नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत इंदौर में भी निकलेगी उपयात्राएं
----------------------------
मिल बाचें अभियान में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें
----------------------------
अवैध उत्खनन के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही हो
----------------------------
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेसिंग में दिये निर्देश
इंदौर, 30 जनवरी 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिये हैं कि नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत नर्मदा के जल से लाभान्वित होने वाले जिलों और नर्मदा के जल से बनने वाले विद्युत से लाभान्वित होने वाले जिलों एवं वो सभी जिनमें कहीं न कहीं नर्मदा जीवनदायिनी के रूप में दिखती है, ऐसे सभी जिलों में भी नमामि देवी नर्मदे अभियान के अन्तर्गत उपयात्राएं निकाली जायेगी। विशेषकर इंदौर, भोपाल जिलों में जहाँ नर्मदा का जल पेयजल के रूप में उपयोग हो रहा है। ऐसी यात्राएं जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में यात्राओं का आयोजन किया जाये। यात्राओं में भजन मण्डली, जनसहभागिता का विशेष सहयोग लिया जाये और सभी के सहयोग से इस यात्रा को व्यापक रूप प्रदान किया जाये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये हैं कि नर्मदा जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हो। इन आयोजनों में मध्यप्रदेश के लिये नर्मदा नदी का महत्व, नर्मदा जल के उपयोग से होने वाले फायदे और नर्मदा जल के औषधीय गुणों के बारे में व्यापक रूप से बताया जाये। माँ नर्मदा नदी के महत्व पर भजन मण्डलियों की प्रतियोगिता का आयोजन हो। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाली मण्डली को 50 हजार रूपये, द्वितीय को 30 हजार और तृतीय को 20 हजार रूपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किये जायेंगे। कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। प्रथम आने वाले चित्र को 5 हजार, द्वितीय को 3 हजार और तृतीय को 2 हजार रूपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किये जायेंगे।
श्री चौहान ने निर्देश दिये हैं कि 18 फरवरी को आयोजित होने वाले स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत मिल बाचें अभियान में सभी अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, समाज के प्रबुद्ध वर्ग, रिटायर अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार साथी, डॉक्टर, इंजीनियर और ऐसे सभी व्यक्ति जो बच्चों को पढ़ाने के इच्छुक है और उनके साथ अपना अनुभव बाटना चाहते हैं, अपना पंजीयन www.schoolchalehum.mp. gov.in पर करा सकते हैं और वालेंटियर बन सकते हैं। इसमें सभी लोग अपने क्षेत्र के, ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ाने के लिये अपना पंजीयन करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स, डीआईजी और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसी भी जिले में अवैध उत्खनन किसी भी प्रकार से नहीं होना चाहिये। अवैध उत्खनन करने वालों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें और ऐसे वाहनों को राजसात किया जाये। जिले में गुण्डा विरोधी और माफिया के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जाये। जनता की शांति भंग करने वालों को सख्ती से कुचला जाये। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिये कड़ी से कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। वीडियो कान्फ्रेसिंग के दौरान कलेक्टर श्री पी. नरहरि, डीआईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, अपर कलेक्टर शमीमुद्दीन, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment