नव आरक्षकों का 70वाँ दीक्षांत समारोह सम्पन्न
------
मध्यप्रदेश पुलिस बल में शामिल हुये 102 नव आरक्षक
इंदौर 28 मार्च, 2017
मध्यप्रदेश पुलिस विभाग द्वारा इंदौर में संचालित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आज नवआरक्षकों का 70वाँ दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। इस समारोह में 102 नवआरक्षकों को शपथ दिलाकर मध्यप्रदेश पुलिस बल में शामिल किया गया। इन नवआरक्षकों में 99 महिलायें शामिल हैं। इस अवसर पर नवआरक्षकों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की और महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों ने रोमांचक और आकर्षक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये।
नव आरक्षकों का 70वाँ दीक्षांत समारोह पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के परेड ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अजय कुमार शर्मा ने परेड की सलामी ली। उन्होंने नव आरक्षकों को सम्बोधित करते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इन्होंने जो 9 माह का गहनता के साथ प्रशिक्षण लिया है वह इनके सफल जीवन तथा चुनौतियों से निपटने में कारगर साबित होगा। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुये कहा कि अब पुलिस बल में बड़ी संख्या में महिलायें शामिल हो रही हैं। 70वाँ प्रशिक्षण कार्यक्रम जिसमें 102 नवआरक्षकों में से 99 महिला नवआरक्षक हैं, यह साबित करता है कि महिलायें तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलायें अब सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासित होकर अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना चाहिये। उन्होंने कहा कि जीवन में सेवा को हमेशा महत्व देना चाहिये। अपने सेवाकाल में यह प्रयास करना चाहिये कि अधिक से अधिक दीन-दुखियों की मदद हो।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय की पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा पाठक सोनी ने स्वागत भाषण देते हुये महाविद्यालय की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह महाविद्यालय पूरे मध्यप्रदेश में अव्वल है।
कार्यक्रम में नवआरक्षकों ने शपथ ली। उन्होंने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। परेड का नेतृत्व नवआरक्षक मनीषा सहाय ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जेल प्रहरियों ने रोमांचक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार शर्मा ने प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ रहे नवआरक्षकों को पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम में डीआईजी श्री हरिनारायण चारी मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
/महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment