Thursday, 25 May 2017

आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित
इंदौर 25 मई, 2017
पुलिस उप महानिरीक्षक इंदौर रेज ग्रामीण श्री आर.पी.सिंह ने लंबे समय से फरार आरोपी तमीम उर्फ तम्मू पिता सलीम निवासी बंजारी थाना किशनगंज की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु जो कोई भी व्यक्ति या पुलिस अधिकारी या कर्मचारी आरोपी को गिरफ्तार करेगा या गिरफ्तारी हेतु सूचना देगा या इससे संबंधित ऐसी कोई सूचना देगा, जिससे उक्त व्यक्ति की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके, उसे 20 हजार रुपये के इनाम की राशि से पुरस्कृत किया जायेगा। यदि सूचनाकर्ता चाहेगा तो उसका नाम गोपनीय रखा जायेगा। एक से अधिक सूचनाकर्ता या पुलिसकर्मी होने पर पुरस्कार के वितरण के संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक इंदौर रेंज ग्रामीण का निर्णय अंतिम होगा।
क्रमांक /सिंह/कपूर



हाईकोर्ट  की इंदौर खण्डपीठ में लोक अदालत 8 जुलाई को
इंदौर, 25 मई 2017
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री पी.के. जायसवाल के निर्देशन में म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में 8 जुलाई 2017 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में किया जा रहा है। इससे जनता को सस्ता-शीघ्र-सुलभ न्याय मिलेगा।
पिं्रसिपल रजिस्ट्रार उच्च न्यायालय विधिक सेवा श्री देवेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, परक्राम्य अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत प्रकरण, बैंक रिकव्हरी संबंधी मामले, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरण, वैवाहिक प्रकरण, श्रम विवाद प्रकरण, भूमि अधिग्रहण के प्रकरण, विद्युत एवं जल कर बिल संबंधी प्रकरण, सेवा मामले जो सेवानिवृत्त संबंधी लाभों से संबंधित है, राजस्व प्रकरण, दीवानी मामले तथा अन्य समस्त प्रकरण के राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जायेगा।
पिं्रसिपल रजिस्ट्रार द्वारा समस्त पक्षकारों एवं अधिवक्तागण से अनुरोध किया गया है कि उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से सुलह एवं समझौते के आधार पर निराकृत कराने हेतु मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर में पिं्रसिपल रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार, संबंधित सेक्शन एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति इंदौर में संपर्क कर सकते हैं एवं अपने प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में रखने हेतु आवेदन अथवा सूचना दे सकते हैं। लोक अदालत के द्वारा निराकृत किये गये प्रकरणों में पक्षकारों के द्वारा भुगतान की गई कोर्ट फीस का शासन द्वारा वापिस किये जाने का प्रावधान है। लोक अदालत में किये फैसले के विरूद्ध किसी भी वरिष्ठ न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। लोक अदालत में समझौते के तहत प्रकरणों का निराकरण किया जाता है, जिससे दोनों पक्षों की जीत होती है।
क्रमांक /सिंह/कपूर



रेत खनन के संबंध में कैवियट दायर
इंदौर 25 मई, 2017
मध्यप्रदेश शासन द्वारा पर्यावरण के परिरक्षण, बाढ़ के नियंत्रण, प्रदूषण के निवारण के हित में और लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये व्यापक जनहित में नर्मदा नदी से रेत उत्खनन का कार्य तत्काल रोकने का निर्णय लिया गया है और इस हेतु मध्यप्रदेश शसन खनिज साधन विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा 22 मई, 2017 को आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों तथा इन आदेशों पर अवलंबित संबंधित जिलों के कलेक्टरों द्वारा रेत उत्खनन को रोकने हेतु आदेश जारी किए जा सकते हैं, जिनकी सुनवाई के पूर्व केविएटकर्ता को भी सुना जाये। इस उद्देश्य से उच्च न्यायालय के समक्ष मध्यप्रदेश शासन की ओर से केविएट याचिका प्रस्तुत कर दी गयी है।
क्रमांक /सिंह/कपूर

उत्तरकाशी बस दुर्घटना --
एयर इंडिया का विशेष विमान मृतकों के शव लेकर पहुंचा इंदौर
-----
5 घायलों को भी लाया गया विशेष विमान से
------
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने इंदौर विमानतल पहुंचकर
 मृतकों को दी श्रद्धांजलि
----
घायलों से पूछा हालचाल, प्रशासन को दिये बेहतर व
शासकीय खर्च पर उपचार के निर्देश
-----
मृतकों के शवों को शव वाहनों से उनके पैतृक गांव रवाना किया गया
इंदौर 25 मई, 2017
गुरूवार 25 मई को उत्तरकाशी बस दुघर्टना के मृतकों व घायलों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान दोपहर बाद लगभग तीन बजे इंदौर विमानतल पहुंचा। यहां से मृतकों की पार्थिव देह को शव वाहनों के माध्यम से उनके पैतृक गांव के लिये रवाना किया गया, वहीं घायलों को उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया गया। भोपाल से हेलिकाप्टर द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान भी इंदौर विमानतल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों के हालचाल पूछे तथा जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार का पूरा खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने विमानतल पर मृतकों को श्रद्धांजलि दी तथा परमपिता परमात्मा से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिये तथा मृतकों के परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। श्री चौहान ने विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा में बताया कि उत्तराखंड में तीर्थ यात्रा पर गये 22 तीर्थ यात्रियों ने रूद्रप्रयाग के पास बस दुर्घटना में अपने प्राण गवां दिये। दो व्यक्ति अभी भी लापता हैं तथा 6 अन्य घायल हैं। 6 घायलों में से 5 घायलों को विशेष विमान से लाया गया है। घायलों के उपचार पर होने वाला पूरा खर्च प्रदेश की सरकार द्वारा वहन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति गंभीर होने से उसका इलाज वहीं पर हो रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि मृतक 22 लोगों में से 15 इंदौर जिले के तथा 7 धार जिले के हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही बस दुर्घटना की जानकारी मिली, वैसे ही दुर्घटना में पीड़ितों की मदद के लिये उनके द्वारा भरपूर प्रयास किये गये। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्रीजी से भी चर्चा कर पीड़ितों की मदद के लिये आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि बस दुर्घटना में मृतकों को तो हम बचा नहीं पाये, लेकिन हमने यह प्रयास किया कि उनकी पार्थिव देह जल्दी से जल्दी परिजनों तक पहुंच जाये, ताकि परिजन उन्हें ठीक तरह से देख लें व समय पर अंतिम संस्कार कर सकें। इसी को दृष्टिगत रखते हुये एयर इंडिया के विशेष विमान से मृतकों व घायलों को लाने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने पत्रकारों से चर्चा में यह भी बताया कि नीमच जिले में ट्रेक्टर ट्रॉली दुर्घटना मेंे 9 व्यक्तियों की मृत्यु होने की जानकारी अभी-अभी मिली है। इन मृतकों के लिये भी उनके परिजनों को दो-दो लाख रूपये सहायता प्रदान की जायेगी। साथ ही जो घायल हुये हैं उन्हें 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता देने के लिये निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में  भी घायलों का उपचार शासकीय खर्चे पर किया जायेगा। इस अवसर पर विमानतल पर धार-महू संसदीय क्षेत्र के सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर, इंदौर जिले के विधायकगण श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री रमेश मैंदोला, श्री सुदर्शन गुप्ता, सुश्री उषा ठाकुर, श्री मनोज पटेल,धार जिले के धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कालू सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अजय शर्मा, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा व अन्य अधिकारीगण तथा जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
भदौरिया/कपूर