Sunday, 29 January 2017

विन्ध्याचल ग्रुप का 10वां वार्षिकोत्सव सम्मेलन का परिचय सम्मेलन सम्पन्न


--------------------------
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री श्री राजेश शुक्ल शामिल हुए
इंदौर 29 जनवरी 2017 
विन्ध्याचल सोशल ग्रुप का 10वां वार्षिकोत्सव सम्मेलन मधुर मिलन गार्डन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विन्ध्य के रहने वाले 7 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। मधुर मिलन गार्डन में ऐसा लगा जैसे पूरा विन्ध्य क्षेत्र आज मालवा कीक धरती इन्दौर में उमड़ आया हो। लोग एक दूसरे से मिल कर ठेठ बघेली भाषा में बात कर रहे थे। विन्ध्याचल ग्रुप के अध्यक्ष श्री सतीश दुबे और सचिव श्री अवधेश तिवारी ने बताया कि इस मौके पर 25 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान किये गये। संभागीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान 25 सांस्कृतिक कार्यक्रम वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही ग्रुप के 11 वरिष्ठजनों को भी साल श्रीफल व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खनिज एवं उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल उपस्थित थे। विशेष अतिथि महापौर मालिनी गौड़ व पूर्व संभागायुक्त श्री प्रभात पारासर जी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मिथिला प्रसाद तिवारी ने किया। मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कहा कि में अपने लोगों में अपने लोगों के बीच में पहुंच कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। परिचय सम्मेलन आज के समय में बहुत ही आवश्यक कार्य हो गया है। मैं आज लोगों को बधाई देता हूं कि रीवा के इतिहास में पहला सर्वजातीय सम्मेलन आप लोगों ने करवाया। लोगों ने इंदौर में विन्ध्य भवन बनवाने की भी माँग की। इस पर मंत्री जी ने कहा कि निश्चित ही आप लोग इतनी बड़ी तादाद में हो विन्ध्य भवन होना चाहिये। मैं भी आपकी इस माँग में शामिल होकर अपनी ओर से हर संभव मदद करूंगा। इंदौर रीवा ट्रेन चलने पर सभी सदस्यों में खुशी की लहर थी। इस मौके पर अतिथियों से विन्ध्य की जानकारी से व सदस्यों की टेलीफोन डायरेक्टरी के साथ-साथ सर्व जातीय परिचय सम्मेलन पुस्तिका विन्ध्य वाणी का विमोचन भी किया गया। उपस्थित लोगों ने ट्रेन चलवाने व हमारी मांग के अनुसार  समय करवाने पर लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन को बहुत-बहुत धन्यवाद देकर आभार माना।
विन्ध्याचल सोशल ग्रुप के परिचय ग्रुप के परिचय सम्मेलन संयोजक डॉ. आर एन मिश्रा ने बताया कि विन्ध्य के इतिहास में आज पहला सर्व जातीय परिचय सम्मेलन मधुर मिलन गार्डन में आयोजित हुआ। जिसमें 400 प्रतिष्टियां प्राप्त हुई। वास्तव में कई विन्ध्य परिवार के लोगों की जरूरत थी परिचय सम्मेलन। सर्व जातीय सम्मेलन परिचय सम्मेलन में 18 रिश्ते भी हाथोहाथ तय हो गये। 
स्वागत डॉ. एलपी पाण्डे, आरएल दुबे, शिवकुमार तिवारी, श्यामधर सिंह बघेल, अजय मिश्री, दिलीप मिश्रा, रामजीत पाण्डेय, अजय मिश्रा, रजनीश चतुर्वेदी, हरगोविन्द उपाध्याय, उमेश तिवारी, बृजेश शुक्ला आदि ने किया। संचालन श्री रमाशंकर तिवारी ने किया। 
--0--
क्रमांक 220/220/ Rathore

जनवरी का राशन फरवरी में नहीं मिलेगा


इंदौर 29 जनवरी 2017 
लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत जिले में माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री का वितरण उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किया जा रहा है। इंदौर नगर में शासकीय उचित मूल्य दुकान पर पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात सामग्री वितरण की जा रही है। खाद्य विभाग द्वारा सभी पात्र हितग्राहियों को सूचित किया गया है कि वह माह जनवरी 2017 की सामग्री शीघ्र ही उचित मूल्य दुकान पर संधारित पीओएस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इम्प्रेशन)/आधार सत्यापन के पश्चात तत्काल प्राप्त करें। यदि पात्र हितग्राही माह जनवरी 2017 में सामग्री प्राप्त नहीं कर पाता है तो पीओएस मशीन में अगले माह फरवरी में दो माह की राशन सामग्री (जनवरी एवं फरवरी) प्रदर्शित नहीं होने के कारण माह जनवरी 2017 की हितग्राही की हकदारी स्वयं समाप्त हो जायेगी। सभी हितग्राहियों से अपेक्षा की गयी है कि वह माह जनवरी 2017 की राशन सामग्री इसी माह में 31 जनवरी तक शासकीय उचित मूल्य दुकान से प्राप्त कर लेंगे। 
--0--

रासुका


इंदौर 29 जनवरी 2017 
इंदौर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी. नरहरि ने मेघदूत नगर निवासी निक्की उर्फ निलेश पिता विजय सोनी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) में निरूद्ध करने के आदेश जारी किये हैं। निक्की के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। 
क्रमांक 218/218/ बी.एन. सिंह/वटके 

प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित


इंदौर 29 जनवरी 2017 
जिला न्यायालय इन्दौर में 68वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण रूप से मनाया गया। कार्यक्रम माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण माननीय श्री वेद प्रकाश शर्मा, माननीय श्री राजीव दुबे तथा श्री विरेन्द्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया। झण्डावंदन जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बी.के. निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय के कर्मचारियों के सात बच्चों प्रणय जोशी, सैजल केवट, अलफिया खान, चंद्रशेखर पुरोहित, अक्षिता सैनी, अदिती सैनी एवं श्रेयांश यादव को शिक्षा के क्षेत्र में उच्च कीर्तिमान स्थापित करने पर उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु अतिथिगण ने प्रशंसा पत्र व उपहार प्रदान किये। उल्लेखनीय है कि छात्र प्रणय जोशी ने निरमा यूनिवर्सिटी, गुजरात से एल.एल.एम की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इस समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमित रंजन समाधिया तथा न्यायिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारी श्री अंजनी कुमार वाजपेई, केदार रावल, हीरालाल पुरोहित, रमेश भेनिया उपस्थित थे। 

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू


पंजीयन का कार्य 14 फरवरी तक चलेगा
इंदौर 29 जनवरी, 2017
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।

उद्यानिकी फसलों का किया जायेगा बीमा फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा


इंदौर 29 जनवरी, 2017
इंदौर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में इस योजना के अंतर्गत अब उद्यानिकी फसलों को भी शामिल किया गया है। अब अनाज, दलहन,तिलहन फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों जैसे फल एवं सब्जी का भी बीमा किया जायेगा। फसलें खराब होने पर कृषकों को समुचित मुआवजा मिलेगा। 
उप संचालक उद्यानिकी श्री आर.के.जाटव ने बताया कि राज्य उद्यानिकी विभाग द्वारा मौसम आधारित फसल बीमा हेतु इंदौर जिले के लिये रबी मौसम में सब्जीवर्गीय प्याज, लहसुन, धनिया, आलू, हरी मटर, आम इत्यादि उद्यानिकी फसलों का चयन किया गया है। रबी मौसम में इन फसलों के लिये बीमा किया जायेगा। किसानों को सब्जीवर्गीय रबी फसल-टमाटर बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी के लिये बीमित राशि 82 हजार 30 रूपये का 5 प्रतिशत राशि यानी 4 हजार 101 रूपये प्रीमीयम राशि देना होगी। इसी प्रकार लहसुन की बीमित राशि 63 हजार 100 रूपये के लिये कृषक को 3 हजार 155 रूपये, धनिया की लिये बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये हेतु प्रीमीयम राशि एक हजार 706 रूपये, आलू फसल के लिये बीमित राशि 63 हजार 50 रूपये के लिये एक हजार 891 रूपये तथा एक लाख 5 हजार रुपये की बीमित राशि के लिये 3 हजार 150 रूपये, हरी मटर की बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये के लिये एक हजार 706 रूपये प्रीमीयम राशि एवं आम की बीमित राशि 68 हजार 315 रूपये हेतु प्रिमियम राशि 3 हजार 5 रूपये कृषकों को देना होगी। शेष बची हुई प्रीमियम राशि को राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार के द्वारा आधे-आधे के अनुपात में अनुदान के रूप में वहन किया जायेगा। बीमा कराने हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी,2017  है। उप संचालक उद्यानिकी ने जिले के उद्यानिकी किसानों से फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
क्रमांक 215/215/ बी.एन. सिंह/वटके 

जिला न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी को


इंदौर 29 जनवरी, 2017
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी न्यायालयों में वर्ष 2017 में प्रत्येक 2 महीने में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसी तारतम्य में वर्ष 2017 की पहली नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 फरवरी, 2017 को किया जाना है। उक्त तिथि को जिले के केन्द्रीय जेल, जिला जेल व उप जेल में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा।
इस वार्षिक नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरण एवं न्यायालय में लंबित, राजीनामा योग्य आपराधिक,सिविल, विद्युत अधिनियम, श्रम, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, निगोशिएबल इंस्ट्रमेंट एक्ट के अंतर्गत चेक बाउंस प्रकरण, कुटुम्ब न्यायालय, ग्राम न्यायालय, राजस्व न्यायालय, सेवा मामले जो सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों से संबंधित है तथा अन्य समस्त प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा।
इस लोक अदालत के सफल आयोजन के लिये सभी संबंधितों से जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा अपील की गई है कि न्यायालय में लंबित समझौता योग्य एवं प्रीलिटिगेशन मामलों को निराकृत किये जाने के लिये संबंधित न्यायालय व विभाग से संपर्क करें। साथ ही लोक अदालत योजना के अंतर्गत निराकृत होने वाले प्रकरणों में समय की बचत के साथ-साथ कोर्ट फीस वापसी का अधिक से अधिक लाभ उठायें।
क्रमांक 214/214/ बी.एन. सिंह/वटके 

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में आज चार लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई



कलेक्टर श्री नरहरि ने पीसी सेठी हॉस्पिटल में बच्चों को 
दवा पिलाकर इस अभियान का किया शुभारंभ 
इंदौर, 29 जनवरी 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पाँच वर्ष से कम उम्र के 4 लाख 19 हजार 553 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई। यह अभियान दो दिन और चलेगा। पल्स पोलियो कार्यकर्ता घर-घर जाकर शेष बचे बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे। कलेक्टर श्री नरहरि ने आज पीसी सेठी हॉस्पिटल में दवा पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. पोरपाल ने आज सुबह 8.30 बजे पल्स पोलियो की दवा बच्चों को पिलाई।  
मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. हरिनारायण नायक ने पल्स पोलियो अभियान के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिये इंदौर जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दो हजार 700 बूथ बनवाये हैं और रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्ड में बच्चों को पोलियो दवा पिलाने के लिये 245 मोबाइल टीम गठित की है। 70 ट्रांजिट टीम भी तीन दिन तक 605 हाईरिस्क एरिया (झुग्गी बस्ती, मजदूर क्षेत्र, तंग बस्ती, भवन निर्माण क्षेत्र) में काम करेगी। इस अभियान में 400 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं। 
पल्स पोलियो अभियान के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा देपालपुर, सांवेर, हातोद, मानपुर, महू और इंदौर शहरी क्षेत्र के 85 वार्डों को चार जोन में विभाजित किया गया है, जिसमें नंदानगर, मांगीलाल चूरिया अस्पताल, हुकुमचंद अस्पताल, पीसी सेठी अस्पताल और इनके अधीनस्थ संस्थाओं में स्कूलों और आँगनवाड़ियों पर भी पल्स पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। 30 व 31 जनवरी को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर, स्कूल व आँगनवाड़ी केन्द्रों में जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेंगे।