मध्यप्रदेश में असंगठित क्षेत्र में दो करोड़ से अधिक
श्रमिकों का किया गया पंजीयन-विभिन्न सुविधाओं का मिलेगा लाभ
श्रम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पाटीदार ने ली समीक्षा बैठक
इंदौर 26 अप्रैल 2018 /
मध्यप्रदेश में असंगठित क्षेत्र में श्रमिकों के पंजीयन के लिये गत एक अप्रैल से लेकर 14 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अन्तर्गत दो करोड़ चार लाख से अधिक श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। पंजीयत श्रमिकों को विभिन्न सुविधाओं, कार्यक्रमों और योजनाओं का सीधा लाभ दिया जायेगा। पंजीयन के संबंध में दावे-आपत्ति के लिये अगले माह के प्रथम सप्ताह में विशेष ग्राम सभाएँ पूरे प्रदेश भर में एक साथ आयोजित की जायेगी।
यह जानकारी आज यहाँ प्रदेश के श्रम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री बालकृष्ण पाटीदार द्वारा रेसीडेंसी में ली गई समीक्षा बैठक में दी गई। इस बैठक में प्रमुख सचिव श्रम श्री अश्विनी राय, प्रदेश के श्रमायुक्त श्री शोभित जैन सहित श्रम विभाग के पूरे प्रदेश से आये अधिकारी मौजूद थे। बैठक में श्रम राज्यमंत्री श्री पाटीदार ने विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें और अधिक प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में श्रम कानूनों का पालन प्रभावी रूप से सुनिश्चित कराया जाये। श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाये। यह ध्यान रखा जाये कि श्रमिकों के हितों की अनदेखी नहीं हो। नियमानुसार उन्हें पूरी सुविधाएँ मिले। श्रम विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके कल्याण के साथ कोई भी समझौता नहीं हो। श्रमिकों की पूर्ण सुरक्षा के प्रबंध रखे जायें। उनके कल्याणार्थ संचालित योजनाओं का पूरा लाभ मिले। उनके हितों का संरक्षण हो।
बैठक में बताया गया कि श्रम विभाग द्वारा श्रम कानूनों का प्रभावी रूप से पालन कराया जा रहा है। श्रम कल्याण मण्डल के माध्यम से उनके हितों के लिये अनेक योजनाएँ श्रमिकों के लिये चलाई जा रही हैं। विभाग की गतिविधियों को आधुनिक तकनीकी से सुदृढ़ बनाया जा रहा है। विभाग द्वारा पोर्टल और वेबसाइट भी बनाई गई है। इसके माध्यम से सभी अनुज्ञप्तियों का ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। नवीनीकरण को भी ऑनलाइन किया गया है। गुमास्ता लायसेंस का पंजीयन एक दिन में करने की व्यवस्था की गई है। आवेदन आने के 24 घंटे में गुमास्ता का पंजीयन दिया जा रहा है। गत वित्तीय वर्ष 2017-18 में चार लाख 71 हजार 500 स्थापनाओं एक संस्थानों का पंजीयन किया गया है। विभाग द्वारा गत वित्तीय वर्ष में श्रम कानूनों के संबंध में 7 हजार 189 औद्योगिक इकाईयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उल्लंघन पाये जाने पर एक हजार 463 प्रकरण दर्ज किये गये। इसी तरह न्यूनतम वेतन से कम भुगतान पर एक हजार 625 श्रमिकों के मामले में 371 प्रकरण दर्ज किये गये। गत वित्तीय वर्ष में 93 बाल श्रमिकों का विमुक्तिकरण किया गया तथा 76 बंधक श्रमिकों का विमुक्तिकरण किया गया। विभाग के प्रमुख सचिव श्री अश्विनी राय तथा श्रमायुक्त श्री शोभित जैन ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी बैठक में दी।
No comments:
Post a Comment