Thursday, 22 June 2017




इन्दौर संभाग में नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत 
दो जुलाई को एक साथ रोपे जाएंगे एक करोड़ से अधिक पौधे 
---
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने पौधरोपण कार्य की तैयारियों और संभाग में अतिवृष्टि तथा 
बाढ़ की स्थिति से निपटने के एहतियाती प्रबंधों की समीक्षा की 
इंदौर, 22 जून 2017 
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने आज संभागायुक्त कार्यालय में संपन्न कलेक्टर कान्फ्रेंस के पहले सत्र में नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत 2 जुलाई को रोपे जाने वाले पौधों की तैयारियों और अतिवृष्टि तथा बाढ़ की स्थिति से निपटने के एहतियाती प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि संभाग में आगामी 2 जुलाई को व्यापक स्तर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण का कार्य किया जाये। पौधरोपण का यह कार्य गिनीज वल्र्ड बुक में रिकार्ड करने के प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि पौधरोपण कार्य की समीक्षा गूगल मेप के माध्यम से की जायेगी। संभाग में 2 जुलाई को एक करोड़ से अधिक पौधों का रोपण नर्मदा बेसिन में होगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अजय शर्मा सहित संभाग के जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वन विभाग, सिंचाई तथा नर्मदा घाटी विकास विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में सबसे पहले संभागायुक्त श्री दुबे ने संभाग में जारी मानसून सत्र में अतिवृष्टि तथा बाढ़ से उत्पन्न होने वाली स्थितियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि संभाग में ऐसे प्रबंध सुनिश्चित किये जाये, जिससे कि जानमाल की हानि नहीं हो। उन्होंने नर्मदा, ताप्ती सहित अन्य बड़ी नदियों में आने वाली बाढ़ तथा इन नदियों पर बने डेम के बेक वाटर से प्रभावित गाँवों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जब भी डेम के गेट बंद करें या पानी छोड़ा जाये, उसकी सूचना पूर्व से ही नागरिकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को दे दी जाये। सायरन बजाकर भी ग्रामीणों को सतर्क किया जाये। इसके लिये उन्होंने सक्रिय सूचना प्रणाली विकसित करने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय से कार्य करें। ऊपरी क्षेत्रों में होने वाली वर्षा के कारण भी नदियों में जल स्तर बढ़ जाता है। इसलिये यह ध्यान रखा जाये कि जब भी ऊपरी क्षेत्रों में वर्षा हो तो सभी सतर्क रहें। सूचना के आदान-प्रदान के लिये सभी अधिकारी वाट्सअप ग्रुप बनाकर उससे जुड़ें। कंट्रोल रूम को प्रभावी बनायें। 
अतिरिक्त  पुलिस महानिदेशक श्री अजय शर्मा ने कहा कि वाहन चालकों विशेषकर लोक सेवा वाहनों के संचालकों को हिदायत दी जाये कि वे जब भी पुल या पुलिया पर पानी हो तो वाहन पार नहीं करें। इसके लिये पीडब्ल्यूडी द्वारा ड्राप गेट लगवाये जाये। साथ ही तत्संबंधी सूचना पटल भी लगाये जायें। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पहाड़ी नदियों के जल स्तर पर भी विशेष ध्यान दें। 
संभाग के नर्मदा बेसिन क्षेत्र में लाखों पौधे रोपे जायेंगे
बैठक में बताया गया कि आगामी 2 जुलाई को संभाग के इंदौर जिले में 15 लाख, बड़वानी जिले में 25 लाख, खरगोन जिले में 48 लाख, अलीराजपुर जिले में 25 लाख, धार जिले में 38 लाख खण्डवा जिले में 35 लाख पौधे नर्मदा बेसिन क्षेत्र में रोपे जायेंगे। इन पौधों के रोपण की तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई है। गड्ढे खुदवा लिये गये हैं। संभागायुक्त श्री दुबे ने निर्देश दिये कि मतदान केन्द्रों की तरह ही पौधरोपण के लिये किये गये गड्ढों का भौतिक सत्यापन किया जाये। रोपण के लिये पौधों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाये। यह ध्यान रखा जाये कि पौधे पूर्ण स्वस्थ ही हों। रोपे गये पौधों की सिंचाई और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाये। बताया गया कि रोपे गये पौधों की मॉनीटरिंग गूगल मेप के माध्यम से की जायेगी। 
महिपाल/वटके

No comments:

Post a Comment