इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री मलैया के मुख्य आतिथ्य में
8 दिवसीय आनंद उत्सव की हुई शुरुआत
-----
अगले एक सप्ताह में जिले के सभी 610 गांवों में होंगे परम्परागत खेल
-----
नेकी की दीवार (आनंद स्थल) भी स्थापित
इंदौर 14 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी आज से 8 दिवसीय आनंद उत्सव की शुरूआत की गयी। इस उत्सव का शुभारंभ कार्यक्रम आज मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में ग्राम तिल्लौर खुर्द में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार ने की। इस अवसर पर जिले के विधायक द्वय श्री सुदर्शन गुप्ता तथा श्री जीतू पटवारी, कलेक्टर श्री पी.नरहरि, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री देवराजसिंह परिहार,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी, पूर्व विधायक श्री जीतू जिराती, श्री अशोक सोमानी तथा श्री दिनेश तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद थे।
इंदौर जिले के ग्राम तिल्लौर खुर्द में आयोजित शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि श्री मलैया ने ग्रामीणों को मकर संक्रांति तथा आनंद उत्सव की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा लोगों को भौतिक सुख-सुविधा देने के साथ ही आत्मिक आनंद देने की भी शुरूआत की गयी है। इसके लिये आनंद विभाग का गठन किया गया है। इस विभाग के माध्यम से ऐसी गतिविधियों का संचालन किया जायेगा, जो हमें परिपूर्ण जीवन जीने की कला सीखा सकेंगे। इस विभाग के अंतर्गत आनंद उत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव के दौरान परम्परागत खेलों के आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में भौतिक सुख-सुविधाओं के आनंद के साथ आत्मिक आनंद की भी बड़ी जरूरत है। हर व्यक्ति के लिये आनंद की परिभाषा एवं उसके मायने अलग-अलग हैं। हर व्यक्ति को आनंद देने की कोशिश की जायेगी। श्री मलैया ने कहा कि मध्यप्रदेश बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश के लिये चयन होता है तो उनकी पूरी फीस राज्य सरकार द्वारा भरी जायेगी। उन्होंने शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली स्कूली बालिकाओं को 11 हजार रूपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा भोपाल में आनंद उत्सव के दौरान दिये गये सम्बोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मलैया ने परम्परागत खेलों के आयोजन की शुरूआत भी की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में कबड्डी और दौड़ का आयोजन भी किया गया। लोक कलाकारों ने निर्गुणी भजन भी प्रस्तुत किये।
मंत्री श्री मलैया ने ग्राम तिल्लौर खुर्द में ही स्थापित नेकी की दीवार (आनंद स्थल) पर भी पहुंचकर जरूरतमंदों को उनकी जरूरत की सामग्री वितरित की। इस नेकी की दीवार में जरूरतमंद व्यक्तियों के लिये उनकी जरूरत की वस्तुयें उपलब्ध रहेंगी। यह वो वस्तुयें रहेंगी, जो लोगों के पास अधिक मात्रा में है या उनके लिये अनुपयोगी है।
जिले में आनंद उत्सव 21 जनवरी तक मनाया जायेगा। इस उत्सव के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस उत्सव के अंतर्गत परम्परागत खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी , कुश्ती, व्हालीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, साइÏक्लग, चम्मच दौड़, निंबू दौड़, बोरा रेस, हैण्डबॉल, थ्रो बॉल सहित स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले स्थानीय खेल आयोजित किये जायेंगे। इन खेलों की प्रतियोगिता 18 वर्ष आयु तक, 18 से 35 वर्ष आयु तक तथा 35 वर्ष से अधिक आयु समूह के लिये अलग-अलग आयोजित होगी। जिले के सभी 312 ग्राम पंचायतों के 610 ग्रामों में यह खेल आयोजित किये जायेंगे। इसके लिये 63 क्लस्टर बनाये गये हैं।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment