Saturday, 14 January 2017

आनंद उत्सव के तहत जिला प्रशासन इंदौर के दो नवाचार
------
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने जिला प्रशासन की 
दो नई अभिनव योजनाओं का किया शुभारंभ
------
डिजीटल डाकिया तथा शासकीय विद्यालयों में लायब्रोरी की योजना हुई प्रारंभ
------
डिजीटल डाकिया योजना प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू होगी
इंदौर 14 जनवरी, 2017
आनंद उत्सव के अंतर्गत जिला प्रशासन इंदौर ने दो नवाचार करते हुये दो नई अभिनव योजनायें प्रारंभ की हैं। इन दोनों योजनाओं का आज यहां आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया ने शुभारंभ किया। जिला प्रशासन द्वारा कैशलेस ट्रांजेक्शन के संबंध में जनजागृति लाने के लिये डिजीटल डाकिया तथा इंदौर जिले के शासकीय स्कूलों में जनसहयोग से लायब्रोरी स्थापित करने की अभिनव योजनायें प्रारंभ की हैं। यह दोनों योजनायें पूरे प्रदेश में अपनी तरह की पहली एवं अनूठी योजनायें हैं। 
इन योजनाओं के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने की। इस मौके पर कलेक्टर श्री पी.नरहरि, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी तथा एडीएम श्री अजय देव शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि श्री मलैया ने इन दोनों योजनाओं की शुरूआत करने के लिये जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उक्त दोनों योजनायें समय की बड़ी जरूरत को पूरा करेंगी। श्री मलैया ने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहित करना समय की जरूरत है। कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देकर कई समस्याओं से निजात मिल सकती है। इससे कई आर्थिक अपराध भी रूकेंगे। कैशलेस ट्रांजेक्शन के संबंध में जनजागृति लाने के लिये जिला प्रशासन द्वारा लागू की गयी डिजीटल डाकिया योजना कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि डिजीटल डाकिया की योजना प्रदेश के दूसरे जिलों में भी लागू की जायेगी। उम्मीद है कि इस योजना से बेहतर परिणाम मिलेंगे। डिजीटल ट्रांजेक्शन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये राज्य शासन द्वारा भी अपने स्तर से कई प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन का दायरा बढ़े, यह हमारा ध्येय है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि जनहित में नवाचार के लिये इंदौर जिले ने प्रदेश में हमेशा अग्रणी भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में जनसहयोग से लायब्रोरी की स्थापना करना सार्थक प्रयास है। लायब्रोरी की स्थापना होने से स्कूली बच्चों को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में मदद मिलेगी।  बच्चे संस्कारवान बनेंगे। संस्कारवान व्यक्ति स्वावलंबी होता है। उन्होंने कहा कि विद्यादान जीवन का सबसे बड़ा दान है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने डिजीटल डाकिया तथा शासकीय स्कूलों में जनसहयोग से स्थापित की जा रही लायब्रारी की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। कलेक्टर कार्यालय, नगर निगम, कोषालय, परिवहन कार्यालय, पंजीयन कार्यालय आदि शासकीय कार्यालयों को पूरी तरह कैशलेस कर दिया गया है। कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये समाज के विभिन्न वर्गों की मदद ली जा रही है। इनके सहयोग से जनजागृति के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जगह-जगह पर कार्यशालायें आयोजित की जा रही है। अब इसी प्रयास के तहत डिजीटल डाकिया योजना शुरू की गयी है। इसके अंतर्गत डिजीटल डाकियों की नियुक्ति की गयी है। उक्त डाकिया जगह-जगह जाकर डिजीटल ट्रांजेक्शन के उपयोग के बारे में लोगों को प्रोत्साहित करेंगे। वे लक्षित व्यक्तियों से रूबरू चर्चा कर उन्हें डिजीटल बैंकिंग, उसकी कार्यप्रणाली, उसके फायदों के बारे में जानकारी देंगे और प्रेरित करेंगे कि वे उसका भरपूर उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आगामी 21 जनवरी तक कैशलेस आनंद उत्सव बनाया जायेगा। इसके तहत 24 जनवरी को वृहत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे डिजीटल क्रांति का हिस्सा बनें।
श्री नरहरि ने शासकीय स्कूलों में जनसहयोग से लायब्रोरी स्थापना की योजना के संबंध में जानकारी देते हुये बताया कि जिले में वर्तमान में 50 स्कूलों में जनसहयोग से लायब्रोरी स्थापित की गयी है। इसके लिये प्रत्येक दानदाता से लायब्रोरी के लिये 31 हजार रूपये का सहयोग लिया जा रहा है। इस राशि से 400 प्रकार की पुस्तकें तथा अलमारी क्रय की जायेगी।  अभी तक जिले में 16 लाख रूपये का जनसहयोग प्राप्त हो चुका है। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में लायब्रोरी स्थापना योजना के समन्वयक श्री अनिल भण्डारी ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी और बताया कि हमारा प्रयास है कि जनसहयोग से अगले एक वर्ष में कम से कम 800 शासकीय स्कूलों में लायब्रोरी की स्थापना की जायेगी। लायब्रोरी की स्थापना होने से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में दान देने के लिये बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री मलैया ने लायब्रोरी स्थापना के लिये दान देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया। लायब्रोरी के लिये संबंधित प्राचार्यों को अलमारी की चाबी सौंपी। उन्होंने डिजीटल डाकिया योजना के लोगो तथा इस संबंध में बनाई गयी वीडियो फिल्म का विमोचन भी किया।
महिपाल/कपूर

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा बैठक 16 जनवरी को
इंदौर 14 जनवरी, 2017
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का इस वर्ष का प्रथम चरण आगामी 29 जनवरी को आयोजित किया जायेगा। इस अभियान की तैयारियों के लिये समीक्षा बैठक 16 जनवरी को दोपहर एक बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गयी है।
महिपाल/कपूर




 

स्कूल समय में परिवर्तन के आदेश में 22 जनवरी तक की वृद्धि
इंदौर 14 जनवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने विद्यार्थियों की सुविधा की दृष्टि से गत 19 दिसम्बर को जारी किये गये आदेश में संशोधन किया है। स्कूलों के समय में परिवर्तन के संबंध में जारी किये गये इस आदेश में आगामी 22 जनवरी, 2017 तक वृद्धि की गयी है। अब 22 जनवरी,2017 तक जिले के समस्त स्कूलों का समय प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे के मध्य रखने के निर्देश दिये हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों को स्कूल के समय में परिवर्तन करने के निर्देश दिये हैं। प्रात: अत्यधिक ठण्ड व कोहरा रहने से विद्यार्थियों को स्कूल जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है एवं प्रात:काल कोहरे के कारण वाहन दुर्घटना की आशंका रहती है। पूर्व में यह आदेश 15 जनवरी, 2017 तक प्रभावशील था।
महिपाल/कपूर


इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री मलैया के मुख्य आतिथ्य में 
8 दिवसीय आनंद उत्सव की हुई शुरुआत
-----
अगले एक सप्ताह में जिले के सभी 610 गांवों में होंगे परम्परागत खेल
-----
नेकी की दीवार (आनंद स्थल) भी स्थापित
इंदौर 14 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी आज से 8 दिवसीय आनंद उत्सव की शुरूआत की गयी। इस उत्सव का शुभारंभ कार्यक्रम आज मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में ग्राम तिल्लौर खुर्द में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने की। इस अवसर पर जिले के विधायक द्वय श्री सुदर्शन गुप्ता तथा श्री जीतू पटवारी, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री देवराजसिंह परिहार,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी, पूर्व विधायक श्री जीतू जिराती, श्री अशोक सोमानी तथा श्री दिनेश तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद थे। 
इंदौर जिले के ग्राम तिल्लौर खुर्द में आयोजित शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि श्री मलैया ने ग्रामीणों को मकर संक्रांति तथा आनंद उत्सव की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा लोगों को भौतिक सुख-सुविधा देने के साथ ही आत्मिक आनंद देने की भी शुरूआत की गयी है। इसके लिये आनंद विभाग का गठन किया गया है। इस विभाग के माध्यम से ऐसी गतिविधियों का संचालन किया जायेगा, जो हमें परिपूर्ण जीवन जीने की कला सीखा सकेंगे। इस विभाग के अंतर्गत आनंद उत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव के दौरान परम्परागत खेलों के आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में भौतिक सुख-सुविधाओं के आनंद के साथ आत्मिक आनंद की भी बड़ी जरूरत है। हर व्यक्ति के लिये आनंद की परिभाषा एवं उसके मायने अलग-अलग हैं। हर व्यक्ति को आनंद देने की कोशिश की जायेगी। श्री मलैया ने कहा कि मध्यप्रदेश बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश के लिये चयन होता है तो उनकी पूरी फीस राज्य सरकार द्वारा भरी जायेगी। उन्होंने शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली स्कूली बालिकाओं को 11 हजार रूपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा भोपाल में आनंद उत्सव के दौरान दिये गये सम्बोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मलैया ने परम्परागत खेलों के आयोजन की शुरूआत भी की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में कबड्डी और दौड़ का आयोजन भी किया गया। लोक कलाकारों ने निर्गुणी भजन भी प्रस्तुत किये। 
मंत्री श्री मलैया ने ग्राम तिल्लौर खुर्द में ही स्थापित नेकी की दीवार (आनंद स्थल) पर भी पहुंचकर जरूरतमंदों को उनकी जरूरत की सामग्री वितरित की। इस नेकी की दीवार में जरूरतमंद व्यक्तियों के लिये उनकी जरूरत की वस्तुयें उपलब्ध रहेंगी। यह वो वस्तुयें रहेंगी, जो लोगों के पास अधिक मात्रा में है या उनके लिये अनुपयोगी है।
जिले में आनंद उत्सव  21 जनवरी तक मनाया जायेगा। इस उत्सव के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस उत्सव के अंतर्गत परम्परागत खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी , कुश्ती, व्हालीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, साइÏक्लग, चम्मच दौड़, निंबू दौड़, बोरा रेस, हैण्डबॉल, थ्रो बॉल सहित स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले स्थानीय खेल आयोजित किये जायेंगे। इन खेलों की प्रतियोगिता 18 वर्ष आयु तक, 18 से 35 वर्ष आयु तक तथा 35 वर्ष से अधिक आयु समूह के लिये अलग-अलग आयोजित होगी। जिले के सभी 312 ग्राम पंचायतों के 610 ग्रामों में यह खेल आयोजित किये जायेंगे। इसके लिये 63 क्लस्टर बनाये गये हैं।
महिपाल/कपूर