मतदाता सूची में नाम जोड़ने/हटाने की स्टेजवार प्रगति
एसएमएस से मतदाता को मिलेगी
इंदौर 24 मई, 2017
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी.नरहरि ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईआरएमएस सॉफ्टवेयर, जिसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा हटाने हेतु प्राप्त फार्मों को अपलोड किया जाता है, मतदाताओं की सुविधा की दृष्टि यह प्रोव्हीजन किया गया है कि मतदाता द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक फार्म की स्टेजवार प्रगति को उपलब्ध मोबाईल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी।
व्यक्ति द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण करने की स्थिति में अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत किया गया है तो मतदाता द्वारा फार्म में अंकित मोबाइल नम्बर पर फार्म अपलोड होने पर प्रथम एसएमएस प्राप्त होगा तथा द्वितीय एसएमएस फार्म को स्वीकृत/अस्वीकृत करने की स्थिति में प्राप्त होगा। एसएमएस में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के नम्बर भी अंकित होंगे। जिससे मतदाता को अपने आवेदन के संबंध में कोई आपत्ति होने पर वे अपने संबंधित विधानसभा कार्यालय में सम्पर्क कर सके।
इसी प्रकार किसी मतदाता की प्रविष्ठी में आपत्ति होने पर नाम हटाने के लिये निर्धारित प्रारूप-7 में आवेदन करना होगा। नाम हटाने हेतु प्रारूप-7 में मतदाता स्वयं आवेदन कर सकता है या परिवार का कोई सदस्य अन्यत्र चले जाने/मृत्यु हो जाने की दशा में उसी पते पर निवासरत परिवार के अन्य सदस्य द्वारा भी प्रारूप-7 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। साथ ही यदि पूर्ण परिवार शिफ्ट हो गया हो तो उस क्षेत्र के बी.एल.ओ. द्वारा प्रारूप-7 भरा जाकर प्रारूप-14 में नोटिस संबंधित पते पर चस्पा किया जाता है। अब एसएमएस की इस नवीन सुविधा के पश्चात मतदाताओं को 22 अप्रैल, 2017 से सीधे उनके मोबाइल नम्बर पर एसएमएस प्राप्त हो जायेगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ की गयी इस सुविधा के अनुसार जैसे ही वेण्डर द्वारा आवेदन फार्म ई.आर.एम.एस. साफ्टवेयर में अपलोड किया जाता है, संबंधित मतदाता को उनके उपलब्ध मोबाइल नम्बर पर एसएमएस प्राप्त हो जाता है कि यदि मतदाता को फार्म के संबंध में कोई आपत्ति हो तो वे संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से सम्पर्क कर सकेंगे।
श्व्
भदौरिया/कपूर