Thursday, 17 May 2018

इंदौर शहर के दो चौराहों पर यातायात नियंत्रण के लिए लगाये जायेगें रोबोट
महिलाओं के विरूद्ध छेड़छाड़, धारा 376 आदि गंभीर मामलों में दोषी पाये गये व्यक्तियों के लायसेंस किये जायेगें निरस्त
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न 

      इंदौर शहर के दो प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण के लिए रोबोट लगाये जायेगें। इसके लिए यातायात पुलिस को चौराहों के चिन्हाकन के निर्देश दिए गए हैं। यह एक और प्रयोग सफल होने पर इसका और विस्तार किया जायेगा। जिले में महिलाओं के विरूद्ध छेड़छाड़ करने, धारा 376, दहेज प्रताड़ना आदि गंभीर मामलों में पाये गये चालकों के वाहन लायसेंस निरस्त किये जायेगे।
      यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी गई। बैठक में डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्री आशीष सिंह, अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में जिले में यातायात को सुगम बनाये रखने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने निर्देश दिए कि शहर के सभी यातायात सिग्नलों को सुचारू रूप से चालू रखा जाये। बीआरटीएस के यातायात सिग्नलों पर विशेष ध्यान दिया जाये। यह सुनिश्चित किया जाये सभी सिग्नलों पर टायमर भी लगे। टायमर लगने से वाहन चालकों को बेहद सुविधा होती है। उन्होने निर्देश दिए कि सड़कों के अपूर्ण कार्य बारिश के पूर्व शीघ्र किेये जाये। बैठक में बताया गया कि शहर के एक चौराह पर रोबोट द्वारा यातायात नियंत्रण का प्रयोग सफल होने पर इस प्रयोग को 2 और चौराहों पर लागू कर देखा जायेगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इसका और विस्तार किया जायेगा।
      बैठक में बताया गया कि शहर में आवश्यकता के अनुरूप और बहुमंजिला पार्किंग बनाये जायेगें। इसके लिए नगर निगम को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये गये। बैठक में यह भी निर्देश दिये गये कि शहर में लेफ्ट टर्न चौड़ा करने के कार्य को और अधिक गति दी जाये। बैठक में बताया गया कि राऊ बायपास चौराहे पर रोटरी हटाकर वहां सिग्नल लगाया जायेगा। निर्देश दिये गये कि दुर्घटना आशांकित वाले क्षेत्रों में चिन्हांकित कर आवश्यकता के अनुरूप सुधार के कार्य किये जाये, जिससे की वहां दुर्घटनाओं में कमी आ सके। बताया गया कि शहर के 3 इमली ‍स्थित बस स्टेण्ड पर यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से जारी हैं। वहां शुलभ-शौचालय बन चुके हैं। शैड बनाने का कार्य प्रगति पर हैं।
      बैठक में जानकारी दी गई की सरबटे बस स्टेण्ड को तोड़ने का कार्य आगामी दिनों में किया जायेगा। तोड़ने की कार्यवाही तथा मलबा हटाने के कार्य में लगभग 36 घंटे लगेंगें। इन 36 घंटों में सरबटे बस स्टेण्ड पर वाहनों की आवाजाही नहीं रहेगी। इन 36 घंटों के दौरान बसों का संचालन अन्य वैकल्पिक स्थान से किया जायेगा। यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जायेगी। बस स्टेण्ड का भवन तोड़ने के पश्चात अस्थाई शैड बनाकर बसों का संचालन पुन: शुरू कर दिया जायेगा।

No comments:

Post a Comment