स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आज
इंदौर 14 सितम्बर, 2017
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर शुरू किये गये स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आज 15 सितम्बर को दोपहर 2 बजे तिल्लोर खुर्द में आयोजित किया जायेगा। इस अभियान के अंतर्गत एक महिने तक जिले में स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे और विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान के अंतर्गत 15 सितम्बर को दोपहर तीन बजे स्वच्छता संबंधी शपथ भी दिलायी जायेगी।
महिपाल/कपूर
प्रशासनिक अधिकरियों के लिंक अधिकारी नियुक्त
कलेक्टर ने जारी किये आदेश
इंदौर 14 सितंबर, 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ प्रशासनिक अधिकारियों से संबंधित लिंक अधिकारियों के पूर्व में जारी आदेश को अधिक्रमित करते हुए नये सिरे से लिंक अधिकारी नियुक्त किये हैं। अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा की प्रथम लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान व द्वितीय लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर (विकास) श्रीमती कीर्ति खुरसिया को बनाया गया हैं।
इसी तरह अपर कलेक्टर श्री रूचिका चौहान के प्रथम लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा व द्वितीय लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर (विकास) श्रीमती कीर्ति खुरसिया को बनाया गया हैं। अपर कलेक्टर (विकास) श्रीमती कीर्ति खुरसिया के प्रथम लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान व द्वितीय लिंक अधिकारी अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा को बनाया गया हैं। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर की प्रथम लिंक अधिकारी संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव व द्वितीय लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप सोनी को बनाया गया हैं। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव के प्रथम लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप सोनी व द्वितीय लिंक अधिकारी संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर को बनाया गया हैं। डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप सोनी के प्रथम लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री श्रंृगार श्रीवास्तव व द्वितीय लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री बिहारी सिंह को बनाया गया हैं। डिप्टी कलेक्टर श्री श्रंृगार श्रीवास्तव के प्रथम लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप सोनी व द्वितीय लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री बिहारी सिंह को बनाया गया हैं। डिप्टी कलेक्टर श्री बिहारी सिंह के प्रथम लिंक अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री श्रंृगार श्रीवास्तव व द्वितीय लिंक अधिकारी संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव को बनाया गया हैं।
भदौरिया/जी.
इंदौर जिले में 680.96 मि.मी औसत वर्षा दर्ज
इंदौर 14 सितंबर, 2017
कलेक्ट्रेट स्थित भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से अब तक 680.96 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर तहसील क्षेत्र में 793.70 मिलीमीटर, महू क्षेत्र में 719.70 मिलीमीटर, सांवेर क्षेत्र में 594.40 मिलीमीटर, देपालपुर क्षेत्र में 660 मिलीमीटर और गौतमपुरा क्षेत्र में 637 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी है। गत वर्ष अबतक 851.76 मि.मी औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
राठौर/जी
नशामुक्ति के संबंध में कार्यशाला आज
इंदौर 14 सितम्बर, 2017
संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय श्री बी.सी.जैन ने बताया कि नशामुक्ति के संबंध में जनजागरूकता हेतु सामाजिक न्याय एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 15 सितम्बर, 2017 को कलेक्ट्रेट के नवीन भवन ऑडिटोरियम में प्रात: 11 बजे से अपरान्ह एक बजे तक कार्यशाला आयोजित की गयी है। उन्होंने बताया कि नशा जैसी बुराई से मुक्ति पाने के लिये मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से समाज में जनजागरूकता हेतु नशामुक्ति अभियान चलाया जाता है। इसी दिशा में यह कार्यशाला रखी गयी है। उन्होंने कार्यशाला में स्वयंसेवी संस्थाओं से व्यापक भागीदारी हेतु आग्रह किया है।
भदौरिया/जी.
बहते पानी को रोकने के लिये प्रदेश में चलेगा 15 सितम्बर से अभियान
-------------
अवर्षा की स्थिति में भी किसान की आय नहीं घटने देने के लिये बनी कार्य-योजना
-------------
सिंचाई के लिये जल की उपलब्धता का आंकलन कर किसानों को बताएं
-------
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आकस्मिक कार्य-योजना की समीक्षा की
इंदौर 14 सितंबर 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भर में बहते पानी को रोकने के लिये 15 सितम्बर से अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अवर्षा की स्थिति में किसानों की आय नहीं घटने देने की कार्य-योजना बनाने, स्वच्छता पखवाड़ा मनाने और अवर्षा की स्थिति अनुसार रबी फसल की तैयारियाँ करवाने के लिये कहा है। श्री चौहान ने कहा कि 15 से 20 सितम्बर के मध्य सिंचाई के लिये जल की उपलब्धता का आकलन करें। उपलब्ध जल के आधार पर सिंचाई की आकस्मिक कार्य-योजना बनवाये तथा किसानों को उससे अवगत करवाने के प्रभावी प्रबंध करें।
श्री चौहान आज मंत्रालय में अल्प-वर्षा की स्थिति से निपटने की आकस्मिक कार्य-योजना की समीक्षा कर रहे थे। कृषि, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन, सहकारिता और नगरीय प्रशासन विभागों द्वारा अल्प-वर्षा के दृष्टिगत तैयारियों की कार्य-योजना का प्रस्तुतिकरण दिया गया। बताया गया कि मुख्यमंत्री और मंत्रीमंडल के सभी सदस्य पानी रोकने के लिये जन-जागृति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करेंगे। बोरी बंधान बनवाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की अल्प-वर्षा की आकस्मिक योजना की जानकारी किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचे। ग्राम सभाओं का आयोजन करवाया जाये। किसानों को सिंचाई के लिये जल की स्थिति, अल्प-अर्ध सिंचित फसलों और उनके बीजों की उपलब्धता की जानकारियाँ पर्याप्त समय रहते दी जायें। कृषि, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग संयुक्त रूप से युद्ध-स्तर पर किसानों को स्थिति से निपटने के प्रयासों के प्रति जागरूक करें। किसान सम्मेलनों, जल उपभोक्ता संथाओं विभिन्न मंचों आदि और जनसंचार के सभी माध्यमों का उपयोग कर समाज को अवर्षा की स्थिति से निपटने के लिये तैयार करें। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी किसानों की आय घटे नहीं इसके लिए टॉस्क तय करें, जनता को जोड़ें और सर्वश्रेष्ठ के लिए संकल्प लेकर नया कीर्तिमान स्थापित करें।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा कि जल-स्त्रोतों में उपलब्ध जल की स्थिति से किसानों को पहले से अवगत करवायें। रबी फसल की बोनी और खरीफ की अवर्षा से प्रभावित फसलों के लिये जल उपलब्धता का सर्वश्रेष्ठ नियोजित उपयोग हो। लक्ष्य स्पष्ट है कि किसान की फसल जितनी बेहतर करवा सकते हैं, करवाई जाये। रबी की तैयारियों, पेयजल और स्वच्छता के संबंध में जन-जागृति के लिये हर पंचायत में रथ भिजवाएं। धान की खड़ी फसल को बचाने की सिंचाई परियोजनावार कार्य नीति बनायें। सिंचाई के लिये जल उपलब्धता का आंकलन व्यवहारिक आधार पर करें ताकि क्षेत्र के सभी खेतों को समान रूप से सिंचाई जल मिल सके। बहते जल को रोकने के प्रयासों की प्रभारी मंत्री द्वारा मॉनीटरिंग भी की जाये।
मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से कहा कि जुलाई 2018 तक की कार्य-योजना का प्रारूप पंचायत एवं ग्रामीण विकास के साथ समन्वय कर आगामी मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रस्तुत करें। प्रारूप में संचालन और समन्वय संबंधी बाधाओं को दूर करने और प्रक्रियाओं के सरलीकरण का प्रस्ताव दें। बंद नल-जल योजनाओं को पुन: चालू करने के लिये आवश्यक उपायों और संधारण संबंधी संसाधनों की उपलब्धता के प्रस्ताव प्रस्तुत करें। उन्होंने हेंडपंप खनन के लक्ष्यों को बढ़ाने और उनमें छोटी मोटरें डलवाने के लिये आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सहकारिता, पशुपालन और नगरीय विकास विभाग की कार्य-योजनाओं की समीक्षा की। नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल का अभाव नहीं हो, यह सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग को धान, मक्का और सोयाबीन फसलों के भूसे को बचाये रखने का जन-जागृति अभियान चलाने के लिये कहा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 15 सितम्बर से दो अक्टूबर के मध्य मनाए जाने वाले स्वच्छता पखवाड़े की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान में मंत्रि-परिषद के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा करते हुए श्रमदान के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि स्वच्छता पुरस्कारों में 80 प्रतिशत पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिले हैं। यह स्थिति बदलें नहीं इसे और बेहतर करने के लिये समग्र कार्य-योजना तैयार करें जिसमें राज्य, जिला तथा ग्राम-स्तर तक किये जाने वाले कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा हो। जिला-स्तर पर 17 सितम्बर को सफाई और श्रमदान का अभियान चलाया जाये। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और अधिकारियों को अवर्षा की विकट स्थिति का सामना सफलता से करने और उस पर विजय प्राप्त करने के लिये संकल्पित करवाया।
भदौरिया/जी
शालेय विद्यार्थियों के लिये राष्ट्रीय कला प्रतियोगिता
------------
जिला स्तर पर 25 सितम्बर को होगी प्रतियोगिताएँ
इंदौर 14 सितंबर 2017
स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिये केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सहयोग से प्रदेश में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिताएँ जिला, संभाग और राज्य स्तर पर होंगी। इनके लिये तिथियाँ निर्धारित कर ली गई हैं।
कला उत्सव में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित विद्यालय टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 लाख और तृतीय पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। प्रतियोगिता में शासकीय और गैर-शासकीय स्कूलों के कक्षा 9, 10, 11 और 12वीं के विद्यार्थी के दल शामिल हो सकेंगे। जिला स्तर पर 25 सितम्बर को, संभाग स्तर पर 3 अक्टूबर को और राज्य स्तर पर 6 और 7 अक्टूबर 2017 को ये कला प्रतियोगिताएँ होगी। प्रतियोगिता में नाट्य कला, नृत्य कला, संगीत कला में स्कूल के विद्यार्थी अपना प्रदर्शन दे सकेंगें। प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी केन्द्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट http://mhrd.gov.in पर देखी जा सकती है। आयुक्त लोक शिक्षण कार्यालय ने राज्य स्तर पर सहायक संचालक श्री पी.के. सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। उनसे मोबाइल नम्बर 9425344275 और 0755-2581067 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भदौरिया/जी
प्रदेश में आयेगी नदी अभियान की यात्रा
--------
इंदौर में 22 सितंबर को पहुँचेगी यात्रा, नदी अभियान का कार्यक्रम आयोजित होगा
-----------
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की "नदी अभियान" की तैयारियों की समीक्षा
इंदौर 14 सितंबर 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में नदी अभियान को पूरी तरह से सफल बनायें। इस पवित्र अभियान में समाज के सभी वर्गों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मंत्रालय में नदी अभियान – रैली फॉर रिवर्स की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। सदगुरू श्री जग्गी वासुदेव द्वारा नदी और पर्यावरण संरक्षण के लिये गत 3 सितम्बर को कोयम्बटूर से शुरू किये गये इस जनजागरण अभियान के तहत प्रदेश में उनकी यात्रा 21 से 24 सितम्बर तक रहेगी। इस दौरान इंदौर, भोपाल और विदिशा में कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नदी अभियान नदियों और पर्यावरण के संरक्षण के लिये ईशा फाउण्डेशन द्वारा शुरू किया गया है। पवित्र उद्देश्य से शुरू इस अभियान में सभी संभव सहयोग दिया जाये। समाज के सभी वर्गों और संगठनों को इससे जोड़ा जाये। इसके माध्यम से नदी, पेड़, पानी, मिट्टी और पर्यावरण के लिये जागरूकता लायी जाये। कार्यक्रम में नर्मदा सेवा समितियों के प्रतिनिधियों, नदी संरक्षण के लिये काम करने वाले नदी सेवकों और उन्नत किसानों को भी आमंत्रित किया जाये।
बताया गया कि प्रदेश में यात्रा के दौरान इंदौर, भोपाल और विदिशा में आयोजित कार्यक्रमों को सदगुरू श्री जग्गी वासुदेव द्वारा संबोधित किया जायेगा। यह यात्रा आगामी 21 सितम्बर को दाहोद से प्रवेश कर झाबुआ, राजगढ़, मनावर और धामनोद होते हुए महेश्वर पहुँचेगी। यहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रम और नर्मदा यात्रा के बारे में जानकारी दी जायेगी। अगले दिन 22 सितम्बर को दोपहर को यात्रा इंदौर पहुँचेगी। यहाँ डेली कॉलेज में शाम पाँच बजे कार्यक्रम किया जायेगा, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका नीति मोहन द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। अगले दिन 23 सितम्बर को दोपहर यात्रा भोपाल आयेगी। यहाँ शाम छह बजे से कार्यक्रम होगा। यहाँ पर प्रसिद्ध लोक गायक श्री प्रहलाद टिपाणिया का कार्यक्रम होगा। इसके अगले दिन 24 सितम्बर को सुबह यात्रा विदिशा पहुँचेगी वहाँ बाढ़ वाले गणेश मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम किया जायेगा। यहाँ से यात्रा ललितपुर, झाँसी होते हुए कानपुर जायेगी। इसी दिन प्रदेश के स्कूलों में बच्चे नदी अभियान का संकल्प लेंगे।
/भदौरिया/ जी
प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु कार्य योजना
इंदौर क्लस्टर्स में जबलपुर की तर्ज पर कचरे से बनेगी बिजली
इंदौर 14 सितंबर 2017
प्रदेश में ठोस अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन के लिए उचित आधुनिक एवं वैज्ञानिक व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था में प्रदेश के सभी 378 नगरीय निकायों को 26 क्लस्टर में बाँट कर जन-निजी भागीदारी (पी.पी.पी. मोड) से एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। इसमें 6 क्लस्टर आधारित परियोजनाएँ कचरे से बिजली (waste to energy) तथा 20 परियोजनाएँ कचरे से खाद बनाने (waste to compost) का काम करेंगी।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जिन 26 क्लस्टर्स में इस परियोजना को लागू किया गया है उनमें भोपाल, रीवा, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर तथा रतलाम में कचरे से बिजली का उत्पादन किया जायेगा। इस परियोजना को जबलपुर में सफलता से क्रियान्वित कर 10 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। रुपये 1555 करोड़ की लागत की सभी 6 परियोजना के क्रियान्वयन के बाद प्रदेश के 78 निकाय में प्रतिदिन के लगभग 3500 टन कचरे से 72 मेगावाट बिजली का उत्पादन होने लगेगा। इन क्लस्टर के तहत भोपाल क्षेत्र के 8 नगरीय निकाय, रीवा के 28, ग्वालियर के 16, जबलपुर 16 तथा रतलाम क्षेत्र के 17 नगरीय निकाय शामिल है।
कचरे से खाद बनाने वाले 20 परियोजनाएँ, कटनी, सागर, होशंगाबाद, उज्जैन, देवास, खंडवा, भिण्ड, छिन्दवाड़ा, छतरपुर, बैतूल, दमोह, शहडोल, बड़वानी, नीमच, बालाघाट, विदिशा, गुना, सिंगरौली, शिवपुरी तथा शाजापुर शामिल है। रुपये 1326 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से 300 निकाय से लगभग 3000 टन कूड़े से 450 टन जैविक खाद का उत्पादन किया जायेगा। इसमें कटनी के 5 नगरीय निकाय, सागर के 11, होशंगाबाद के 14, देवास के 24, खंडवा के 10, भिंड के 14, छिन्दवाड़ा के 20, छतरपुर के 33, बैतूल के 8, दमोह के 7 और शहडोल क्षेत्र के 16 नगरीय निकाय को शामिल किया गया है।
चिन्हित 26 क्लस्टर्स में से 9 क्लस्टर्स पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शेष 17 क्लस्टर्स की टेंडर व मूल्यांकन प्रक्रिया जारी है।
/भदौरिया/जी