Thursday, 9 March 2017

पीएससी द्वारा होगी सहायक यंत्रियों की भर्ती
इंदौर 9 मार्च, 2017
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों के लिये सहायक यंत्री के 50 पदों की पूर्ति के लिये राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा-2017 का विज्ञापन जारी किया गया है। उक्त पदों के लिये ऑनलाइन आवेदन-पत्र 16 मार्च,2017 से 15 अप्रैल, 2017 तक आयोग की वेबसाइट www.mppscdemo.in, www.mppsc.nic.in तथा www.mppsc.com पर जमा किए जायेंगे। विस्तृत विज्ञापन रोजगार और निर्माण समाचार-पत्र के 13 मार्च, 2017 के अंक में प्रकाशित किया जाएगा।
अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन-पत्र क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के साथ ही नेट बैंकिंग द्वारा भी घर बैठे शुल्क भुगतान कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
सिंह/कपूर
15 मार्च को मनेगा उपभोक्ता दिवस
-----
उपभोक्ताओं के शामिल होने की अपील
इंदौर 9 मार्च,2017
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी खाद्य विभाग द्वारा विश्व उपभोक्ता दिवस का कार्यक्रम का आयोजन 15 मार्च,2017 को नवीन प्रशासनिक संकुल कलेक्ट्रेट आडोटोरियम द्वितीय मंजिल रूम नम्बर 210 में किया जायेगा।
उक्त अवसर पर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिये उपभोक्ताओं से जुडे विभाग जैसे-नापतौल, आइल कंपनी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, विद्युत कंपनी, खाद्य विभाग, टेलीफोन, जीवन बीमा कंपनी, दुग्ध संघ आदि विभागों की प्रदर्शनी या स्टॉल अनिवार्य रूप से लगाई जायेगी। इस अवसर पर खाद्य विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 15 मार्च,2017 को सुबह साढ़े 10 बजे कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त कर सकते है।
सिंह/अभिषेक
तार मिस्त्री परीक्षा हेतु आवेदन 30 अप्रैल तक
इंदौर 9 मार्च, 2017
मध्यप्रदेश अनुज्ञापन मण्डल के अंतर्गत आयोजित तार मिस्त्री परीक्षा माह जुलाई, 2017 परीक्षा केन्द्र इंदौर के लिये आवेदन-पत्र कार्यालय कार्यपालन यंत्री (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक मध्यप्रदेश शासन, 156,आरएनटी मार्ग, प्रथम मंजिल इंदौर ""अनुज्ञापन मण्डल शाखा'' से नि:शुल्क प्राप्त किये जा सकते हैं एवं आवेदन-पत्र डाक से मंगवाने के लिये स्वयं का पता लिखा लिफाफा जिस पर आवश्यक डाक टिकिट लगे हों, साथ भेजा जाये। आवेदन-पत्र पूर्ण रूप से भरा जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल, 2017 है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा। तार मिस्त्री परीक्षा हेतु निम्नानुसार अनुभव अनिवार्य है।
तारमिस्त्री परीक्षा के लिये आवेदक को मध्यप्रदेश में लायसेंसधारी विद्युत ठेकेदार के अधीन कम से कम दो वर्ष का तार (वायरिंग) लगाने का अनुभव अथवा अन्य विद्युत संस्थान में कार्य किया हो, ऐसा व्यावसायिक अनुभव होना चाहिय, जो कि अनुज्ञापन मण्डल द्वारा संतोषप्रद माना जाये। प्रस्तुत अनुभव प्रमाण-पत्र आवेदन दिनांक से पांच वर्ष पूर्व की अवधि का मान्य नहीं होगा व विद्युत ठेकेदार के अधीन कार्यरत आवेदन (प्रशिक्षु) का रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है तथा आवेदन-पत्र के साथ संलग्न स्व-प्रमाणित घोषणा-पत्र देना अनिवार्य है।
सिंह/अभिषेक
स्कूली बसों तथा यात्री वाहनों में 31 मार्च तक 
स्पीड गवर्नर लगवाना अनिवार्य
------
अंतिम तिथि के पश्चात स्पीड गवर्नर नहीं मिलने पर 
संबंधित वाहनों की अनुमति होगी निरस्त
इंदौर 9 मार्च, 2017
परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गत दो मार्च को भोपाल में सम्पन्न हुई बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार सभी स्कूली बसों और यात्री वाहनों में स्पीड गवर्नर लगवाना अनिवार्य किया गया है। इंदौर संभाग में सभी स्कूली बस तथा यात्री वाहन संचालकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने वाहनों में 31 मार्च तक हर हाल में स्पीड गवर्नर लगवा लें। इसके पश्चात वाहनों की आकस्मिक जांच की जायेगी।
संभागीय परिवहन उपायुक्त श्री संजय सोनी ने बताया कि जांच के दौरान उपरोक्त वाहनों में स्पीड गवर्नर नहीं पाये जाने पर संबंधित वाहनों की अनुज्ञा तत्काल निरस्त कर दी जायेगी। वाहन संचालकों तथा वाहन स्वामियों से कहा गया है कि वे 31 मार्च तक केन्द्रीय मोटरयान नियम 126 के तहत प्राधिकृत संस्था द्वारा प्रमाणित एवं सत्यापित उपकरण अपने-अपने वाहनों में लगवायें। उन्होंने बताया कि 31 मार्च के पश्चात अगर बगैर स्पीड गवर्नर लगाये वाहन से दुर्घटना होती है तो संबंधित वाहन स्वामियों, संचालकों तथा वाहन चालकों के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 304 ए के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया जायेगा।
श्व्
सिंह/अभिषेक

उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ
इंदौर 9 मार्च, 2017
इंदौर के शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र के लिये प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है। इस विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रतिभावान बच्चों को प्रवेश दिया जायेगा।
शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि इस स्कूल में प्रवेश के लिये विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन भरने का कार्य प्रारंभ हो गया है। यह आवेदन-पत्रwww.mponline.gov.in  लिंक पर लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत भरे जा सकते हैं। परीक्षा आवेदन-पत्र SOE-SOM APPLICATION FORM 2017-18 में भरना है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 मार्च, 2017 है। इस वर्ष कक्षा 8वीं की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्रायें भी आवेदन-पत्र भरकर चयन परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
श्व्
सिंह/अभिषेक