Wednesday, 8 March 2017


मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा फोटोयुक्त मतदाता 
परिचय-पत्र बनाने का कार्य जारी
इंदौर 8 मार्च, 2017
इंदौर जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा फोटोयुक्त मतदाता परिचय-पत्र बनाने का कार्य जारी है।  जिले में ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करायें। ऐसे युवा जिन्होंने एक जनवरी, 2017 को  18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिये नागरिकों को ऑन लाइन तथा मतदाता सहायता केन्द्र  और संबंधित क्षेत्र के बीएलओ को  आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गयी है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदाता अपने नाम, पते तथा अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिये भी आवेदन कर सकते हैं। बताया गया  है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिये आवेदक को आवेदन-पत्र के प्रारूप-6 में अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा। यह आवेदन-पत्र ऑनलाइन www.ceomadhyapradesh.nic.in तथा www.eci.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है । इसके साथ ही "" जिला स्तरीय मतदाता सहायता केन्द्र'' जो कि कलेक्टोरेट स्थित ""समाधान केन्द्र'' में विन्डो क्रमांक 8 पर संचालित है, से भी फार्म प्राप्त किये जा सकते हैं। साथ ही फार्म कैसे भरें? तथा कहंा जमा करें ? इनकी जानकारी भी वहीं से प्राप्त की जा सकती है। नागरिकों को संबंधित फार्म भरकर एवं फोटो, पता और आयु के प्रमाण के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा अपना मतदाता फोटो परिचय-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल व सुगम बनाने के उद्देश्य से बहुविकल्पिय व्यवस्था बनायी गयी है। तद्नुसार आवेदक ऑन लाइन आवेदन कर सकते हैं, मतदाता सहायता केन्द्रों पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं अथवा अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र के बीएलओ को आवेदन जमा कर सकते हैं। 
ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने हेतु आयोग की वेबसाइट www.nvsp.in पर जाना होगा। इस वेबसाइट पर Apply On-Line पर क्लिक करें और फार्म-6 में अपना नाम एवं पता प्रमाण के साथ आवेदन को अपलोड करें। यदि निर्वाचक नामावली की प्रविष्टियों में कोई संशोधन या सुधार चाहते हैं तो संशोधन हेतु फार्म ""प्ररूप-8'' भरा जा सकता है।
इंदौर जिले में कुल-9 विधानसभा क्षेत्र हैं तथा विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्येक विधानसभा कार्यालय में एक-एक ""मतदाता सहायता केन्द्र'' संचालित है। जिन पर वर्षभर दावे/आपत्तियां (आवेदन फार्म) प्राप्त किए जा रहे हैं। जिले में देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिये तहसील कार्यालय देपालपुर, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर एक का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट इंदौर कक्ष क्रमांक 213,विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर दो का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट कक्ष क्रमांक 302,विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर तीन का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट कक्ष क्रमांक 302,विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर चार का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट कक्ष क्रमांक 302,विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर पांच का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट कक्ष क्रमांक 302,विधानसभा क्षेत्र राऊ का सहायता केन्द्र कलेक्टोरेट इंदौर कक्ष क्रमांक 302,विधानसभा क्षेत्र महू का तहसील कार्यालय, महू तथा विधानसभा क्षेत्र सांवेर का तहसील कार्यालय सांवेर में स्थापित है।
इन मतदाता सहायता केन्द्रों पर प्राप्त आवेदन-पत्रों पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विशेष ध्यान देकर मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान-पत्र उन्हें एक माह में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करते हैं।
बीएलओ को आवेदन प्रस्तुत करने हेतु www.ceomadhyapradesh.nic.in पर जाकर KnowYourBLO पर क्लिक कर आप अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र के बीएलओ का नाम व मोबाइल नम्बर ज्ञात कर सकते हैं। इसके साथ ही ऊपर वर्णित मतदाता सहायता केन्द्र के कर्मचारियों से मोबाइल नम्बर पर बात करके भी आप अपने क्षेत्र के बीएलओ की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
महिपाल/कपूर
इंदौर एवं महू शहरी क्षेत्र में शहरी आशा कार्यकर्ताओं की होगी भर्ती
इंदौर 8 मार्च, 2017
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम अंतर्गत इंदौर जिले के इंदौर एवं महू शहरी क्षेत्र की चिन्हित मलिन बस्तियों के लिये शहरी आशा कार्यकताओं को चिन्हांकित किया जाना है। इस हेतु 250 से 2000 स्लम जनसंख्या (50 से 400 परिवार) पर एक शहरी आशा का चयन किया जायेगा। आशा कार्यकर्ता मलिन बस्ती की निवासी होना अनिवार्य है। आशा कार्यकर्ता हेतु आयु 25 से 45 वर्ष (शादीशुदा, तलाकशुदा, परित्यकता, विधवा) होना अनिवार्य है । आशा कार्यकर्ता को न्यूनतम 12वीं पास होना (12वीं पास न मिलने पर 10वीं पास महिला का चयन किया जा सकता है।) शहरी आशा के कर्तव्यों के समुचित निर्वहन हेतु आवेदक महिला को प्रतिदिन कम से कम 3 से 4 घण्टे का समय देने पर सहमत होना चाहिये।
आवेदन हेतु जानकारी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं हुकुमचंद अस्पताल, मल्हारगंज अस्पताल, नंदानगर अस्पताल एवं पी.सी.सेठी संयोगितागंज चिकित्सालय से प्राप्त की जा सकती है।
सिंह/कपूर
31 मार्च तक आधार कार्ड को राशन कार्ड से जोड़ने के सख्त निर्देश
इंदौर 8 मार्च, 2017
कमिश्नर श्री संजय दुबे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि वे 31 मार्च तक 99 प्रतिशत उपभोक्तओं के आधार कार्ड राशन कार्ड से जोंड़े। भारत सरकार और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार ऐसा करना जरूरी है। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिये आधार कार्ड को राशन कार्ड से जोड़ा जाना जरूरी है। 31 मार्च तक यदि यह काम नहीं हुआ तो संबंधित खाद्य अधिकारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। ज्ञातव्य है कि इंदौर संभाग में अभी तक लगभग 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं के आधार कार्ड राशन कार्ड से जोड़े गये हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर संभाग के सभी उचित मूल्य की दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक तौलकांटे लगाये जायेंगे।
सिंह/कपूर
शुष्क दिवस घोषित
इंदौर 8 मार्च, 2017
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि ने इंदौर जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये मध्यप्रदेश आबकारी नियम 1915 की धारा-62 के तहत सम्पूर्ण इंदौर जिले में अवस्थित देशी एवं विदेशी मदिरा की फुटकर विक्रय की दुकानों, अहाता, शॉपबार तथा मदिरा विक्रय केन्द्रों को 13 मार्च धुलेंडी और 17 मार्च रंगपंचमी को शाम 5 बजे तक बंद करने के निर्देश दिये हैं तथा दोनों दिन शुष्क दिवस घोषित किया है।
सिंह/कपूर
15 मार्च से 14 मई तक 1625 रूपये प्रति Ïक्वटल की 
दर से होगी औसत अच्छी किस्म के गेहूं की खरीदी
---
राज्य शासन द्वारा गेहूं खरीदी की चाकचौबंद व्यवस्था करने के सख्त निर्देश
--
रबी गेहूं उपार्जन संबंधी बैठक सम्पन्न
इंदौर 8 मार्च, 2017
कमिश्नर श्री संजय दुबे की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रबी गेहूं उपार्जन के संबंध में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर कमिश्नर श्री दुबे ने खाद्य, सहकारिता, नापतौल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूं खरीदी की चाकचौबंद व्यवस्था होना चाहिये, किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस बार गेहूं की खरीदी 1625 रूपये प्रति Ïक्वटल की दर से किये जाने के निर्देश है। इंदौर संभाग में एक लाख 13 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष संभाग में अधिक खरीदी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीदी संबंधी जानकारी एसएमएस से दी जायेगी तथा बारी-बारी से खरीदी की जायेगी। इसके अलावा किसानों को सात दिन के भीतर ऑनलाइन भुगतान किया जायेगा।
इस अवसर पर आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल श्री फैज अहमद किदवई ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर संभाग में 15 मार्च से गेहूं की खरीदी शुरू की जायेगी। गेहूं औसत अच्छी किस्म का होना चाहिये। खराब किस्म का गेहूं नहीं खरीदा जायेगा। राज्य शासन द्वारा किसानों को ऑनलाइन भुगतान करने के निर्देश दिये गये हैं। प्रशासन द्वारा खरीदी केन्द्रों पर ही गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इंदौर संभाग में 334 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं। जहां पर छाया, पेयजल, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, परखी, बारदान और आद्रता मशीन लगायी गयी है। इंदौर जिले में 48 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं। सभी केन्द्रों पर तौल कांटों का सत्यापन कर लिया गया है। इंदौर संभाग में इंदौर, धार, खण्डवा और खरगोन में ज्यादा गेंहू खरीदे जाने की संभावना है। यहां का गेहूं बुरहानपुर, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर के शासकीय भण्डारगृहों में भेजा जायेगा। खरीदी केन्द्रों पर डाटा इन्ट्री ऑपरेटर एवं अन्य कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गयी है। खरीदी केन्द्रों पर बारदाना आदि भेज दिये गये हैं। गेहूं का सायलों में भी भण्डारण किया जायेगा। गेहूं के परिवहन और भण्डारण की समुचित व्यवस्था की गयी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी केन्द्रों पर छाया और पेयजल का मुकम्मल इंतजाम होना चाहिये। किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आना चाहिये। इस खरीदी अभियान में खाद्य, सहकारिता, नापतौल, भण्डारगृह निगम के अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी होगी। प्रत्येक उपार्जन केन्द्र की मैपिंग की जाना अनिवार्य है, जिसके आधार पर ऑनलाइन चालान जमा होगें। उपार्जन केन्द्र पर ई-उपार्जन साफ्टवेयर में प्रतिदिन पैक बोरों की ऑनलाइन प्रविष्टि खरीदी केन्द्र समिति द्वारा की जायेगी। क्रय, परिवहन और भण्डारण की सारी व्यवस्था ऑनलाइन की गयी है,जिससे भण्डारण में विलंब न हो। 
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गेहूं उपार्जन से संबंधित दस्तावेज निश्चित स्थान पर रखा जाये,जिससे अंकेक्षण में कोई दिक्कत न आये। अंकेक्षण के दौरान परिवहन देयक, मण्डी श्रमिक देयक,समितियों के कमीशन के देयक सुरक्षित रखे जायें। 
मध्यप्रदेश विपणन संघ के विपणन संचालक श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि प्रदेश के पंजीकृत किसानों के सम्पूर्ण गेहूं की खरीदी समय-सीमा में की जाये तथा खरीदी करते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। इसके अलावा खरीदी केन्द्रों पर ऐसी व्यवस्था की जाये कि शांति एवं सुव्यवस्था बनी रहे। किसानों को एसएमएस के जरिये सूचना देकर बारी-बारी से खरीदी के लिये बुलाया जाये तथा उन्हें 7 दिन के भीतर भुगतान कर भुगतान की सूचना भी एसएमएस से दी जाये। लगभग दो महीने चलने वाले इस खरीदी अभियान की निगरानी राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जायेगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी.नरहरि, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री आलोक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, जिला खाद्य नियंत्रक श्री पी.सी.मीणा तथा इंदौर संभाग के खाद्य, सहकारिता, विपणन संघ, भण्डार गृह निगम के अधिकारी मौजूद थे।
सिंह/कपूर
कलेक्टर श्री पी.नरहरि के निर्देश पर अभियान विशुद्ध के अंतर्गत छापामार कार्यवाही
-----
एसडीएम श्रीमती नीता राठौर ने सियागंज क्षेत्र में 8 दुकानों से घी के सेम्पल लिये
इंदौर 8 मार्च, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि द्वारा जिले में चलाये जा रहे विशुद्ध अभियान के अंतर्गत आज एसडीएम श्रीमती नीता राठौर द्वारा सियागंज क्षेत्र की 8 दुकानों से घी के सेम्पल लिये गये। कलेक्टर श्री नरहरि द्वारा जिले में खाद्य पदार्थ विक्रेताओं, होटल, गोडाउन और खाद्य सामग्री निर्माताओं के यहां निरंतर छापेमार की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये हैं, जिससे जिले की जनता को कहीं भी मिलावटी या अखाद्य पदार्थों का सामना न करना पड़े और जिले की जनता के स्वास्थ्य पर बुरा असर न पड़े। इसके लिये विगत एक वर्ष से अधिक समय से ऑपरेशन विशुद्ध अभियान चलाया जा रहा है,जिसके अंतर्गत होटलों, ढ़ाबों एवं खाद्य पदार्थ निर्माताओं के यहां छापेमार कार्यवाही कर नमूने लेकर जांच करायी जाती है।
एसडीएम श्रीमती नीता राठौर को मिलावट संबंधी सूचना प्राप्त होने पर उनके द्वारा सियागंज क्षेत्र में 8 से अधिक दुकानों पर छापामार कार्यवाही की गयी। इस कार्यवाही के दौरान खाद्य विभाग एवं नापतौल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी सम्मिलित रहे। एसडीएम श्रीमती नीता राठौर ने बताया कि कलेक्टर श्री नरहरि को शिकायत प्राप्त हुई थी कि माधव ब्रााण्ड नाम के घी में भारी मात्रा में मिलावट की जा रही है और उक्त ब्रााण्ड का घी दूसरे ब्रााण्ड के घी की तुलना में बाजार में सस्ता बेचा जाता है। यह घी उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले से इंदौर जिले में सप्लाई किया जा रहा है। उक्त शिकायत को संज्ञान में लेते हुये कलेक्टर द्वारा निर्देशित होने पर एसडीएम श्रीमती राठौर द्वारा यह कार्यवाही की गयी है तथा 8 से अधिक प्रतिष्ठानों पर माधव ब्रााण्ड के घी के साथ-साथ अन्य कम्पनियों के घी के भी सेम्पल लिये गये और जांच के लिये भेजा गया। जांच में यदि सेम्पल मानक अनुसार नहीं पाये जाते हैं और उसमें मिलावट होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
राठौर/कपूर
रासुका
इंदौर 8 मार्च 2017
इंदौर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी. नरहरि ने आरोपी शशांक कौशल पिता हरि कुमार कौशल निवासी सर्वहारा इंदौर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के अंतर्गत निरूद्ध करने के आदेश जारी किया है। आरोपी शशांक के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
राठौर/कपूर