Wednesday, 5 July 2017

सांसद निधि से स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरा करें ---सांसद श्रीमती महाजन
काम की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश
इंदौर 5 जून, 2017
लोकसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी कोठी सभाकक्ष में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस अवसर पर श्रीमती महाजन ने कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरा करें तथा काम की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। निर्माण कार्य करते समय सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका का कड़ाई से पालन किया जाये।
श्रीमती महाजन ने कहा कि सांसद निधि से उल्लेखनीय कार्य जिले में कराये जा रहे हैं, सांसद निधि से ही सिरपुर तालाब को पक्षी विहार के रूप में विकसित किया जा रहा है। सांसद निधि से ही पहली बार इंदौर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता वाहन के लिये राशि स्वीकृत की गयी है। अब अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच भी स्वच्छता वाहन के लिये राशि की मांग कर रहे हैं। भारत सरकार के स्वच्छता मिशन के तहत यह एक उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। सांसद निधि से सीसी रोड़, सामुदायिक भवन, सामुदायिक वाचनालय आदि स्वीकृत किये गये हैं। हमारा उद्देश्य जनता को मूलभूत सुविधायें मुहैया कराना है। कोई भी निर्माण कार्य जनता और जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर स्वीकृत किया जाता है। 
इस अवसर पर कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने कहा कि सांसद निधि के तहत स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरे किये जायेंगे तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने संयुक्त संचालक योजना श्रीजे.पी.परिहार को निर्देशित किया कि वे सांसद निधि के कार्य समय-सीमा में स्वीकृत हेतु प्रस्तुत करें। प्रशासकीय स्वीकृति और वित्तीय स्वीकृति में किसी तरह का विलंब नहीं होना चाहिये। बैठक में संयुक्त संचालक योजना श्री जे.पी.परिहार ने बताया कि 2014 से अब तक सांसद निधि से श्रीमती महाजन द्वारा 17 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है, जिसमें से 14 करोड़ 40 लाख 27 हजार रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। 2017-18 में 2 करोड़ 50 लाख के निर्माण कार्य स्वीकृत किये गये हैं, जिसमें से एक करोड़ 98 लाख 96 हजार रुपये स्वीकृत किये जा चुके हैं। वर्ष 2014-15 में सांसद निधि से 4 करोड़ 97 लाख रुपये, 2015-16 में 5 करोड़ 37 लाख रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत कर कार्यों का पूर्णता प्रमाण5पत्र जारी किया जा चुका है। 2016-17 के 90 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं तथा 18 लाख 40 हजार रुपये में 14 लाख 46 हजार रुपये व्यय किये जा चुके हैं। 
बैठक में सांसद प्रतिनिधि एवं उपाध्यक्ष नागरिक आपूर्ति निगम श्री देवराज सिंह परिहार, विधायक सर्वश्री सुदर्शन गुप्ता, सुश्री उषा ठाकुर, श्री महेन्द्र हार्डिया, आयुक्त नगर निगम श्री मनीष सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया, श्री महेश जोशी के अलावा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
सिंह/कपूर

चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जैन का दौरा कार्यक्रम
इंदौर 5 जुलाई, 2017
चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री शरद जैन आज 6 जुलाई, 2017 को सुबह 10 बजे भोपाल से इंदौर आयेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा शाम 4 बजे इंदौर से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
सिंह/कपूर
उप संचालक कृषि द्वारा कार्यभार ग्रहण
इंदौर 5 जुलाई, 2017
उप संचालक कृषि श्री विजय कुमार चौरसिया ने गत 5 जुलाई को जिला कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने जिला कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये हैं।
सिंह/कपूर

मध्यप्रदेश के इंदौर में पहली बार आयोजित राष्ट्रीय स्तर की 
चतुर्थ स्वास्थ्य समिट का शुभारंभ आज
------
साझा होगे पूरे देश के स्वास्थ्य नवाचार
------
लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन आज करेंगी इस तीन दिवसीय समिट का शुभारंभ
इंदौर 05 जुलाई 2017
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत शासन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय स्वास्थ्य नवाचार समिट 6 से 8 जुलाई 2017 तक इंदौर में आयोजित की जा रही हैं। इस समिट में भारत के सभी प्रदेशों एंव केन्द्र शासित राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित इस समिट का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन 6 जुलाई को सुबह 10 बजे ब्रिालियेंट कन्वेंशन सेंटर में करेगीं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते एंव केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री सुश्री अनुप्रिया पटेल, मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री रुस्तम सिंह एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री शरद जैन समिट के उद्घाटन सत्र में शामिल होगें। 
ज्ञातव्य हो कि विभिन्न प्रदेशों में वर्ष भर स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गये नवाचारों एवं अच्छे कार्यो को सांझा करने के लिए प्रतिवर्ष नवाचार समिट आयोजित की जाती हैं। इसके माध्यम से सभी प्रदेशों के प्रतिनिधि एक-दूसरे के नवाचारों से अवगत होते हैं। इससे उन्हें अपने-अपने प्रदेशों में इन नवाचारों को लागू कर नागरिकों को और भी अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। समिट में नवाचार दो श्रेणियों में आमंत्रित किये जाते हैं। प्रथम श्रेणी प्रस्तुतीकरण तथा द्वितीय श्रेणी पोस्टर प्रदर्शन की होती है। इस वर्ष मध्यप्रदेश के 9 नवाचारों को इस समिट में शामिल किया गया है।
समिट में भारत शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव श्री सी.के.मिश्रा भारत शासन की सचिव डॉ.सौम्या स्वामीनाथन, संयुक्त सचिव श्री मनोज झलानी तथा डॉ.आर.के. वत्स, अतिरिक्त सचिव तथा मिशन संचालक एनएचएम शामिल होंगे। प्रदेश की प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्रीमती गौरी सिंह, आयुक्त स्वास्थ्य श्रीमती पल्लवी जैन, मिशन संचालक डॉ.संजय गोयल तथा श्री व्ही.किरण गोपाल सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी आला अफसर समिट में उपस्थित रहेंगे।
महिपाल /गरिमा
नेशनल लोक अदालत 8 जुलाई को 
इंदौर 5 जुलाई, 2017
इंदौर जिले में आपसी सुलह एवं समझौते से लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिये 8 जुलाई को तहसील से लेकर जिला स्तर पर लोक अदालत का आयोजन किया गया है। यह लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भूपेन्द्र कुमार निगम के मार्गदर्शन एवं अध्यक्ष व सचिव जिला अभिभाषक संघ इंदौर के सहयोग से  आयोजित की जा रही है। 
नेशनल लोक अदालत के प्रभारी तथा विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) श्री पंकजसिंह माहेश्वरी ने बताया कि 8 जुलाई, 2017 को न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में से आपराधिक प्रकृति के 3 हजार 784, चेक बाउंस के 3 हजार 581, क्लेम के 980, श्रम मामले के 343, विद्युत संबंधी 11 हजार 264, पारिवारिक मामले 522, भू-अर्जन के 11, सिविल के 558 व प्रीलिटिगेशन के 9 हजार 158 प्रकरण निराकृत करने हेतु रखे जायेंगे। इस प्रकार कुल 30 हजार 201 प्रकरण नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते हेतु रखे जा रहे हैं।
जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव श्री आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि नेशनल लोक अदालत के साथ-साथ स्थाई एवं निरंतर लोक अदालत का भी आयोजन 8 जुलाई, 2017 को किया जा रहा है, जिसमें 16 हजार 875 प्रीलिटिगेशन प्रकरण आपसी राजीनामा हेतु रखे गये हैं।
उक्त नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने में जिला अभिभाषक संघ इंदौर के अध्यक्ष श्री दिनेश पाण्डेय व सचिव श्री गोपाल कचौलिया सहित अभिभाषक संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यगणों द्वारा सकारात्मक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। समस्त पक्षकार एवं अधिवक्ताओं से अपील की गयी है कि नेशनल लोक अदालत में अपने प्रकरणों का निराकरण कर लोक अदालत योजना का लाभ उठायें।
महिपाल/कपूर


नकली खाद,बीज,कीटनाशक विक्रय करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये
………
खरीफ में सोयाबीन के स्थान पर दूसरी फायदे वाली फसलों को बोने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाये
……
एस.ए.डी.ओ फील्ड में रहकर किसानों को उचित मार्गदर्शन दें
……
कलेक्टर द्वारा कृषि, उद्यानिकी व संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा
इंदौर 05 जुलाई 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवडे ने बुधवार को कृषि, उद्यानिकी व पशु चिकित्सा सेवाएं तथा संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की तथा चालू खरीफ 2017 के लिए कृषि आदानों की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होने कहा कि किसानों को नकली खाद, बीज, कीटनाशक बेचने वाली कम्पनियों, फर्मो व विक्रताओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायें। ऐसे विक्रताओं के विरूद्ध पुलिस में एफ.आई.आर दर्ज कराई जाये।
बैठक में मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरसिया के अलावा कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं, सहकारिता, मत्स्य पालन, दुग्ध संघ आदि विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि जिलें में खरीफ 2017 में 2 लाख 48 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया हैं जिसमें से अकेले सोयाबीन की फसल 2 लाख 16 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी होगी। कलेक्टर श्री वरवडे ने उपसंचालक कृषि को सोयाबीन के स्थान पर दूसरी ज्यादा फायदे वाली फसलों को बोने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि किसानों को मक्का, ज्वार, मूंग, उडद आदि फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। जिले में खरीफ फसलों की बोनी जारी हैं। कलेक्टर श्री वरवडे ने जिले में ड्राई स्पेल के कारण कहीं फसलों को कोई नुकसान तो नहीं हुआ हैं, के बारे में पूछताछ की। उन्होने कहा कि सभी एस.ए.डी.ओ फील्ड में रहें तथा किसानों को दूसरी फायदे वाली फसलें बोने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों व तकनीकि सलाह देवें। बैठक में मृदा स्वास्थ कार्ड वितरण की भी समीक्षा की गयी व आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री वरवडे ने उद्यानिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं तथा मत्स्य पालन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की। उद्यानिकी विभाग द्वारा फल, फूल, मसाला विस्तार के लिए जिले में किए जा रहें प्रयासों के संबंध में जानकारी ली गई। प्रधानमंत्री कृषि सिचांई योजना में लक्ष्यानुसार प्रगति बताई गई। मत्स्य पालन विभाग के अंतर्गत जिले में 213 तालाब बताये गये । कलेक्टर श्री वरवड़े ने सभी तालाबों में बीज डालने तथा मछली पालन को बढ़ावा देने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने खनन क्षेत्रों में खनन के कारण बने तालाबों में भी मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिये। यह भी कहा कि जिले में प्रोन्स के पालन को भी बढ़ावा दिया जावे। बैठक में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सभी किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड व मछुआरों के मछुआ क्रेडिट कार्ड बनवाए जाने के लिये निर्देशित किया। आगे से कृषि से संबंधित बैठक में जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक को भी बुलाए जाने हेतु कहा। दुग्ध संघ की गतिविधियों की समीक्षा करते हुये निर्देश दिए कि सांची के उत्पादों को मार्केट में प्रतियोगी बनाएं। साथ ही सांची के उत्पादों के विक्रय हेतु पार्लर कहां-कहां खोलना चाहते हैं वह भी प्रस्ताव भिजवाएं। पार्लर खोलने में विधवा महिलाओं व दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जावे।
विभागों की गतिविधियों से पहले सीएम हेल्पलाइन व  लोक सेवा गारंटी की समीक्षा होगी
कलेक्टर श्री वरवड़े ने कृषि व संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारीगण सीएम हेल्पलाइन व लोक सेवा गारंटी प्रदाय अधिनियम के पोर्टल में लंबित आवेदनों को प्रतिदिन देखने की आदत डालें और कार्यालय आने पर सबसे पहले सीएम हेल्पलाइन व लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों को निपटाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की मीटिंग हो वह पहले उनके विभाग में लंबित सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करेंगे, उसके बाद विभागीय गतिविधियों व योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
भदौरिया/गरिमा