Monday, 13 February 2017



रबी उपार्जन हेतु किसान पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
इंदौर, 13 फरवरी 2017 
रबी उपार्जन वर्ष 2017 में गेहँू उपार्जन हेतु नये किसानों का पंजीयन एवं पूर्व पंजीकृत किसानों के रकबे में संशोधन का कार्य जिले के 48 खरीदी केन्द्रों पर किया जा रहा है। पंजीकृत किसानों के पंजीयन में उल्लेखित गेहूँ के बोये गये रकबे का पटवारी द्वारा 10 प्रतिशत सत्यापन किया जाना है। पटवारी ग्रामीणों के समक्ष गेहूँ के बोये गये रकबे के संबंध में सत्यापन पंचनामा बनाकर रकबे में संशोधन हेतु मय पंचनामा प्रतिवेदन तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। पटवारी द्वारा प्रस्तुत सत्यापन पंचनामे का 10 प्रतिशत तहसीलदार द्वारा एवं 5 प्रतिशत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा फील्ड वेरिफिकेशन अनिवार्यता किये जाने का प्रावधान किया गया है। किसान पंजीयन डाटा का सत्यापन का कार्य 21 फरवरी 2017 तक नियमित रूप से किये जाने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। 
उपार्जन प्रक्रिया में सत्यापन एक महत्वपूर्ण गतिविधि है, जिसकी यदि सघन मॉनिटरिंग की जाये तो कई संभावित अनियमितताओं से बचा जा सकता है। किसानों द्वारा गेहूँ के बोये गये पंजीकृत रकबे का 21 फरवरी 2017 तक मौके पर सत्यापन कराया जाये तथा संशोधित रकबे की प्रविष्टि ई-उपार्जन साफ्टवेयर में कराये जाने हेतु पुन: उपार्जन संस्था को उपलब्ध कराई जाये। 
सिंह/कपूर

प्रशासन में पारदर्शिता, किसानों को ऑनलाइन कैशलेस पैमेंट
इन्दौर, 13 फरवरी 2017 
मण्डी बोर्ड भोपाल द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इन्दौर जिले की कृषि उपज मण्डियों में किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जायेगा। इस संबंध में इन्दौर कृषि उपज मण्डी ने भी अपने स्तर पर आवश्यक निर्णय ले लिया है। 
कृषि उपज मण्डी समिति इन्दौर के सचिव श्री बी.बी.एस. तोमर ने बताया कि लिये गये निर्णय अनुसार मण्डी प्रांगणों में विक्रय की जाने वाली अपनी कृषि उपज का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से प्राप्त करने के लिये किसानों को अपने बैंक खाते की पासबुक, जिसमें खाता क्रमांक, बैंक का नाम एवं आईएफएससी कोड अंकित हो, की छायाप्रति साथ लाना होगी। जनधन खाते एवं छात्रवृत्ति के खाते मान्य नहीं किये जायेंगे। अपना मोबाइल नंबर का स्पष्ट उल्लेख भी करना होगा। मण्डी समिति द्वारा किसानों की सुविधा के लिये पैम्पलेट छपवाये गये हैं जो मण्डी गेट या नाकों पर उपलब्ध हैं। 
सिंह/कपूर


जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर 46 केन्द्रों पर
किसानों से खरीदा जायेगा गेहूं
इन्दौर, 12 फरवरी 2017 
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।
सिंह/कपूर



दो आरोपी जिलाबदर
इंदौर 13 फरवरी, 2017
जिले में शांति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिये जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला जारी है। इसी सिलसिले में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री अजय देव शर्मा ने दो आरोपियों को जिलाबदर कर दिया है। जारी आदेशानुसार अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शर्मा ने आरोपी मोहम्मद रफीक काणा उर्फ डालर पिता मोहम्मद हनीफ निवासी बड़वाली चौकी थाना सदर बाजार तथा आरोपी राजू पिता नेपाल सिंह निवासी प्रोफेसर कॉलोनी थाना भंवरकुआ जिला इंदौर को लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा-5 के तहत आरोपी रफीक को 4 माह और आरोपी राजू को 6 माह की कालावधि के लिये जिलाबदर कर इंदौर तथा उससे लगे हुये सीमावर्ती जिले उज्जैन, देवास, धार, खरगोन और खण्डवा जिलों की राजस्व सीमा से बाहर चले जाने का आदेश पारित किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
सिंह/कपूर
 




मुख्य सचिव श्री बी.पी.सिंह इंदोर में बच्चों को पढ़ायेंगे
------
मिल बाचें कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य सचिव ने पंजीयन कराया
इंदौर 13 फरवरी, 2017
समयावधि-पत्र समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने बताया कि मुख्य सचिव श्री बी.पी.सिंह मिल बाचें कार्यक्रम के अंतर्गत इंदौर के विद्यालय में बच्चों को पढ़ायेंगे। मिल बाचें कार्यक्रम में इंदौर से  एक हजार 364 शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों और 1364 निजी व्यक्तियों ने 18 फरवरी को होने वाले मिल बाचें कार्यक्रम के लिये अपना पंजीयन कराया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पंजीकृत व्यक्ति विहित शासकीय विद्यालय में जाकर बच्चों को पढ़ायेगा। साथ ही विद्यालय के संबंध में अपना फिडबैक भी शासन को उपलब्ध करायेंगे। यदि आगे भी स्कूल में पढ़ाना चाहते हैं तो अपनी मंजूरी भी प्रदान कर सकते हैं। कमिश्नर, कलेक्टर सहित अधिकतर प्रशासनिक अधिकारियों ने इंदौर में अपना पंजीयन कराया है।
कलेक्टर ने टी.एल. बैठक में बताया कि मुख्य सचिव ने आनलाइन पंजीयन कराया है। वे 30 अरण्य नगर स्कीम नम्बर 78 के शासकीय विद्यालय में बच्चों को पढ़ायेंगे। इंदौर में 1600 स्कूलों में पढ़ाने के लिये व्यक्तियों का पंजीयन हो चुका है।
टी.एल.बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सभी एस.डी.एम. को निर्देश दिये कि 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा केन्द्रों की जाँच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि सभी परीक्षा केन्द्रों में लाईट एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। केन्द्र सरकार द्वारा 70 साल आजादी के जरा याद करो कुर्बानी तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिबल का शुभारंभ 20 फरवरी से रविन्द्र नाट¬गृह में फिल्मों का प्रदर्शन होगा। 15 फरवरी को बच्चों को कृमिनाशक दवा पिलाई जायेगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के छोटे बच्चों को आवश्यक रूप से कृमिनाशक दवा दी जाये। निजी विद्यालयों के संचालकों की अलग से बैठक बुलाकर सभी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। 15 फरवरी को सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से कृमिनाशक दवा पिलाई जाये। बच्चों के स्वास्थ्य के लिये सबसे ज्यादा जरूरी है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शमीम उद्दीन, श्री अजयदेव शर्मा, कीर्ति, श्रीमती राखी सहाय और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
/राठौर/