रोजगार मेले में बैंकों में स्वरोजगार के लिये लंबित
प्रकरणों पर होगी कार्यवाही
--------
संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ आवेदकों की समक्ष होगी सुनवाई
-------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि करेंगे मेले का शुभारंभ
इंदौर, 9 जनवरी,2017/
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने स्वरोजगार मेले के संबंध में एलडीएम और रोजगार अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि 11 जनवरी, 2017 को आयोजित होने वाले स्वरोजगार मेले में सभी बैंक के अधिकारियों को उपस्थित रहने के लिये कहा जाये। साथ ही रोजगार अधिकारी को कहा कि उनके यहां से स्वीकृत ऐसे सभी प्रकरण जो बैंकों में राशि की मंजूरी के लिये लंबित हैं, उन सभी प्रकरणों को स्वरोजगार मेले में रखा जाये। साथ ही ऐसे सभी आवेदकों को मेले में बुलाया जाये,जिनके प्रकरण ऋण मंजूरी के लिये विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। ऐसे सभी बैंकों के अधिकारियों के साथ आवेदकों की अलग से मिटिंग करायी जायेगी और ऋणी मंजूरी के लिये आने वाली सभी समस्याओं को दूर किया जाये।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा जिले को प्राप्त स्वरोजगार लक्ष्यों को पूरा करने के बाद आसपास के जिलों को दिये गये लक्ष्यों को भी अपने जिले में मंगाया जाये,जिससे जिले में अधिक से अधिक इच्छुक और योग्य व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिये ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
आगामी 11 जनवरी को प्रात: 11.30 बजे से हाट बाजार (ढक्कनवाला कुंआ के पास) जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के 25 हितग्राहियों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्री एस.के.श्रीमाली ने बताया कि हितग्राहियों को ऋण राशि अधिकतम 50 हजार रूपये पर 15 हजार रूपये अनुदान दिया जाएगा। हितग्राही को मध्यप्रदेश का मूल निवासी तथा उसकी न्यूनतम शैक्षणिक कक्षा 5वीं पास होना चाहिए। सक्षम अधिकारी द्वारा जाति प्रमाण पत्र और जन्मतिथि प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, ऋण हेतु भूमि या भवन किराये पर हो तो किरायानामा प्रस्तुत करना अनिवार्य है, मशीन या उपकरण या साज-सज्जा हेतु कोटेशन प्रस्तुत करना जरूरी है और हितग्राही की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए।
--0--
राठौर/कपूर
No comments:
Post a Comment