Thursday, 16 March 2017


तीन दिवसीय संगीत समारोह कार्यक्रम 
राग अमीर 19 मार्च से रवीन्द्र नाट¬ गृह में
इंदौर 16 मार्च, 2017
मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा उस्ताद अमीर खाँ की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय संगीत समारोह कार्यक्रम राग अमीर का शुभारंभ स्थानीय रवीन्द्र नाट¬ गृह में 19 मार्च से 21 मार्च, 2017 तक सांय 7 बजे किया जायेगा।
इस तीन दिवसीय संगीत समारोह राग अमीर में 19 मार्च को धुपद गायन श्री अफजल हुसैन भोपाल तथा सरोद श्री तेजेन्द्र नारायण मजूमदार कोलकत्ता, 20 मार्च गायन सुचारिता गुप्ता वाराणसी तथा सितार निशात खाँ नईदिल्ली और गायन रूचिरा पाण्डा कोलकता, 21 मार्च तबला अनुराधा पाल मुम्बई तथा गायन कैवल्य कुमार गुरव पुणे उक्त दिवसों आयोजित कार्यक्रम में अपनी-अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 19 मार्च,2017 को सायं 4 बजे प्रीतमलाल दुआ वीथिका में प्रदर्शनी का संयुक्त शुभारंभ किया जायेगा।
ललित कला प्रदर्शनी, प्रीतमलाल दुआ वीथिका, रीगल चौराहा तथा मूर्तिकला प्रदर्शनी एमजी रोड स्थित कैनरी फाइन आर्ट गैलेरी में 19 मार्च से 23 मार्च, 2017 तक लगायी जायेगी। यह प्रदर्शनी दोपहर 12 से रात्रि 8 बजे तक उक्त दिवसों में प्रतिदिन खुली रहेगी।
दो दिवसीय कला संवाद का कार्यक्रम 20 व 21 मार्च, 2017 को प्रात: 11 बजे से रीगल चौराहा स्थित प्रीतमलाल दुआ सभागार में आयोजित किया जायेगा। कला संवाद कार्यक्रम में क्रमश: श्री उदयन वाजपेयी तथा श्री कपिल तिवारी शामिल होंगे।
राठौर/कपूर

सपना आंगनवाड़ी सहायिका नियुक्त
इंदौर 16 मार्च, 2017
संभागीय संयुक्त संचालक एकीकृत बाल विकास सेवा इंदौर संभाग द्वारा इंदौर जिले की बाल विकास परियोजना सांवेर के सेक्टर धरमपुरी के आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम लक्ष्मणखेड़ी की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केन्द्र में सहायिका का पद 09 माह से रिक्त है, जिससे केन्द्र संचालन में कठिनाई आ रही है। संभागीय संयुक्त संचालक श्री राजेश मेहरा द्वारा तत्काल परियोजना अधिकारी सांवेर को निर्देशित कर प्रतीक्षा सूची में प्रथम स्थान पर चयनित श्रीमती सपना पति दिनेश, जो कि 8वीं उत्तीर्ण है, को आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर तुरंत नियुक्ति प्रदान की गयी। उक्त नियुक्ति कार्यकर्ता द्वारा अवगत कराये जाने के मात्र दो घण्टे में करायी गयी तथा चयनित आवेदक को घर जाकर अधिकारियों ने नियुक्ति-पत्र दिया।
सिंह/कपूर
आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण
इंदौर 16 मार्च, 2017
जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा इंदौर श्री सी0एल0पासी द्वारा एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना सांवेर के सेक्टर पालिया एवं अजनोद के आंगनवाड़ी केन्द्र पालिया, बघाना, धतूरिया एवं टाकून का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम बघाना, धतूरिया एवं टाकून के आंगनवाड़ी केन्द्र बंद पाये गये। कार्यकर्ता एवं सहायिका केन्द्र से अनुपस्थित पायी गयीं।
उक्त केन्द्रों के बंद पाये जाने के कारण संबंधित पर्यवेक्षक श्रीमती मालती शर्मा, एवं श्रीमती राजकमल पाठक को निलंबित किये जाने संबंधी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। बघाना, धतूरिया एवं टाकून की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को पद से पृथक करने संबंधी कार्यवाही किए जाने के लिये परियोजना अधिकारी सांवेर को पत्र जारी किया गया है।
सिंह/कपूर



सभी कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के सख्त निर्देश
----
क्षेत्रवार दल गठित कर आंगनवाड़ी केन्द्रों का कराया जायेगा आकस्मिक निरीक्षण

इंदौर 16 मार्च, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में आज महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी । बैठक में कलेक्टर श्री पी0 नरहरि ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि जिले के सभी कुपोषित बच्चों को पोषण आहार देकर तीन माह में सामान्य श्रेणी में लाया जाये। जिले में कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं रहना चाहिये। कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कराकर उन्हें सामान्य श्रेणी में लाया जाये। जिन बच्चों का वजन पोषण आहार के बाद भी नहीं बढ़ रहा है, उनको शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र ले जाकर इलाज कराया जाये। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिये क्षेत्रवार दल गठित कर आकस्मिक निरीक्षण कराया जायेगा।
श्री नरहरि ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि महिलाओं और बच्चों को समय पर नाश्ता और भोजन मिलना चाहिये। यदि वे आंगनवाड़ी केन्द्र नहीं आ सकते तो उन्हें घर-घर जाकर नाश्ता और भोजन मुहैया कराया जाये। उन्होंने आगंनवाड़ी केन्द्रों पर गर्भवती माताओं के टीकाकरण और किशोरी बालिकाओं को एनीमिया की दवा वितरित करने के भी निर्देश दिये।  उन्होंने कहा कि आधार सीडिंग करके ही महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया जाये। 
बैठक में उदिता कार्नर के तहत नैपकिन वितरण, आंचल कार्नर, किशोरी बालिकाओं में खून की कमी, एलबेण्डाजॉल दवा वितरण, फोलिक एसिड दवा वितरण की भी समीक्षा की गयी। उन्होंने सभी परियोजना अधिकारियों से कहा कि वे लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें अन्यथा उनके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी बड़े कार्यक्रमों, टीकाकरण, शिविर में जनप्रतिनिधियों मसलन-सांसद प्रतिनिधि, विधायक, जिला पंचायत सदस्य आदि को जरूर आमंत्रित किया जाये। बैठक में बताया गया कि जिले में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 89 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। शेष 11 प्रतिशत लक्ष्य 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिये गये। बैठक में उषाकिरण योजना के तहत घरेलू हिंसा, विपत्तिगत महिलाओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण, महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट में महिलाओं को सामुदायिक नेतृत्व के प्रशिक्षण पर चर्चा की गयी। बैठक में लाडो अभियान के तहत बाल विवाह रोकने के निर्देश दिये गये। बैठक में अनाथ आश्रम, किशोर न्याय, चाईल्ड लाइन, नशा मुक्ति केन्द्र, शौर्या दल की भी चर्चा की गयी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया,जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री चम्पालाल पासी, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री बी0डी0साहू, सीडीपीओ श्री रवि शर्मा आदि मौजूद थे।
सिंह/कपूर

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
--------
मनरेगा के तहत सभी ग्रामों में बनेंगे श्मशान घाट, सुदूर सड़क और खेल मैदान
इंदौर 16 मार्च, 2017
कलेक्टर श्री पी0 नरहरि की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुये कलेक्टर श्री नरहरि ने अधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीण विकास विभाग की सभी योजनाओं में 31 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य  हासिल करें। काम न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि आवासहीन प्रत्येक परिवार को आवास दिया जाये।ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन परिवारों को चरनोई भूमि या अन्य भूमि से आवासीय भू-खण्डों के पट्टे दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य शासन और केन्द्र शासन के निर्देशानुसार सभी ग्रामों में खेल मैदान और श्मशान घाट और सम्पर्क मार्ग बनाया जायेगा , इसके लिये आवश्यक बजट प्राप्त हो गया है और इंदौर जिले में 18 मोक्षधाम, 78 खेल मैदान और 32 सूदूर सड़क बन चुकी हैं। 
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। किसी भी योजना का क्रियान्वयन करते समय जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर काम किया जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गुणवत्तायुक्त मकान बनाये जायें। किसी प्रकार का बिलंब बर्दाश्त नहीं की जायेगी। काम न करने वाले उपयंत्रियों और सहायक यांत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भवन की दीवार कम से कम 8 इंच मोटी होना चाहिये। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में अभी तक 7 हजार 622 इंदिरा आवास बन चुके हैं। शेष 165 इंदिरा आवास 31 मार्च तक पूर्ण कर लिये जायें। 
सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री नरहरि ने कहा कि जिले में 31 मार्च तक इंदौर जिले में सभी दिव्यांगों के नि:शक्तता प्रमाण-पत्र बन जाना चाहिये तथा उनके बैंक में खाते खुलवाकर उनके खातों को आधार नम्बर और मोबाइल नम्बर से जोड़ा जाये। बैठक में बताया गया कि इंदौर जिले में 2 लाख रूपये से कम लागत की नल-जल योजनायें ग्राम पंचायत द्वारा बनायी जायेंगी तथा उनका संधारण  और मरम्मत भी ग्राम पंचायत द्वारा की जायेगी। दो लाख रूपये से अधिक एस्टीमेट वाली नल-जल योजनाओं का निर्माण लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग द्वारा किया जायेगा। 
बैठक में कलेक्टर श्री नरहरि ने कहा कि गत वर्ष की तरह इसवर्ष भी रबी फसल कट जाने के बाद तालाबों का गहरीकरण तेजी से किया जाये। यह अभियान अप्रैल, मई, जून में तेजी से चलाया जाये। किसानों को बेरोकटोक तालाबों से उपजाऊ मिट्टी लेने की अनुमति दे दी जाये। उन्होंने कहा कि खुले में शौच से ग्रामीण क्षेत्र मुक्त हो चुके हैं मगर उन पर सतत निगरानी रखने का दायित्व ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का है। इस अभियान में किसी भी प्रकार शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया, एसडीएम महू श्री संदीप, एसडीएम राऊ सुश्री नेहा मीणा, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय डॉ.बी0सी0जैन आदि मौजूद थे।
सिंह/कपूर