म.प्र. में अजा वर्ग के लिए क्रियान्वित योजनाएं अन्य प्रदेशों के लिए अनुकरणीय
-राष्ट्रीय अजा आयोग के उपाध्यक्ष श्री मुरूगन
इंदौर 08 सितंबर, 2017
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री एल. मुरूगन ने कहा है कि मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति के आर्थिक तथा सामाजिक उत्थान के लिए अभिनव प्रयास किये जा रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाएं और कार्यक्रम अन्य प्रदेशों के लिए अनुकरणीय हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि अनुसूचित जाति के उत्थान के लिए जिस तरह की योजनाएं और कार्यक्रम मध्यप्रदेश में चल रहे हैं, उस तरह की योजनाएं और कार्यक्रम अन्य प्रदेशों में भी क्रियान्वित हो।
श्री एल. मुरूगन आज यहां रेसीडेंसी के सभाकक्ष में आयोजित विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसूफ कुरैशी, इंदौर नगर निगम महापौर परिषद के श्री सूरज कैरो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। बैठक में श्री एल. मुरूगन ने अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होने निर्देश दिए कि दर्ज प्रकरणों में तेजी से निराकरण की कार्यवाही की जाये। कोई भी प्रकरण लंबे समय तक लंबित नहीं रहें। विवेचना पूर्ण गंभीरता से की जायें। यह सुनिश्चित किया जाये कि प्रकरणों में निर्णय समय पर हो।
उन्होने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाये कि कोई भी प्रकरण जाति प्रमाण-पत्र के बगैर लंबित नहीं रहें। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित व्यक्ति का नियमानुसार जाति प्रमाण-पत्र बनवाया जाये। पीडि़त को नियमानुसार तत्काल राहत राशि भी दी जाये । श्री मुरूगन ने अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं के आर्थिक उत्थान के लिए क्रियान्वित योजनाएं और कार्यक्रमों की जानकारी भी ली। उन्होने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, जिससे कि इन उपयोगी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक व्यक्ति ले सकें। उन्होने कहा के योजनाओं का क्रियान्वयन अभियान चलाकर किया जायें। जन जागरूकता के लिए शिविर लगाए जायें। उन्होने नगर निगम इंदौर में सफाई कर्मियों तथा अन्य दैनिक वेतन भोगियों के नियमितिकरण के संबंध में भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
महिपाल/जी.
हाईकोर्ट व जिला न्यायालय में लोक अदालत आज
इंदौर 08 सितंबर, 2017
हाईकोर्ट जबलपुर के निर्देशानुसार अब जिलों में हर दो माह में लोक अदालत का आयोजन किया है। लोक अदालत में जनता को सस्ता-शीघ्र-सुलभ न्याय मिलता है। लोक अदालत से दोनों पक्षों की जीत होती है। आपसी सुलह-समझौते से फैसले होते हैं। इन फैसलों के खिलाफ वरिष्ठ न्यायालयों में अपील नहीं की जा सकती। ये फैसले अंतिम होते हैं। इन लोक अदालतों में वर्षों पुराने मामले रखे जाते हैं और हाथों-हाथ उसी दिन उनका निराकरण हो जाता है, जिससे वादी और प्रतिवादी को उसी दिन न्याय मिल जाता है। लोक अदालत की अवधारणा और परम्परा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री पी.एन. भगवती ने 1985 में शुरू की थी। यह योजना बहुत अधिक लोकप्रिय हुई है। इससे अभी तक देश में लाखों लोगों को सस्ता, शीघ्र और सुलभ न्याय मिला है। इसी कारण से यह योजना और अधिक लोकप्रिय होती जा रही है।
प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री पी.के. जायसवाल के निर्देशन में म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में आज 09 सितंबर,2017 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में किया जा रहा हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, परकाम्य अधिनियम की धारा 138 के अतंर्गत प्रकरण, बैंक रिकवरी संबंधी मामलें, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण, श्रम विवाद प्रकरण, भूमि अधिग्रहण के प्रकरण, विद्युत एवं जल कर या बिल संबंधी प्रकरण (अशमनीय मामलों को छोड़कर), सेवा मामलें, जो सेवा निवृत्ति संबंधी लाभों से संबंधित हैं, राजस्व प्रकरण, दीवानी मामले तथा अन्य समस्त प्रकरण के राजीनामा योग्य, प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जायेगा। पिं्रसिपल रजिस्ट्रार हाईकोर्ट ने बताया कि हाईकोर्ट में इस लोक अदालत में निराकरण के लिए 1300 प्रकरण रखे जायेगें। प्रकरणों के निराकरण के लिए 5 खण्डपीठों का गठन किया गया हैं। खण्डपीठ क्रमांक 1 में न्यायाधिपति श्री पी.के. जायसवाल तथा अधिवक्ता श्री अविनाश सिरपुरकर, खण्डपीठ क्रमांक 2 में न्यायाधिपति श्री रोहित आर्य तथा अधिवक्ता श्री राघवेन्द्र सिंह बैस, खण्डपीठ क्रमांक 3 में न्यायाधिपति श्री विवेक रूसिया तथा अधिवक्ता श्री विवेकशरण, खण्डपीठ क्रमांक 4 में न्यायाधिपति श्री वेदप्रकाश तथा अधिवक्ता श्री डी.एस.काले, खण्डपीठ क्रमांक 5 में न्यायाधिपति श्री वीरेन्द्र सिंह तथा अधिवक्ता श्री रविन्द्र सिंह छाबड़ा रहेंगें।
नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का अधिक से अधिक निराकरण किये जाने के संबंध में पिं्रसिपल रजिस्ट्रार के कक्ष में गत दिवस इंश्योरेंश कम्पनी के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। लोक अदालत के द्वारा निराकृत किये गये प्रकरणों में पक्षकारों के द्वारा भुगतान की गयी कोर्ट फीस का शासन द्वारा वापिस किये जाने का प्रावधान है। हाईकोर्ट के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार श्री देवेंद्र सिंह सौलंकी ने सभी पक्षकारों और अभिवक्तागण से अनुरोध किया हैं कि वे इस लोक अदालत का अधिकाअधिक लाभ उठाएं।
जिला न्यायालय परिसर में आज लोक अदालत का आयोजन कर विद्युत विभाग और पारिवारिक विवाद में सैंकड़ो प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा।
श्व्
सिंह/जी.
पुलिसकर्मी शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये अभिनव प्रयोग करें -- गृह मंत्री श्री सिंह
--------
पुलिसकर्मियों को साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने के निर्देश
--------
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के लायसेंस निरस्त करने के निर्देश
इंदौर 8 सितम्बर, 2017
गृह एवं परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज पुलिस कन्ट्रोल रूम सभाकक्ष में इंदौर संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुये गृह मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये अभिनव प्रयोग करें। पुलिसकर्मियों के सहयोग से प्रदेश में शांति और सुव्यवस्था बनी हुई है इसके लिये वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में महीने में कम से कम एक बार गणमान्य नागरिकों की बैठक होना चाहिये, जिससे पुलिस और जनता के बीच तालमेल बनेगा। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही करते हुये परिवहन विभाग से उनके लायसेंस निलंबित या रद्द करवायें। उन्होंने कहा कि अभिनव प्रयोग करते हुये इंदौर पुलिस ने पिछले दिनों असामाजिक तत्वों की सम्पत्ति नष्ट कर सराहनीय कार्य किया है। अन्य जिलों की पुलिस को भी ऐसा करना चाहिये। प्रदेश को शांति का द्वीप बनाने के लिये पुलिस की भूमि अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश में शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस को विशेष मुहिम चलाकर अवैध शराब, अवैध ड्रग तस्करी, अवैध हथियार निर्माण और आतंकवादी गतिविधियों पर पैनी नजर रखना होगी। प्रदेश में पुलिस ने आतंकवादी नेटवर्क को पूरी तरह घ्वस्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को हमेशा नई चुनौतियों के लिये तैयार रहना चाहिये। सायबर क्राइम और ब्लू व्हेल गेम पुलिस के लिये नई चुनौती है। इस पर पुलिस को पैनी नजर रखना पड़ेगी और अपने साइबर सेल को मजबूर बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को महिला अपराधों के प्रति अलर्ट रहना होगा और अपने सामाजिक दायित्व को गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अजय शर्मा ने कहा कि इंदौर संभाग में अपराधों में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आयी है। पुलिस की सतर्कता के कारण अवैध हथियार निर्माण करने वाले सिकलीगरों के खिलाफ कार्यवाही की गयी है। पुलिस ने सतत् अवैध शराब रोकने में कामयाब रही है। अपराधियों के मकान तोड़ने से अपराधियों के हौसले पस्त हुये हैं। त्यौहारों पर कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुधार आया है। अपराधियों के चंगुल से शासकीय जमीन मुक्त कराने में पुलिस प्रशासन कामयाब रहा है।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि इंदौर जिले में पिछले एक साल में अपराधों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी आयी है। इंदौर पुलिस कन्ट्रोल रूम में सायबर सेल का गठन किया गया है। ब्लू व्हेल गेम और व्हाटस एप्प की गतिविधियों पर पुलिस सायबर सेल निगरानी रख रही है। साइबर ठगी के शिकार सैकड़ों लोगों को पुलिस ने न्याय दिलाया है। हमारे लिये आने वाले समय में साइबर क्राइम और ब्लू व्हेल गेम से होने वाली आत्महत्याओं पर अंकुश लगाना है। बैठक में पुलिस अधीक्षक झाबुआ ने बताया कि झाबुआ जिले में निरक्षरता, बाल विवाह और वधु मूल्य तथा नशाखोरी जैसी समस्यायें हैं। पुलिस सामाजिक उन्नयन के क्षेत्र में भी काम कर रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा झाबुआ जिले में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया है।
पुलिस अधीक्षक खण्डवा ने बैठक में बताया कि साम्प्रदायिक दृष्टि से खण्डवा जिला बहुत ही संवेदनशील है। शांति समिति की बैठकें नियमित रूप से होती रहती है। शांति समिति की बैठकों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन अनिवार्य किया गया है। जिले में अवैध शराब, नशाखोरी, ड्रग, तस्करी के खिलाफ विशेष मुहिम चलायी जा रही है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर ने बताया कि अलीराजपुर जिले में पुलिस स्टाफ की 50 प्रतिशत तक की कमी है। स्कूलों में शारीरिक शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। जिले में सायबर क्राइम, एटीएम धोखाधड़ी और इंटरनेट से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने का प्रयास जारी है। बैठक में पुलिस अधीक्षक खरगोन, धार और बुरहानपुर तथा बड़वानी ने भी अपनी उपलब्धियां बतायीं तथा सुझाव दिया कि पुलिस प्रशासन द्वारा वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयास किये जा रहे हैं। अधिकांश सड़क दुर्घटनायें शराब पीकर गाड़ी चलाने से हो रही हैं। इन जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किये जा रहे हैं। बालिकाओं में छेड़छाड़ रोकने के लिये निर्भया अभियान चलाया जा रहा है। अपराधों पर नियंत्रण के लिये सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल की स्थिति और एटीएम कार्ड की स्थिति का पता लाया जा रहा है।
बैठक में एडीजीपी भोपाल श्री विजय कटारिया,डीआईजी खरगोन श्री ए.के.पाण्डे, डीआईजी श्री आर.पी. सिंह, इंदौर संभाग के सभी पुलिस अधीक्षक और इंदौर जिले के सभी एडिशनल एसपी आदि मौजूद थे।
सिंह/कपूर
समाचार-पत्र समाज के दर्पण के समान हैं -- गृह मंत्री श्री सिंह
------
समाचार-पत्र अपने सामाजिक दायित्व से बच नहीं सकते
इंदौर 8 सितम्बर, 2017
गृह और परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने आज आनंदमोहन माथुर सभागृह में दैनिक समाचार पत्र पत्रिका के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेते हुये कहा कि समाचार-पत्र समाज के दर्पण हैं। समाचार-पत्र आलोचना और सुझाव के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन करें। पत्रिका समाचार समूह इस कसौटी पर हमेशा खरा उतरा है। उसने हमेशा सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जज्बा पुलिस अवार्ड समारोह-2017 इसी श्रृंखला की एक कड़ी है। पत्रिका समाचार पत्र समूह ने इंदौर संभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान करके सराहनीय कार्य किया है। इसके लिये अखबार मालिक प्रशंसा के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड¬ुटी 24 घण्टे रहती है, थाने में कभी ताला नहीं लगता। असाधारण परिस्थितियों में पुलिस ही समाज की रक्षा करती है। त्यौहार के दिन भी पुलिसकर्मी ड¬ुटी करते हैं। पुलिसकर्मियों के सहयोग से सिंहस्थ 2016 में 9 करोड़ तीर्थ यात्रियों ने भाग लिया और सिंहस्थ कार्यक्रम निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। एक स्थान पर एक बार में एक महीने में 9 करोड़ लोगों ने स्नान किया। चाहे भोपाल का जेल ब्रोक कांड हो या शाजापुर का बम विस्फोट पुलिस ने हमेशा सराहनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मी श्री श्यामकिशोर त्रिपाठी, अशफाक खान, महेश रघुवंशी, अखिलेश यादव, विक्रम सिंह, अनिल सालुंके, श्रीकांत जोशी, भूपेन्द्र आरको, प्रदीप सिंह चौहान, अरविंद तिवारी, आनंद चौहान, आमोद सिंह, पूजा मुवेल, जितेन्द्र चौहान आदि को पत्रिका जज्बा पुलिस अवार्ड 2017 प्रदान किया गया। कार्यक्रम को महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में विधायक सर्वश्री महेन्द्र हार्डिया, श्री राजेश सोनकर, श्री मनोज पटेल, पत्रिका अखबार समूह के श्री जिनेश जैन, श्री अमित मण्डलोई, श्री सत्येन्द्र पुरोहित आदि मौजूद थे।
सिंह/कपूर
रोटरी इंडिया के सहयोग से प्रदेश के
स्कूलों में मनाया जा रहा है स्वच्छता पखवाड़ा
इंदौर 08 सितंबर 2017
प्रदेश के 25 हजार स्कूलों में रोटरी इंडिया के सहयोग से एक सितंबर से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान स्कूलों में स्वच्छता पर केन्द्रित निबंध, ड्राईंग-पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिताएँ छात्रों के बीच की जा रही हैं। इसके अलावा इन स्कूलों में स्वच्छता का विशेष अभियान और छात्रों की जागरूकता रैली भी की गई है। अभियान 15 सितंबर तक निरंतर जारी रहेगा। स्कूल शिक्षा विभाग स्वच्छता पखवाड़े के दौरान होने वाली गतिविधियों में विशेष सहयोग दे रहा है।