Sunday, 8 January 2017

रोजगार मेला 11 जनवरी को

रोजगार मेला 11 जनवरी को
इंदौर, 8 जनवरी,2017/
    कलेक्टर श्री पी.नरहरि के निर्देशानुसार आगामी 11 जनवरी को प्रात: 11.30 बजे से हाट बाजार (ढक्कनवाला कुंआ के पास) जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।  इस मेले में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के 25 हितग्राहियों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्री एस.के.श्रीमाली ने बताया कि हितग्राहियों को ऋण राशि अधिकतम 50 हजार रूपये पर 15 हजार रूपये अनुदान दिया जाएगा।  हितग्राही को मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए, न्यूनतम  5 वीं पास  होना चाहिए। सक्षम अधिकारी द्वारा जाति प्रमाण पत्र और जन्मतिथि प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा,  ऋण हेतु भूमि या भवन किराये पर हो तो किरायानामा प्रस्तुत करना अनिवार्य है,  मशीन या उपकरण या साज-सज्जा हेतु कोटेशन प्रस्तुत करना जरूरी है और हितग्राही की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। 
बीएनसिंह/श्रीकांत

सांसद निधि से तीन निर्माण कार्य स्वीकृत

सांसद निधि से तीन निर्माण कार्य स्वीकृत
इंदौर, 8 जनवरी,2017/
    सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत राज्यसभा सदस्य श्री थावरचंद गेहलोत की अनुशंसा पर कलेक्टर श्रीपी.नरहरि द्वारा आदर्श ग्राम पंचायत पोटलोद में आंतरिक सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण कृष्ण मंदिर से राजाराम नागपुरे के घर तक बनाने के लिये पांच लाख 14 हजार रूपये तथा आंतरिक सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण ग्राम पंचायत पोटलोद शंकर मंदिर से घासीराम के घर तक पांच लाख 98 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सांवेर को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। 
    इसी प्रकार कलेक्टर श्री नरहरि ने राज्यसभा सदस्य श्री अनिल माधव दवे की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत पोटलोद में आंतरिक सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण विष्णु सोनाने के घर से विक्रम मुकाती के घर तक के लिये 7 लाख 4 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सांवेर को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। स्वीकृति कार्य सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के अनुसार कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं तथा निर्माण कार्य केवल शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा।
बीएनसिंह/श्रीकांत

कलेक्टर ने दिये सिरपुर तालाब के आसपास सफाई करने के सख्त निर्देश

कलेक्टर ने दिये सिरपुर तालाब के आसपास सफाई करने के सख्त निर्देश
इंदौर, 8 जनवरी,2017/
    कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सिरपुर तालाब के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।  उन्होंने नगर निगम इंदौर और ग्राम पंचायत बांक के अधिकारियों को साफ-सफाई करने के लिये निर्देशित किया है। उन्होंने इस अभियान को चलाने  के लिए एसडीएम राऊ सुश्री नेहा मीणा की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है, जिसमें उपायुक्त नगर निगम श्री नरेन्द्र शर्मा, झोनल अधिकारी नगर निगम झोन क्रमांक 16, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत इंदौर, परियोजना अधिकारी आईसीडीएस इंदौर, ड्रिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट होम गार्ड इंदौर, झोनल मेडिकल आफीसर मल्हारगंज इंदौर,  सचिव ग्रामपंचायत बांक को टीम में शामिल कर सात दिन में पालन प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश दिये गये हैं।
बीएनसिंह/श्रीकांत

लाल-पीली बत्ती बेचने पर होगी कानूनी कार्यवाही

लाल-पीली बत्ती बेचने पर होगी कानूनी कार्यवाही
इंदौर, 08 जनवरी,2017/
    जिला प्रशासन को ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि कार डेकोरेटर्स बिना आरटीओ कार्यालय की अनुमति के वाहनों पर लगने वाली लाल, पीली, नीली बत्ती का विक्रय कर रहे हैं, जो कि नियमानुसार गलत है।  इसी प्रकार इनके द्वारा प्रेशर हॉर्न, हूटर एवं वाहनों के ग्लास पर फिल्म लगा रहे हैं, जो कि मोटर अधिनियम के अनुसार प्रतिबंधित है।
    क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री एम.पी.सिंह के निर्देशानुसार बिना अनुमति के लाल, पीली, नीली बत्ती का विक्रय न करें और न ही वाहनों में प्रतिबंधित फिल्म, प्रेशन हॉर्न एवं हूटर लगायें।  यदि आकस्मिक निरीक्षण में एवं शिकायत पायी जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाये।
बीएनसिंह/श्रीकांत

महिला एवं बाल विकास विभाग के 26 अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी

महिला एवं बाल विकास विभाग के 26 अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी
इंदौर 8 जनवरी, 2017
    आंगनवाड़ी केन्द्रों का शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य अनुसार भ्रमण नहीं करने के कारण 06 जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं 20 बाल विकास परियोजना अधिकारियों को कमिश्नर श्री संजय दुबे द्वारा कारण बताओ सूचना-पत्र जारी कियागया है।
    जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रतिमाह 25 आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करना होता है तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी को प्रतिमाह 18 आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण अनिवार्यत: करना होता है।
    संभागीय संयुक्त संचालक एकीकृत बाल विकास सेवा इंदौर संभाग श्री राजेश मेहरा द्वारा बताया गया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा परियोजना अधिकारियों द्वारा किये गये आंगनवाड़ी केन्द्रों के भ्रमण की जांच की गयी,जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों के द्वारा निर्धारित भ्रमण करना नहीं पाया गया।
    इन अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के लिये प्रस्ताव कमिश्नर इंदौर संभाग को प्रेषित किये गये थे। कमिश्नर श्री संजय दुबे द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री नीलू भट्ट धार, श्री रणजीत सिंह जमरा-झाबुआ, श्रीमती निशी सिंह-अलिराजपुर, श्री राजेश गुप्ता-खण्डवा एवं श्रीमती रत्ना शर्मा-बड़वानी तथा परियोजना अधिकारी श्रीमती सरोज ठाकुर-धार शहरी, सुश्री अंगूरबाला भूरिया-धरमपुरी, श्रीमती शैलिना मिंज-गंधवानी, सुश्री भूमिका पाण्डेय-इंदौ ग्रामीण क्रमांक-2, श्रीमती अर्चना त्रिपाठी-इंदौर ग्रामीण क्रमांक 01, शकुन्तला बामने-हरसूद, परवीन बाली-पंधाना, श्रीमती रूक्मिणि खान-खण्डवा शहरी, श्रीमती योजना जिन्सीवाले-बलड़ी, श्रीमती जयबाला भालेवाडीकर-पेटलावद, श्रीमती वर्षा चौहान-मेघनगर, संतु चौहान-रामा, श्री मुकेश भूरिया-भाभरा, श्वेता तोमर-कट्ठीवाड़ा, श्री धन्नालाल दांगी-सेंधवा-2, श्री हेमंत आर्य-बड़वानी, श्रीमती आशा राय -पाटी, श्रीमती धनु मुकेश-महेश्वर, सुश्री शिवकन्या सोलंकी-भगवानपुरा, कविता चौहान-खरगोन शहरी को ""कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किया गया है।
    संभागीय संयुक्त संचालक श्री राजेश मेहरा द्वारा बताया कि अधिकारियों के आंगनवाड़ी केन्द्र भ्रमण नहीं करने से आंगनवाड़ी केन्द्रों का संचालन प्रभावित हो रहा है तथा हितग्राहियों को उनके हितलाभ प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं। उक्त स्थिति की पुनरावृत्ति पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकी जायेगी।
महिपाल/कपूर