Monday, 6 February 2017


समयावधि पत्र समीक्षा बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा ने दिये निर्देश
-----
मुख्यमंत्री समाधान ऑनलाइन के 100 से अधिक प्रकरणों वाले 
विभागों के लिपिक/बाबूओं की बैठक लेंगे
इंदौर 6 फरवरी, 2017
प्रभारी कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा ने समयावधि पत्र समीक्षा बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिये है कि मुख्यमंत्री समाधान ऑनलाइन में 100 से अधिक प्रकरण चारों लेबल पर लंबित है उन सभी विभागों के लिपिक/बाबू जो इसको देखते हैं सभी को बुधवार 4 बजे समक्ष पेश होने के निर्देश दिये हैं।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा है कि अधिकारी 18 घण्टे काम कर रहे हैं। विभागीय कार्यों के साथ प्रोटोकाल और अन्य काम भी लगातार कर रहे हैं और बाबू/लिपिक कम्प्युटर का डाटा निकालकर अधिकारियों के समक्ष भी नहीं रख पाते हैं। इन सब संबंधित शाखा के बाबू/लिपिक को समक्ष बुलाकर कार्यशैली की जानकारी ली जायेगी।
समीक्षा बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने बताया कि 8 फरवरी को नगरोदय अभियान के कार्यक्रम के साथ अन्त्योदय मेले का भी आयोजन दशहरा मैदान में किया जा रहा है। सभी विभाग वहां अपने स्टॉल लगायेंगे। प्रभारी कलेक्टर ने टी.एल. बैठक में कहा कि सभी ने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन  बेहतर कार्य किया है। मोतियाबिंद के 7 हजार 200 से अधिक सफलतापूर्वक ऑपरेशन किये गये हैं। बाल हदय उपचार योजना और कटे-फटे होठों वाले बच्चों को चिन्हित कर उनके ऑपरेशन कराये गये हैं। सभी अधिकारी जन शिकायत, मुख्यमंत्री समाधान ऑन लाइन, प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतें, टी.एल. के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निपटायें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया, एसडीएम और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
राठौर/कपूर
मीडियेशन रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
इंदौर 6 फरवरी, 2017
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं श्री भूपेन्द्र कुमार निगम, जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित मीडियेटर्स के लिये 20 घण्टे के मीडियेशन रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 4 से 6 फरवरी,2017 तक होटल प्रेसीडेंट में किया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनर/पर्यवेक्षक के रूप में श्री एल.के.गिरि, झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रॉची एवं डॉ.मुहम्मद शमीम, अध्यक्ष मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव ट्रिव्यूनल भोपाल, श्रीमती आरती शर्मा अधिवक्ता/सामाजिक कार्यकर्ता/मीडियेटर/ट्रेनर व श्री दीपक त्रिपाठी अतिरिक्त जिला न्यायाधीश बालाघाट द्वारा ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदाय किया गया, जिसमें जिला न्यायाधीश श्री सुरेन्द्र कुमार तुरकर, श्री प्रेमचंद शर्मा, एस.के.पी. कुलकर्णी एवं आर.एन.चौधरी एवं अतिरिक्त जिला न्यायाधीशगण राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, महेश कुमार शर्मा, श्री राजीव आपटे, श्री दिनेश चंद थपिलियाल, श्री हितेन्द्र कुमार मिश्रा, रवीन्द्र सिंह कुशवाह, श्री कमर इकबाल खान, श्री प्रकाश चंद्रा, श्री विनोद कुमार, श्री वी.पी. पाण्डेय, श्री ए.के.गर्ग, श्री आर.बी. गुप्ता, श्री रामेश्वर कोठे एवं अन्य अधिवक्ता सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला प्राधिकरण के सचिव श्री अमित रंजन समाधिया द्वारा बताया कि इंदौर में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिये मीडियेशन रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सिंह/कपूर
किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके खातों में होगा
इन्दौर, 6 फरवरी 2017 
मण्डी बोर्ड भोपाल द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इन्दौर जिले की कृषि उपज मण्डियों में किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जायेगा। इस संबंध में इन्दौर कृषि उपज मण्डी ने भी अपने स्तर पर आवश्यक निर्णय ले लिया है। 
कृषि उपज मण्डी समिति इन्दौर के सचिव श्री बी.बी.एस. तोमर ने बताया कि लिये गये निर्णय अनुसार मण्डी प्रांगणों में विक्रय की जाने वाली अपनी कृषि उपज का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से प्राप्त करने के लिये किसानों को अपने बैंक खाते की पासबुक, जिसमें खाता क्रमांक, बैंक का नाम एवं आईएफएससी कोड अंकित हो, की छायाप्रति साथ लाना होगी। जनधन खाते एवं छात्रवृत्ति के खाते मान्य नहीं किये जायेंगे। अपना मोबाइल नंबर का स्पष्ट उल्लेख भी करना होगा। मण्डी समिति द्वारा किसानों की सुविधा के लिये पैम्पलेट छपवाये गये हैं जो मण्डी गेट या नाकों पर उपलब्ध हैं। 
सिंह/कपूर

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का पंजीयन शुरू
----
पंजीयन का कार्य 14 फरवरी तक चलेगा
इन्दौर, 6 फरवरी 2017 
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां पूरी हो गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर शुरू हो गया है। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना है। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना है। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना है। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही हो रहा है।
सिंह/कपूर

नगरोदय अभियान-इंदौर में राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता रहेंगे मुख्य अतिथि



जिला-स्तरीय कार्यक्रम के लिये मंत्रियो को  जिला आवंटित


इंदौर छह फरवरी, 2017
नगरोदय अभियान के द्वितीय चरण में 8 फरवरी को  जिला मुख्यालयो  पर होने वाले कार्यक्रम में राज्य शासन के मंत्री, राज्य मंत्री और  विधानसभा अध्यक्ष मुख्य अतिथि होंगे । इसके लिये राज्य शासन ने अतिथियो को  जिला आवंटित किया है। कार्यक्रम में चिन्हित किये गये हितग्राहियो को  हित-लाभ वितरण एवं विकास कार्यो  का लोकार्पण और  शिलान्यास किया जायेगा। इंदौर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे।
इसी तरह इंदौर संभाग के बुरहानपुर में मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस, खण्डवा में श्री विजय शाह, बडवानी में श्री अंतरसिंह आर्य मुख्य अतिथि रहेंगे। इसी प्रकार मंत्री श्री जयंत मलैया दमोह , श्री गोपाल  भार्गव सागर, डाॅ. गौरीशंकर  शेजवार रायसेन, डाॅ. नरोत्तम  मिश्र दतिया, श्री ओमप्रकाश धुर्वे डिंडोरी , श्री गौरीशंकर  बिसेन नरसिंहपुर, श्री रुस्तम सिंह मुरैना, सुश्री कुसुम महदेले पन्ना, श्री पारस जैन उज्जैन, श्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा, श्री रामपाल सिंह सीहोर , श्री ज्ञान सिंह शहडोल , श्रीमती माया सिंह शिवपुरी और  श्री जयभान सिंह पवैया ग्वालियर के जिला-स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे ।
राज्य मंत्री श्री दीपक ज¨शी देवास, श्री लाल सिंह आर्य भिण्ड, श्री शरद जैन छिन्दवाड़ा, श्री सुरेन्द्र पटवा नीमच, श्री संजय-सत्येन्द्र पाठक कटनी, श्रीमती ललिता यादव छतरपुर, श्री विश्वास सारंग भोपाल और श्री सूर्यप्रकाश मीणा विदिशा के जिला-स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. सीतासरन शर्मा होंशगाबाद  और  शेष जिलो  में जिला कलेक्टर स्थानीय सांसद, विधायक और  निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों  के माध्यम से कार्यक्रम करवायेंगे।
महिपाल@कपूर