Wednesday, 18 January 2017

डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये
दशहरा मैदान में लगेगा विशाल डिजीधन मेला
-------
दो सौ से अधिक वित्तीय एवं व्यापारिक संस्थान नागरिकों को करेंगे जागरूक
------
डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन करने वाले नागरिकों को किया जायेगा पुरस्कृत

इंदौर 18 जनवरी, 2017
    राज्य शासन तथा नीति आयोग के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये दशहरा मैदान में विशाल डिजीधन मेला आयोजित किया जायेगा। यह मेला 24 जनवरी को होगा। इस मेले में दो सौ से अधिक वित्तीय एवं व्यापारिक संस्थान अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन  के लिये प्रोत्साहित एवं जागरूक करेंगे। इस मेले में डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत भी किया जायेगा। इस मेले की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।
    इन्हीं तैयारियों की समीक्षा के लिये आज यहां कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया, अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, लीड बैंक मैनेजर श्री मुकेश भट्ट सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने मेला आयोजन की तैयारियों की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपे। श्री नरहरि ने निर्देश दिये कि डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन समय की बड़ी जरूरत है। इसके लिये अधिक से अधिक नागरिकों को प्रोत्साहित और प्रेरित किया जाना अत्यंत जरूरी है। नागरिकों को जागरूक भी बनाना होगा। यह मेला इसी उद्देश्यों की पूर्ति के लिये लगाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिये कि इस मेले का प्रभावी आयोजन किया जाये। मेले में अधिक से अधिक वित्तीय एवं व्यापारिक संस्थान अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को प्रोत्साहित, प्रेरित एवं जागरूक करे। उन्होंने बताया कि मेले में डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन के संबंध में क्वीज प्रतियोगिता भी आयोजित की जायेगी। साथ ही डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन करने वाले चयनित नागरिकों को पुरस्कृत भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिये व्यापक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। जिले में डिजीटल डाकिया नामक अभिनव योजना भी प्रारंभ की गयी है। इसके अंतर्गत तीन सौ वालेंटियर नियुक्त किये गये हैं। उक्त वालेंटियर जगह-जगह जाकर डिजीटल तथा कैशलैस ट्रांजेक्शन के संबंध में नागरिकों को जागरूक बना रहे हैं और उन्हें प्रेरित कर रहे हैं कि वे कैशलेस ट्रांजेक्शन करें। उन्हें भीम एप भी डाउनलोड करवाकर इसके उपयोग और फायदे के बारे में जानकारी दे रहे हैं। उक्त वालेंटियर भी डिजीधन मेले में मौजूद रहकर लोगों को जागरूक बनायेंगे। बैठक में श्री नरहरि ने निर्देश दिये कि मेले में सभी वित्तीय एवं व्यापारिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहें और अपने-अपने स्तर से लोगों को जागरूक करने के प्रयास करें। बताया गया कि  पूरा मेला क्षेत्र वाय-फाय झोन रहेगा। वाय-फाय झोन का कार्य भारतीय एयरटेल कम्पनी द्वारा किया जा रहा है। मेले में आधार पंजीयन तथा डिजीटल अकाउंट खोलने की व्यवस्था भी रहेगी।
महिपाल/कपूर

No comments:

Post a Comment