Wednesday, 31 May 2017


प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया का दौरा कार्यक्रम
इंदौर 31 मई, 2017
इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जयंत मलैया एक एवं दो जून को इंदौर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इंदौर भ्रमण के दौरान वे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे तथा विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे तथा ग्रामोदय से भारत उदय के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री मलैया आज एक जून को सुबह 9 बजे इंदौर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर साढ़े तीन बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में 50 लाख रुपये से अधिक की लागत के निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसी तरह वे दो जून को सुबह सवा 9 बजे इंदौर से देपालपुर के ग्राम आगरा के लिये रवाना होंगे। आगरा में वे सुबह 10 बजे ग्रामोदय से भारत उदय कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ग्राम संसद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर सवा 2 बजे इंदौर आयेंगे । इंदौर से वे शाम 4.55 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।
 महिपाल/कपूर
फेसबुक, व्हाट्सएप आदि सोशल मीडिया पर वैमनस्यता फैलाने वाले संदेश तथा 
चित्र एवं वीडियो प्रसारित करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही होगी
इंदौर 31 मई, 2017
इंदौर जिले में फेसबुक, व्हाट्सएप आदि सोशल मीडिया पर वैमनस्यता फैलाने वाले संदेश तथा चित्र एवं वीडियो प्रसारित करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। ज्ञात रहे कि इंदौर जिले में फेसबुक, व्हाट्सएप इत्यादि सोशल मीडिया पर वैमनस्यता फैलाने वाले संदेश तथा चित्र एवं वीडियो प्रसारित करने पर दण्डप्रक्रिया संहिता की धारा-144 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि ने सभी एसडीएम एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये हैं कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें। उक्त संबंध में सतत् निगरानी रखें। फेसबुक, व्हाट्सएप इत्यादि सोशल मीडिया पर वैमनस्यता फैलाने वाले संदेश या चित्र प्रसारित होने की सूचना/शिकायत/जानकारी मिलने पर तत्काल कार्यवाही करें। श्री नरहरि ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये अपने-अपने क्षेत्रों का सतत भ्रमण करें। विशेषकर रात्रि में सजग निगरानी रखें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी तरह की वैमनस्यता फैलाने वाले संदेश, चित्र या वीडियो प्राप्त होते हैं तो उन्हें फारवर्ड नहीं करें। इसकी सूचना वे संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों एवं एसडीएम को अवश्य दें, जिससे कि दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की जा सके।
महिपाल/कपूर
जनसम्पर्क विभाग के श्री विजय कुमार औव्हाल को भावभीनी बिदाई
इंदौर 31 मई, 2017
संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय,इंदौर में लंबे समय से लेखापाल का कार्य कर रहे श्री विजय कुमार औव्हाल आज अपनी 37 साल की शासकीय सेवा के पश्चात सेवानिवृत्त हुये। इनकी सेवानिवृत्ति पर जनसम्पर्क परिवार इंदौर तथा विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा उन्हें भावभीनी बिदाई दी गयी।
श्री विजय कुमार औव्हाल की सेवानिवृत्त पर आज रविन्द्र नाट¬गृह परिसर में बिदाई समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता उप संचालक जनसम्पर्क श्री श्रवण कुमार भदौरिया ने की। इस अवसर पर जनसम्पर्क अधिकारी द्वय श्री महिपाल अजय तथा डॉ.बी.एन.सिंह,तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष श्री विजयशंकर मिश्रा, संभागीय तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के श्री जगदीश सोने सहित अन्य पदाधिकारी और जनसम्पर्क विभाग के कर्मचारीगण मौजूद थे।
श्री विजय कुमार औव्हाल को श्री श्रवण कुमार भदौरिया ने शॉल-श्रीफल भेंट कर भावभीनी बिदाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री औव्हाल ने जनसम्पर्क विभाग में 37 साल की महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। उन्होंने अपने कार्य को कर्मठता एवं कुशलता के साथ ईमानदारी से किया। उन्होंने श्री औव्हाल के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जनसम्पर्क परिवार के श्री श्रीकांत सिरसाट, श्री दिनेश कपूर, श्री अशोक बटके, श्री अभिषेक मालवीय, श्री रामअवतार यादव, श्री मधुकर पंवार सहित अन्य कर्मचारियों ने पुष्पहार पहनाकर श्री औव्हाल का भावभीनी बिदाई दी।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान इंदौर में कौशल मेले सम्पन्न
इंदौर 31 मई, 2017
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान इंदौर में मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना एवं कौशल्या योजना के अंतर्गत कौशल मेले का आयोजन गत दिनों किया गया। मेले में छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिये नि:शुल्क पंजीयन की सुविधा रखी गयी थी। 
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री राजेश कपिल ने बताया कि मेले में 412 छात्र-छात्राओं का पंजीयन कौशल्या योजना के अंतर्गत किया गया। मेले में जागरुकता के लिये नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इस नुक्कड़ नाटक  के माध्यम से श्री शिरीष शेकटकर, श्री जी.एस.शाजापुरकर, श्री गोपाल दीक्षित, श्री सतीश मण्डलोई आदि ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। बताया गया कि रोजगार की पढ़ाई चलें आईटीआई अभियान के अंतर्गत चल रहे ग्रीष्मकालनी प्रशिक्षण सत्र की अवधि 30 जून तक के लिये बढ़ा दी गयी है। यह कार्यक्रम संयुक्त संचालक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श्री डी.एस.ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्री सुबोध शुक्ला ने किया तथा अंत में उप प्राचार्य श्री डी.सी.जोशी ने आभार माना।

 
विधिक साक्षरता मोटर बाइक यात्रा 5 जून से
इंदौर 31 मई,2017
न्यायमूर्ति श्री एस.के.सेठ, न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं कार्यपालन अध्यक्ष, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में 5 जून, 2017 से 27 जून, 2017 तक वृहद जन-जागरूकता एवं विधिक साक्षरता मोटर बाइक यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
उक्त मोटर बाइक यात्रा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ, इंदौर से 5 जून को सुबह साढ़े 10 बजे प्रारंभ होकर खरगोन के लिये रवाना होगी एवं 36 जिलों में होती हुई अंत में देवास जिले में पूर्ण होगी। उक्त्त मोटर बाइक यात्रा दल में इंदौर, देवास, धार व राजकोट (गुजरात) के सदस्य भाग ले रहे है।
उक्त यात्रादल का उद्देश्य राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं से आम जनता को विधिक रूप से जागरूक करना एवं विधिक साक्षरता का प्रचार-प्रसार किया जाना है इस हेतु यात्रा दल द्वारा यात्रा के दौरान विभिन्न रोचक प्रस्तुतियों एवं पैम्पलेट्स व प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण साक्षरता आयोजित कर किया जायेगा, जिसमें शासन के विभिन्न विभागों का उनके द्वारा संचालित योजनाओं व अन्य संबंधित सूचनाओं के साथ सहयोग अपेक्षित रहेगा।

पेट्रोल पंप के 100 मीटर की परिधि में 
मैरिज गार्डन में आतिशबाजी प्रतिबंधित
इंदौर 31 मई, 2017
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री पी.नरहरि ने सार्वजनिक हित में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा-144 के तहत इंदौर जिले में पेट्रोल पंप के 100 मीटर परिधि में आने वाले मांगलिक भवनों/मैरेज गार्डन में आतिशबाजी को प्रतिबंधित कर दिया है।
यह आदेश जनसामान्य की सुरक्षा से जुड़ा है। भविष्य में लोक शांति भंग होने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुये जारी किया गया है। आतिशबाजी की चिंगारी से पेट्रोल पंप में भयानक हादसा हो सकता है। इंदौर जिले में कुछ मांगलिक भवन/मैरिज गार्डन पेट्रोल पंप से लगे हुये हैं। यह आदेश मात्र पेट्रोल पंप के 100 मीटर की परिधि में आने वाले मांगलिक भवनों/मैरिज गार्डनों पर ही लागू होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय दण्ड विधान की धारा-188 के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।