Thursday, 19 January 2017


समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू
-----
पंजीयन का कार्य 14 फरवरी तक चलेगा
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा।
    जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।
सिंह/वटके
आरटीओ द्वारा सभी वाहनों में गति नियंत्रक उपकरण लगाने के निर्देश
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री एम.पी.सिंह ने जिले के सभी वाहन मालिकों को अपनी गाड़ी में गति नियंत्रक उपकरण (स्पीड लिमिट डिवाइस) लगाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्य मार्ग नईदिल्ली के निर्देशानुसार आगामी 31 जनवरी, 2017 तक गति नियंत्रक उपकरण लगाना अनिवार्य है। गति नियंत्रक उपकरण न लगाने पर एक फरवरी, 2017 से उनके वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र स्वत: ही निरस्त माने जायेंगे।
सिंह/वटके
वन मंत्री श्री शेजवार का दौरा कार्यक्रम
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    वन, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री गौरीशंकर शेजवार आगामी 21 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे खरगोन आएंगे और दोपहर 12.30 बजे नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा-2016 की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। श्री शेजवार अपरान्ह 2 बजे खरगोन से इंदौर के लिये प्रस्थान करेंगे। श्री शेजवार 21 जनवरी 2017 को इंदौर में वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला में भाग लेंगे। श्री शेजवार शाम 7 बजे इंदौर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। 
सिंह/वटके
खण्डवा जिले में ओंकारेश्वर और हनुमंतिया में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    मध्यप्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक सभापति श्री गिरीश गौतम की अध्यक्षता में आज इंदौर संभाग के खण्डवा जिले के ओंकारेश्वर विश्रामगृह में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने पर्यटन, नर्मदा घाटी विकास और ओंकारेश्वर की व्यवस्था के उन्नयन और नमामि देवी नर्मदे कार्यक्रम के सम्बन्ध में सुझाव दिये। इस समिति में विधायक श्री महेन्द्रसिंह कालूखेड़ा, श्रीमती नीना वर्मा, श्री सुदर्शन गुप्ता शामिल हैं। समिति के सदस्यों ने खण्डवा जिले में परिवहन व्यवस्था सुधारने, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों के लायसेंस निरस्त करने का सुझाव दिया।
    सभापति श्री गौतम ने बैठक में कहा कि खण्डवा जिले में विशेष मुहिम चलाकर बीपीएल राशन कार्डों का भौतिक सत्यापन किया जाये तथा अपात्र लोगों को बीपीएल सूची से बाहर किया जाये। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान श्री गौतम ने कहा कि खण्डवा जिले में ओंकारेश्वर और हनुमंतिया में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। यहाँ पर पर्यटकों के लिये और अधिक सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है। प्राक्कलन समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में नगर पालिका ओंकारेश्वर द्वारा हरिद्वार और ऋषिकेश की गंगा आरती की तर्ज पर नर्मदा आरती का आयोजन किया जाये।    सभापति श्री गौतम ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि समाज के सबसे गरीब वर्ग को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ मिले। राज्य शासन गरीबों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित है। प्राक्कलन समिति के सदस्य प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा मैदानी हकीकत जानने के लिए कर रहे हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वरदमूर्ति मिश्रा, नगर निगम खण्डवा के आयुक्त श्री जे.जे. जोशी, ओंकारेश्वर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री देवेन्द्र चौहान, खाद्य विभाग के श्री एस.आर. कोठारे, नगर प्रशासन विभाग के प्रोजेक्ट आफिसर श्री अरविन्द चौहान एवं अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
सिंह/वटके

आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में बैठक आज
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अध्यक्ष श्री एस.आर.मोहंती की अध्यक्षता में आज दोपहर 12 बजे आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा की तैयारी एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक में संभागायुक्त और इंदौर संभाग के समस्त जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त/सहायक आयुक्त/जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण, जिला समन्वय संस्था प्राचार्य एवं शिक्षा मण्डल के आंचलिक/संभागीय अधिकारी भाग लेंगे।
    इस बैठक में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की परीक्षओं को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थायें, कानून और व्यवस्था बनाये रखने एवं अनुचित साधनों का उपयोग रोकने हेतु आवश्यक व्यवस्थायें, परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित करने, प्रश्न-पत्रों के निकालने हेतु समस्त थानों में कलेक्टर के प्रतिनिधि की नियुक्ति सुनिश्चित करना, प्रश्न-पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और परीक्षा से जुड़े अन्य स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की जायेगी।
सिंह/कपूर
सूचना के अधिकार के तहत लंबित अपीलीय प्रकरणों के
निराकरण के लिये लोक अदालत 28 जनवरी को
------
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    सूचना के अधिकार के तहत मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 28 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय में एक दिवसीय लोक अदालत आयोजित की गयी है। इस लोक अदालत में राज्य सूचना आयोग द्वारा एक हजार से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। इस लोक अदालत की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गयी हैं।
    कलेक्टर कार्यालय में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत का शुभारंभ राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी.खान करेंगे। इस लोक अदालत में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 4 खण्डपीठ गठित की गयी हैं। इन खण्डपीठों में खण्डपीठ क्रमांक-एक में मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी.खान, खण्डपीठ क्रमांक-2 में राज्य सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप, खण्डपीठ क्रमांक-3 में राज्य सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह तथा खण्डपीठ क्रमांक-4 में राज्य सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी अपील प्रकरणों का निराकरण करेंगे।
    लोक अदालत में मुख्य रूप से परिवहन, चिकित्सा शिक्षा, राजस्व, वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिकी कर, आवास एवं पर्यावरण, गृह, लोक निर्माण, खाद्य, आदिम जाति कल्याण,कृषि, सहकारिता, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, उच्च शिक्षा, पंचायत सहित अन्य विभागों के लंबित अपील प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। सभी संबंधित अपीलकर्ताओं और लोक सूचना अधिकारियों, अपीलीय अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे इस लोक अदालत में उपस्थित रहकर अपने प्रकरणों का निराकरण करायें।
    आगामी 28 जनवरी को आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की व्यापक तैयारियां जारी हैं। यह लोक अदालत कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष (कक्ष क्रमांक 102) अपर कलेक्टर न्यायालय कक्ष क्रमांक 109 तथा अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय कक्ष क्रमांक 107 में आयोजित होगी। लोक अदालत के प्रभावी आयोजन के लिये गत दिनों राज्य सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की थी एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये थे। उनके द्वारा दिये गये निर्देशानुसार प्रत्येक कोर्ट रूम के सामने लोक सूचना अधिकारी एवं अपीलार्थियों के बैठने की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। आयोग के अधिकारी-कर्मचारी 26 जनवरी से ही इंदौर आ जायेंगे। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे लोक अदालत के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें निर्धारित समय-सीमा में सम्पन्न करें।
सिंह/वटके
आगामी 31 जनवरी तक जिले में लगेंगे अन्धत्व निवारण शिविर
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    राज्य शासन के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन की अनूठी पहल पर जिले में तंग बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्र में 16 दिसम्बर से सतत नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जा रहे हैं। यह शिविर आगामी 31 जनवरी तक लगाये जायेंगे। अभी तक जिले में 4 हजार 707 मोतियाबिंद के ऑपरेशन नि:शुल्क किये जा चुके हैं।    जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डॉ.त्रिलोचन सिंह होरा ने बताया कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सों द्वारा सफलतापूर्वक मरीजों की जांच कर मोतियाबिंद के ऑपरेशन किये जा रहे हैं। यह आपॅरेशन शासकीय और निजी अस्पतालों दोनों में किया जा रहा है। आज 20 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा भीमनगर आंगनवाड़ी केन्द्र, आदर्श इंदिरा नगर कम्युनिटी हॉल, न्यू बिजलपुर आंगनवाड़ी केन्द्र और सूर्यदेवनगर आंगनवाड़ी केन्द्र तथा इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा शासकीय अस्पताल सतवास में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 21 जनवरी को बड़ी ग्वालटोली के आंगनवाड़ी केन्द्र, शांतिनगर मूसाखेड़ी के आंगनवाड़ी केन्द्र, आजाद नगर के आंगनवाड़ी केन्द्र, सुख निवास कम्युनिटी हॉल में चोइथराम नेत्रालय द्वारा और बड़ोदिया खान के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अरविन्दों अस्पताल द्वारा नेत्र शिविर लगाया जायेगा।
    इसी प्रकार 23 जनवरी को जिला प्रशासन के तत्वावधान में खजराना दरगाह आंगनवाड़ी केन्द्र, रामकृष्णबाग आंगनवाड़ी केन्द्र,जगजीवनराम नगर आंगनवाड़ी केन्द्र में चोइथराम नेत्रालय द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। आगामी 24 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा सोमनाथ की चाल मांगीलाल चूरिया अस्पताल, प्रकाशचंद सेठी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, रूस्तम का बगीचा आंगनवाड़ी केन्द्र, गोमा की फेल आंगनवाड़ी केन्द्र में चोइथराम नेत्रालय द्वारा और बेटमा शासकीय अस्पताल में इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 25 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा आदर्श मौलिक नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, गौरीनगर आंगनवाड़ी केन्द्र और कबीड़खेड़ी आंगनवाड़ी केन्द्र, में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 27 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा नंदानगर प्रसूतिगृह, कुलकर्णी का भट्टा शासकीय स्कूल, मेघदूत नगर आंगनवाड़ी केन्द्र और इंदौर नेत्र चिकित्सालय द्वारा सोनकच्छ शासकीय अस्पताल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। 28 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा निरंजनपुर आंगनवाड़ी केन्द्र, राहुलगांधी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र,अम्बेडकर नगर शासकीय स्कूल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 30 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा शिवकंठ नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, हुकुमचंद कॉलोनी कम्युनिटी हॉल, मौनीबाबा आश्रम शासकीय स्कूल और अरविन्दो अस्पताल द्वारा रेवती प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और जम्बूडी सरबर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 31 जनवरी को चोइथराम नेत्रालय द्वारा परदेशीपुरा आंगनवाड़ी केन्द्र शिवाजी नगर आंगनवाड़ी केन्द्र, फिरोजगांधी आंगनवाड़ी केन्द्र, और अरविन्दो अस्पताल द्वारा पोटलोद और कडवा शासकीय अस्पताल में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जायेगा।
सिंह/वटके

उद्यानिकी फसलों का किया जायेगा बीमा
----
फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा
इंदौर 19 जनवरी, 2017
    इंदौर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में इस योजना के अंतर्गत अब उद्यानिकी फसलों को भी शामिल किया गया है। अब अनाज, दलहन,तिलहन फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों जैसे फल एवं सब्जी का भी बीमा किया जायेगा। फसलें खराब होने पर कृषकों को समुचित मुआवजा मिलेगा।
    उप संचालक उद्यानिकी श्री आर.के.जाटव ने बताया कि राज्य उद्यानिकी विभाग द्वारा मौसम आधारित फसल बीमा हेतु इंदौर जिले के लिये रबी मौसम में सब्जीवर्गीय प्याज, लहसुन, धनिया, आलू, हरी मटर, आम इत्यादि उद्यानिकी फसलों का चयन किया गया है। रबी मौसम में इन फसलों के लिये बीमा किया जायेगा। किसानों को सब्जीवर्गीय रबी फसल-टमाटर बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी के लिये बीमित राशि 82 हजार 30 रूपये का 5 प्रतिशत राशि यानी 4 हजार 101 रूपये प्रीमीयम राशि देना होगी। इसी प्रकार लहसुन की बीमित राशि 63 हजार 100 रूपये के लिये कृषक को 3 हजार 155 रूपये, धनिया की लिये बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये हेतु प्रीमीयम राशि एक हजार 706 रूपये, आलू फसल के लिये बीमित राशि 63 हजार 50 रूपये के लिये एक हजार 891 रूपये तथा एक लाख 5 हजार रुपये की बीमित राशि के लिये 3 हजार 150 रूपये, हरी मटर की बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये के लिये एक हजार 706 रूपये प्रीमीयम राशि एवं आम की बीमित राशि 68 हजार 315 रूपये हेतु प्रिमियम राशि 3 हजार 5 रूपये कृषकों को देना होगी। शेष बची हुई प्रीमियम राशि को राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार के द्वारा आधे-आधे के अनुपात में अनुदान के रूप में वहन किया जायेगा। बीमा कराने हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी,2017  है। उप संचालक उद्यानिकी ने जिले के उद्यानिकी किसानों से फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सिंह/वटके