डिजीटल ट्रांजेक्शन को जन-जन तक पहुंचाने की अनूठी पहल ----------------------------
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे
----------------------------
नागरिकों को रोचक तरीके से सिखाये गये डिजीटल ट्रांजेक्शनइंदौर, 24 जनवरी 2017
डिजीटल ट्रांजेक्शन को जन-जन तक पहुंचाने के लिये एक अभिनव पहल के तहत आज
इंदौर के दशहरा मैदान में विशाल डिजीधन मेला आयोजित किया गया। इस मेले का
शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने किया। इस अवसर पर
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते विशिष्ट अतिथि
के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, इंदौर
विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, नागरिक आपूर्ति निगम के
उपाध्यक्ष श्री देवराज सिंह परिहार, संभागायुक्त श्री संजय दुबे, नीति आयोग
के अतिरिक्त सचिव श्री अनिल जैन, कलेक्टर श्री पी. नरहरि, डीआईजी श्री
हरिनारायणचारी मिश्रा, विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, एनपीसीआई के बिजनेस हेड
श्री पुष्पेन्द्र सिंह विशेष अतिथि थे। कार्यक्रम में सेलिब्रिाटी अतिथि
के रूप में प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी श्री अमय खुरासिया तथा प्रसिद्ध
नृत्यांगना सुश्री रागिनी मख्खर मौजूद थी।
कार्यक्रम को सम्बोधित
करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि विमुद्रीकरण का
प्रयास देश के विकास में नई इबारत लिखेगा। विमुद्रीकरण से डिजीटल
ट्रांजेक्शन को बढ़ावा मिल रहा है। डिजीटल ट्रांजेक्शन 21वी सदी का एक बड़ा
कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश में डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने
के लिये सुनियोजित प्रयास किये जा रहे हैं। इसके दीर्घकालीन सुपरिणाम
सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये सौ
स्थानों पर डिजी धन मेला आयोजित किये जाएंगे। कैशलेस ट्रांजेक्शन से
लेन-देन का व्यवहार व्यवस्थागत हो रहा है। इससे आय-व्यय का हिसाब रखने में
आसानी होगी। राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। विकास के लिये धन मिलेगा। विकास
को नई दिशा मिलेगी। आर्थिक अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। देश में
कैशलेस ट्रांजेक्शन के प्रति उत्साह तेजी से बढ़ रहा है। यह एक अच्छी शुरूआत
है। डिजीटल ट्रांजेक्शन से युवाओं में देश के लिये कुछ करने का जज्बा पैदा
हो रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य
राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री
नरेन्द्र मोदी द्वारा एक हजार तथा पांच सौ रूपये के पुराने नोटबंदी का जो
निर्णय लिया गया है वह साहसिक निर्णय है। इस निर्णय के कई अच्छे परिणाम मिल
रहे हैं। देश के विकास को नई गति मिलेगी।
महापौर श्रीमती मालिनी
गौड़ ने सम्बोधित करते हुए विमुद्रीकरण के निर्णय को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये इंदौर नगर निगम
में भी अपने स्तर से उल्लेखनीय प्रयास किये हैं। इसके तहत राजस्व वसूली के
लिये डिजीटल ट्रांजेक्शन की व्यवस्था शुरू की है। उन्होंने नागरिकों का
आह्वान किया कि वे डिजीटल ट्रांजेक्शन को अपनायें। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती
सुमित्रा महाजन ने नगर निगम को कैशलेस बनाने के लिये महापौर श्रीमती मालिनी
गौड़ का सम्मान किया।
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने बताया कि भारत
सरकार के निर्देशानुसार जिले में आज दशहरा मैदान में विशाल डिजी धन मेला
आयोजित किया गया। इस मेले में डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये
विभिन्न वित्तीय तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा शासकीय विभागों द्वारा 60
से अधिक स्टॉल लगाये गये। इन स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न रोचक तरीकों से
नागरिकों को कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी दी गई। बैंक द्वारा
व्यापारियों के लिये पीओएस मशीन से पंजीयन एवं बिक्री, बैंक खाता खोलने,
डेबिट प्रीपेड कार्ड के लिये पंजीयन व वितरण, बैंक से आधार व मोबाइल नंबर
लिंक करने तथा भारत सरकार द्वारा बनाये गये भीम एप को
डाउनलोड करने व
उसका उपयोग करने का प्रशिक्षण भी मेले में दिया गया। मेले में मोबाइल के
द्वारा भुगतान करने व भुगतान स्वीकार करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
लकी ग्राहक योजना का हुआ डिजीटल ड्रा
कार्यक्रम में भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा दिये गये निर्देशानुसार
डिजीटल रूप से लकी ग्राहक योजना का ड्रा निकाला गया। यह ड्रा लोकसभा
अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन तथा केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री
फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अन्य अतिथियों ने निकाला। इसके तहत यूएसएसडी
पद्धति से डिजीटल ट्रांजेक्शन करने वाले देश भर के नौ ग्राहकों का चयन किया
गया। इसी तरह यूपीआई पद्धति से डिजीटल ट्रांजेक्शन करने वाले 337, आधार
पद्धति से डिजीटल ट्रांजेक्शन करने वाले 509 तथा रूपे कार्ड के माध्यम से
क्रय करने वाले 14 हजार 145 ग्राहकों का चयन एक-एक हजार रूपये के पुरस्कार
के लिये किया गया। पुरस्कार की राशि का भुगतान भी डिजीटल पद्धति से किया
जायेगा। एनपीसीआई के बिजनेस हेड श्री पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि इस तरह
का ड्रा सभी सौ डिजी धन मेले में निकाला जायेगा। योजना के तहत मेगा ड्रा 14
अप्रैल को होगा।
सेलिब्रिाटी अतिथियों ने किया डिजीटल ट्रांजेक्शन
मेले में डिजीटल ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहन देने के लिये सेलिब्रिाटी
अतिथि प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी श्री अमय खुरासिया तथा प्रसिद्ध नृत्यांगना
रागिनी मख्खर ने मेले में डिजीटल ट्रांजेक्शन कर फूड जोन से खाद्य सामग्री
क्रय की। मेले में उन्होंने अन्य नागरिकों को भी कैशलेस भुगतान के लिये
प्रोत्साहित किया।
डिजी धन - मेहँदी के संग
मेले में महिलाओं को डिजीटल ट्रांजेक्शन के प्रति प्रोत्साहित करने के
लिये विशेष चौपाल लगाई गई। इस चौपाल पर महिलाओं के हाथों में मेहँदी लगाकर
उन्हें डिजीटल ट्रांजेक्शन के लिये प्रोत्साहित किया गया। मेहँदी में
डिजीटल ट्रांजेक्शन के विभिन्न संकेत भी उकेरे गये। जिससे कि महिलाओं का
रूझान डिजीटल ट्रांजेक्शन के प्रति बढ़े। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी. नरहरि
के मार्गदर्शन में मेहँदी के माध्यम से डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने
के लिये बनाई गई लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। लोकसभा अध्यक्ष
श्रीमती महाजन ने इस प्रयास की सराहना की।
खेल-खेल के माध्यम से सिखाया गया डिजीटल ट्रांजेक्शन
मेले में नागरिकों तथा बच्चों को खेल-खेल में डिजीटल ट्रांजेक्शन सिखाने
के लिये भी विभिन्न रोचक तरीके अपनाये गये। तदनुसार विद्यार्थियों के लिये
क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों के लिये किड्स जोन बनाये गये। मेले
में शतरंज, कैरम, लूडो, साँप सीढ़ी आदि खेलों के माध्यम से डिजीटल
ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहित किया गया। जन-जन तक डिजीटल ट्रांजेक्शन को
पहुंचाने के लिये डिजीटल रथ का शुभारंभ भी आज किया गया। इस रथ के माध्यम से
गाँव-गाँव जाकर लोगों को डिजीटल ट्रांजेक्शन के बारे में रोचक तरह से
प्रशिक्षण दिया जायेगा।
डिजीटल डाकिया बने संवाहक
मेले में डिजीटल ट्रांजेक्शन के बारे में नागरिकों को प्रशिक्षित करने के
लिये अभिनव पहल करते हुए डिजीटल डाकिया योजना के तहत नियुक्त किये गये
डिजीटल डाकिया ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इनके द्वारा मेले में आये
नागरिकों को मौके पर ही डिजीटल ट्रांजेक्शन के विभिन्न एप हाथोहाथ डाउनलोड
कर उनकी कार्यप्रणाली समझाई गई। साथ ही डिजीटल ट्रांजेक्शन के विभिन्न
तरीके भी बताये गये।
इंदौर जिले में 16 हजार 403 पीओएस के माध्यम से डिजीटल ट्रांजेक्शन
मेले में जानकारी दी गई कि इंदौर जिले में 45 बैंकों के माध्यम से 614
शाखाएं वित्तीय कामकाज कर रही हैं। इनके द्वारा जिले में कुल 12 लाख 56
हजार जन-धन खाते खोले गये हैं। इन जन-धन खातों में 142 करोड़ रूपये की राशि
जमा हुई है। जिले की बैंकों द्वारा कुल 16 हजार 403 पीओएस/ईडीसी मशीनें दी
गई हैं। इनके द्वारा जिले में डिजीटल ट्रांजेक्शन किया जा रहा है। जिले में
दो हजार 362 एटीएम कार्यरत हैं।
क्रमांक: 183/183 महिपाल /वटके