Monday, 30 January 2017

हाईस्कूल, हायर सेकण्डरी की परीक्षा में नकल प्रकरण दर्ज होने पर परीक्षक के विरूद्ध होगी एफआईआर


-----------------------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने टी.एल. बैठक में दिये निर्देश 
इंदौर, 30 जनवरी 2017
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने टी.एल बैठक में सभी एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि हाईस्कूल, हायर सेकण्डरी की परीक्षा नकल रहित वातावरण में संचालित होना चाहिये। इसके लिये सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर लें और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर लें। कलेक्टर ने सख्त लहजे में निर्देश दिये हैं कि किसी भी परीक्षा केन्द्र पर यदि नकल का प्रकरण बनता है तो उस परीक्षा केन्द्र के प्रभारी और परीक्षक के विरूद्ध भी एफआईआर दर्ज की जायेगी। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा केन्द्र के आसपास की व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित हो और परीक्षा में प्रवेश करने के पूर्व ही छात्रों की पूर्ण चेकिंग के बाद ही परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया जाये। 
टी.एल. बैठक में कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया को निर्देश दिये हैं कि जिला शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक अधिकारी के ऑफिसों का निरीक्षण करें और देखें कि सीएम हेल्पलाइन, टी.एल. और जन शिकायत आदि के प्रकरणों में कितनी कार्यवाही हुई है और ये कार्यवाही किस प्रकार से संपादित करते हैं। 
कलेक्टर ने बताया कि 2 फरवरी को होलकर स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच अंतर्राष्ट्रीय टी-20 दृष्टिहीन खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। यह मैच सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा। मैच देखने के लिये नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। कोई भी व्यक्ति स्टेडियम में आकर मैच का आनंद उठा सकता है। 
मोतियाबिंद के जिले में 6 हजार 700 से अधिक ऑपरेशन हुए
कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने जिले में मोतियाबिंद के 6 हजार 700 से अधिक ऑपरेशन होने पर स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, अधिकारी, कर्मचारियों को शाबासी दी है और कहा है कि इस महाअभियान में लगे हुए सभी अधिकारियों को जिन्होंने इसमें विशेष कार्य किया है उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जायेगा।

No comments:

Post a Comment