हितग्राहियों के बैंक खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन जमा होते ही
मिलेगी मोबाइल पर जानकारी
-----
पोर्टल पर हितग्राहियों के आधार तथा मोबाइल नम्बर और
फोटो अपडेशन का कार्य तेजी से जारी
-----
समीक्षा बैठक सम्पन्न
इंदौर 27 फरवरी, 2017
भारत शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी हितग्राहियों के बैंक खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन जमा होते ही उसकी जानकारी संबंधित हितग्राही के मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से दी जायेगी। इसके लिये इंदौर जिले में आधार तथा मोबाइल नम्बर स्पर्श पोर्टल पर अपडेशन का कार्य तेजी से जारी है। जिले में अधिकांश हितग्राहियों के आधार नम्बर और मोबाइल नम्बर अपडेट करने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री पी.नरहरि द्वारा ली गयी समीक्षा बैठक में दी गयी। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन श्रीमती कीर्ति खुरासिया, अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टैगोर सहित जिले की जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर परिषदों के नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे। बैठक में भारत शासन द्वारा दिये गये निर्देशों की जानकारी दी गयी और कहा गया कि स्पर्श पोर्टल पर आधार तथा मोबाइल नम्बर और फोटो अपडेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाये। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये कि अपडेशन का कार्य पूरा होते ही बैंक खाते में पेंशन की राशि जमा होते ही उसकी जानकारी हितग्राहियों को मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से देना शुरू की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि भविष्य में कोई भी नये पेंशन प्रकरण बगैर आधार नम्बर, बगैर फोटो के स्वीकृत नहीं किये जायें। जिन स्थानीय निकायों में यह कार्य शेष है, उसे शीघ्र पूरा कर लिया जाये।
प्राप्त बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाये
कलेक्टर कार्यालय में इस बैठक से पहले अंतर्विभागीय समन्वय समिति तथा टीएल की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सी.एम.हेल्प लाइन, जनसुनवाई, समाधान ऑन लाइन सहित अन्य समयावधि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रारंभिक स्तर के एल-वन स्तर पर ही प्रकरणों के निराकरण की कोशिश की जाये। सभी प्रकरण समयावधि में निराकृत करने की कार्यवाही की जाये। समयावधि में प्रकरण निराकृत नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में उन्होंने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष का मार्च माह ही अंतिम महिना शेष है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस माह के अंत तक सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य पूरे हो जायें। इन योजनाओं में प्रकरण ही स्वीकृत न हो अपितु उनमें ऋण वितरण की कार्यवाही भी पूरी कर ली जाये। विकास योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवंटन का शतप्रतिशत समुचित उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाये। यह ध्यान रखा जाये कि किसी भी तरह की राशि लेप्श नहीं होने पाये। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली तथा बकाया वसूली पर भी विशेष ध्यान दिया जाये। राजस्व तथा बकाया वसूली निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत की जाये।
श्व्
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment