांगों को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि कौशल उन्नयन तथा तकनीकी शिक्षा के प्रोत्साहन के लिए मध्यप्रदेश में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में 10वी के उपरान्त प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को 12वी उत्तीर्ण परीक्षा का दर्जा दिया जा रहा है, जिससे कि वे भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भास्कर समूह के चेयरमेन श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल ने कहा कि सफलता के लिये कुशलता एवं दक्षता होना अत्यन्त जरूरी है। दक्षता से आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही प्रयास जारी रहे तो भारत अपने ज्ञान एवं कुशलता के कारण पुन: विश्वगुरू बनेगा। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि कौशल विकास अभियान से रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे। कौशल विकास का अभियान समय की माँग है। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ श्री पवन श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। 
क्रमांक: 199/199 /महिपाल /वटके