Wednesday, 14 March 2018

बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जन्म दिवस पर आयोजित होने वाले महा सम्मेलन की तैयारियों व्यापक स्तर पर जारी

कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने तैयारियों का लिया जायजा



इंदौर 14 मार्च, 2018

     प्रति वर्ष की तहत इस वर्ष भी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जन्म दिवस पर 14 अप्रैल 2018 को उनकी जन्म स्थली अम्बेडकर नगर (महू) में आयोजित होने वाले महा सम्मेलन की व्यापक तैयारियां जारी है। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने आज महू पहूंच कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े तथा एसडीएम श्री प्रतुल सिन्हा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री वरवड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी तैयारियां आयोजन की गरिमा के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाये।

     बताया गया कि  इस कार्यक्रम में देश-विदेश के लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावनायें हैं। राज्य शासन द्वारा मेजबान बनकर इन श्रद्धालुओं की आवभगत मेहमान की तरह की जायेगी। इस आयोजन से जड़ी व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए आज कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने महू में एसडीएम कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक भी ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन विभागों को बजट की आवश्यकता है, वे अपनी बजट की  मांग वरिष्ठ कार्यालय को कार्ययोजना सहित तुरंत भेज दें।

     कलेक्टर श्री वरवड़े महू पहूंच कर स्मारक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा भी लिया। साथ ही जानकारी दी गई की प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी महासम्मेलन स्वर्ग मंदिर परिसर में आयोजित होगा। इस परिसर में विशाल पंड़ाल बनाया जायेगा। इस पंड़ाल में श्रद्धालुओं के लिये पंखें और पीने की पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेंगी। इसी परिसर के पास में श्रृद्धालुओं के लिये भोजन शाला भी बनाई जायेगी। कलेक्टर श्री वरवड़े ने इन दोनों स्थानों पर तैयारियों का जायजा लिया है और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। 

     एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होने निर्देश दिए कि यह आयोजन विशाल पैमाने पर भव्य स्तर पर आयोजित किया जाये। आयोजन की सभी व्यवस्थाएं मार्च महीने के अंत तक पूर्ण कर ली जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि यह प्रयास किया जाय कि इस आयोजन में आने वाले किसी भी नागरिक को किसी भी तरह की परेशानी नही हो। बैठक में बताया गया कि प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा साहब अम्बेडकरजी के जन्म दिवस पर 14 अप्रैल को अम्बेडकर नगर महू में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसके लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला 12 अप्रैल से शुरू हो जायेगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में लगभग 2 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास आदि की व्यवस्था की जायेगी। आयोजन के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की जायेगी। शीतल पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई रूप से 850 शौचालय, स्नानागार बनाये जाएंगे।

     बैठक में बताया गया कि श्रद्धालुओं को लाने-लेजाने के लिए वाहनों की विशेष व्यवस्था की जायेगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न भाषाओं में संकेतक लगाये जायेंगे। इसके लिए विभिन्न भाषाओं में जानकारी देने के लिए उदघोषकों की व्यवस्था भी की जायेगी। बाबा साहब अम्बेडकर के जन्म स्थल पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की जायेगी और इसे विदयुत रोशनी से रोशन किया जायेगा।

क्रमांक 129/342/महिपाल/अभिषेक







संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय,इंदौर

समाचार

किरायेदारों, घरेलू नौकरों, होटल, लॉज, धर्मशाला में रुकने वाले

व्यक्तियों की जानकारी देना अनिवार्य

---------------------------

धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

इंदौर 14 मार्च, 2018

       कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री निशांत वरवड़े ने भारतीय दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर किरायेदारों, घरेलू नौकरों, विद्यार्थियों, होटल, लॉज, धर्मशाला में रुकने वाले व्यक्तियों, भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में संलग्न मजदूरों और पेर्इंग गेस्ट आदि की सूचना संबंधित थाने में देना जरूरी किया है। इस संबंध में जारी आदेश का पालन न करने पर भारतीय दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 188 के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी

       श्री वरवड़े द्वारा जारी आदेशानुसार जिले के संबंधित थाने में किरायेदारों की सूचना उनके आईडी प्रूफ के साथ प्रस्तुत करना होगी। इसी प्रकार घरेलू नौकरों व व्यवसायिक नौकरों, छात्रावासी विद्यार्थियों, होटल, लॉज, धर्मशाला आदि में रुकने वाले व्यक्तियों, भवन निर्माण के मजदूरों, पेर्इंग गेस्ट आदि की सूचना आईडी प्रूफ के साथ आवश्यक रूप से दी जाना जरूरी होगा। साथ ही 15 दिन से अधिक की अवधि से निवास करने वाले व्यक्तियों की सूचना भी संबंधित थाने में आईडी प्रूफ सहित संबंधित थाने में विहित प्रारूप में देना होगी। कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आगामी 6 मई, 2018 तक प्रभावशील रहेगा।

क्रमांक 128/341/महिपाल/कपूर

संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, इंदौर

सफलता की कहानी



दीपक की रोशनी से 5 परिवारों में रोजगार की रोशनी छाई

इंदौर 14 मार्च 2018

      मैं दीपक पिता अर्जुन अनुसूचित जाति ग्राम घाटा बिल्लौद तहसील देपालपुर जिला इंदौर म.प्र. का निवासी हूं और आठवी पास हूं। मुझे अपने दोस्तों के माध्यम से मालूम हुआ हैं कि म.प्र. शासन के मुख्य मंत्री अनुसूचित जाति आर्थिक विकास योजना चालू की गई हैं, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग के बंरोजगार युवाओं का अपना स्वयं का धंधा स्थापित करने हेतु ऋण दिया जाता हैं।

      मैंने भी अपना रोजगार चालू करने के लिए जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति इंदौर में संपर्क किया, जहां मुझे बताया गया है कि आपको बैंक के माध्यम से ऋण मिलेगा। जिसमें 30 प्रतिशत अनुदान राशि मिलेगी एवं 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलेगा। मैने ईंट भट्टा व्यवसाय हेतु राशि 5 लाख का आवेदन किया, जिसे विभाग के द्वारा बैंक ऑफ इंडिया शाखा बेटमा में भेजा गया। बैंक द्वारा मुझे व्यवसाय के बारे में पूछा गया, तथा मुझे 5 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ हैं। मैंने अपने गांव में ही लीज पर खदान लेकर ईंट बनाने का धंधा चालू किया गया। मुझे बैंक के द्वारा भी योजना में मार्गदर्शन दिया गया तथा किस्तों में ऋण राशि दी गयी। मेरे द्वारा प्रारंभ में 1 लाख ईंट बनायी गयी, जिसमें 05 लोगों को रोजगार भी मिला हैं। वर्तमान में ईंट 04 हजार रूपये प्रति हजार के भाव से बिक रही है, जिससे मुझे 25 से 30 हजार रूपये की आय होती हैं, जिससे बैंक की किस्त 7 हजार रूपये भी चुका रहा हूँ एवं आपने परिवार का भरण-पोषण भी कर रहा हुँ। पहले में मजदूरी कर 5 से 6 हजार रूपये व्यवसाय आगे बढ़ा रहा हूं तथा शासन कि योजना के बारे में दूसरे लोगों को भी बता रहा हूं।

क्रमांक 127/340/राठौर/जी

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय,इंदौर

समाचार

एचआईव्ही/एडस नियंत्रण हेतु जिला स्तर पर अंतर्विभागीय समन्वय के संबंध में कार्यशाला सम्पन्न

विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एचआईव्ही/एडस का समावेश किया जाय

इंदौर 14 मार्च, 2018

      जिला एडस रोकथाम एवं नियंत्रण इकाई इंदौर द्वारा बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष क्रमांक 210 में जिला स्तर पर अंतर्विभागीय समन्वय के संबंध में कार्यशाला सम्पन्न हुई। इस अवसर पर एचआईव्ही/एडस के संबंध में जनजागरूकता पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यशाला में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रचना दुबे ने विस्तार से प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया तथा विभागों से एचआईव्ही/एडस नियंत्रण कार्यक्रम में सहयोग से संबंधित अपेक्षाएं भी व्यक्त की। कार्यशाला कलेक्टर श्री निशांत बरवडे की अध्यक्षता, एडीएम श्रीमती रूचिका चौहान, एडीएम श्री कैलाश वानखेड़े, एडीएम श्री अजय शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नायक की विशेष उपस्थिति में आयोजित की गयी।

      कार्यशाला में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रचना दुबे ने बताया कि एडस की बीमारी एक एचआईव्ही (ह्युमन इम्युनो डिफिसिएनसी) वायरस द्वारा होती है। यह वायरस व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता समाप्त कर देता है तथा इसके कारण व्यक्ति को कई बीमारियां एक साथ हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि विश्व में एचआईव्ही/एडस ग्रस्त व्यक्तियों में भारत तीसरा बड़ा देश है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के मध्य में स्थित है और यहां से देश के कई बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं,जिससे बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ग्रसित व्यक्तियों के आने से संक्रमण के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि एचआईव्ही/एडस चार माध्यमों अर्थात असुरक्षित यौन संबंध से, संक्रमित सुईयों का उपयोग, गर्भवती माता से बच्चे में संक्रमण तथा संक्रमित खून चढ़ाने से फैलता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता व सावधानियां बरतने से एचआईव्ही/एडस के संक्रमण से बचा जा सकता है। उन्होंने एचआईव्ही/एडस  रोग के लक्षण, जाँच, बीमारी से निपटने हेतु चुनौतियों आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

      कार्यशाला में विभिन्न विभागों से सहयोग हेतु अपेक्षाएं भी व्यक्त की गयीं और बताया गया कि विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एचआईव्ही/एडस विषय का समावेश किया जाये,जिनमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को एचआईव्ही/एडस के बारे में संवेदनशील किया जाये। एचआईव्ही/एडस रोकथाम संदेशों को विभागीय प्रचार-प्रसार सामग्रियों में प्रिंट किया जाये वहीं शिक्षण संस्थानों रेड रिबन क्लब की स्थापना की जाये। स्वैच्छिक रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाये। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को एचआईव्ही/एडस संक्रमित व्यक्तियों के हित में संचालित करने का भी सुझाव दिया गया।

क्रमांक 126/339/भदौरिया/कपूर

स्वरोजगार सम्मेलन के लिए हितग्राहियों की नामजद सूची भिजवाने के निर्देश

जल संसाधन व ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को जलाशयों के

गहरीकरण/जीणोद्धार हेतु सूची भिजवाने के निर्देश

समयसीमा संबंधी लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में

कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने अधिकारियों को दिए निर्देश

इंदौर 14 मार्च 2018

      कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में आज बुधवार को समयसीमा संबंधी लंबित पत्रों तथा अंतर्विभागीय समन्वय संबंधी मामलों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि आगामी दिनों में गरीब कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में स्वरोजगार/गरीब सम्मेलन का आयोजन किया जाना हैं। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं में लाभांवित हितग्राहियों की नामजद सूची सोफ्ट/ हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं के साथ ही नगर निगम, ग्रामीण विकास, कृषि उद्यानिकी मत्स्य, उद्योग, एलडीएम तथा अन्य विभागों में विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने उक्त जानकारी के संकलन हेतु संयुक्त संचालक योजना एवं सांख्यिकी विभाग को निर्देशित किया।

      बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने जल संसाधन व ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को जिले के समस्त जलाशयों की सूची आगामी एक सप्ताह में भिजवाने हेतु निर्देशित किया। उन्होने कहा कि शासन के जलाभिषेक अभियान के तहत इन तालाबों के गहरीकरण, जीणोद्धार, वृक्षारोपण व दूसरे कार्यो को जन सहयोग से कराने का प्रयास किया जायेगा। उन्‍होने बताया कि महू क्षेत्र में दस करोड़ की राशि से राजस्व गांवों में जल संग्रहण हेतु कार्य कराये जाने हैं। जल संसाधन विभाग को राजस्व ग्राम क्षेत्रों में नये तालाबों के निर्माण तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को रपटा कम स्टाप डेम संबंधी प्रांकलन तैयार करने व आगामी कार्यवाही दो दिन में करने के लिए निर्दे‍शित किया।

      बैठक में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से मीटर रीडिंग व बिलिंग से संबंधित शिकायतों के निराकरण के संबंध में चर्चा की तथा निर्देश दिए कि ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए अलग से जन शिकायत निराकरण सेल बना दिया जाये,ताकि एक ही स्थान पर शिकायतों का समाधान हो जाये। कलेक्टर श्री वरवड़े ने मुख्यमंत्री भावातंर भुगतान योजना में भुगतान की स्थिति की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि किसानों को उनकी उपज के विक्रय पर भावांतर की राशि लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होने दुकानविहीन ग्राम पंचायतों में नवीन उचित मूल्य की दुकान खोले जाने की प्रगति की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि महिला एवं बाल विकास, डीआरसीएस, वन विभाग जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारीगण आपस में समन्वय कर सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायें। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की प्रगति की भी समीक्षा की तथा एक सप्ताह में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया।

क्रमांक 125/338/भदौरिया/जी    

15 मार्च को कक्षा 8वीं का गणित का होने वाला पेपर निरस्त

गणित का यह पेपर अब 23 मार्च लिया जाएगा

इंदौर 14 मार्च,2018

      संचालक राज शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर सूचित किया गया है कि कक्षा आठवीं का गणित का होने वाला वार्षिक मूल्यांकन 2018 का पेपर जो 15  मार्च को होने वाला था निरस्त कर दिया गया है गणित का पेपर 23 मार्च को नियत समय पर लिया जाएगा।

क्रमांक 125/337/राठौर/कपूर

संभागायुक्त द्वारा खाद्य, स्वरोजगार, आईसीडीएस तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा

------------------------

गैस एजेंसियों से ग्राम पंचायत/वार्डवार गैस कनेक्शन धारियों की सूची प्राप्त करें तथा शेष

पात्र शत-प्रतिशत परिवारों को दिलाये उज्जवला योजना का लाभ --- संभागायुक्त श्री दुबे

--------------------------

स्वप्रेरणा से चयनित आंगनवाड़ी केन्द्रों की संख्या कुल केन्द्रों का

25 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रयास करने के निर्देश

इंदौर 14 मार्च 2018

      संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने बुधवार को संभागायुक्त कार्यालय में खाद्य, स्वरोजगार योजनाओं, आईसीडीएस तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर संभाग की जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक उद्योग, उप संचालक महिला सशक्तीकरण, जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीगण, जिला उद्योग केन्द्रों के महा प्रबंधक गण उपस्थित थे।

       संभागायुक्त श्री दुबे ने संभाग के जिला आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने जिले की गैस ऐजेंसियों से शहरी क्षेत्रों के लिए वार्डवार तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ग्राम पंचायतवार गैस कनेक्शनधारियों की सूची दो दिन में प्राप्त करना सुनिश्चित करें तथा इस सूची को सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना के आकड़ों से मिलान करें तथा जो परिवार गैस कनेक्शन की पात्रता रखते हैं वा लाभ  पाने से  वंचित रहे गये है, उन्हें ग्राम पंचायत/वार्डवार छाटकर सूचीवद्ध कर लें तथा ऐसे सभी परिवारों से केवाईसी फार्म भरवाकर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि इस कार्य में कोई कोताही नहीं बरती जाये, अन्यथा संबंधित जिलों के जिला आपूर्ति अधिकारियों के विरूद्ध लापरवाही के लिए कार्यवाही की जायेगी। उन्होने समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन के लिए पंजीयन कराने वाले कृषकों के रकबा के सत्यापन की प्रगति की भी जानकारी ली तथा सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

      संभागायुक्त श्री दुबे ने संभाग के जिलो में स्वरोजगार योजनाओं विशेषकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजनाओं में स्वीकृत प्रकरणों में वितरण की प्रगति की समीक्षा की। अधिकांश जिलों में स्वरोजगार योजनाओं में प्रगति प्रशंसनीय बतायी गई। आर्थिक कल्याण योजना में इंदौर, खण्डवा और बुरहानपुर को विशेष ध्यान देकर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में झाबुआ व अलीराजपुर जिलों में शत-प्रतिशत से ज्यादा वितरण की उपलब्धि दर्ज करने पर प्रशंसा भी की। उन्होने स्वरोजगार योजनाओं में बनाये गए प्रकरणों की गुणवत्ता के संबंध में भी जिलों के अधिकारियों से पूछताछ की तथा आवश्यक निर्देश भी दिए।

      बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वप्रेरणा से चयनित आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों के कुपोषण में श्रेणी सुधार की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। इन केन्द्रों में पिछले छ: माह में श्रेणी सुधार में अपेक्षित परिवर्तन पाये जाने से संभागायुक्त श्री दुबे ने चयनित स्वप्रेरणा आंगनवाड़ी केन्द्रों की संख्या को दस प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करनेके लिए निर्देशित किया। उन्होने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इस संबंध में प्रेरित किया जाये कि वे बच्चों के पोषण आहार पर ध्यान दें और समय से बच्चों को नास्ता व भोजन खिलाना सुनिश्चित हो जाये। उनके टीकाकरण पर भी ध्यान दिया जाये तो निश्चित रूप से बच्चों के ग्रेडिंग में अपेक्षित सुधार होगा। उन्होने कहा कि चयनित स्वप्रेरणा आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत-प्रतिशत बच्चों में ग्रेडिंग में सुधार के लिए फोकस किया जाये। इस संबंध में सभी जिलों में कलेक्टर, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारीगण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीगण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी व परियोजना अधिकारीगण को सम्मलित रूप से प्रयास करने हेतु निर्देशित किया।

      बैठक में संभागायुक्त श्री दुबे ने खरगोन व बडवानी जिले में योजनावद्ध तरीके से टीकाकरण कार्यक्रम में चयनित ब्लॉक में किये गये सफलतम प्रयास के लिए प्रशंसा की तथा दूसरे जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को भी इसी तरह की रणनीति बनाकर टीकाकरण कार्यक्रम में उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होने कहा कि टीकाकरण में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि करने के लिए प्रयास किये जाये।

क्रमांक 124/337/भदौरिया/जी