Monday, 27 February 2017

हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा-2017
परीक्षा केन्द्रों की 100 मीटर की परीधि में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश तथा मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित
-----
धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
इंदौर 27 फरवरी, 2017
इंदौर जिले में एक मार्च, से हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। निष्पक्ष एवं पारदर्शीपूर्ण तरीके से परीक्षायें सम्पन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक तैयारियां जारी हैं। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा-144 के तहत इंदौर जिले की राजस्व सीमाओं में हाई स्कूल/हायर सेकेण्डरी परीक्षा-2017 की निष्पक्षता व इस कार्य में अवरोध को खत्म करने तथा लोक प्रशांति विक्षुब्ध होने से रोकने के संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किये हैं।
जारी आदेशानुसार हाई स्कूल/हायर सेकेण्डरी परीक्षा-2017 की परीक्षा समयावधि के दौरान परीक्षा केन्द्रों की 100 मीटर की परिधि अथवा सम्पूर्ण परिसर में बाहरी व्यक्तियों (परीक्षा से संबंधित व्यक्तियों को छोड़कर) का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। यह आदेश परीक्षार्थी/संबंधित शिक्षक/संबंधित कर्मचारी/ जांच दल/उड़नदस्ता एवं प्रेक्षक पर लागू नहीं होगा। साथ ही परीक्षा कक्ष के भीतर परीक्षा समयावधि में मोबाइल ले जाने को भी प्रतिबंधित किया गया है। यह प्रतिबंध परीक्षार्थी तथा परीक्षक (शिक्षक) पर भी लागू रहेगा। यह आदेश एक मार्च, 2017 से 31 मार्च, 2017 तक लागू रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति/संस्था/आयोजक के विरूद्ध भारतीय दण्ड प्रक्रिया की धारा 188 के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी। 

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान आज इंदौर में
इंदौर 27 फरवरी, 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान 28 फरवरी को वायुयान द्वारा पूर्वान्ह 11.20 बजे इंदौर आयेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे एयरपोर्ट से सीधे पूर्वान्ह 11.30 बजे धार जिले के मनावर स्थित सेमल्दा पहुंचेंगे। वे वहां नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा में शामिल होने के पश्चात वहां से दोपहर ढ़ाई बजे हेलीकाप्टर द्वारा भोपाल के लिये रवाना होंगे। श्री चौहान इसी दिन रात्रि 8 बजे वायुयान द्वारा भोपाल से प्रस्थान कर रात्रि साढ़े 8 बजे इंदौर पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात रात्रि साढ़े 9 बजे वायुयान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
महिपाल/कपूर

हितग्राहियों के बैंक खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन जमा होते ही 
मिलेगी मोबाइल पर जानकारी
-----
पोर्टल पर हितग्राहियों के आधार तथा मोबाइल नम्बर और 
फोटो अपडेशन का कार्य तेजी से जारी
-----
समीक्षा बैठक सम्पन्न
इंदौर 27 फरवरी, 2017
भारत शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी हितग्राहियों के बैंक खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन जमा होते ही उसकी जानकारी संबंधित हितग्राही के मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से दी जायेगी। इसके लिये इंदौर जिले में आधार तथा मोबाइल नम्बर स्पर्श पोर्टल पर अपडेशन का कार्य तेजी से जारी है। जिले में अधिकांश हितग्राहियों के आधार नम्बर और मोबाइल नम्बर अपडेट करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। 
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री पी.नरहरि द्वारा ली गयी समीक्षा बैठक में दी गयी। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन श्रीमती कीर्ति खुरासिया, अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टैगोर सहित जिले की जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर परिषदों के नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे। बैठक में भारत शासन द्वारा दिये गये निर्देशों की जानकारी दी गयी और कहा गया कि स्पर्श पोर्टल पर आधार तथा मोबाइल नम्बर और फोटो अपडेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाये। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये कि अपडेशन का कार्य पूरा होते ही बैंक खाते में पेंशन की राशि जमा होते ही उसकी जानकारी हितग्राहियों को मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से देना शुरू की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि भविष्य में कोई भी नये पेंशन प्रकरण बगैर आधार नम्बर, बगैर फोटो के स्वीकृत नहीं किये जायें। जिन स्थानीय निकायों में यह कार्य शेष है, उसे शीघ्र पूरा कर लिया जाये।
प्राप्त बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाये
कलेक्टर कार्यालय में इस बैठक से पहले अंतर्विभागीय समन्वय समिति तथा टीएल की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सी.एम.हेल्प लाइन, जनसुनवाई, समाधान ऑन लाइन सहित अन्य समयावधि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रारंभिक स्तर के एल-वन स्तर पर ही प्रकरणों के निराकरण की कोशिश की जाये। सभी प्रकरण समयावधि में निराकृत करने की कार्यवाही की जाये। समयावधि में प्रकरण निराकृत नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में उन्होंने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष का मार्च माह ही अंतिम महिना शेष है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस माह के अंत तक सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य पूरे हो जायें। इन योजनाओं में प्रकरण ही स्वीकृत न हो अपितु उनमें ऋण वितरण की कार्यवाही भी पूरी कर ली जाये। विकास योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवंटन का शतप्रतिशत समुचित उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाये। यह ध्यान रखा जाये कि किसी भी तरह की राशि लेप्श नहीं होने पाये। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली तथा बकाया वसूली पर भी विशेष ध्यान दिया जाये। राजस्व तथा बकाया वसूली निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत की जाये।
श्व्
महिपाल/कपूर







आंगनवाड़ी भवन के स्थल चयन हेतु पटवारी द्वारा 
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से सहमति प्राप्त करने के निर्देश
इंदौर 27 फरवरी, 2017
आंगनवाड़ी भवन निर्माण हेतु स्थल चयन करते समय अब स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से, पटवारी द्वारा सहमति प्राप्त की जायेगी ताकि बच्चों के अनुकूल स्थान पर ही आंगनवाड़ी भवन निर्माण हो सकें।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सहमति उपरांत संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा मौके का स्थल निरीक्षण कर आंगनवाड़ी भवन निर्माण हेतु स्थल चयन निर्धारित करने की कार्यवाही की जायेगी।
संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजेश मेहरा ने बताया कि  कतिपय ग्रामों  में आबादी से बाहर अथवा अनुपयुक्त स्थान पर आंगनवाड़ी भवन बनाने की शिकायत प्रकाश में आयी थी, जिसका मुख्य कारण आंगनवाड़ी भवन निर्माण हेतु स्थल चयन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की कोई भूमिका नहीं होना था, जिसकी जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को दी गयी थी। नवीन व्यवस्थ से आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण उपयुक्त व ऐसे स्थान पर होगा जिससे अधिकाधिक हितग्राही लाभान्वित हो सकेंगे।
सिंह/कपूर

रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में बैठक 7 मार्च को
इंदौर 27 फरवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में आगामी 7 मार्च, 2017 को तैयारियों की समीक्षा बैठक प्रात: 11 बजे रेसीडेंसी कोठी सभाकक्ष में आहूत की है। बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम, सहकारिता, कृषि, नापतौल, इंदौर प्रीमियर को-आपरेटिव बैंक, वेयर हाउसिंग, सहायक आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम आदि को बैठक में आमंत्रित किया गया है।

जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिये गत वर्ष चलाये गये अभियान के मिले बेहतर परिणाम
------
इस वर्ष भी तालाबों के गहरीकरण एवं मरम्मत के लिये 
जनसहयोग से चलाया जायेगा अनूठा अभियान
-----
अभियान 15 मार्च से होगा शुरू
इंदौर 27 फरवरी, 2017
इंदौर जिले में गत वर्ष जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिये जनसहयोग से चलाये गये तालाबों के गहरीकरण के अभियान के बेहतर परिणाम मिले हैं। गत वर्ष जिले में लगभग पौने तीन सौ तालाबों का गहरीकरण जनसहयोग से कराया गया था। इनमें से अधिकांश तालाबों में अभी भी भरपूर पानी है। इस अभियान से जहां एक ओर तालाबों  के गहरीकरण से तालाबों की जल क्षमता में वृद्धि हुई, वहीं दूसरी ओर जिन किसानों से इन तालाबों की मिट्टी अपने खेतों में डाली थी, उनके यहां कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में भी वृद्धि हुई है। इन सब सुखद परिणामों को देखते हुये इस वर्ष भी तालाबों और नालों के गहरीकरण का अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
यह निर्णय आज यहां कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई बैठक में लिया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि श्री देवराजसिंह परिहार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि की पहल पर गत वर्ष चलाये गये अभियान की उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने सराहना की और कहा कि तालाब गहरीकरण के बेहतर परिणाम सामने आये हैं। जिन तालाबों का गहरीकरण गत वर्ष किया गया था, उनमें से अधिकांश में अभी फरवरी अंत तक भरपूर पानी है। गहरीकरण के पहले इन तालाबों का पानी काफी पहले ही सूख जाता था। किसानों की कृषि उपज में भी बढ़ोत्तरी हुई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी तालाबों के गहरीकरण का अभियान चलाया जाये। बैठक में बताया गया कि यह अभियान इस वर्ष 15 मार्च से शुरू किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत तालाबों की मरम्मत, नये खेत तालाब बनाने, सोख्ता गड्डे बनाने, तालाबों की पाल चौड़ीकरण तथा उसके मजबूती के कार्य भी किये जायेंगे। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये कि इसके लिये ग्राम पंचायतवार तथा तालाबवार कार्ययोजना बनायी जाये। सभी कार्यों का दस्तावेजीकरण किया जाये। कार्य प्रारंभ होने तथा कार्य सम्पन्न होने के बाद के फोटो तथा वीडियो भी ली जाये। गहरीकरण के कार्य में स्थानीय जनसमुदाय और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाये। तालाबों के गहरीकरण से जो किसान मिट्टी ले जा रहे हैं, उन्हें सूचीबद्ध किया जाये और उनकी सम्पूर्ण जानकारी रखी जाये। साथ ही इस अभियान में सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कहा कि तालाबों की पाल पर भी कम से कम 10 में से एक ट्रॉली अथवा डम्पर मिट्टी अनिवार्य रूप से डाली जाये। उन्होंने कहा कि इस योजना के संबंध में चर्चा के लिये स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक विकासखण्ड स्तर पर भी ली जायेगी। अभियान के तहत प्रसिद्ध जल विशेषज्ञ श्री राजेन्द्र सिंह सहित अन्य जल विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जायेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने गत वर्ष चलाये गये अभियान की सराहना करते हुये कहा कि अभियान के तहत तालाबों की पाल मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जाये। पालों को चौड़ा किया जाये और उनकी मजबूती के लिये कार्य किये जायें। आवश्यकता होने पर तालाबों का सीमांकन भी कराया जाये। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने सुझाव दिये।
महिपाल/कपूर
 





चतुर्थ श्रेणी आकस्मिकता निधि से 
वेतनभोगी कर्मचारियों के अंतिम चयन के संबंध में
----
साक्षात्कार 4 मार्च को सुबह नौ बजे से
इंदौर 27 फरवरी, 2017
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर हेतु चतुर्थ श्रेणी आकस्मिकता निधि से वेतनभोगी कर्मचारियों (कलेक्टर रेट/संविदा प्रवर्ग) की भर्ती हेतु मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में 24, 25 एवं 26 फरवरी, 2017 को किए अनुवीक्षण पश्चात् वरीयता प्राप्त अभ्यर्थियों की सूची मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की अधिकारिक वेबसाइट www.mphc.nic.in पर अपलोड/प्रदर्शित कर दी गयी है। वरीयता प्राप्त अभ्यार्थियों से अपेक्षा है कि 4 मार्च,2017 शनिवार को प्रात: 9 बजे उच्च न्यायालय परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में साक्षात्कार/अंतिम चयन हेतु आवश्यक रूप से उपस्थित रहें। समय पर उपस्थित न रहने वाले आवेदकों की अभ्यर्थिता स्वत: समाप्त समझी जाएगी। पृथक से कोई व्यक्तिगत सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जाएगी।
पिं्रसिपल रजिस्ट्रार हाईकोर्ट श्री वी.बी.सिंह ने समस्त अभ्यर्थीगण अपने समस्त अर्हकारी मूल प्रमाण-पत्रों एवं मूल पहचान-पत्र सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी सक्षम प्राधिकारी (जो अनुविभागीय अधिकारी से निचले स्तर का न हो) द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण-पत्र मूलत: एवं सत्यापित पठनीय छायाप्रति भी अपने साथ लायें।
 सिंह/कपूर