Tuesday, 15 May 2018

संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, इंदौर
समाचार
उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने लिए
कृषकों से ऑनलाइन पंजीयन कराने की अपील
इंदौर 15 मई 2018
                उप संचालक उद्यानिकी ने बताया कि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग म.प्र. भोपाल द्वारा जिलों में क्रियान्वित विभिन्न हितग्राही मूलक राज्य एवं केन्द्र पोषित अनुदान योजनाएं जैसे- फल, सब्जी, मसाला, औषधि एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार, यंत्रीकरण(छोटा ट्रेक्टर विथ रोटेक्टर, आलू प्याज लहसुन सीडड्रील एवं डिगर मल्व लेठंग मशीन, पावर ट्रीलर एवं विडर पावर स्प्रे पम्प एवं मिस्ट ब्लोअरवर्मीकम्पोस्ट निर्माण, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (ड्रिप एवं स्प्रिंकलर) प्लास्टिक लाइनिंग एवं केरेटस तथा संरक्षित खेती अंतर्गत पोली हाउस शेडनेट हाउस तथा प्लास्टिक मल्विंग, फसलोत्तर प्रबंधन इकाईयां जैसे- प्याज भण्डार गृह, कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, कोल्ड रूम, रायपनिंग चेम्बर, इन्श्ट्रीगेटेड  पैक हाउस , मार्केटिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापना, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन इत्यादि योजनाओं अंतर्गत ऑनलाइन भौतिक लक्ष्य जारी किये गये है, जिसमें योजना अंतर्गत इच्छुक कृषक बन्धु "प्रथम आओं प्रथम पाओं" के आधार पर ऑनलाइन पंजीयन आधार वेरीफिकेशन ekys द्वारा http:mpfsts.mp.gov.in पर कराकर अधिक से अधिक योजनाओं में पंजीयन कराकर अनुदान योजनाओं में लाभ प्राप्त कर सकते है। अधिक जानकारी के लिये विकासखण्ड स्तरीय अमले अथवा जिला कार्यालय पर संपर्क कर अथवा ddhindoremp@gmail.com पर मेल कर सकते है।

/सिंह/विजय
शासकीय पेंशनर्स एवं परिवार पेंशनर्स की पेंशन में होगी 2.57 गुना वृद्धि
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा पेंशनर्स बोर्ड गठित करने की घोषणा 
इंदौर 15 मई 2018
                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासकीय सेवा से एक जनवरी 2016 के पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स एवं परिवार पेंशनर्स की पेंशन में 2.57गुना की वृद्धि की जायेगी। इस वृद्धि का नगद लाभ तत्काल प्रभाव से देय होगा। श्री चौहान ने पेंशनर्स एवं परिवार पेंशनर्स को चिकित्सा सुविधा देने तथा उनकी अन्य समस्याओं के समाधान के लिये पेंशनर्स बोर्ड गठित करने की घोषणा की। श्री चौहान आज भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर पेंशनर्स संघ के प्रतिनिधि-मंडल को संबोधित कर रहे थे।
        श्री चौहान ने पेंशनर्स से आग्रह किया कि अपने अनुभवयोग्यता और ऊर्जा का उपयोग स्वच्छतापर्यावरण संरक्षणबेटी बचाओ अभियान तथा सामाजिक बुराइयों को दूर करने में करें। उन्होंने अपेक्षा की कि पेंशनर्स का रचनात्मक सहयोग सरकार को सदैव मिलता रहेगा। इस मौके पर वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया और अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.के. श्रीवास्तव उपस्थित थे।

/सिंह/विजय
मतदाता सूची अद्यतन करने के सख्त निर्देश
जिले में सीमांकन के एक भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिये-कलेक्टर श्री वरवड़े
इंदौर 15 मई 2018
         कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि राजस्व अधिकारीगण विशेष मुहिम चलाकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनायें। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में बूथ लेबल ऑफिसर के रिक्त पद एक सप्ताह में भर दिये जाये। सभी बूथ लेबल ऑफिसर को विशेष प्रशिक्षण दिया जाये। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स की ड्यूटी है कि वे मतदाता सूची का अद्यतन करायें। मृत व्यक्तियों और बाहर चले जाने वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटायें, नये मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ें, कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे।
    कलेक्टर श्री वरवड़े ने अधिकारियों से कहा कि वे जिलें में विशेष मुहिम चलाकर सीमांकन करें। जनसुनवाई में सीमांकन की कोई शिकायत नहीं आनी चाहिये। उन्होंने कहा कि सीमांकन और नामांतरण समयसीमा में होना चाहिये। उन्होंने कहा कि जिले में विशेष मुहिम चलाकर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया जाये। तहसीलदारों की ड्यूटी प्रोटोकॉल में न लगायी जाये। अवैध कॉलोनी को वैध करते समय शासन के नियमों का पालन करना चाहिये। जिले में विशेष मुहिम चलाकर पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किये जाये। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण समयसीमा में निराकृत किये जाये।
    बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री निधि निवेदिता, श्री कैलाश वानखेड़े, एसडीएम सुश्री आदिति गर्ग, श्री शाश्वत शर्मा, श्री राकेश शर्मा, श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव, श्री बिहारी सिंह, सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख मौजूद थे।

/सिंह/विजय
सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण के लिए लगेंगे केम्प
इंदौर 15 मई 2018
       सी.एम. हेल्पलाइन पर लंबित सभी शिकायतों के निराकरण हेतु जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर केम्प आयोजित होंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इंदौर ने जिले के सभी सीईओ जनपद पंचायत को उक्त आशय के निर्देश जारी किये है। सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि सी.एम. हेल्पलाइन पर लंबित समस्त शिकायतों के निराकरण हेतु 17 मई 2018 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर केम्प आयोजित किये जाएंगे। निर्देश दिये गये है कि इन केम्प के माध्यम से 300 दिवस से अधिक लंबित तथा शेष शिकायतों का अनिवार्यत: निराकरण किया जाये। प्रयास किये जाय कि अधिकतम शिकायतों का निराकरण 181 में माध्यम से किया जाये। केम्प आयोजन का सिलसिला शुरू हो गया है।

/महिपाल/विजय
पेयजल आपूर्ति सुगम बनाये रखने के लिए 55 निजी नलकूप अधिग्रहित
इंदौर 15 मई 2018
       इंदौर शहर में पेयजल आपूर्ति सुगम बनाये रखने के दृष्टि से जिला प्रशासन ने 55 निजी नलकूप अधिग्रहित करने के आदेश जारी किये है। इस संबंध में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने मध्यप्रदेश जल परिरक्षण अधिनियम के तहत आदेश जारी किये है।
      जारी आदेशानुसार उक्त सभी नलकूप/हाईड्रेट आगामी 3 माह के लिए अधिग्रहित किये गये है। उक्त नलकूप/हाईड्रेट का प्रभार कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी संधारण खण्ड क्रमांक 2 मूसाखेड़ी इंदौर को तत्काल प्रभाव से सौंपे जाने के निर्देश दिये गये है। उक्त जल स्त्रोत का कब्जा रखने वाले प्राधिकृत अधिकारी द्वारा घरेलु उपयोग हेतु जल की पर्याप्त मात्रा में पूर्ति नगर निगम सीमा क्षेत्र के नागरिकों को करायी जायेगी। अधिग्रहण अवधि में जल प्रदाय से संबंधित मशीनरी के प्रचलन और संधारण का सभी खर्चा नगर निगम द्वारा वहन किया जायेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने पर 2 वर्ष का कारावास या 2 हजार रूपये का जुर्माना अथवा दोनों से दंडनीय होगा।

/महिपाल/विजय
प्रति सप्ताह होगा मंदबुद्धि बच्चों का आय.क्यू टेस्ट
इंदौर 15 मई 2018
       जिला चिकित्सालय में प्रति सप्ताह बुधवार को मंदबुद्धि दिव्यांगजनों का नि:शक्तता प्रमाण-पत्र के लिए आय.क्यू टेस्ट किया जायेगा।
      संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग इंदौर ने बताया कि जिले में भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा संचालित जिला नि:शक्त पुनर्वास केन्द्र के अंतर्गत क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई है। सुश्री निती डेनिरयल क्लीनिकल सॉइकोलॉजिस्ट के रूप में मुदबुद्धि बच्चों की बुद्धि का परीक्षण प्रति बुधवार को आयोजित मेडिकल बोर्ड में उपस्थित रहकर करेगी। इन्हें आय.क्यू के परीक्षण हेतु डीईआईसी से किट/सामग्री उपलब्ध करवाया जायेगा। बुधवार को आने वाले सभी मंदबुद्धि बच्चों को आय.क्यू टेस्ट के साथ-साथ मेडिकल बोर्ड द्वारा नि:शक्तता प्रमाण-पत्र बनाकर दिया जायेगा। विदित हो कि दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड प्रदाय किया जायेगा।

/महिपाल/विजय
18 मई को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाया जायेगा
इंदौर सहित प्रदेश के 15 जगहों पर लगेंगी छायाचित्र प्रदर्शनी
इंदौर 15 मई 2018
    पुरातत्व विभाग द्वारा 18 मई को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाया जायेगा। इस दिन प्रदेश के 15 जगहों पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। भोपाल के राज्य संग्रहालय में 'विश्व के प्रमुख संग्रहालय'' विषय पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
    आयुक्त पुरातत्व श्री अनुपम राजन ने बताया है कि रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर में 'शिवलिंगम', तुलसी संग्रहालय रामवन (सतना) में 'राग-रागिनी',केन्द्रीय संग्रहालय इंदौर में 'शिवपुत्र कार्तिकेय', त्रिवेणी संग्रहालय उज्जैन में 'शिवपुत्र गणेश कार्तिकेय', महाराजा छत्रसाल संग्रहालय धुवेला (पन्ना) में 'महाकाल के अद्भुत श्रृंगार', गूजरी महल संग्रहालय ग्वालियर में 'भारतीय चित्रकला में रामकथा', जिला पुरातत्व संग्रहालय व्यंकट भवन रीवा में 'मध्यप्रदेश की छत्रियाँयशोवर्मन पुरातत्व संग्रहालय मंदसौर में 'भीम बैटिका के शैलचित्र', पुरातत्व संग्रहालय दमयंती महल दमोह में 'गौरी पुत्र गणेशजिला पुरातत्व संग्रहालय पन्ना में 'कांस्य प्रतिमाओं में शैव प्रतिमाएँ', पुरातत्व संग्रहालय कसरावद (खरगौन) में 'देवी पार्वती', जिला पुरातत्व संग्रहालय भिण्ड में 'मध्यप्रदेश की कोठियाँ', देवी अहिल्याबाई होलकर संग्रहालय महेश्वर (खरगौन) में 'शिल्पकला में नायिकाएँऔर जिला पुरातत्व संग्रहालय विदिशा में 'मध्यप्रदेश के जैन स्मारकविषय पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

/सिंह/जी
श्रमोदय आवासीय विद्यालय की 20 मई को प्रवेश परीक्षा
 इंदौर 15 मई 2018
            प्रदेश के पण्डित दीनदयाल उपाध्याय श्रमोदय आवासीय विद्यालय की कक्षा-6, 7, 8, 9 और 11वीं में प्रवेश के लिये 20 मईरविवार को प्रात: बजे से दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जा रही है। मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्डभोपाल द्वारा आयोजित यह परीक्षा सभी जिला-स्तरीय परीक्षा केन्द्रों पर होगी। परीक्षा में करीब 18 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
        परीक्षा में शामिल होने के लिये परीक्षार्थी www.shramodayvidyalay.mp.gov.in  और  www.mpsos.nic.in से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस संबंध में अन्य जानकारी कार्यालय के फोन नम्बर-0755-2671066 और 2552106 से भी प्राप्त की जा सकती है।

/सिंह/जी
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज
इंदौर 15 मई,2018
    इंदौर जिले में गठित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 16 मई दोपहर साढ़े 3 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े करेंगे। बैठक में इंदौर में यातायात को सुगम बनाये रखने के संबंध में विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की जायेगी।

/सिंह/जी
एक दिवसीय रोजगार मेला आज
इंदौर 15 मई 2018
      नेशनल कैरियर सर्विस भारत सरकार के मॉडल कैरियर सेन्टर द्वारा जिला रोजगार कार्यालय में 18 से 23 वर्ष के आईटीआई आवेदकों के लिए प्रसिद्ध कंपनी सुजुकी मोटर्स द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, 10 पोलोग्राउण्ड परिसर में आज 16 मई 2018 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है। उक्त मेले में केवल 2014, 2015, 2016 एवं 2017 में उत्तीर्ण आई.टी.आई. आवेदक ही भाग लेकर योग्यता अनुसार रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
      रोजगार प्रदान कराने हेतु कम्पनियों के प्रतिनिधि नियमों अनुसार आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक रूप से चयनित करेंगे। रोजगार मेले में सम्मिलित होने वाले आवेदक अपनी समस्त शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्रों के साथ बायोडेटा की प्रतियां एवं अन्य प्रमाण-पत्र जैसे- आधार कार्ड आदि की फोटोकॉपी प्रतियां भी आवश्यक रूप से साथ लायें।

/सिंह/जी
विशिष्ट विद्यालयों में प्रवेश के परीक्षा परिणाम ऑनलाइन घोषित
 इंदौर 15 मई 2018
      जनजातीय कार्य विभाग के विशिष्ट विद्यालयों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश के लिये आयोजित परीक्षा के परिणाम ऑनलाइन घोषित किये जा चुके हैं। परीक्षा में शामिल विद्यार्थी अपने प्राप्तांक‍ वेबसाइट https://www.mponline.gov.in पर देख सकते हैं।
    विद्यार्थियों की अंतिम चयन सूची जारी करने के लिये सभी विद्यार्थियों की 5वीं और 8वीं के प्राप्तांक प्रतिशत की प्रविष्टि की जाना है। प्रत्येक अभ्यर्थी अपना पूर्व कक्षा का 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क पर जाकर दर्ज करें।

/सिंह/जी
खेल संघों की मान्यता नवीनीकरण हेतु आवेदन 30 जून तक
इंदौर 15 मई 2018
         राज्य स्तरीय खेल संघ के रूप मे मान्यता प्राप्त करने एवं पूर्व से प्राप्त मान्यता के नवीनीकरण हेतु आवेदन 30 जून तक खेल संचालनालय अथवा जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय मे जमा करें। आवेदन के साथ संघ के वर्ष 2017-18 का अधिकृत चाटर्ड एकांउटेंट द्वारा लेखा विवरण व बैलेन्स आयकर रिटर्न वर्ष में आयोजित संघ की बैठक का कार्यवाही विवरणवर्तमान निर्वाचित पदाधिकारी के नामपद व पताकार्यकाल अवधिसंबंधित राष्ट्रीय महासंघ से संबद्धता प्रमाण पत्रवर्षवार आयोजित गतिविधियों से संबंधित सचिव का प्रतिवेदनप्रतियोगिता का पूर्ण विवरण जैसे स्थानअवधिखिलाड़ियों की संख्यापरिणाम आयव्ययपत्रक न्यूज पेपर कटिंग्सफोटोग्राफ्सरजिस्ट्रार फार्म एवं सोसायटी के एक्ट 1973 की जानकारी प्रस्तुत करें।

/सिंह/जी

असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मिलेगा मुख्य रूप से 10 योजनाओं का लाभ
श्रम विभाग ने जारी किया परिपत्र
पंजीयत श्रमिकों के सत्यापन का कार्य तेजी से जारी
इंदौर 15 मई 2018
      राज्य शासन के महत्वाकांक्षी के अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में साढ़े 5 लाख से अधिक श्रमिकों का पंजीयन किया गया हैं। इन पंजीयत श्रमिकों के सत्यापन का कार्य तेजी से जारी हैं। सत्यापन के पश्चात श्रमिकों को पंजीयन प्रमाण पत्र दिये जायेगें। इसके आधार पर उन्हें 10 महत्वपूर्ण योजनाओं का सीधा-सीधा लाभ मिलेगा। पंजीयत श्रमिकों को दुर्घटना के समय अपंगता होने, मृत्यु होने पर सहायता राशि दी जायेगी। उनके बच्चों को पहली कक्षा से लेकर पी.एच.डी. तक फीस दी जायेगी। 200 रूपये के फ्लेट मासिक दर पर बिजली दी जायेगी। स्वरोजगार के लिए लोन दिया जायेगा। बीमार होने पर उनका नि:शुल्क इलाज भी कराया जायेगा।
    इस संबंध में राज्य शासन के श्रम विभाग द्वारा परिपत्र भी जारी कर दिया गया हैं। जारी परिपत्रानुसार सभी संभागायुक्त को कलेक्टर व अन्य संबंधित अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियांवयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। परिपत्र में निर्देश दिये गये है कि पंजीयत श्रमिकों के सत्यापन का कार्य शीघ्र पूरा कर लें। तत्पश्चात 30 मई तक विभिन्न योजना अंतर्गत हित-लाभ के जितने भी आवेदन पत्र प्राप्त होगें, उनमें 5 जून तक स्वीकृतियां जारी कर दें। इसके पश्चात इन्हें 13 जून को जनपद मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में हित-लाभ वितरित किये जाये। मुख्यमंत्री मजदूर कल्याण अंत्येष्ठी सहायता योजना के अंतर्गत सहायता देने के लिए 13 जून का इंतजार नहीं किया जाये। पंजीयत श्रमिक की मृत्यु होने पर अंत्येष्ठी के लिए परिजनों को तुरंत सहायता राशि दी जाये।
    श्रम विभाग द्वारा परिपत्र अनुसार पंजीयत महिला श्रमिकों को गर्भावस्था के अंतिम तिमाही में चार प्रसव पूर्व जांच कराने पर 4 हजार रूपये तथा प्रसव होने पर 12 हजार रूपये की सहायता दी जायेगी। इसी तरह असंगठित श्रमिक की मृत्यु होने पर मृतक के परिजन को अंत्येष्ठी हेतु संबंधित निकाय द्वारा 5 हजार रूपये की नगद सहायता राशि दी जायेगी। श्रमिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को 4 लाख्‍ रूपये दिये जायेगे। सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये मिलेगें। दुर्घटना में स्थाई अपंगता होने पर 2 लाख रूपये तथा आंशिक अस्थाई अपंगता होने पर 1 लाख रूपये मिलेगें। पंजीयत श्रमिकों के बच्चों को पहली कक्षा से लेकर पी.एच.डी. तक शैक्षणिक शुल्क से छूट रहेगी। व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तथा यू.पी.एस.सी., पी.एस.सी. आदि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जायेगी। बीमार होने पर असंगठित श्रमिकों एवं उनके परिजनों का नि:शुल्क इलाज भी कराया जायेगा। श्रमिकों को स्वरोजगार के लिए ऋृण व सबसीडी भी दी जायेगी। श्रमिकों की आय में वृद्धी के लिए प्रशिक्षण भी दिलाया जायेगा। ई-रिक्सा एवं हाथ ठेला चलाने वालों को ई-लोडर हेतु अनुदान दिया जायेगा। इसके अलावा पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को 200 रूपये मासिक फ्लेट रेट पर बिजली कनेक्शन देने का प्रावधान किया गया हैं। उपरोक्त योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क किया जा सकता हैं।
/महिपाल/जी