Wednesday, 13 September 2017


बिजासन माता मंदिर पहुंचे कलेक्टर, विधायक व नगर निगम आयुक्त
नवरात्रि पर्व मेले के दौरान सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें
- कलेक्टर ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं के संबंध में दिए निर्देश
इंदौर 13 सितंबर, 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने आज बिजासन मंदिर पहुंचकर आगामी नवरात्रि पर्व मेले के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की तथा निर्देश दिए कि पर्व के दौरान बिजासन माता मंदिर में सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि मेले में आने वाले दर्शनार्थियों व माता के भक्तों को बिजासन माता के दर्शन सुविधाजनक तरीके से हो सके। इस अवसर पर विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने बताया कि मेले के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जायेगी तथा पिछले वर्षो के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेगी। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थित दुकानों को शिफ्ट कर व्यवस्थित किये जाने पर भी विचार किया गया। मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को दुकानदारों से चर्चा कर दुकानों को व्यवस्थित रूप से लगवाने के निर्देश दिए ताकि दर्शनार्थियों को बिजासन माता के दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इस दौरान मंदिर पहुंच मार्ग का चौडीकरण, मंदिर परिसर के सुव्यवस्थित विकास व अधोसंरचना निर्माण से संबंधित विभिन्न मुद्दो पर चर्चा हुई। विकास से संबंधित कार्यो को जन सहयोग से कराने पर भी विचार किया गया। इस दौरान बताया गया कि जन सहयोग से बिजासन मंदिर परिसर में पुजारियों के लिए 12 आवासीय फ्लैट बनाये गये हैं। कलेक्टर श्री वरवड़े ने जन सहयोग से आवासीय कॉम्पलेक्स के निर्माण की प्रशंसा की और प्रदेशभर के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होने कहा कि मंदिर परिसर के विकास के लिए जन सहयोग से अन्य कार्य कराये जाने के भी प्रयास किये जायेगें।
इस अवसर पर विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता ने नवरात्रि में आयोजित होने वाली चुनरी यात्रा के संबंध में अवगत कराया और बताया कि चुनरी यात्रा में बडी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की आवश्यकता होती हैं। उन्होने यह भी बताया कि नवरात्रि के दौरान मेले में श्रद्धालु देर रात तक माता के दर्शन हेतु मंदिर आते हैं। निरीक्षण के दौरान एस.डी.एम मल्हारगंज श्री संदीप सोनी, एस.डी.एम विजय नगर श्री श्रृंगार श्रीवास्तव के अलावा क्षेत्रीय पार्षद, मंदिर के पुजारी व अन्य लोग मौजूद थे।
भदौरिया/जी.







इंदौर जिले में 679.92 मि.मी औसत वर्षा दर्ज
इंदौर 13 सितंबर, 2017
कलेक्ट्रेट स्थित भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से अब तक 679.92 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर तहसील क्षेत्र में 791.70 मिलीमीटर, महू क्षेत्र में 716.70 मिलीमीटर, सांवेर क्षेत्र में 594.20 मिलीमीटर, देपालपुर क्षेत्र में 660 मिलीमीटर और गौतमपुरा क्षेत्र में 637 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी है। गत वर्ष अबतक 851.76 मि.मी औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
/राठौर/जी








गणपति मंदिर खजराना में बिजली की बचत हेतु लगेंगी एलईडी लाईटें व हाईमास्ट
----
दर्शनार्थियों की सुविधा के लिये बनाये जायेंगे स्थायी बेरिकेटिंग
--------
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये बनेगा बैठने का स्थान
इंदौर 13 सितम्बर, 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में बुधवार को श्री गणपति मंदिर खजराना की प्रबंध समिति की बैठक मंदिर के प्रशासकीय भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्वी क्षेत्र श्री अवधेश गोस्वामी, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, नगर निगम के झोनल अधिकारी श्री विनोद अग्रवाल, आईडीए के सहायक यंत्री श्री घनश्याम शुक्ला, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री पी.के.सक्सेना, सीएसपी खजराना श्री गोपाल धाकड़, आर्किटेक्ट श्री रोहित दिनकर, एकेव्हीएन से एचआर मुजाल्दा, वरिष्ठ पुजारी श्री अशोक भट्ट, मंदिर समिति के जनरल मैनेजर श्री गणपति मंदिर श्री बी.एल.कांसट व मैनेजर श्री एम.एस.कुशवाह मौजूद थे।
बैठक में श्री गणपति मंदिर के सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण के साथ ही प्रबंधकीय मामलों से संबंधित 38 बिन्दुओं पर विचार किया गया। इन बिन्दुओं पर विचार करते हुये प्रबंध समिति के सुझाव पर पूरे मंदिर परिसर में बिजली बचाने तथा बिजली पर होने वाले व्यय को कम करने के लिये एलईडी लाईटें व हाईमास्ट लगाने का निर्णय लिया गया। सांई बाबा मंदिर के सामने लगी इकोफ्रेंण्डली लाईट की तर्ज पर राम मंदिर के सामने भी इकोफ्रेंण्डली लाईट लगायी जायेगी। मंदिर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिये स्थाई बेरिकेटिंग लगाने का निर्णय लिया गया। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये बैठने एवं अन्य सुविधा के लिये मंदिर के पूर्वी क्षेत्र में पानी की टंकी के पास रिक्त भूमि पर एक शेड बनाये जाने का निर्णय लिया गया। शेड पर लगभग 16 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
बैठक में मेला परिसर के विकास के लिये भी 27.35 लाख रुपये की विकास योजना का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत मेला क्षेत्र में अधिक फलदार व बड़े वृक्षों का रोपण किया जायेगा। जिससे दर्शनार्थी गर्मी के दिनों में वृक्षों के नीचे बैठकर छाया में राहत पा सकें। योजना में मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण व पार्किंग क्षेत्र में पेवर ब्लॉक तथा गार्डन चेयर लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। बैठक में मंदिर के नवीन परिसर में ओपीडी एवं किडनी अस्पताल हेतु लिफ्ट एवं सिविल कार्य का भी प्रस्ताव रखा गया। इस संबंध में बताया गया कि उक्त दोनों कार्यों पर 28 लाख रुपये का व्यय संभावित है। संभावित व्यय में 50 प्रतिशत राशि मंदिर प्रबंधन की ओर से तथा 50 प्रतिशत राशि श्री वैष्णव शैक्षणिक एवं पारमार्थिक न्यास इंदौर द्वारा दी जाना प्रस्तावित है। बैठक में दान में प्राप्त बहुमूल्य आभूषणों के रूप में प्राप्त सोने व चांदी का उपयोग मंदिर की भव्यता के लिये किये जाने का भी सुझाव दिया गया। बैठक में मंदिर के आय-व्यय व जमा राशि पर भी चर्चा की गयी तथा नियमित रूप से सी.ए. से आडिट कराने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री वरवड़े ने प्रति तीन माह में मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक रखने के लिये भी निर्देशित किया।
श्व्
 भदौरिया/कपूर








स्वाइनफ्लू से डरने की जरूरत नहीं - सावधान रहने की जरूरत
------
स्वाइनफ्लू एक संक्रमक रोगी है
इंदौर 13 सितम्बर, 2017
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.एन.नायक ने आज एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुये कहा कि स्वाइनफ्लू से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधान रहने की जरूरत है। इलाज से बचाव अच्छा होता है। स्वाइनफ्लू एक संक्रमक बीमारी है। स्कूली बच्चे या दफ्तरों में काम करने वाले बच्चों को यदि स्वाइनफ्लू हो जाता है तो उन्हें स्कूल या दफ्तर नहीं जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि स्वाइनफ्लू सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खरास, सिरदर्द या बुखार के साथ यदि सांस लेने में तकलीफ हो तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिये। स्वाइनफ्लू के लक्षण मिलते ही 24 घण्टे के अंदर उपचार प्रारंभ हो जाना चाहिये। इस बीमारी में विलंब घातक हो सकता है। इंदौर जिले के समस्त शासकीय और 19 चिन्हित निजी चिकित्सालयों में स्वाइनफ्लू की जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध है। शासकीय अस्पतालों में समस्त जांच एवं दवायें नि:शुल्क दी जाती हैं।
डॉ.नायक ने बताया कि मरीज को खांसते और छींकते समय मुंह पर रूमाल रखना चाहिये। संक्रमण होने पर मरीज को सामूहिक स्थान या भीड़भाड़ से दूर रहना चाहिये। संक्रामित व्यक्ति से लगभग एक मीटर की दूरी बनाये रखना चाहिये। साबुन से हाथ धोकर सुबह-शाम भोजन करना चाहिये। उन्होंने बताया कि स्वाइनफ्लू संक्रमण नाक, मुंह, गले से आरंभ होकर फेफड़े तक पहुंच जाता है और जानलेवा भी हो सकता है। इंदौर में एम.वाय.अस्पताल, हुकुमचंद अस्पताल, जिला अस्पताल, पीसी सेठी अस्पताल और सिविल अस्पताल महू में स्वाइनफ्लू के इलाज की मुफ्त सुविधा उपलब्ध है।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशा पंडित ने कहा कि एच-1, एन-1 स्वाइनफ्लू एक संक्रामक बीमारी है। इसका इलाज संभव है। इसकी जांच मात्र 24 घण्टे में भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में हो जाती है। इस वर्ष से भोपाल में भी इसकी जांच होने लगी है। जहाँ से 24 घण्टे में जांच उपरांत पॉजिटिव या निगेटिव रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मनीषा पंडित ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी मौजूद थे।
 सिंह/कपूर






दृष्टिबाधित दे रहे हैं घर पहुंच सेवा
--
स्वरोजगार से जोड़ने जिला प्रशासन ने दृष्टिबाधितों को
दिलाया पंचस्पर्श सहज थैरेपी प्रशिक्षण
इंदौर 13 सितम्बर, 2017
दृष्टिबाधितों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की गयी । जिसके तहत दृष्टिबाधितों को उनकी स्पर्श विशेषज्ञता का देखते हुए पंच स्पर्श एक्यू मसाज थैरेपी का विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया । ये प्रशिक्षित दृष्टिबाधित जरूरतमंदों को घर पर जाकर सेवाएं दे रहे हैं तथा उनकी पंचस्पर्श एक्यू मसाज कर रहे हैं। जिला प्रशासन के इस अभिनव प्रयोग को काफी प्रतिफल मिला और लोग उनसे मसाज कराकर लाभान्वित हो रहे हैं।
सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग ने दृष्टिबाधितों की आय को बढ़ाने तथा जरूरतमंदों की सुविधा के लिये प्रशिक्षित दिव्यांगजनों से सम्पर्क हेतु उनके मोबाइल नम्बर भी प्रसारित किए हैं, ताकि जरूरतमंद उनको बुलाकर लाभ उठा सके। घर पहुंच सेवा देने वाले दृष्टिबाधितों में श्री सुरेश मोबाइल नम्बर 98261-34353 सेवा क्षेत्र विजयनगर, पलासिया व नंदानगर, श्री चेतन मोबाइल नम्बर 88896-96685 सेवा क्षेत्र महूनाका से राजेन्द्र नगर तक, श्री धर्मेन्द्र मोबाइल नम्बर 89825-14117 सेवा क्षेत्र विजयनगर, पलासिया, नंदानगर, श्री योगेश मोबाइल नम्बर 98266-52091 सेवा क्षेत्र भागीरथपुरा, परदेशीपुरा, बाणगंगा, श्री सुमित मोबाइल नम्बर 98264-37556 सेवा क्षेत्र किलामैदान, मरीमाता व बड़ी गणपति, श्री मोहन मोबाइल नम्बर 95847-18819 धार रोड, सिरपुर, चंदन नगर, श्री सतीश मोबाइल नम्बर 98265-73811 सेवा क्षेत्र राऊ, महू परिक्षेत्र, पीथमपुर, श्री रमेश मोबाइल नम्बर 9111773630 सेवा क्षेत्र बॉम्ब अस्पताल शीतल नगर, श्री लीलाधर मोबाइल नम्बर 98260-76748 सेवा क्षेत्र एयरपोर्ट गांधी नगर, कालानी नगर, श्री राजेश मोबाइल नम्बर 98648-94024 सेवा क्षेत्र सुखलिया, बापट चौराहा शामिल हैं। दृष्टिबाधित पंचस्पर्श एक्यू मसाज थैरेपी के तहत हेड, सोल्डर, फूट एण्ड कम्पलीट बॉडी रिलेक्स एक्यू मसाज, स्पोर्टसमैन बाडी रिलेक्स एण्ड स्टूडेन्टस माइंड रिलेक्स एक्यू मसाज के अलावा वृद्धजनों एवं बच्चों की रेग्युलर एक्यु मसाज व एक्यूप्रेशर थैरेपी सेवाएं देते हैं।
 भदौरिया/कपूर




युवाओं का दल आज होगा रवाना
इंदौर 13 सितम्बर, 2017
युवाओं में देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनाने तथा उन्हें सैन्य गतिविधियों से अवगत कराने के लिये मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के अंतर्गत इंदौर संभाग के 75 युवाओं का दल आज 14 सितम्बर को देश की सीमा पर स्थित विभिन्न जिलों के लिये रवाना होगा। यह दल डीआईजी कार्यालय इंदौर से जायेगा। दल को शाम 6 बजे हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जायेगा। इस दल को खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा विशेष ट्रेन के माध्यम से भिजवाया जा रहा है। यह दल देश की सीमा पर स्थित जैसलमेर, लोगोवाला सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा करेगा और सैन्य गतिविधियों से अवगत होगा। दल में शामिल युवा सैनिकों से मुलाकात करेंगे तथा उनकी दिनचर्या की जानकारी लेंगे।
 महिपाल/कपूर