Sunday, 22 April 2018

पैरालीगल वालेन्टियर्स की होगी भर्ती- ..आवेदन की अंतिम तिथि 12 मई
इंदौर, 22 अप्रैल 2018
      न्याय सबके लिए की अवधारणा को मजबूत करने एवं यह सुनिश्चित करने के लिए कि विधिक सहायता सभी वर्ग के व्यक्तियों को मिल सके। इस हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला इंदौर तथा तहसील डॉ. अम्बेडकर नगर, देपालपुर, सांवेर और हातोद के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पैरा लीगल वालेन्टियर्स की नियुक्तियां की जा रही हैं। पैरा लीगल वालेन्टियर्स को विधि एवं विधि व्यवस्था के संबंध में आमजन को जागरूक करना होगा तथा उन्हें कार्यालय के दिशानिर्देश अनुसार अपना कार्य संपादित करना होगा।
पैरा लीगल वालेन्टियर्स को कार्यालय द्वारा इस हेतु प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। इस कार्य को संपादित करने के लिए पैरा लीगल वालेन्टियर्स को कोई वेतन देय नहीं होगा बल्कि उनके कार्य के आंकलन के आधार पर उन्हें नियमानुसार मानदेय का भुगतान किया जावेगा।
      पैरा लीगल वालेन्टियर्स के रूप में कार्य करने के इच्छुक व्यक्ति, जो कि सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिेक, रिटायर्ड शासकीय सेवक, शिक्षक, आगंनवाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका, छात्र, विधि छात्र एवं अन्य कोई व्यक्ति, जो कम से कम मैट्रिक उत्तीर्ण हो, वे कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 12 मई 2018 हैं। इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर में संपर्क कर सकते हैं।
उचित मूल्य दुकान विहीन पंचायतों के लिए आवेदन 25 अप्रैल तक
इंदौर, 22 अप्रैल 2018
      राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा विभाग की बेवसाइट http://www.food.mp.gov.in पर उचित मूल्य दुकान विहीन ग्राम पंचायतों की सूची दी गई हैं। उसी बेवसाइट पर दुकान विहीन आवंटन हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया भी बताई गई हैं। इसी तारतम्य में जिले में ग्रामीण क्षेत्र में 27 आवंटित शासकीय उचित मूल्य की दुकान, ग्राम पंचायत देवराखेडी, तलावली, पाडल्या, चिराखान, भिड़ोता, बेगंदा, हरनासा, सलमपुर, जलोदियापार, अहीरखेड़ी, बोरिया, कडोदा, उषापुरा, हसनाबाद, भाग्या, सिंदोड़ा, बाँक, हरनियाखेड़ी, कुवाली, दुर्जनपुरा, गांगलियाखेडी, आकवी, शिवनगर, नावदा, भैंसलाय, खुर्दा, राजपुरा को छोड़कर शेष 126 उचित मूल्य दुकानविहीन ग्राम पंचायतों में दुकान आवंटन के लिए पात्र संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन पत्र 31 मार्च 2018 तक आमंत्रित किये गये थे। ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होने को दृष्टिगत रखते हुए उचित मूल्य दुकानविहीन ग्राम पंचायतों में दुकान आवंटन हेतु ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2018 तक बढ़ाई गई हैं। ग्राम पंचायतों की सूची बेवसाइट http://www.food.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं। रिक्त ग्राम पंचायतों एवं दुकान आवंटन की प्रक्रिया के संबंध में क्षेत्रीय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
हाईकोर्ट में लोक अदालत में 35 लाख रूपये से अधिक के अवार्ड पारित
इंदौर, 22 अप्रैल 2018
   हाईकोर्ट जबलपुर के निर्देशानुसार आज इंदौर जिले में तहसील से लेकर हाईकोर्ट तक लोक अदालत का आयोजन किया गया। हाईकोर्ट इंदौर में लोक अदालत के लिए 5 खण्डपीठों का गठन किया गया। इन खण्डपीठों के समक्ष मोटर दुर्घटना, क्रिमिनल अपील, अवमानना, सर्विस मैटर आदि के 1447 प्रकरणों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिसमें से 223 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिसमें से 50 प्रकरण मोटर दुर्घटना के थे। इन प्रकरणों में कुल 35 लाख 16 हजार रूपये के अवार्ड पारित किये गये। लोक आदलत में भूमि अधिग्रहण के 39 प्रकरणों का निराकरण किया गया।