Thursday, 1 June 2017

शहर के चहूमुखी विकास के लिये चल रहे अधोसंरचनात्मक 
विकास कार्यों की प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने की समीक्षा
-----
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में 
पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिये निर्देश
इंदौर एक जून, 2017
इंदौर शहर के चहुमुखी विकास के लिये 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से चल रहे अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा आज यहां इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया ने कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई बैठक में की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किये जायें। बैठक में महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक द्वय श्री महेन्द्र हार्डिया तथा सुश्री उषा ठाकुर, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसूफ कुरैशी सहित विकास कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे रोड निर्माण, नदी गहरीकरण कार्य, ब्रिाज निर्माण, लिंक रोड निर्माण, आवास निर्माण, उद्यान विकास, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज व्यवस्था, चौराहों के विकास आदि के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर बताया गया कि महूनाका से टोरी कार्नर तक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क के बीच में डिवाइडर के साथ विद्युत केबल लाइन भी डाली जा रही है। चन्द्रभागा पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बड़ा गणपति रोड पर व्यास सेतु का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। बताया गया कि शहर में चौराहों के विकास के कार्य किये जा रहे हैं। रोटरी को छोटा किया जा रहा है। उद्यानों का विकास भी प्राथमिकता से हो रहा है। शहर में आवासहीनों तथा झुग्गीवासियों के लिये लगभग 66 हजार आवासों का निर्माण करने का महत्वकांक्षी कार्य हाथ में लिया गया है। इसके लिये विस्तृत कार्ययोजना बनाकर इसका क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने निर्देश दिये कि पीसी सेठी हॉस्पिटल के निर्माण के साथ-साथ स्टाफ क्वार्टर का निर्माण भी कराया जाये। इसके लिये समीप में ही स्थान चिन्हित कर लिया जाये। स्टाफ क्वार्टर के लिये कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रस्तुत की जाये।
बैठक में निर्देश दिये गये कि सांवेर-क्षिप्रा रोड़, बेटमा-देपालपुर रोड सहित अन्य मार्गों पर दोनों ओर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था की जाये। रोड निर्माण के समय यह ध्यान रखा जाये कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था रहे। रोड के कारण किसी भी खेत या मकान में पानी नहीं भरा पाये। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
                      हरियाली महोत्सव को बनाया जायेगा जनआन्दोलन
इस बैठक के पश्चात प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने आगामी 2 जुलाई को हरियाली महोत्सव के अंतर्गत किये जाने वाले सघन वृक्षारोपण कार्य की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि हरियाली महोत्सव का जनआन्दोलन बनाया जाये। वृक्षारोपण कार्य से हरेक व्यक्ति को जोड़ा जाये।
बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने हरियाली महोत्सव के अंतर्गत इंदौर जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में किये जाने वाले वृक्षारोपण की सभी तैयारियां व्यापक स्तर पर जारी हैं। गत दिनों भोपाल में सम्पन्न बैठक में इंदौर जिले का लक्ष्य बढ़ाकर साढ़े 13 लाख से 15 लाख पौधरोपण का कर दिया गया है। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने बताया कि इंदौर जिले में वृक्ष रक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। स्वैच्छा से अभी तक साढ़े 6 सौ वृक्षरक्षक का पंजीयन हो चुका है। पंजीयन का कार्य जारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान से जुड़े तथा न्यूनतम तीन-तीन पौधरोपण का संकल्प लें। अगर कोई व्यक्ति समूह में वृक्षारोपण के लिये तैयार होते हैं तो उन्हें संबंधित पौधरोपण स्थल पर आने-जाने के लिये वाहन सुविधा दी जायेगी तथा उन्हें पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराये जायेंगे। बताया गया कि हरियाली महोत्सव के अंतर्गत इंदौर जिले के क्षिप्रा तथा चंबल नदी के किनारों अन्य उप नदियों के किनारों पर वृक्षारोपण का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा। इस संबंध में जनजागरुकता के लिये 5 जून से 15 जून तक जनजागृति अभियान चलाया जायेगा।
 महिपाल/कपूर



No comments:

Post a Comment