Monday, 16 January 2017


तीन आरोपी रासुका में निरुद्ध
इंदौर 16 जनवरी, 2017
इंदौर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने तीन आरोपियों को रासुका में निरूद्ध करने के आदेश जारी किये हैं।
जारी आदेशानुसार जिन आरोपियों को रासुका में निरूद्ध किया गया है,उनमें रूस्तम का बगिचा निवासी लक्की उर्फ हेमंत पिता जगदीश चौहान, कोहिनूर कॉलोनी निवासी मुख्त्यार अली उर्फ बाका पिता सब्बीर अली तथा इमरान उर्फ इम्मू उर्फ निजाम पिता इकरामा पहलवान शामिल हैं। इन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में अनेक आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
महिपाल/अभिषेक
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू
-----
पंजीयन का कार्य 14 फरवरी तक चलेगा
इंदौर 16 जनवरी, 2017
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर 14 जनवरी से एक साथ शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।
सिंह/अभिषेक





उद्यानिकी फसलों का किया जायेगा बीमा
----
फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा
इंदौर 16 जनवरी, 2017
इंदौर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में इस योजना के अंतर्गत अब उद्यानिकी फसलों को भी शामिल किया गया है। अब अनाज, दलहन,तिलहन फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों जैसे फल एवं सब्जी का भी बीमा किया जायेगा। फसलें खराब होने पर कृषकों को समुचित मुआवजा मिलेगा।
उप संचालक उद्यानिकी श्री आर.के.जाटव ने बताया कि राज्य उद्यानिकी विभाग द्वारा मौसम आधारित फसल बीमा हेतु इंदौर जिले के लिये रबी मौसम में सब्जीवर्गीय प्याज, लहसुन, धनिया, आलू, हरी मटर, आम इत्यादि उद्यानिकी फसलों का चयन किया गया है। रबी मौसम में इन फसलों के लिये बीमा किया जायेगा। किसानों को सब्जीवर्गीय रबी फसल-टमाटर बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी के लिये बीमित राशि 82 हजार 30 रूपये का 5 प्रतिशत राशि यानी 4 हजार 101 रूपये प्रीमीयम राशि देना होगी। इसी प्रकार लहसुन की बीमित राशि 63 हजार 100 रूपये के लिये कृषक को 3 हजार 155 रूपये, धनिया की लिये बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये हेतु प्रीमीयम राशि एक हजार 706 रूपये, आलू फसल के लिये बीमित राशि 63 हजार 50 रूपये के लिये एक हजार 891 रूपये तथा एक लाख 5 हजार रुपये की बीमित राशि के लिये 3 हजार 150 रूपये, हरी मटर की बीमित राशि 34 हजार 125 रूपये के लिये एक हजार 706 रूपये प्रीमीयम राशि एवं आम की बीमित राशि 68 हजार 315 रूपये हेतु प्रिमियम राशि 3 हजार 5 रूपये कृषकों को देना होगी। शेष बची हुई प्रीमियम राशि को राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार के द्वारा आधे-आधे के अनुपात में अनुदान के रूप में वहन किया जायेगा। बीमा कराने हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी,2017  है। उप संचालक उद्यानिकी ने जिले के उद्यानिकी किसानों से फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सिंह/अभिषेक


उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे पुरस्कृत
इंदौर, 16 जनवरी,2017
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जायेगा। इसके लिये  सभी शासकीय विभागों से अधिकारी-कर्मचारियों के नाम मंगाये गये है। 
अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने बताया कि इच्छुक विभाग अपने अधिकारी-कर्मचारियों के नाम 20 जनवरी तक निर्धारित प्रारूप में दे सकते है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जिन अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया था उन्हें इस वर्ष पुरस्कृत नहीं किया जायेगा। अगर इनके द्वारा विशेष उल्लेखनीय कार्य किया गया हो तो उसका प्रस्ताव विस्तृत टीप के साथ अलग से भेजा जाये।  जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सामाजिक संस्था को भी रनिंग शील्ड एवं प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जायेगा ।  ऐसी संस्था, जिसने समाज सेवा, स्वास्थ्य, नि:शक्त, वृद्धों एवं शिक्षा-साक्षरता, नशामुक्ति, पर्यावरण इत्यादि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया गया है, वे संस्थाएं अपने प्रस्ताव उल्लेखनीय कार्य की विस्तृत रिपोर्ट और फोटोग्राफ इत्यादि के साथ आगामी 20 जनवरी तक संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय इंदौर जी-6 कलेक्टोरेट में प्रस्तुत कर सकते हैं ।  निर्धारित तिथि के पश्चात प्रस्ताव प्राप्त नहीं किये जायेंगे । 
श्व्
महिपाल/अभिषेक

अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत अब तक 
जिले में किये गये 4 हजार से अधिक आपरेशन 
इंदौर, 16 जनवरी 2017 
कलेक्टर श्री पी. नरहरि के निर्देशानुसार जिले में अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत गरीब बस्ती और ग्रामीण क्षेत्र में शिविर लगाकर मोतियाबिंद रोगियों की पहचान की गई तथा अभी तक जिले में 4397 आपरेशन किये गये। चोइथराम नेत्रालय द्वारा 2945, अरविन्दो हास्पिटल द्वारा 334, इंदौर आई हास्पिटल द्वारा 570, एमवाय अस्पताल द्वारा 115, जिला अस्पताल द्वारा 72, निहार नेत्रालय द्वारा 321, राजस आई हास्पिटल द्वारा 24 और रोहित आई हास्पिटल द्वारा 16 आपरेशन पिछले एक माह में किये गये। 
राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला अंधत्व निवारण समिति द्वारा 31 जनवरी तक जिले में 245 नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जाएंगे। इन शिविरों में जाँच कर उपयुक्त पाये जाने पर निर्धारित अस्पतालों में ऑपरेशन किये जाएंगे। इंदौर जिले को राज्य शासन द्वारा 5000 मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गत वर्ष इसी अवधि में 3000 से अधिक मोतियाबिंद के ऑपरेशन किये गये थे। राज्य शासन के निर्देशानुसार चोइथराम नेत्रालय धार रोड इंदौर में 114 नेत्र परीक्षण शिविर, अरविन्दो अस्पताल उज्जैन रोड में 31 नेत्र परीक्षण शिविर और इंदौर नेत्र चिकित्सालय में 17 नेत्र परीक्षण शिविर लगाये जाएंगे। परीक्षण उपरान्त उपयुक्त पाये जाने पर मरीजों का एमवाय अस्पताल, जिला अस्पताल, राजस आई हास्पिटल, रोहित आई हास्पिटल, निहार नेत्रालय, गीता भवन हास्पिटल और गुरु तेगबहादुर हास्पिटल में ऑपरेशन किया जायेगा। 
जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डॉ. त्रिलोचन सिंह होरा ने बताया कि जिला अंधत्व निवारण समिति के तत्वावधान में इंदौर जिले में चोइथराम नेत्रालय में 100, अरविन्दो हास्पिटल में 25, इंदौर आई हास्पिटल में 25, एमवाय अस्पताल में 10, जिला अस्पताल में 10, राजस अस्पताल में 10, रोहित आई हास्पिटल में 10, निहार नेत्रालय में 10 ऑपरेशन प्रतिदिन किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि महू तहसील में 25, देपालपुर तहसील में 20, हातोद तहसील में 20, इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में 18 और शहरी क्षेत्र में 32, सांवेर तहसील में 30 अंधत्व निवारण शिविर लगाये जाएंगे। इस अभियान के तहत सर्वाधिक ऑपरेशन चोइथराम नेत्रालय धार रोड इंदौर में किये जाएंगे। जिला अंधत्व निवारण समिति द्वारा भोजन, यातायात, जाँच, ऑपरेशन, दवा, चश्मा आदि की सुविधाएँ मुफ्त में प्रदान की जायेगी। मरीजों को ऑपरेशन के बाद उनके घर तक वापस पहुंचाया जायेगा। 
सिंह/अभिषेक