"ब्लू व्हेल गेम' पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश
इंदौर 12 सितंबर, 2017
स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने पत्र लिख कर ब्लू व्हेल गेम पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होने इंदौर, छत्तरपुर, शहडोल, होशंगाबाद, भोपाल, ग्वालियर एवं जबलपुर जिले के कलेक्टरों को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होने कहा है कि इस गेम की प्रवृत्ति को रोकने के लिए शासकीय एवं निजी विद्यालयों में एंड्रॉयड/स्मार्ट फोन स्कूल समय के दौरान पूर्णत: प्रतिबंधित करने की कार्यवाही करें तथा सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए बच्चों एवं उनके अभिभावकों को भी जागरूक किये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें तथा तत्काल निर्देश जारी करें।
महिपाल/जी.
स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सावधानियां विषय पर कार्यशाला आज
इंदौर 12 सितंबर, 2017
इंदौर जिले में स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सावधानियां विषय पर कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े के निर्देश पर कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इस सिलसिले में 13 सितंबर को दोपहर 2 बजे एम.जी.एम मेडिकल कॉलेज के सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई हैं। इस कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े करेगें। कार्यशाला में विभिन्न चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधि तथा जिले के बड़े अस्पतालों के प्रतिनिधि चिकित्सक मौजूद रहेंगे।
इसी तरह की दूसरी कार्यशाला 14 सितंबर को एम.जी.एम मेडिकल कॉलेज के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से आयोजित होगी। इसमें विभिन्न शासकीय, निजी शैक्षणिक संस्थाओं के प्राचार्य उपस्थित रहेगें।
/सिंह/जी.
सांसद निधि से 6 निर्माण कार्य स्वीकृत
इंदौर 12 सितंबर, 2017
क्षेत्रीय सांसद एवं लोक सभा स्पीकर श्रीमती सुमित्रा महाजन की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय विकास योजना अंतर्गत कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने सामुदायिक भवन निर्माण कालासुरा के लिए 4 लाख रूपये, शमशान घाट में शोक सभागृह निर्माण ग्राम रोलाय के लिए 5 लाख रूपये, सामुदायिक भवन निर्माण ग्राम बोरसी के लिए 5 लाख रूपये, नाली निर्माण ग्राम भीलबड़ोली के लिए 2 लाख रूपये और ग्राम रूद्राख्या में सामुदायिक भवन की बॉउण्ड्रीवाल हेतु 5 लाख रूपये और सामुदायिक भवन निर्माण ग्राम पेमलपुर के लिए 5 लाख रूपये स्वीकृति जारी कर संबंधित ग्राम पंचायत को निर्माण एजेंसी बनाया हैं।
समस्त निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर कराने के निर्देश दिए गए हैं तथा सांसद, क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के अनुसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंह/जी.
इंदौर जिले में 656.38 मि.मी औसत वर्षा दर्ज
इंदौर 12 सितंबर, 2017
कलेक्ट्रेट स्थित भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से अब तक 656.38 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर तहसील क्षेत्र में 746.20 मिलीमीटर, महू क्षेत्र में 713.70 मिलीमीटर, सांवेर क्षेत्र में 582.00 मिलीमीटर, देपालपुर क्षेत्र में 650 मिलीमीटर और गौतमपुरा क्षेत्र में 590 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी है। गत वर्ष अबतक 851.76 मि.मी औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
राठौर/जी
इंदौर जिले में मधुमक्खी पालन को दिया जायेगा बढ़ावा
इंदौर 12 सितम्बर, 2017
इंदौर जिले में किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए कारगर प्रयास किये जा रहे हैं। इसके तहत जिले में किसानों को मधुमक्खी पालन के लिए प्रेरित किया जायेगा। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में सोमवार को किसान कल्याण तथा कृषि विभाग विभाग की आत्मा गवर्निंग बोर्ड की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, परियोजना संचालक आत्मा शर्ली थॉमस, उप संचालक उद्यानिकी श्री जाटव, सहायक संचालक मत्स्य श्री रायकरवार के अलावा बोर्ड के अशासकीय सदस्यगण के रूप में उन्नत कृषक उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017-18 में आत्मा योजनांतर्गत मधुमक्खी पालन को नवाचार के घटक के रूप में लिया गया। इसके लिये कृषि विज्ञान केन्द्र कस्तुरबा ग्राम इंदौर में जिले के 30 कृषकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। इच्छुक कृषकों को प्रशिक्षण उपरांत बुरहानपुर जिले में मधुमक्खी पालन प्रक्षेत्र का भ्रमण भी कराया जा चुका है, जहां उन्हें समक्ष में मधुमक्खी पालन की तकनीक संबंधी बारीकियों को सिखाया गया, ताकि कृषक बंधु अपने खेत पर मधुमक्खी पालन कर सकें। बैठक में दुधारू पशुओं के लिये एजोला के उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों को हुये लाभ की सराहना की गयी। बताया गया कि एजोला से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हुई, वहीं सुदाना पर होने वाले खर्च की बचत हुयी।
कलेक्टर श्री वरवड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जैविक खेती अपनाने वाले कृषकों को सतत रूप से प्रोत्साहित किया जाये। जैविक उत्पादों के विपणन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि कृषकों को उनकी जैविक उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके। परियोजना संचालक आत्मा ने बताया कि इंदौर जिले में जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिये 10 जैविक क्लस्टर बनाये गये हैं। इन क्लस्टरों से कुल 482 कृषक जुड़े हुये हैं। बैठक में पी.के.व्ही.वाय. योजना अंतर्गत 2016-17 में संपादित कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गयी। योजना के तहत मृदा परीक्षण, कृषक भ्रमण, वर्मी कम्पोस्ट पिट निर्माण कृषक प्रशिक्षण आदि कार्य किये गये हैं। सांसद आदर्श ग्राम माचल में अजोला उत्पादन को बढ़ावा देने तथा बीज उत्पादन समिति के गठन के संबंध में भी चर्चा की गयी। कलेक्टर श्री वरवड़े ने सांसद आदर्श ग्राम में विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये।
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत शामिल सभी घटकों के वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों के साथ ही उनकी उपलब्धियों की समीक्षा की गयी। उप संचालक कृषि ने मिशन के तहत
लिये गये घटकों में मूंग व उड़द की फसलों के साथ क्रापिंग सिस्टम बेज्ड डिमोस्ट्रेशन तथा इंटर क्रोपिंग डिमोस्ट्रेशन संबंधी लक्ष्यों की पूर्ति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत दलहन की बीज उत्पादन कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया। 150 कृषकों को Ïस्प्रकलर सेट वितरित किये गये। कलेक्टर श्री वरवड़े ने हितग्राहियों के चयन के संबंध में विशेष रूप से निर्देश दिये। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत प्रजनक एवं प्रमाणित बीज वितरण कार्यक्रम की समीक्षा की बताया गया कि जिले में स्वीट कार्न (मक्का) की फसल को 400 एकड़ में लगाने का लक्ष्य रखा गया था तथा इस योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति की गयी। नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेवल एग्रीकल्चर के तहत प्रस्तावित क्लस्टरों पर चर्चा की गयी तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया गया कि वे क्लस्टरों के चयन को देखें। उन्होंने कहा कि क्लस्टरों का चयन सही हो ताकि वास्तविक किसानों को लाभ मिल सके।
बैठक में उद्यानिकी विभाग की राष्ट्रीय कृषि योजना के अंतर्गत प्याज भण्डार गृह निर्माण की समीक्षा की गयी। बताया गया कि जिले में कुल 152 प्याज भण्डारगृह निर्माण हेतु कार्यादेश जारी किये जा चुके हैं। 50 भण्डारगृहों का निर्माण किसानों द्वारा प्रारंभ भी कर दिया गया है। बैठक में उन्नत कृषि यंत्रों पर अनुदान के संबंध में भी चर्चा की गयी। बताया गया कि किसानों को रोटावेटर, रिवर्सीवल प्लाऊ, सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल आदि उन्नत कृषि यंत्र अनुदान पर उपलब्ध कराये गये हैं। सहायक संचालक मत्स्य पालन को बारह मासी पानी वाले तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन हेतु सोसायटियों के माध्यम से मत्स्य बीज तालाबों में डाला जाये। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम माचल के तालाबों में मत्स्य पालन को विशेष रूप बढ़ावा देने के निर्देश दिये।
भदौरिया/जी.
शालेय विद्यार्थियों के लिये राष्ट्रीय कला प्रतियोगिता
--------------------
प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 लाख रूपये की राशि प्रदान की जायेगी
---------------------
जिला स्तर पर 25 सितम्बर को होगी प्रतियोगिताएँ
इंदौर 12 सितंबर 2017
स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिये केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सहयोग से प्रदेश में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिताएँ जिला, संभाग और राज्य स्तर पर होंगी। इनके लिये तिथियाँ निर्धारित कर ली गई हैं।
कला उत्सव में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित विद्यालय टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 लाख और तृतीय पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। प्रतियोगिता में शासकीय और गैर-शासकीय स्कूलों के कक्षा 9, 10, 11 और 12वीं के विद्यार्थी के दल शामिल हो सकेंगे। जिला स्तर पर 25 सितम्बर को, संभाग स्तर पर 3 अक्टूबर को और राज्य स्तर पर 6 और 7 अक्टूबर 2017 को ये कला प्रतियोगिताएँ होगी। प्रतियोगिता में नाट्य कला, नृत्य कला, संगीत कला में स्कूल के विद्यार्थी अपना प्रदर्शन दे सकेंगें। प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी केन्द्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट http://mhrd.gov.in पर देखी जा सकती है। आयुक्त लोक शिक्षण कार्यालय ने राज्य स्तर पर सहायक संचालक श्री पी.के. सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। उनसे मोबाइल नम्बर 9425344275 और 0755-2581067 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिले में कम वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए रबी फसलों की बनाये कार्ययोजना
- कलेक्टर ने दिए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश
इंदौर 12 सितम्बर, 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने कृषि विभाग को निर्देश दिये कि जिले में कम वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए आगामी रबी फसलो के लिए कार्यायोजना तैयार की जावें। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग कृषि वैज्ञानिकों की मदद से पहले यह तय करे कि कम पानी की स्थिति में किस क्षेत्र में कौन सी फसल व किस्म लगाना उपयुक्त होगा। किसानों को फसल लगाने की सलाह देने के लिये मैदानी अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित करें। इसके लिये किसान मित्र व किसान दीदी के साथ ही उन्नत कृषकों का भी सहयोग लिया जा सकता है। कलेक्टर श्री वरवड़े सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में अंतर्विभागीय समन्वय संबंधी बैठक में अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री मनीष सिंह, अपर कलेक्टर रूचिका चौहान, अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा, आईडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौतम सिंह गौतम विशेष रूप से उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वरवडे ने कहा कि जिले में चालू वर्ष में औसत से कम वर्षा हुई है और जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है तथा सूखा की स्थिति बनने की संभावना है उन क्षेत्रों में आमजन व मवेशियों के लिये पेयजल की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, वहीं किसानों को पानी की उपलब्धता के मान से उपयुक्त फसलों का चयन कर बोने की सलाह दिया जाना दूसरी प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को अभी से तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कृषि व संबंधित विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण करने व किसानों से संवाद कर उपयुक्त सलाह देने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि कृषि विभाग पटवारी हल्कावार रबी के लिये फसलों को लगाने हेतु सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करे तथा अपने मैदानी अधिकारियों के माध्यम से कार्ययोजना को क्रियान्वित कराये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, पशु चिकित्सा सेवाएं, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी सूखा मैन्युअल को डाउनलोड कर निर्धारित प्रपत्र में अभी से जानकारी भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सूखा-राहत राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाये। कलेक्टर श्री वरवड़े ने सूखे से निपटने के लिये जिला स्तर पर कार्ययोजना बनाने हेतु बैठक भी आयोजित करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि 15 सितम्बर को जिला जल उपयोगिता समिति की भी बैठक रखी गयी है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया।
अंतर्विभागीय समन्वय से संबंधित इस बैठक में नगर निगम के आयुक्त श्री मनीष सिंह तथा आईडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौतमसिंह को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया तथा नगर निगम व आईडीए के साथ दूसरे विभागों से संबंधित समन्वय संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018, नगरीय क्षेत्र के स्कूलों में शौचालयों की स्थिति व मरम्मत, स्कूलों में विद्युत व्यवस्था,पंखे व प्रकाश की व्यवस्था आदि के संबंध में चर्चा की गयी तथा वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक इस कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में लोहा मण्डी को नवीन स्थल पर शिफ्ट करने, लोक निर्माण विभाग व हाउसिंग बोर्ड के जीर्णशीर्ण भवनों को डिशमेंटल करने के अलावा आईडीए से संबंधित अन्य समन्वय संबंधी मामलों पर चर्चा की गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बैठक में भावांतर योजना के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गयी तथा योजना के संबंध में किसानों को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। शिक्षा विभाग को हम्माल व तुलावटी के बच्चों की छात्रवृत्ति से संबंधित मामले के लिये अलग से प्रकोष्ठ बनाने व इनके पंजीयन कराने के निर्देश दिये। बैठक में शासकीय कार्यक्रमों के लिये अधिग्रहित की गयी बसों के लंबित भुगतान के संबंध में त्वरित कार्यवाही हेतु अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑन लाइन, लोक सेवा गारंटी व उत्तरा में लंबित आवेदनों व पत्रों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गयी। कलेक्टर श्री वरवड़े ने बताया कि आगामी अक्टूबर माह की समाधान ऑन लाइन में सीएम हेल्पलाइन में लंबित पुराने मामलों में से भी प्रकरणों का चयन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण सीएम हेल्प लाइन में लंबित पुरानी शिकायतों को संबंधित आवेदकों से चर्चा कर शीघ्रता से निराकृत करें। यदि आवेदक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद भी संतुष्ट नहीं होता है तो एकल नस्ती के माध्यम से फोर्स क्लोजर हेतु भिजवायें। उन्होंने कहा कि आगामी टीएल बैठक में पुराने लंबित मामलों की रेण्डम आधार पर समीक्षा की जायेगी तथा चयनित प्रकरण में की गयी कार्यवाही की समीक्षा की जायेगी। कलेक्टर श्री वरवड़े ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित मामलों पर पुन: ध्यान देने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि जो मामले समयावधि से बाहर के पाये जायेंगे उनमें नियमानुसार अर्थदण्ड आरोपित किया जाएगा। उन्होंने उत्तरा पोर्टल पर लंबित ऐसे मामला,ें जिनमें अभी तक कोई पहल कर कार्यवाही नहीं की गयी है, पर नाराजगी प्रकट की और निर्देशित किया कि उत्तरा पोर्टल के लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुये त्वरित कार्यवाही करें और की गयी कार्यवाही को उत्तरा पोर्टल पर भी दर्ज करायें।
भदौरिया/जी.
पशुओं के पौष्टिक आहार व पशु चारे के रूप में
किसानों ने शुरू किया एजोला का उपयोग
------
गायों के दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मिली सफलता
इंदौर 12 सितम्बर,2017
एजोला को पशुपालक हरे चारे के रूप में उपयोग कर रहें हैं। एजोला दूध उत्पादन में वृद्धि के लिये मददगार साबित हो रहा है उसे पशु आहार के रूप में उपयोग किया जा रहा है। कैलोद करताल खण्डवा रोड निवासी श्री कैलाश पटेल ने नवाचार के रूप में सबसे पहले एजोला की खेती की तथा अपनी 5 गायों को पशु आहार के रूप में खिलाया जिसके सुफल के रूप में गायों से दूध उत्पादन में वृद्धि के रूप में देखने को मिला।
किसान श्री कैलाश पटेल ने बताया कि परियोजना संचालक आत्मा की सलाह पर उन्होंने पिछले वर्ष अपने यहां 12 फीट लंबा, तीन फीट चौड़ा एवं एक फीट गहरा टैंक बनवाया तथा पानी भरवाकर एजोला की खेती प्रारंभ की और अपनी गायों को खिलाना शुरू किया। प्रत्येक गाय को साढ़े 7 सौ ग्राम से एक किलोग्राम एजोला खिलाया, जिससे उनको हरे चारे के रूप में चरी की जरूरत नहीं पड़ी। एजोला सीधे ही भूसा में मिलाकर गायों को खिलाया। एजोला को गाय बड़े चाव से खाती हैं। उन्होंने बताया कि एजोला को खिलाने के बाद से सुदाना भी खिलाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे उन्हें 5 गायों हेतु सुदाना खरीदने के लिये प्रतिमाह होने वाले तीन हजार रुपये के खर्च की सीधी बचत भी हुयी। वहीं गर्मी में हरे चारे की समस्या से भी निजात मिली। अब उन्हें हरे चारे के लिये चरी पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। श्री पटेल ने बताया कि जनवरी 2017 से गायों को एजोला पशु आहार के रूप में खिला रहे हैं तथा सुदाना खिलाना बंद कर दिया है, फिर भी दूध का उत्पादन पहले से बढ़ा है। किसान श्री पटेल ने यह भी बताया कि गाय के दूध में एजोला खिलाने के बाद 0.5 प्रतिशत वसा की वृद्धि हुयी है, जिससे प्रतिकिलो दूध की अधिक कीमत भी प्राप्त हुई है।
किसान श्री पटेल ने बताया कि जब से उन्होंने एजोला उत्पादन को शुरू किया है तथा दूसरे किसानों के साथ अपने अनुभव साझा किये हैं, तब से देखादेखी के रूप में 22 किसानों ने अपने यहां एजोला की खेती शुरू कर दी है तथा वे भी अब अपने मवेशियों को एजोला खिलाकर दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने में सफल हो रहे हैं। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े को जब श्री कैलाश पटेल व अन्य किसानों ने एजोला से हुये फायदे के संबंध में अवगत कराया तो वे उनके इस नवाचार को अपनाने के लिये प्रशंसा किये बिना न रह सके तथा उनको साधुवाद देते हुये कहा कि वे अपने इन अनुभवों को जिले के अन्य किसानों के साथ साझा करें, ताकि वे भी आगे आकर लाभ उठा सकें।
भदौरिया/जी.
तीन आरोपी जिला बदर
इंदौर 12 सितंबर, 2017
जिला प्रशासन द्वारा जिले में शान्ति एवं सुव्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का सिलसिला जारी हैं। इस सिलसिले में कार्यवाही करते हुए अपर जिला दण्डाधिकारी श्री अजय देव शर्मा ने तीन आरोपियों को जिला बदर कर दिया हैं।
जारी आदेशानुसार अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शर्मा ने आरोपी नितिन उर्फ गोलू पिता लालचंद सोलंकी निवासी रूस्तम का बगीचा थाना एम.आई.जी, आरोपी शुभम पंडित पिता शिवा पंडित निवासी जनता क्वाटर थाना परदेशीपुरा और आरोपी अशोक उर्फ राजा पिता भोला खटीक निवासी लुनियापुरा थाना छोटी ग्वालटोली को लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 के तहत जिला बदर कर उज्जैन, देवास, धार, इंदौर, खरगोन और खण्डवा जिले की राज्य सीमा से बाहर चले जाने का आदेश पारित किया हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया हैं।
सिंह/जी.