Thursday, 1 June 2017

प्रकरण श्रम न्यायालय को सौंपने के आदेश जारी
इंदौर एक जून, 2017
श्रमायुक्त इंदौर ने सेवानियुक्त धीरेन्द्र, अमन आर्य, भगवानदास शाह, मनोज महाजन, ईश्वर राठौर तथा सेवानियोजक प्रबंधक टेक्समो पाइप एण्ड प्रोडक्ट लिमिटेड बुरहानपुर सेवा नियुक्त सुदामा पिता विष्णु सेवानियोजक हनुमान उद्योग बुरहानपुर, सेवानियुक्त सुनील पिता बाबूलाल सेवानियोजक प्रबंधक मराल ओवरसीज लिमिटेड खरगोन, सेवानियुक्त आरिफ पिता शेख शरीफ  सेवानियोजक प्रबंधक हनुमान उद्योग बुरहानपुर, सेवानियोजक मोहम्मद आसिफ और सेवानियोजक प्रबंधक हनुमान उद्योग बुरहानपुर, सेवानियुक्त अब्दुल रहीम एवं सेवानियोजक प्रबंधक हनुमान उद्योग बुरहानपुर, सेवानियुक्त दगडू सेन राठौर एवं सेवानियोजक प्रबंधक हनुमान उद्योग बुरहानपुर, सेवानियुक्त सईद खान एवं सेवानियोजक प्रबंधक हनुमान उद्योग बुरहानपुर के मध्य उत्पन्न विवाद को औद्योगिक विवाद मानकर प्रकरण श्रम न्यायालय खण्डवा को सौंपने के आदेश जारी किये हैं। 
इसी प्रकार श्रम आयुक्त इंदौर ने सेवानियुक्त भूपेन्द्र दीक्षित एवं सेवानियोजक प्रबंध संचालक एसबीआई केप सिक्युरिटी लिमिटेड परेल मुम्बई स्थानीय कार्यालय 204 ओयससी ट्रेड सेंटर, वाय.एन.रोड इंदौर तथा सेवानियुक्त महेश चाकरे एवं सेवानियोजक प्रबंधक जस इंजिनियरिंग लिमिटेड इंदौर, सेवा नियुक्त पीयुष पिता कौशल एवं सेवा नियोजक शाखा प्रबंधक बजाज अलाइंज जनरल इंश्योरेंस कम्पनी इंदौर के मध्य उत्पन्न विवाद को औद्योगिक विवाद मानकर प्रकरण श्रम न्यायालय इंदौर को सौंपने के आदेश जारी किया है।
 सिंह/कपूर
सांसद निधि से तीन निर्माण कार्य स्वीकृत
इंदौर एक जून, 2017
लोकसभा स्पीकर एवं क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने तीन निर्माण कार्य स्वीकृत किये हैं। जारी आदेशानुसार सीमेंटीकरण कार्य तक्षशिला कॉलोनी, शॉपिंग कॉम्पलेक्स के सामने इंदौर नगर वार्ड क्रमांक 80 के लिये डेढ़ लाख रूपये, सीमेंटीकरण कार्य तक्षशिला कॉलोनी गली नम्बर एक इंदौर नगर वार्ड क्रमांक 80 के लिये एक लाख रुपये, सीमेंटीकरण कार्य तक्षशीला कॉलोनी गली नम्बर दो इंदौर नगर वार्ड क्रमांक 80 के लिये एक लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा इंदौर को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। समस्त कार्य शासकीय भूमि पर कराने के निर्देश दिये गये हैं तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के अनुसार काम कराना अनिवार्य है।
 सिंह/कपूर
शहर के चहूमुखी विकास के लिये चल रहे अधोसंरचनात्मक 
विकास कार्यों की प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने की समीक्षा
-----
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में 
पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिये निर्देश
इंदौर एक जून, 2017
इंदौर शहर के चहुमुखी विकास के लिये 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से चल रहे अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा आज यहां इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया ने कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई बैठक में की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किये जायें। बैठक में महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक द्वय श्री महेन्द्र हार्डिया तथा सुश्री उषा ठाकुर, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसूफ कुरैशी सहित विकास कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे रोड निर्माण, नदी गहरीकरण कार्य, ब्रिाज निर्माण, लिंक रोड निर्माण, आवास निर्माण, उद्यान विकास, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज व्यवस्था, चौराहों के विकास आदि के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर बताया गया कि महूनाका से टोरी कार्नर तक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क के बीच में डिवाइडर के साथ विद्युत केबल लाइन भी डाली जा रही है। चन्द्रभागा पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बड़ा गणपति रोड पर व्यास सेतु का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। बताया गया कि शहर में चौराहों के विकास के कार्य किये जा रहे हैं। रोटरी को छोटा किया जा रहा है। उद्यानों का विकास भी प्राथमिकता से हो रहा है। शहर में आवासहीनों तथा झुग्गीवासियों के लिये लगभग 66 हजार आवासों का निर्माण करने का महत्वकांक्षी कार्य हाथ में लिया गया है। इसके लिये विस्तृत कार्ययोजना बनाकर इसका क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने निर्देश दिये कि पीसी सेठी हॉस्पिटल के निर्माण के साथ-साथ स्टाफ क्वार्टर का निर्माण भी कराया जाये। इसके लिये समीप में ही स्थान चिन्हित कर लिया जाये। स्टाफ क्वार्टर के लिये कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रस्तुत की जाये।
बैठक में निर्देश दिये गये कि सांवेर-क्षिप्रा रोड़, बेटमा-देपालपुर रोड सहित अन्य मार्गों पर दोनों ओर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था की जाये। रोड निर्माण के समय यह ध्यान रखा जाये कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था रहे। रोड के कारण किसी भी खेत या मकान में पानी नहीं भरा पाये। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
                      हरियाली महोत्सव को बनाया जायेगा जनआन्दोलन
इस बैठक के पश्चात प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने आगामी 2 जुलाई को हरियाली महोत्सव के अंतर्गत किये जाने वाले सघन वृक्षारोपण कार्य की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि हरियाली महोत्सव का जनआन्दोलन बनाया जाये। वृक्षारोपण कार्य से हरेक व्यक्ति को जोड़ा जाये।
बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने हरियाली महोत्सव के अंतर्गत इंदौर जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में किये जाने वाले वृक्षारोपण की सभी तैयारियां व्यापक स्तर पर जारी हैं। गत दिनों भोपाल में सम्पन्न बैठक में इंदौर जिले का लक्ष्य बढ़ाकर साढ़े 13 लाख से 15 लाख पौधरोपण का कर दिया गया है। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने बताया कि इंदौर जिले में वृक्ष रक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। स्वैच्छा से अभी तक साढ़े 6 सौ वृक्षरक्षक का पंजीयन हो चुका है। पंजीयन का कार्य जारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान से जुड़े तथा न्यूनतम तीन-तीन पौधरोपण का संकल्प लें। अगर कोई व्यक्ति समूह में वृक्षारोपण के लिये तैयार होते हैं तो उन्हें संबंधित पौधरोपण स्थल पर आने-जाने के लिये वाहन सुविधा दी जायेगी तथा उन्हें पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराये जायेंगे। बताया गया कि हरियाली महोत्सव के अंतर्गत इंदौर जिले के क्षिप्रा तथा चंबल नदी के किनारों अन्य उप नदियों के किनारों पर वृक्षारोपण का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा। इस संबंध में जनजागरुकता के लिये 5 जून से 15 जून तक जनजागृति अभियान चलाया जायेगा।
 महिपाल/कपूर



प्रभारी मंत्री ने नगरीय क्षेत्र में कराये जा रहे 
निर्माण एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण
-----
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यों को देखा
----
आईटी पार्क व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया अवलोकन
------
हाउसिंग फॉर ऑल प्रोजेक्ट के तहत बनाये गये फ्लैट का भी किया अवलोकन
इंदौर एक जून, 2017
जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया ने गुरूवार को इंदौर नगरीय क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीआईयू व सेतु निगम), नगर निगम इंदौर तथा इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा करवाये जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का मौके पर  जाकर निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने संचालित कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। 
प्रभारी मंत्री सबसे पहले संयोगितागंज स्थित श्री पीसी सेठी की स्मृति में दस करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सिविल अस्पताल के भवन निर्माण कार्य को देखने पहुंचे। भवन निर्माण कार्य लगभग पूर्णत: की ओर है। 100 बिस्तरीय इस अस्पताल में डॉक्टर व स्टाफ के लिये क्वार्टर की समस्या बतायी गयी। प्रभारी मंत्री श्री मलैया को अवगत कराया गया कि पास में ही शिक्षा विभाग की जमीन है, जिस पर क्वार्टर का निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने गाड़ी अड्डा के पास 33 करोड़ की लागत से प्रगतिरत रेलवे ओवरब्रिाज का भी अवलोकन किया। यह कार्य लोक निर्माण विभाग के सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है। रेलवे ओवर ब्रिाज में थर्ड विंग का कार्य किया जाना शेष है। यह कार्य वर्ष 2018 में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। 
प्रभारी मंत्री श्री मलैया के भ्रमण के दौरान महापौर श्रीमती मालिनी गौड, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता तथा सुश्री उषा ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम इंदौर द्वारा कराये जा रहे हरीराव होल्कर छत्री में बाबड़ी जीर्णोद्धार कार्य, गणेशगंज पर सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य, जिंसी हाट बाजार के पुनर्विकास संबंधी कार्यों का अवलोकन किया। बावड़ी जीर्णोद्धार का कार्य मौके पर संचालित था। अधिकारियों ने बताया कि बावड़ी जीर्णोद्धार का कार्य चार चरणों में किया जा रहा है। दो चरणों का कार्य पूरा हो चुका है। गणेशगंज मुख्य रोड निर्माण के संबंध में बताया गया कि यहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण में स्थानीय लोगों का सहयोग रहा है और लगभग 90 प्रतिशत लोगों की सड़क चौड़ीकरण में सहमति रही है। सड़क पर डिवाइडर का निर्माण कार्य होगा तथा डिवाइडर पर वृक्षारोपण किया जायेगा। जिंसी हाट बाजार के पुनर्विकास की कार्ययोजना के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि जिंसी हाट बाजार माडर्न पद्धति पर आधारित होगा। यहाँ सब्जियों के अवशेष पदार्थों के निपटान हेतु सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण किया जायेगा। वहीं फिश मार्केट भी होगा। जिंसी हाट बाजार के साथ कौशल विकास केन्द्र का भी निर्माण किया जा रहा है तथा वाहनों की पार्किंग के लिये भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने अमितेष नगर में नदी के किनारे वृक्षारोपण कार्य का भी अवलोकन किया। नदी जीर्णोद्धार, साफ-सफाई तथा पिचिंग के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की।
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत सांवेर एफ सेक्टर में गार्वेज ट्रांसफर स्टेशन तथा कबीटखेड़ी में अमृत योजना के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर के कचरे के निपटारे हेतु टीपीएस कम्पनी के तीन गार्वेज ट्रांसफर प्लांट लगाये गये हैं। गार्वेज निपटारे हेतु आधुनिक तकनीक पर आधारित यह प्लांट हैं। कबीटखेड़ी में हुडको द्वारा प्रदत्त वित्तीय सहायता से जे.एन.एन.यू.आर.एन. के अंतर्गत 193.887 निर्मित कराये गये सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह देश का सबसे बड़ा व आधुनिकतम सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है। इस प्लांट की क्षमता 245 एमएलडी है। यहां उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की लेबोरेट्री का भी अवलोकन किया।
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने परदेशीपुरा में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित साफ्टवेयर टेक्नालॉजी पार्क का भी अवलोकन किया। यह कार्य इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि यह देश का आईटी की दृष्टि से सबसे आधुनिकतम भवन है तथा कम्पनियों की आवश्यकता के हिसाब से डिजाइन किया गया है। प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने अंत में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत भूरी टेकरी में हाउसिंग फार ऑल योजना के तहत निर्माणाधीन भवनों का अवलोकन किया। निगमायुक्त श्री मनीष सिंह ने बताया कि भूरी टेकरी में 768 फ्लैट बनाने की योजना है। फिलहाल जी प्लस थ्री की मल्टीस्टोरी भवन निर्मित किये गये हैं, जिनमें हितग्राही रह रहे हैं। आगे जी प्लस एट मल्टीस्टोरी भवन निर्माण की योजना है, जिसमें लिफ्ट सहित अन्य सुविधायें भी होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे शहर में 65 हजार से अधिक आवास हाउसिंग फॉर ऑल योजना के तहत बनाये जाने हैं और लगभग 50 हजार आवासों के लिये जमीन का चिन्हांकन भी कर लिया गया है।
 भदौरिया/कपूर