Sunday, 22 April 2018

पैरालीगल वालेन्टियर्स की होगी भर्ती- ..आवेदन की अंतिम तिथि 12 मई
इंदौर, 22 अप्रैल 2018
      न्याय सबके लिए की अवधारणा को मजबूत करने एवं यह सुनिश्चित करने के लिए कि विधिक सहायता सभी वर्ग के व्यक्तियों को मिल सके। इस हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला इंदौर तथा तहसील डॉ. अम्बेडकर नगर, देपालपुर, सांवेर और हातोद के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पैरा लीगल वालेन्टियर्स की नियुक्तियां की जा रही हैं। पैरा लीगल वालेन्टियर्स को विधि एवं विधि व्यवस्था के संबंध में आमजन को जागरूक करना होगा तथा उन्हें कार्यालय के दिशानिर्देश अनुसार अपना कार्य संपादित करना होगा।
पैरा लीगल वालेन्टियर्स को कार्यालय द्वारा इस हेतु प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। इस कार्य को संपादित करने के लिए पैरा लीगल वालेन्टियर्स को कोई वेतन देय नहीं होगा बल्कि उनके कार्य के आंकलन के आधार पर उन्हें नियमानुसार मानदेय का भुगतान किया जावेगा।
      पैरा लीगल वालेन्टियर्स के रूप में कार्य करने के इच्छुक व्यक्ति, जो कि सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिेक, रिटायर्ड शासकीय सेवक, शिक्षक, आगंनवाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका, छात्र, विधि छात्र एवं अन्य कोई व्यक्ति, जो कम से कम मैट्रिक उत्तीर्ण हो, वे कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 12 मई 2018 हैं। इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर में संपर्क कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment