Wednesday, 15 March 2017


विद्यादान के लिये ऑन लाइन पंजीयन शुरू
------
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने मिल बाचें में भाग लेने वाले
लोगों से पंजीयन कराने का आह्वान किया
--------
शहर के बुद्धिजीवियों ने विद्यादान में रूचि दिखायी
--------
700 से अधिक नये विद्यादानी जुड़े विद्यादान कार्यक्रम से
इंदौर 15 मार्च, 2017
इंदौर शहर संभागायुक्त श्री संजय दुबे के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में नये आयाम गढ़ रहा है। आयुक्त इंदौर संभाग द्वारा दो वर्ष पूर्व विद्यादान योजना प्रारंभ की गयी थी। जिसमें एक हजार 250 से अधिक व्यक्तियों द्वारा पंजीयन कराकर जिले के विभिन्न स्कूलों में कक्षा एक से लेकर 8वीं तक अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।
इस वर्ष मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर मिल बांचें कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चलाया गया जिसमें हजारों लोगों द्वारा विशेष दिन स्कूल में जाकर बच्चों को पढ़ाया गया और अपने और उनके विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इंदौर में भी 2 हजार 500 से अधिक व्यक्तियों द्वारा इसमें भाग लिया गया। संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने उन सभी लोगों से अनुरोध किया है कि इंदौर के बच्चों के भविष्य के लिये इस व्यवस्था को कायम रखें और सप्ताह में एक दिन स्कूल के बच्चों को 2 घण्टे का समय अवश्य दें। इंदौर में 2500 में से 700 से अधिक लोगों ने बच्चों को पढ़ाने के लिये अपनी रूचि दिखाई है। 100 से अधिक लोगों ने अपना पंजीयन भी विद्यादान के लिये कराया है। संभागायुक्त ने मिल बांचे कार्यक्रम में भाग लेने वाले व्यक्तियों से आव्हान किया है कि वे स्कूल के बच्चों को सप्ताह में दो घण्टे का समय अवश्य दें और बच्चों के भविष्य के साथ देश के भविष्य निर्माण में अपना योगदान दें।
क्या आपने किया है विद्यादान ?
किसी भी सरकारी स्कूल के सर्वेक्षण के अनुसार छात्र/छात्राओं के शिक्षा का स्तर ज्ञान के प्रति काफी न्यून है। जैसा कि विदित है आने वाला समय गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी का ही है, जिसमें बच्चों को मदद की बहुत आवश्यकता है। समाज में कई ऐसे लोग हैं जो कौशल देने के माध्यम से छात्रों को शिक्षित करना चाहते हैं वे समाज को कुछ देना चाहते हैं वे भी इस योजना में अपना योगदान दे सकते हैं। यदि आप सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को लेकर चिंतित हैं और अपना ज्ञान बच्चों में बांटना चाहते हैं तो विद्यादान से जुड़ सकते हैं। अपने शहर के सरकारी स्कूलों में से कोई स्कूल चुन लीजिए और अपनी रूचि के विषय व सहुलियत के समय पर बच्चों को सप्ताह में एक दिन पढ़ा सकते हैं।
इसी क्रम में एक शिक्षित समाज के विकास में योगदान देने के लिये संभागायुक्त इंदौर द्वारा एक प्रयास विद्यादान के रूप में पिछले दो वर्षों से इंदौर संभाग में किया जा रहा है। जिसके तहत वर्ष 2015-16 में 734 एवं 2016-17 में 1251 स्वयंसेवियों संभाग के विभिन्न स्कूलों में जाकर कक्षा एक से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों में ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। उक्त योजना से आप भी जुड़कर अपने ज्ञान को सांझा कर सकते हैं जिससे सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राएं भी अपना सुगम भविष्य बना सके। इसके लिये आप हमारी www.vidhyadaan.con  पर जाकर registration कर अपनी रूचि/सुविधा अनुसार अपने घर के पास कोई भी सरकारी स्कूल का चयन कक्षा, विषय, समय एवं दिन के साथ कर सप्ताह में किसी भी एक दिन 02 घण्टे की न्यूनतम अवधि में पढ़ा सकते हैं। किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या अधिक जानकारी हेतु संपर्क कर 0731-2535222 या commindore@gmail.com  पर ई-मेल करें।
राठौर/कपूर




रेडक्रास की चमेलीदेवी ब्लड बैंक और डायग्नोस्टिक सेंटर के लिये भूमिपूजन सम्पन्न
--------
2 करोड़ रुपये की लागत से बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउण्डेशन बनायेगा भवन
--------
महापौर श्रीमती मालिनी गौड ने 5 लाख रुपये और
श्री बल्लू अग्रवाल ने एम्बुलेंस देने की घोषणा की
-----
कोई भी संस्था या परिवार के सदस्य के नाम पर भवन में कमरा व
राशि दान करने पर कमरे का नाम नामकरण होगा -- कलेक्टर श्री पी.नरहरि
इंदौर 15 मार्च, 2017
इंदौर को आज एक नयी सौगात मिलने जा रही है। कलेक्टर श्री पी.नरहरि की पहल पर छावनी क्षेत्र में रेडक्रास सोसायटी का ब्लड बैंक और डायग्नोस्टिक सेंटर के लिये भूमिपूजन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसके लिये जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि उपलब्ध करायी गयी है। इस भूमि पर बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउण्डेशन के द्वारा दो करोड़ रुपये की राशि खर्च कर जी प्लस टू भवन का निर्माण किया जायेगा और यह भवन 9 माह में बनकर तैयार हो जायेगा। इस भवन का नाम चमेली देवी अग्रवाल रेडक्रास ब्लड बैंक एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर होगा। इस अवसर पर दानदाता श्री विनोद अग्रवाल ने बताया कि यह कार्य उनके द्वारा माता श्रीमती चमेली देवी की स्मृति में किया जा रहा है। बालाजी सालासर हनुमानजी की कृपा सें जिले की जनता को कलेक्टर श्री नरहरि की पहल पर यह कार्य करने को वह तैयार हुये हैं। समाज सेवा के साथ-साथ रोगी दुखी व्यक्ति की किसी प्रकार से भी यदि मदद की जा सके, उसके लिये हम सदैव तैयार रहते हैं। इसी कड़ी में आज इस भूमि पर दो करोड़ रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण किया जायेगा। इस भवन के लिये आर्किटेक्ट अहमदाबाद की फर्म द्वारा तैयार कराया गया है और  ठेकेदार द्वारा इस भवन का 8 माह में बनाने के लिये कहा गया है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि उक्त भवन 15 हजार स्केयर फीट के क्षेत्र में निर्मित होगा। 5 हजार स्केयर फीट जमीन पर ब्लड बैंक होगा। टॉप फ्लोर पर स्टॉफ क्वार्टर और कैटिंन रहेगा और इसके साथ ही इस सेंटर पर एमआरआई, सिटी स्केन और डायग्नोस्टिक जैसी जांचें भी हो सकेंगी। भवन निर्माण के बाद उक्त भवन को रेडक्रास सोसायटी जिला इंदौर को सौंप दिया जायेगा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने अग्रवाल परिवार को धन्यवाद दिया। साथ ही पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्री लक्ष्मणसिंह गौड़ की स्मृति में 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने भी अपने पिताजी की स्मृति में राशि भेंट करने की घोषणा की। इस अवसर पर समाजसेवी श्री बल्लू अग्रवाल निवासी 45 गुलमोहर कॉलोनी ने अपने माता-पिता की स्मृति में एम्बुलेंस देने की घोषणा की और कहा कि जैसे ही यह भवन तैयार होगा वे एम्बुलेंस को रेडक्रास सोसायटी को भेंट करेंगे।
इस अवसर पर विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि भारतीय समाज की यह परम्परा रही है कि ईश्वर ने यदि आपको सामथ्र्य दिया है तो आप सेवा करने के पीछे नहीं हटें। सेवा के द्वारा आज समाज के साथ-साथ स्वयं का भविष्य भी सुरक्षित करते हैं। विधायक सुश्री ठाकुर ने कहा कि कलेक्टर श्री पी.नरहरि द्वारा निरंतर नये-नये कार्य किये जाते रहे हैं। प्रदेश में लाड़ली योजना का लाने वाले भी नरहरि हैं और यहां भी ब्लड बैंक और डायग्नोस्टिक सेंटर बनाकर इंदौर को एक सौगात दे रहे हैं।
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कहा कि इंदौर शहर में रेडक्रॉस सोसायटी का न तो कोई भवन उपलब्ध था और न ही ब्लड बैंक उपलब्ध था। इस विशाल भवन के बनने के बाद रेडक्रॉस सोसायटी का स्वयं का भवन के साथ ब्लड बैंक और डायग्नोस्टिक सेंटर भी होगा। जिसमें एमआरआई और सिटीस्केन के साथ ब्लड और प्लाज्मा को सेपरेट करने वाले मशीन भी यहां लगायी जायेगी। इस सेंटर में सभी आवश्यक जांचें भी नि:शुल्क या बहुत कम कीमत पर की जायेंगी। इसका निर्धारण रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किया जायेगा। भवन बनने के बाद उक्त भवन का अधिपत्य रेडक्रास के पास रहेगा और सभी गतिविधियों का संचालन रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से ही किया जायेगा।
कलेक्टर ने कहा कि भवन बनने के बाद मशीनों व अन्य गतिविधियों के संचालन के लिये भी राशि की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने इंदौर की जनता, समाजसेवी और उद्योगपतियों ये आह्वान किया कि वे इसभवन के लिये अधिक से अधिक राशि कासहयोग करें। जिससे जिले की गरीब व जरूरतमंद व्यक्तियों की जांचें नि:शुल्क करायी जा सके। कलेक्टर ने कहा कि जो भी इच्छुक दानदाता भवन में कोई सुविधा उपलब्ध कराता है। जांच मशीन, कमरें निर्मित कराना चाहता है तो उस संस्था या व्यक्ति के नाम पर उस कमरे या गतिविधियों का नामांकरण किया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि विगत वर्ष रेडक्रास द्वारा एक करोड़ 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध करायी गयी है। रेडक्रास का पूरा कार्य दान के माध्यम से ही चलता है। इस वर्ष भी एक करोड़ 15 लाख रुपये की राशि जरूरतमंद लोगों के लिये उपलब्ध करायी जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, आईडीए के सीईओ श्री राकेश सिंह और एडीएम श्री अजय देव शर्मा भी उपस्थित थे।
राठौर/कपूर
17 मार्च को शुष्क दिवस घोषित
इंदौर 15 मार्च, 2017
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि द्वारा कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिये 17 मार्च, 2017 (रंगपंचमी) को समस्त आबकारी मदिरा दुकान/केन्द्र खोले जाने के नियत समय से सायं 5 बजे तक की समयावधि को शुष्क दिवस घोषित किया गयाहै। इस तारतम्य में लेख है कि सम्पूर्ण इंदौर जिले में अवस्थित देशी/विदेशी मदिरा की फुटकर विक्रय की दुकानों, अहाता/शॉप बार तथा मदिरा विक्रय से संबंधित अन्य केन्द्रों यथा एफ.एल.-2,3,4ए, 5,56,7 एवं 8 को 16 मार्च, 2017 को नियत समय पर बंद हो जायेंगे तथा 17 मार्च, 2017 को सांय 5 बजे खुलेंगे। इस दौरान किसी भी प्रकार का मदिरा विक्रय, परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्यवाही करने हेतु आबकारी विभाग की विभिन्न दल अलग-अलग क्षेत्रों में निरंतर गश्त करेंगे। किसी भी प्रकार की अवैध मदिरा विक्रय, परिवहन की सूचना प्राप्त होने पर सहायक आयुक्त आबकारी एवं आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी को 0731-2533000 नम्बर पर सूचित किया जा सकता है।
सिंह/कपूर

विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर कार्यक्रम सम्पन्न
------
न्यायाधीश श्री अवनीश वर्मा के मुख्य आतिथ्य में कलेक्ट्रेट में हुआ कार्यक्रम
------
उपभोक्ता के हितों का संरक्षण पहली प्राथमिकता -- न्यायाधीश श्री अमनीश कुमार वर्मा
इंदौर 15 मार्च, 2017
आधुनिकता के समय हर व्यक्ति आज उपभोक्ता की श्रेणी में खड़ा है। बाजार आधारित व्यवस्था के बाद कोई भी व्यक्ति जो सेवा या वस्तु क्रय करता है वह उपभोक्ता है और उस उपभोक्ता के हितों का संरक्षण हर किमत पर किया जाना चाहिये। इसके लिये केन्द्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारों ने उपभोक्ता फोरम का गठन कर उपभोक्ताओं को होने वाली समस्याओं को निराकृत करने का बेहतर प्रयास किया गया है। बाजार आधारित व्यवस्था होने पर कम्पनियों बीच प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ उपभोक्ताओं के हितों से भी खिलवाड़ होता रहा है और आज ऑन लाइन मार्केट होने पर उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण बहुत जरूरी हो गया है।  यह बात मुख्य अतिथि जिला उपभोक्ता फोरम क्रमांक-दो के अध्यक्ष न्यायाधीश श्री अमनीश कुमार वर्मा ने कही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्र्यापण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
न्यायाधीश श्री अमनीश कुमार वर्मा ने कहा कि विश्व आज बाजार के रूप में उपलब्ध है। घर बैठकर ही नेट (ऑनलाइन) के माध्यम आप किसी भी वस्तु को मंगा सकते हैं। साथ ही उसका ऑनलाइन भुगतान भी किया जाता है। आर्डर की गयी वस्तु यदि गलत निकलती है तो इसकी शिकायत उपभोक्ता फोरम में की जा सकती है। बाजार से समान लेने पर यदि समान उस मानक का नहीं है, जिसका बताया गया था तो उसके संबंध में भी उपभोक्ता फोरम में अपील की जा सकती है। सेवायें देने वाली कम्पनियां भी उपभोक्ता फोरम के दायरे में आती हैं। श्री वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता को क्रय करते समय बिल अवश्य लेना चाहिये, जिससे दुकानदार व कोई कंपनी आपसे धोखा न कर पाये। बिल होने पर उपभोक्ता समान खराब निकलने परउसकी शिकायत उपभोक्ता फोरम में कर सकता है।
कार्यक्रम अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कहा कि आज की व्यवस्था में उपभोक्ताओं को जागरूक होना अतिआवश्यक है। जागरूक होने पर ही आप अपने हितों को संरक्षित रख सकते हैं। किसी भी वस्तु या सेवा के संबंध में पूरी जानकारी होना अति आवश्यक है। इसी के साथ-साथ कम्पनी के द्वारा लिखे गये नियम व शर्तें को भी ध्यान से पढ़ा जाना चाहिये। इसके साथ-साथ वस्तु को लेते समय उसे गारंटी कार्ड व अन्य जानकारियां भी दुकानदार से प्राप्त करना चाहिये। जिससे यदि कोई दुकानदार या कम्पनी उक्त बातों का उल्लंघन करती है तो उसके विरूद्ध उपभोक्ता फोरम में अपील की जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री मीणा ने कहा कि इंदौर जिले में उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिये जिला प्रशासन के नेतृत्व में निरंतर उचित मूल्य की दुकानों, पेट्रोल पंप, गैस कम्पनियों के साथ-साथ दुकानों पर छापामार कार्यवाही की जाती है। विगत वित्तीय वर्ष में 498 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर छापामार कार्यवाही कर डेढ़ लाख रूपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया एवं 9 दुकानदारों के विरूद्ध प्रकरण भी दर्ज कराये गये।
 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न पेट्रोल पम्पों, गैस एजेंसियों और दुकानों के विरूद्ध 300 प्रकरण बनाये गये और 32 लाख रूपये से अधिक का जुर्माना कलेक्टर महोदय के कोर्ट के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गैस कम्पनियों व पेट्रोल पम्प कम्पनी, नापतौल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक आपूर्ति विभाग आदि विभागों के द्वारा स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं को उनके हितों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करायी गयी।
राठौर/कपूर
इंदौर बनेगा स्टेट आर्गन एण्ड टीस्यु ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन का मुख्यालय
-------
अभी तक 100 जरूरतमंदों को मिला अंगदान का लाभ
-------
धार, बड़वानी और बड़नगर में खुलेंगी इंदौर ऑर्गन डोनेशन सोसायटी की शाखायें
इंदौर 15 मार्च, 2017
कमिश्नर श्री संजय दुबे की अध्यक्षता में आज इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में एडीजीपी श्री अजय शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे। बैठक में कमिश्नर श्री दुबे ने बताया कि जिला प्रशासन के प्रयास से शीघ्र ही इंदौर में स्टेट आर्गन एण्ड टीस्यु ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (द्मदृद्यद्यदृ) का मुख्यालय बनाया जायेगा। प्रदेश में यह एकमात्र संस्थान होगा। भारत सरकार द्वारा शीघ्र ही इसकी अनुमति मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इंदौर आर्गन डोनेशन सोसायटी के विशेष प्रयासों से अभी तक 100 जरूरतमंदों को अंगदान का लाभ मिल चुका है। 28 मरीजों को किडनी, 15 को लीवर, 9 को ह्मदय, 16 को चमड़ी और 32 को नेत्रदान का लाभ मिल चुका है। बैठक में समिति ने निर्णय लिया कि इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन की मांग के अनुसार धार, बड़वानी और बड़नगर (उज्जैन) में शाखायें खोली जायेंगी। बैठक में बताया गया कि केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इंदौर जिले को मध्यप्रदेश का बेस्ट इमर्जिंग डिस्ट्रिक्ट-2016 का अवार्ड मिल चुका है।
कमिश्नर श्री दुबे ने बैठक में कहा कि इंदौर जिले में अब ह्मदय और लीवर का प्रत्यारोपण शुरू हो गया है। शीघ्र ही इंदौर के कुछ निजी अस्पतालों में किडनी, ह्मदय और कार्निया के प्रत्यारोपण की सुविधा भी मिलने वाली है। इंडियन मेडिकल एसोसियेशन द्वारा शीघ्र ही इंदौर में अंगदान के संबंध में तकनिकी और सामाजिक जानकारी के लिये कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अंगदान देने और अंगदान लेने के लिये  कोई भी पंजीयन करा सकता है। यह सोसायटी बोनमेरो प्रत्यारोपण के संबंध में अपने कार्य क्षेत्र का विस्तार कर रही है। अंगदान के संबंध में समाज में और अधिक जागरूकता लाने की जरूरत है। मीडिया द्वारा अंगदान के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आने वाले समय में इंदौर के निजी अस्पतालों में भी लीवर, किडनी, ह्मदय आदि के प्रत्यारोपण की सुविधा का विस्तार किया जायेगा।
इस अवसर पर इंदौर सोसायटी फॉर आर्गन डोनेशन के सचिव डॉ.संजय दीक्षित, कोषाध्यक्ष श्री विष्णु अग्रवाल, समाजसेवी श्री जीतू बागानी, मुस्कान ग्रुप, एमकेआई इंटरनेशनल, दधिचि संगठन और प्रमुख निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
श्व्
सिंह/कपूर
दो आरोपी जिलाबदर
इंदौर 15 मार्च, 2017
जिले में शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला जारी है। इसी सिलसिले में जिला प्रशासन द्वारा दो आरोपियों को 4 माह के लिये जिलाबदर कर दिया गया है। जारी आदेशानुसार अपर जिला दण्डाधिकारी श्री अजयदेव शर्मा ने ईशाक पिता भय्यू उर्फ एहमद रसूल निवासी कर्बला मैदान थाना जूनी इंदौर तथा सलीम पिता भय्यू उर्फ एहमद रसूल निवासी कर्बला मैदान थाना जूनी इंदौर मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा-5 के तहत इंदौर तथा उसके आसपास लगे जिलों धार, खण्डवा, उज्जैन और देवास की राजस्व सीमा से 4 माह के लिये जिलाबदर कर दिया है।
श्व्
सिंह/कपूर