Monday, 16 April 2018

मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले
बीएलओ के विरूध की जायेगी सख्त कार्यवाही
---------------------------
सभी मतदान केन्द्रों का होगा भौतिक सत्यापन
इंदौर 16 अप्रैल 2018
       कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े सहित जिले के राजस्व अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के साथ ही आगामी विधानसभा निर्वाचन की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा की।
    इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इंदौर जिले में पूरी तरह से परिशुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाये। मतदाता सूची में किसी भी तरह की त्रुटि नहीं रहे। अपात्र तथा मृत्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये जाये। यह तय किया जाये कि सभी मतदान केन्द्रों के लिए एक-एक बूथ लेवल आफिसर हो। ऐसे बूथ लेवल आफिसर जो अपने कार्य में लापरवाही तथा उदासीनता बरत रहे है, उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये। कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले बीएलओ के विरूद्ध विभागीय जांच की कार्यवाही की जाये। जिले में सभी मतदान केन्द्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाये।
    श्री वरवड़े ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि निराकृत प्रकरणों की जानकारी विभागीय पोर्टल, आरसीएमएस में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। भू अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पट्टों की जानकारी इस पोर्टल में दर्ज की जाये। इसी पोर्टल के माध्यम से पट्टे तैयार होंगे। पट्टे तैयार होने के बाद उसे लेमिनेट कर हितग्राहियों को वितरित किये जायेंगे।

No comments:

Post a Comment