Tuesday, 24 April 2018

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को
सौंपे गये विभिन्न शाखाओं के दायित्व
इंदौर 23 अप्रैल 2018     
       कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निशान्त वरवड़े ने प्रशासकीय कार्यसुविधा की दृष्टि से जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को विभिन्न शाखाओं के दायित्व सौंपे हैं।
      इस संबंध में जारी आदेशानुसार संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी संयोगितागंज श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव को शिकायत, लोकायुक्त/आर्थिक अपराध अन्वेषण, लोक सेवा गारंटी आदि शाखाओं का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें काल सेंटर का नोडल अधिकारी और जगन्नाथ मिडिल स्कूल छावनी प्रशासक बनाया गया है। इसी तरह डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी विजय नगर एवं सेंट्रल कोतवाली श्री शाश्वत शर्मा को अभिलेखागार राजस्व, सामान्य पीसीएण्डपीएनडीटी एक्ट लोक सूचना अधिकारी, जीएमएफसी, जनसुनवाई तथा समाधान ऑनलाइन का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
      डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी राऊ एवं सांवेर श्री बिहारी सिंह को स्थापना, भूअर्जन, कलेक्टर हेल्प लाइन, समाधान समिति, वरिष्ठ लिपिक शाखा, नजूल, शहरी सीलिंग, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी मल्हारगंज एवं कम्पेल-खुड़ेल श्री राकेश शर्मा को लेखा शाखा, भूप्रबंधन, भूअभिलेख/व्यपवर्तन, चरित्र सत्यापन, सहायक अधीक्षक राजस्व एवं सामान्य, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व देवस्थान वक्फ बोर्ड, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं दण्डाधिकारी जूनी इन्दौर श्री जमील खान को उप जिला निर्वाचन अधिकारी (भारत निर्वाचन तथा स्थानीय निर्वाचन), जेसी शाखा, जनगणना, आपदा प्रबंधन, ब्रिस्क, संस्थागत वित्त, चिटफण्ड, अल्प बचत, तम्बाकू नियंत्रण, परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर सुश्री लेखा को नजारत, विभागीय जाँच, रेड क्रास, आवक-जावक, स्टेशनरी एवं लायब्रेरी आदि शाखाओं का दायित्व सौंपा गया है।
अजा-अजजा के युवाओं को दिया जायेगा
पीएससी परीक्षा का नि:शुल्क प्रशिक्षण
इंदौर 24 अप्रैल 2018     
      मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2019 का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण 21 मई 2018 से शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में शुरू होगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जाति/जनजाति के युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा‍।
      परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र की प्राचार्य श्रीमती अलका भार्गव ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मई 2018 हैं। आगामी 18 मई 2018 को प्रशिक्षण के लिए चयनित उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ऐसे आवेदक जिन्होंने स्नातक परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं और उनके परिवार की वार्षिक आय 4 लाख रूपये से अधिक नहीं है, आवेदन कर सकते हैं। 
दिशा की बैठक 28 अप्रैल को
इंदौर 24 अप्रैल, 2018
      जिला विकास और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में 28 अप्रैल को दोपहर एक बजे रेसीडेंसी के सभाकक्ष में आयोजित होगी।
      इस बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों के गहरीकरण एवं जल संवर्धन की कार्यक्रम की समीक्षा की जायेगी तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसके साथ ही बैठक में राष्ट्रीय, ग्रामीण तथा शहरी पेयजल कार्यक्रम और राष्ट्रीय कृषि सिंचाई योजना की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। बैठक में सभी संबंधित विभागों को सम्पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं।
इन्दौर की सरस्वती नदी की साफ-सफाई, गहरीकरण करने,
 वृक्षारोपण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य किया जायेगा
---------------
समन्वित कार्ययोजना बनाकर शीघ्र काम होगा शुरू
---------------
समीक्षा बैठक सम्पन्न
इन्दौर 24 अप्रैल, 2018
      इन्दौर शहर की नदियों के संरक्षण के लिये किये जाने वाले कार्यों के संबंध में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के परिप्रेक्ष्य में गठित समिति की बैठक आज कलेक्टर श्री निशान्त वरवड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री निधि निवेदिता, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, इन्दौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौतम सिंह, श्री किशोर कोडवानी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
      बैठक में इन्दौर शहर में नदियों के संरक्षण के लिये किये जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में तय किया गया कि इन्दौर की सरस्वती नदी के गहरीकरण, साफ-सफाई, वृक्षारोपण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र किया जायेगा। इसके लिये विभिन्न संबंधित विभागों द्वारा समन्वित कार्ययोजना बनाई जायेगी। बैठक में बताया गया कि सरस्वती नदी में गाद निकालकर उसके गहरीकरण करने, वृक्षारोपण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य 18 किमी तक लम्बाई में किया जायेगा। यह कार्य पीपल्यापाला के आगे से शुरू होगा। इस कार्य के लिये विभिन्न विभागों जैसे नगर निगम, इन्दौर विकास प्राधिकरण, जल संसाधन, वन विभाग, टीएनसीपी आदि विभागों को जवाबदारी सौंपी गई है। कलेक्टर श्री वरवड़े ने निर्देश दिये हैं कि उक्त सभी विभाग शीघ्र ही समन्वित कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करें। बताया गया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में नदी संरक्षण के कार्यों के लिये नाबार्ड की वित्तीय मदद भी ली जायेगी। बताया गया कि जिले में नदियों का सीमांकन करा लिया गया है। बैठक में तय किया गया कि नदी की सीमा में आने वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह के नये निर्माण की अनुमति नहीं दी जायेगी। नदी के आसपास तथा शहर में बने सभी मैरिज गार्डनों को सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा विभिन्न मापदण्डों की पूर्ति करना होगी। बैठक में निर्देश दिये गये कि सरस्वती नदी के संरक्षण का कार्य चरणवार पूरा किया जाये। नदी में आउटफाल आक्साइडेशन के कार्य भी कराया जाये। तय किया गया कि सफाई पूर्व और सफाई के पश्चात वाटर सेम्पलिंग भी कराई जायेगी। कार्य की मॉनीटरिंग व कार्यवाही लेखन के लिये ओआइसी तथा सचिव की नियुक्ति हो गई है। कराये जाने वाले कार्य की नियमित समीक्षा की जायेगी। कार्य को पूर्ण करने के लिये समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिये गये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि समयसीमा का पालन किया जाये। बैठक में बताया गया कि कान्ह नदी के संरक्षण के तहत संवाद नगर से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला छावनी तक बेहतर कार्य हो रहा है। इसके परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।
लम्बित पेंशन प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण नहीं करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध होगी कार्यवाही
इंदौर 23 अप्रैल 2018     
      संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने सभी कार्यालय प्रमुखों को पत्र लिखकर निर्देश दिये हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों में लम्बित पेंशन प्रकरणों का अविलम्ब शत-प्रतिशत निराकरण करें। पेंशन प्रकरणों के निराकरण में उदासीनता पायी जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिये हैं कि वे कार्यालय में लंबित पेंशन प्रकरणों का स्वयं अपने स्तर से मॉनीटरिंग करें तथा पेंशन प्रकरणों का शत-प्रतिशत अविलम्ब निराकरण कर संभागीय पेंशन अधिकारी से पीपीओ/जीपीओ जारी कराकर साप्ताहिक प्रगति से अवगत करायें।
स्वास्थ्य विभाग का जच्चा-बच्चा टीकाकरण अभियान शुरू
इंदौर 24 अप्रैल, 2018
    ग्राम स्वराज्य अभियान के तहत गत दिवस इंदौर जिले में चिन्हित आठ ग्रामों -एमा बड़ोदिया, लक्ष्मण खेडी, भाग्या, कजलाना, चित्तौडा,(सांवेर ब्लाक), माचला (हातोद ब्लाक), रावद (देपालपुर ब्लाक), कुमेड़ी (नदांनगर जोन) में एमआई-404-एमपी में गर्भवती माताओं तथा छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इसमें गांव के गणमान्य नागरिक एवं 2 साल तक के पूर्ण टीकाकृत बच्चों के द्वारा अभियान प्रारंभ किया गया। भारत शासन के द्वारा निर्धारित सामाजिक मापदण्डों के आधार पर 404 गांवों का चयन किया, इसमें इंदौर जिले के आठ ग्राम चयनित किये गये। इन ग्रामों में टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चला कर यह प्रयत्न किया गया है कि कोई भी गर्भवती माता व 02 वर्ष का बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहें। यह अभियान मई व जून में भी आयोजित किया जाएगा।  कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए माताओं की बैठक, जागरूकता रैली, डोंडी पिटवाना एवं नारे लेखन, पोस्टर बैनर का प्रदर्शन आदि गतिविधियों के माध्यम से जन जागृति उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। अभी तक 54 बच्चों व 22 गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया गया। जिला स्तर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में अन्य अधिकारियों द्वारा सत्र का पर्यवेक्षण किया गया।