Friday, 19 May 2017

सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों को 
सभी मूलभूत सुविधायें मुहैया करायी जायेगी
------
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने विस्थापन एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की
इंदौर 19 मई, 2017
कमिश्नर श्री संजय दुबे की अध्यक्षता में आज कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में सरदार सरोवर बांध से प्रभावित विस्थापितों के पुनर्वास के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में एडीजीपी श्री अजय शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे। इस अवसर पर कमिश्नर श्री दुबे ने कहा कि विस्थापितों को सभी मूलभूत सुविधायें मुहैया करायी जायेंगी। पेयजल, सड़क, टीनशेड, स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य की दुकान आदि की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बड़वानी, खरगोन, अलीराजपुर और धार के कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि अगले दो महीने में विस्थापन संबंधी समस्त कार्य पूर्ण हो जाने चाहिये। विस्थापन संबंधी समस्त तैयारियां कल से ही शुरू कर दी जायें।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य शासन के आदेशों का पालन कराने के लिये प्रशासन कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि विस्थापन में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों को दिन-रात मेहनत करके विस्थापितों को मूलभूत सुविधायें मुहैया कराना है। पुनर्वास से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को विशेष परिस्थिति को छोड़कर अवकाश नहीं दिया जायेगा। पुनर्वास स्थल पर पशुओं और पशुचारे के लिये टीनशेड और अस्थाई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की भी व्यवस्था रहेगी। कुल 176 गांव डूब प्रभावित क्षेत्र में आ रहे हैं। डूब प्रभावित क्षेत्र में आने वाले पेड़ों की भी कटाई की जायेगी। पूरे संभाग में आगामी दो जुलाई को व्यापक पैमाने पर नहर के किनारे और सड़क के किनारे वृक्षारोपण किया जायेगा। विस्थापित ग्रामों में होने वाले निर्माण कार्यों का मूल्यांकन पुनर्वास अधिकारी, एनव्हीडीए और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के तीन सदस्यीय दल द्वारा किया जायेगा। विस्थापन कार्य 30 जुलाई, 2017 तक पूरा किया जाना है। विस्थापन के दौरान पूरे समय मई, जून और जुलाई में पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। 
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य एनव्हीडीए, पीडब्ल्युडी और ग्राम पंचायत द्वारा किया जायेगा।विस्थापित ग्रामों में डब्ल्युबीएम रोड, डामर रोड, भवनों की मरम्मत, पानी की पर्याप्त व्यवस्था और शौचालय बनाये जायेंगे। सारे काम युद्ध स्तर पर किये जायेंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा वाटर सप्लाई और शौचालय बनाने के कार्य किये जायेंगे। शौचालयों में वाटर सप्लाये, वाटर क्लिीनिंग, हैडटैंक आदि की व्यवस्था रहेगी। सारे कार्यों के लिये नर्मदा घाटी विकास, प्राधिकरण द्वारा पर्याप्त बजट उपलब्ध करा दिया गया है। बड़े विस्थापित ग्रामों में ट¬ुबवेल और वाटर टैंक के जरिये निस्तार के लिये पानी उपलब्ध कराया जायेगा। विस्थापन की पूरी जिम्मेदारी राज्य शासन द्वारा कलेक्टरों पर तय की गयी है। विस्थापित ग्रामों में अस्थाई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले जायेंगे, जहाँ पर सभी प्रकार की जरूरी दवायें उपलब्ध रहेगी। पुलिस और स्टाफ के लिये अस्थाई शेड बनाये जायेंगे। सरदार सरोवर बांध का वाटरलेवल बढने की सायरन बजाकर ग्रामीणों को सूचना दी जायेगी। विस्थापन स्थल पर जनरेटर, टार्च, पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की भी व्यवस्था की गयी है। डूब क्षेत्र में आने वाले मंदिरों का भी विस्थापित किया जायेगा। पुनर्वास क्षेत्र में पशु चिकित्सालय की भी व्यवस्था रहेगी।
बैठक में आयुक्त एनव्हीडीए श्रीमती रेणु पंत, धार, अलीराजपुर, बड़वानी और खरगोन के कलेक्टर, उपायुक्त श्रीमती सपना शिवाले के अलावा वन, पुलिस, कृषि, आरईएस, लोक निर्माण विभाग, पशु पालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


आश्रम छात्रावासों में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ 
इंदौर 19 मई 2017
इन्दौर जिले में अनुसूचित जाति एवं आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न आश्रम और छात्रावासों में आगामी शिक्षण सत्र 2017-18 में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आश्रम तथा छात्रावासों में प्रवेश के लिये आगामी 5 जून तक आवेदन प्रस्तुत किये जा सकते हैं। 
आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन्दौर जिले में आगामी शिक्षण सत्र 2017-18 में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति जूनियर छात्रावासों में 150 बालक एवं 150 बालिकाओं, अनुसूचित जाति के सीनियर छात्रावासों में 240 बालक एवं 250 बालिकाओं को प्रवेश दिया जाना है। इसी तरह विमुक्त जाति बालक आश्रम में 35 बालक एवं विमुक्त जाति छात्रावास में 25 बालक एवं 25 बालिकाओं की सीटें रिक्त हैं। जूनियर छात्रावासों में कक्षा छटवी एवं सीनियर छात्रावासों में कक्षा 9वी के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जायेगा। इसी तरह आश्रम शाला में कक्षा पहली एवं विमुक्त जाति छात्रावास में कक्षा छटवी में प्रवेश के लिये आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। 
प्रवेश के संबंध में विस्तृत जानकारी कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-215 में स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है। इसके अलावा मण्डल संयोजक श्री विजय जायसवाल के मोबाइल नंबर 9827552325, अधीक्षक श्री संजय बिल्लौर के मोबाइल नंबर 9826056085 तथा अधीक्षिका श्रीमती ज्योति जोशी के मोबाइल नंबर 9993920845 से सम्पर्क किया जा सकता है। 


अजा-जजा के आवेदकों को पीएससी के साक्षात्कार का 
दिया जायेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण
इंदौर 19 मई 2017
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2016 के अंतर्गत साक्षात्कार के लिये चयनित अनुसूचित जाति-जनजाति के आवेदकों को साक्षात्कार का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके लिये शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय भंवरकुंआ ए.बी.रोड के पीछे स्थित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 
प्राचार्य परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर श्रीमती अलका भार्गव ने बताया कि इसके लिये 27 मई, 2017 से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इच्छुक अभ्यर्थी, जिन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2016 के अंतर्गत मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की है, उनका चयन साक्षात्कार के लिये हुआ है, वे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के विभिन्न पहलुओं के संबंध में जानकारी दी जायेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी केन्द्र के दूरभाष नम्बर 0731-2400247 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

बाल विवाह की सूचना समय पूर्व नहीं देने पर 
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध होगी कार्यवाही
इंदौर 19 मई, 2017
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले विवाह समारोहों पर सजग निगरानी रखें। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर उसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दें। बाल विवाह रोकने के लिये वे पूर्ण गंभीरता के साथ प्रयास करें। 
संभागायुक्त श्री दुबे ने निर्देश दिये हैं कि बाल विवाह की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करें। बाल विवाह की सूचना समय पर नहीं देने तथा लापरवाही करने पर संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजेश मेहरा ने बताया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर सबसे पहले समझाइश देकर बाल विवाह को रूकवाया जाये। समझाइश के पश्चात भी अगर संबंधित पक्ष बाल विवाह करते हैं, तो उनके विरूद्ध आगामी कार्यवाही की जाये।



जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक 25 मई को

इंदौर 19 मई, 2017
इंदौर जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक 25 मई को अपरान्ह 4 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गयी है। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री पी.नरहरि करेंगे।
इस बैठक में विभिन्न बैंकों के मैनेजर तथा विभिन्न शासकीय विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में रिजर्व बैंक के बैंकिंग मानदण्डों, वित्तीय लेन-देन को केशलेश करने तथा डिजिकरण व्यवस्था को सुचारू बनाने, इस संबंध में जागरूकता लाने, कृषकों की आय को दुगुना करने के लिये किये जा रहे प्रयासों, शासकीय योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति, स्टेण्डअप इंडिया योजना के क्रियान्वयन, कौशल विकास योजना आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की जायेगी।
 महिपाल/कपूर