राज्य सूचना आयोग में लम्बित 910 प्रकरणों का निराकरण होगा
-------------------
कलेक्ट्रेट में आज लगेगी लोक अदालत
-------------------
मुख्य सूचना आयुक्त के साथ तीन सूचना आयुक्त करेंगे प्रकरणों की सुनवाई
इन्दौर, 27 जनवरी 2017
मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग की 7वीं तथा इन्दौर संभाग की पहली लोक अदालत प्रशासनिक संकुल भवन कलेक्ट्रेट कार्यालय इंदौर में आज आयोजित होगी। इसका शुभारंभ सुबह 10.30 बजे मुख्य सूचना आयुक्त श्री के.डी. खान करेंगे। इस अवसर पर तीन सूचना आयुक्त श्री आत्मदीप, सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह एवं सूचना आयुक्त श्री हीरालाल त्रिवेदी, संभागायुक्त श्री संजय दुबे, पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय शर्मा, कलेक्टर श्री पी. नरहरि भी उपस्थित रहेंगे।
राज्य सूचना आयुक्त तथा इंदौर संभाग के प्रभारी श्री हीरालाल त्रिवेदी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 4220 प्रकरण निराकृत किये गये। वर्तमान में लम्बित 1520 प्रकरणों में 910 प्रकरण निराकरण के लिये लोक अदालत में रखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इन्दौर संभाग के 170 लोक सूचना अधिकारियों पर 23 लाख रूपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित की गई है तथा 126 आवेदकों को तीन लाख रूपये से अधिक की राशि क्षतिपूर्ति के रूप में दिलाई गई है।
राज्य सूचना आयोग द्वारा आयोजित यह लोक अदालत इंदौर कलेक्ट्रेट कोर्ट कक्ष क्रमांक-101, अपर कलेक्टर कोर्ट कक्ष क्रमांक-109, सभाकक्ष क्रमांक-102 तथा अनुविभागीय अधिकारी इंदौर कोर्ट कक्ष क्रमांक जी-7 में लगेगी। इन लोक अदालतों में मुख्य सूचना आयुक्त के साथ-साथ तीनों सूचना आयुक्त इंदौर संभाग के 21 विभागों के 910 द्वितीय अपील प्रकरणों का निराकरण करेंगे।
सूचना आयुक्त श्री त्रिवेदी ने बताया कि इस लोक अदालत में उपस्थित होने के लिये सभी 21 विभागों के लोक सूचना अधिकारी और अपीलीय अधिकारियों को उपस्थित होने के लिये नोटिस भेजा गया है, जिनके प्रकरण निराकरण के लिये लोक अदालत में रखे जा रहे हैं। सभी से कहा गया है कि प्रकरण से संबंधित सभी दस्तावेजों के साथ इस लोक अदालत में उपस्थित रहें।
--0--
क्रमांक 205/205/राठौर/वटके
No comments:
Post a Comment